April 28, 2026 9:58 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज वाराणसी में लगभग छह हजार तीन सौ पचास करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे; प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाली दो नईअमृत भारतरेलगाडि़यों को भी रवाना करेंगे।
  2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज किर्गिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में आतंकवाद और उग्रवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने संबंधी भारत का पक्ष दृढ़ता से रखेंगे।
  3. केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पांच नए जिले बनाए गए। लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी।
  4. मध्य प्रदेश सरकार नेसमान नागरिक संहितालागू करने की व्यावहारिकता की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की।
  5. अमरीका, ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नाकाबंदी हटाने और युद्ध समाप्त करने के बदले होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के ईरान के नए प्रस्ताव पर विचार कर रहा है।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एकतरफ़ा मुक़ाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से हराया।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी उत्‍तर प्रदेश के दो दिन की दौरे के पहले चरण में अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे। वे वाराणसी में महिला सम्‍मेलन में शामिल होंगे और लगभग छह हजार तीन सौ 50 करोड़ रुपये लागत की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे। श्री मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि सम्‍मेलन में बडी संख्‍या में क्षेत्र की महिलाएं शामिल होंगी।

इस विशाल महिला सम्मेलन में 40 हजार से अधिक महिलाओं के भाग लेने की उम्मीद है और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था भी महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा संभाली जाएगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री अपने निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित कई विकास कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे, जिनमें जल जीवन मिशन के तहत 30 ग्रामीण पेयजल योजनाएं, चंद्रावती घाट का पुनर्निर्माण, सारनाथ के पास सारंगनाथ मंदिर का विकास और नागवा स्थित संत रविदास पार्क का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य शामिल हैं। इस क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री यूपी कॉलेज में सिंथेटिक हॉकी टर्फ का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री तिब्बती अध्ययन केंद्रीय विश्वविद्यालय में सोवा रिग्पा भवन और अस्पताल का उद्घाटन करेंगे, जो आधुनिक स्वास्थ्य प्रणालियों के साथ पारंपरिक चिकित्सा को एकीकृत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री इस मौके पर लगभग 53 सौ करोड़ रुपये से ज्‍यादा की 112 से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनमें अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और नमो घाट सहित प्रमुख घाटों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है। प्रधानमंत्री बनास डेयरी से जुड़े उत्तर प्रदेश के दूध उत्पादकों को 105 करोड़ रुपये से अधिक का बोनस भी बांटेंगे सुशील चन्‍द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार वाराणसी।

प्रधानमंत्री आज शाम उत्‍तरप्रदेश, मध्‍यप्रदेश और महाराष्‍ट्र को जोडने वाली दो नई अमृत भारत एक्‍सप्रेस रेलगाडियों को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

यह अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस और पुणे के हडपसर तथा अयोध्यामुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए चलेंगी। इन ट्रेनें के जरिए किफायती और आधुनिक यात्रा विकल्प उपलब्‍ध होगा। साथ ही उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच संपर्क में भी विस्‍तार होगा। बनारसपुणे सेवा से काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचन आसान हो जाएगी। जबकि अयोध्यामुंबई सेवा से श्री राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र से अन्‍य धार्मिक स्‍थलों के बीच संपर्क बेहतर होगा। इन दो नई सेवाओं के शुरू होने जाने के साथ ही चालू अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 66 हो जाएगी। वहीं, तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाने से जुडा प्रोजेक्‍ट काशी विश्वनाथ धाम, राष्ट्रीय राजमार्ग-19 तक पहुंच बेहतर बनाएगा साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के साथ रेल संपर्क भी बढेगा आनंद कुमार आकाशवणी समाचार वाराणसी।

यात्रा के दूसरे चरण के प्रधानमंत्री हरदोई जाएंगे और गंगा एक्‍सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।

******

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गंगटोक के पालजोर स्‍टेडियम में सिक्किम राज्‍य के 50वें स्‍थापना दिवस के समापन समोराह में शामिल होंगे। श्री मोदी राज्‍य में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और आधारशिला रखेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री इस अवसर पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

यह से प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सिक्किम की समावेशी विकास के लिए बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों की परियोजन का  उद्घाटन करेंगे। इन प्रमुख परियोजनाओं में नामची जिले के यांगंग में आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखना शामिल है। साथ ही यांगंग में सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर का भी उद्घाटन किया जाएगा। इस दिन को अधिक यादगार बनाने के लिए सिक्किम सरकारएकता के एक हजार कदमविषय पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। सिक्किम की संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करेंगे। मैनक के साथ मानस सरमा, आकाशवाणी समाचार, गंगटोक।

******

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठनएससीओ के रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। श्री सिंह ने कहा कि बैठक के दौरान वे विश्व में व्याप्त सुरक्षा चुनौतियों के बीच वैश्विक शांति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेंगे। रक्षा मंत्री आतंकवाद और उग्रवाद को कतई बर्दाश्त न करने संबंधी भारत के रुख दृढ़ता से रखेंगे।

******

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

******

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए जिलों के गठन को मंजूरी दे दी है। इससे लद्दाख में जिलों की कुल संख्या सात हो गई है। एक रिपोर्ट-

नवगठित जिले नुब्रा, शाम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास हैं। इससे पहले लद्दाख में केवल दो जिले लेह और कारगिल थे। इसे एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग और आकांक्षाओं को पूरा करता है। उन्होंने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री मोदी के विकसित और समृद्ध लद्दाख के दृष्टिकोण के अनुरूप है। गृह मंत्रालय से मंजूरी प्राप्त इस निर्णय का उद्देश्य जमीनी स्तर पर शासन को मजबूत करना और प्रशासनिक दक्षता में सुधार करना है। लेह लद्दाख से यंगचांग डोलमा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची बाजपेयी।

******

मध्‍य प्रदेश सरकार ने राज्‍य में समान नागरिक संहिता-यूसीसी के कार्यान्‍वयन की व्‍यवहारिकता की जांच करने के लिए एक उच्‍च स्‍तरीय समिति गठित की है। समिति की अध्‍यक्षता सर्वोच्‍च न्‍यायालय की पूर्व न्‍यायधीश न्‍यायमूर्ति रंजना प्रसाद देसाई करेंगी।

यह समिति उत्‍तराखंड और गुजरात जैसे राज्‍यों द्वारा अपनाए मॉडल की जांच करेगी। समिति को एक मसौदा बिल सहित साठ दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देनी होगी।

******

दिल्ली विधानसभा में आज एक दिन का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।

******

उत्तराखंड राज्य विधानसभा में भी आज एक दिन का विशेष सत्र बुलाया गया है। सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

******

ईरान ने अपने बंदरगाहों पर अमरीकी नाकाबंदी हटाने और युद्ध समाप्त करने के बदले में होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने का पेशकश की है। ईरान ने नए प्रस्ताव में कहा है कि उसके परमाणु कार्यक्रम के व्यापक मुद्दे पर चर्चा, बाद में की जाएगी। ब्‍योरा हमारे संवाददाता से-

ईरान परमाणु वार्ता से जोडे बिना होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए एक समझौते की पेशकश करते हुए अपने राजनीयक प्रयास बढ़ा रहा है। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सेंट पीटर्सबर्ग में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। जहां दोनों पक्षों ने अपनी साझेदारी को रणनीतिक बताया श्री अराघची ने कहा कि अमरीका अपने युद्ध उद्देश्‍यों को पूरा करने में विसफल रहा है और अब वार्ता का प्रयास कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन ने कहा है की खाड़ी में लगभग बीस हजार नाविक फंसे हुए हैं जबकि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतरश ने वैश्विक व्यापार की रक्षा के लिए सभी पक्षों से जलडमरूमध्य को तुरंत खोलने का आग्रह किया है दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्षा से मैं मनोज।

******

उधर, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने ईरान के नए प्रस्ताव पर अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ चर्चा की है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लैविट ने बताया कि श्री ट्रम्प जल्द ही इस विषय पर बात करेंगे।

मैं राष्ट्रपति या उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा से आगे नहीं बढ़ाना चाहती। मैं बस या दोहराना चाहूंगी कि ईरान के संबंध में राष्ट्रपति की रेड लाइंस बहुत स्पष्ट कर दी गई है। मैं यह नहीं कहूंगी कि वे इस पर विचार कर रहे हैं। मैं बस इतना कहूंगी कि आज सुबह इस पर चर्चा हुई थी। जिस पर मैं अभी कुछ नहीं कह सकती। पर मुझे पूरा यकीन है कि आप राष्ट्रपति की बहुत जल्द सुनेंगे।

******

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय गर्मी के मौसम में लू की स्थिति को देखते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से तैयारियां करने का आग्रह किया है। एक रिपोर्ट-

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को लिखे पत्र में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव पुण्या सलीला श्रीवास्तव ने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के आधार पर अप्रैल से जून 2026 तक पूर्वी, मध्य और उत्तरपश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों के साथसाथ दक्षिणपूर्वी प्रायद्वीप में सामान्य से अधिक लू चलने की संभावना है।  मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर लू प्रबंधन के लिए समर्पित इकाइयां स्थापित करने, एम्बुलेंस सेवाओं की तैयारी सुनिश्चित करने और एकीकृत स्वास्थ्य सूचना प्‍लेटफॉर्मआईएचआईपी पोर्टल पर लू के मामलों की जानकारी देने का निर्देश दिया है। रोहन की रिपोर्ट के साथ समाचारक कक्ष से शक्ति सिंह।

******

इस बीच, देश के कई राज्‍यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। गुजरात के अहमदाबाद में कल तापमान 44 दशमलव 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भीषण हीट वेव परिस्थितियों के जवाब में, अहमदाबाद नगर निगम ने एक व्यापकहीट एक्शन प्लानसक्रिय कर दिया है। पहली बार, नागरिकों को दोपहर के चरम घंटों के दौरान वास्तविक समय मेंहॉटस्पॉटऔर वार्डवार तापमान की निगरानी करने में मदद करने के लिए एक क्यूआर कोड प्रणाली शुरू की गई है। मई की शुरुआत तक पारा 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना को देखते हुए, प्रशासनिक टीमें पूरे राज्य में गर्मी से संबंधित आपात स्थितियों से निपटने के लिए हाई अलर्ट पर हैं अपर्णा खूंट आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।

राजस्‍थान में तापमान में रिकार्ड वृद्धि का आम जन-जीवन पर असर पड़ा है।

कल जैसलमेर में अधिकतम तापमान 46 दशमलव 4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा, बाडमेर, फलौदी, चुरू, कोटा, चित्तोड़गढ और बीकानेर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से उपर मापा गया। कई शहरों में रात का पारा भी 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। भीषण गर्मी से बिजली की खपत भी बढी है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी 24 घंटे हीटवेव का दौर जोरी रहेगा। हालांकि इस दौरान कहीं कहीं आंधी चलने के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है।जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।

******

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, गुजरात, ओडिशा, रायलसीमा, तेलंगाना, विदर्भ और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज लू चलने की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों, पंजाब, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और झारखंड में आज गरज के साथ आंधी आने की संभावना है।

******

अब बात खेलों की, आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने कल रात दिल्‍ली में एकतरफा मुकाबले में डेल्‍ही कैपिटल्‍स को नौ विकेट से हरा दिया। डेल्‍ही 16 ओवर तीन गेंद में सिर्फ 75 रन ही बना सका। बेंगलुरू ने नौ विकेट शेष रहते सिर्फ सात ओवर में ही लक्ष्‍य हासिल कर लिया।

प्रतियोगिता में आज शाम साढे सात बजे न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किग्‍स का सामना राजस्‍थान रॉयल्‍स से होगा।

******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंसरफिरोजी।

  1. भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच मुक्‍त व्‍यापार समझौता आज के अधिकांश अखबरों के मुख पृष्‍ठ पर है। अमर उजाला की सुर्खी है- न्‍यूजीलैंड से मुक्‍त व्‍यापार समझौता, 100 फीसदी भारतीय निर्यात पर कोई शुल्‍क नहीं, डेयरी उत्‍पाद रियायतों से बाहर रखे गए।
  2. हिन्‍दुस्तान ने संपादकीय में लिखा है- भारत-न्‍यूजीलैंड व्‍यापार समझौता एक बड़ी खुश खबरी है। हमारे लिए हर बाजार और हर निवेश कीमती है। केवल अमरीका पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं। देश की जरूरतों के हिसाब से भारतीय निर्यात का बढ़ना जरूरी है ताकि उत्‍पादन की रफ्तार में कमी न आए।
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का प्रचार समाप्‍त होने को भी अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। जनसत्‍ता की सुर्खी है- आखिरी दिन रैलियों और नारों के साथ थमा प्रचार। 142 सीटों पर चुनाव कल। वहीं, देशबन्‍धु ने चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग की चेतावनी को दिया है- फर्जी वोटिंग करने वालों को भेजेंगे जेल।
  4. नया प्रहार शीर्षक से राजस्‍थान पत्रिका की खबर है- देश में ड्रग कार्टेल खत्‍म करने की तैयारी। ड्रग तस्‍करी नेटवर्क तोड़ने में जुटी केन्‍द्रीय एजेंसियां। पत्र लिखता है- नक्‍सलमुक्‍त भारत अभियान की सफलता के बाद अब मादक पदार्थों की तस्‍करी समाप्‍त करने की केन्‍द्र सरकार की तैयारी। राज्‍यों को टॉप-10 ड्रग कार्टेल चिह्रि‍त करने के निर्देश।
  5. पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच ईरान की होर्मुज स्‍ट्रेट खोलने की पेशकश दैनिक जारगण सहित कई अखबारों में है।
  6. वहीं नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- ईरान और अमरीका की तनातनी में रूस की एंट्री। रूस पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री से मुलाकात के बाद राष्‍ट्रपति पुतिन ने कहा-पश्चिम एशिया में शांति के लिए रूस सब-कुछ करेगा। 
  7. लिव-इन रिलेशन पर सर्वोच्‍च न्‍यायालय की महत्‍वपूर्ण टिप्‍पणी नवभारत टाइम्‍स में है। लिव-इन पर बोला सुप्रीम कोर्ट- 15 साल साथ, बच्‍चा हुआ, अब क्राइम कैसे…..? विवाह का कानूनी बंधन न होने पर साथ रहने वाले पक्ष कभी भी अलग हो सकते हैं और यहीं ऐसे रिश्‍तों का जोखिम है।

******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज वाराणसी में लगभग छह हजार तीन सौ पचास करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे; वे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाली दो नई ‘अमृत भारत’ रेलगाडि़यों को भी रवाना करेंगे।
  2. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज किर्गिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में आतंकवाद और उग्रवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने संबंधी भारत का पक्ष दृढ़ता से रखेंगे।
  3. केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पांच नए जिले बनाए गए। लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी।
  4. मध्य प्रदेश सरकार ने ‘समान नागरिक संहिता’ लागू करने की व्यावहारिकता की जांच के लिए उच्च-स्तरीय समिति गठित की।
  5. अमरीका, ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नाकाबंदी हटाने और युद्ध समाप्त करने के बदले होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के ईरान के नए प्रस्ताव पर विचार कर रहा है।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एकतरफ़ा मुक़ाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से हराया।

******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.