मुख्य समाचार
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का प्रचार आज शाम समाप्त।
- निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंधों की घोषणा की। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने के किसी भी प्रयास से कड़ाई से निपटा जाएगा।
- एन.आई.ए. ने कोलकाता में 79 देसी बम की बरामदगी के मामले की जांच के लिए प्राथमिकी दर्ज की।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिक्किम के दो दिन के दौरे पर आज गंगतोक जाएंगे।
- भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर आज नई दिल्ली में हस्ताक्षर होंगे।
- आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रोमांचक सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराया।
*******
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। इस चरण में 142 सीट पर बुधवार को मतदान होगा। इन विधानसभा क्षेत्रों में उत्तर कोलकाता, दक्षिण कोलकाता, हावड़ा, नदिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली और पूर्बी बर्धमान सहित आठ चुनावी जिले शामिल हैं।
सभी प्रमुख दलों के नेता रैलियां कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जगतदल के जिलेपी मठ में जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बेहाला थाना से मंटन तक और हुगली के चंदननगर बागबाजार में रोड शो करेंगे। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज जादवपुर के सुकांत सेतु से जनसभा मार्च में शामिल होंगी। बाद में, वह अपने निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में जनसभा कार्यक्रम करेंगी। तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में राणाघाट, हुगली, आरामबाग और महेशतला में प्रचार करेंगे। समाचार कक्ष से प्राची बाजपेयी।
*******
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में कड़े सुरक्षा प्रबंधों की घोषणा की है। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने या मतदाताओं को डराने-धमकाने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा। आयोग ने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है कि वे निर्वाचन क्षेत्रवार तैनाती सुनिश्चित करें और आंतरिक गलियों तथा संवेदनशील इलाकों में तैनाती बढ़ाएं, ताकि मतदाता निर्भय होकर मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
कोलकाता के तहत तीन चुनावी जिलों के अधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और केंद्रीय बलों के कमांडरों के साथ उच्चस्तरीय समन्वय बैठक में 142 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के लिए तैयारियों की समीक्षा की गई।
*******
विधानसभा क्षेत्रों की प्रोफाइल की विशेष कड़ी में आज बात पश्चिम बंगाल की हरिपाल सीट की…
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के अंतर्गत हुगली जिले की हरिपाल विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। तृणमूल कांग्रेस ने मौजूदा विधायक कराबी मन्ना को फिर से मैदान में उतारा है। कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 4 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। भाजपा ने मधुमिता घोष को उम्मीदवार बनाया है जबकि, वामपंथी दल की सहयोगी ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट ने एसके मुजफ्फर अली को और कांग्रेस ने आजाद सैफ को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन की अंतिम तिथि तक हरिपाल विधानसभा सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 64 हजार से अधिक है। तृणमूल कांग्रेस 2011 से हरिपाल विधानसभा सीट जीतती आ रही है। इस विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियां यहां जमकर प्रचार कर रही हैं। हरिपाल आलू का प्रमुख उत्पादक क्षेत्र है। आलू किसानों को उपज के कम दामों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह इस विधानसभा चुनाव में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दा बन गया है। कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं अर्जुन शर्मा।
*******
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए ने पश्चिम बंगाल में 79 देसी बमों की बरामदगी के मामले की जांच के लिए प्राथमिकी दर्ज की है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद यह कदम उठाया गया।
इससे पहले निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल पुलिस को चुनाव वाले राज्य में देसी बमों के अवैध निर्माण में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया था। पुलिस ने दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में एक व्यक्ति के घर से बड़ी संख्या में देसी बम बरामद किए। आरोप है कि यह व्यक्ति टीएमसी कार्यकर्ता है।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से सिक्किम के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी राज्य में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सिक्किम यात्रा प्रदेश के सतत विकास के प्रति मोदी सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी आज दोपहर गंगटोक शहर के बिरलू द्वार से होकर एमजी मार्ग तक एक भव्य रोड शो में हिस्सा लेंगे। इसके बाद आज शाम को ही वह पार्टी कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगे। कल, प्रधानमंत्री श्री मोदी गंगटोक के ऐतिहासिक पालजोर एरिया में सिक्किम के भारत के साथ जोड़ने के 50वें वर्ष के समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे पूरे सिक्किम के लिए 4,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मानक के साथ, मैं मानस प्रतिम सरमा, आकाशवाणी समाचार, गंगटोक।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से ग्रीष्मकालीन अवकाश के लिए पांच दिन की हिमाचल प्रदेश यात्रा पर रहेंगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए कड़े सुरक्षा प्रबंध किये गए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शिमला के निकट छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास ‘द रिट्रीट‘ में ठहरेंगी। राष्ट्रपति का 29 अप्रैल को अटल टनल रोहतांग का दौरा करने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों के साथ बातचीत भी करेंगी और ऐतिहासिक अटल टनल रोहतांग के बारे में जानकारी हासिल करेंगी। इसके अलावा 30 अप्रैल को राष्ट्रपति ज़िला काँगड़ा स्थित चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसी दिन राष्ट्रपति सेना प्रशिक्षण कमान शिमला में भी एक कार्यक्रम में भाग लेंगी। राष्ट्रपति का 2 मई को शिमला से दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
*******
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज से आंध्र प्रदेश की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे। उपराष्ट्रपति आज विशाखापट्टणम में आंध्र विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।
*******
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर आज नई दिल्ली में हस्ताक्षर होंगे। यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आगरा में न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले के साथ ताजमहल के दौरे के दौरान यह जानकारी दी। श्री गोयल ने कहा कि इस समझौते को कई वर्षों की उच्च स्तरीय वार्ताओं के बाद अंतिम रूप दिया गया है और दोनों देशों के नेताओं की उपस्थिति में इस पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच जो द्विपक्षीय व्यापार समझौता न्यूजीलैंड के वाणिज्य मंत्री टॉड मैक्ले और मेरे बीच कई वर्षों से बातचीत के बाद तय हुआ जो माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन दोनों के बीच फाइनल हुआ उसको साइन करने जा रहे हैं। उसको मोहर लग जाएगी और कुछ ही महीनों में फिर वो भारत और न्यूजीलैंड के बीच बड़े पैमाने पर व्यापार भी बढ़ाने का एक साधन बनेगा।
समझौते का उद्देश्य अगले पांच वर्ष में द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर पांच अरब डॉलर तक पहुंचाना है। श्री गोयल ने कहा कि इस समझौते से भारतीय उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंच बेहतर होगी और व्यापार के नए अवसर बढ़ेंगे।
*******
परमाणु अस्त्र अप्रसार संधि- एनपीटी से संबंधित पक्षों का समीक्षा सम्मेलन आज न्यूयॉर्क में शुरू हो रहा है। चार सप्ताह के इस सम्मेलन का आयोजन संयुक्त राष्ट्र ने किया है। सम्मेलन में संबंधित देश एनपीटी के तीन मुख्य स्तंभों – निरस्त्रीकरण, अप्रसार और परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग के क्षेत्र में प्रगति की समीक्षा करेंगे।
एनपीटी की समीक्षा का यह सम्मेलन ऐसे समय हो रहा है जब अंतरराष्ट्रीय तनाव और सशस्त्र संघर्ष चरम पर हैं। हाल के वर्षों में, परमाणु हथियार सम्पन्न देशों सहित विभिन्न देशों के बीच तनाव काफ़ी बढ़ गया है, और सीधे सशस्त्र टकराव की घटनाएँ भी बढ़ी हैं। इनमें परमाणु सुविधाओं पर हमले, परमाणु हथियारों के संभावित उपयोग या परमाणु हथियार परीक्षण फिर से शुरू करने की धमकियां, परमाणु हथियारों के ज़ख़ीरे का लगातार विस्तार और आधुनिकीकरण, और अप्रसार से जुड़ी मौजूदा चुनौतियाँ शामिल हैं। ये सभी वर्तमान अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा माहौल की गंभीरता को दर्शाती हैं। संयुक्त राष्ट्र की निरस्त्रीकरण मामलों की प्रतिनिधि इज़ुमी नाकामित्सु ने कहा कि यह सम्मेलन देशों को बेहद कठिन सुरक्षा माहौल और लगातार चिंताजनक होती बयानबाज़ी की पृष्ठभूमि में, आपसी सहमति वाले क्षेत्रों की पहचान करने का अवसर प्रदान करेगा। समाचार कक्ष से कृष्णकांत।
*******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्पीक कार्यक्रम में, ऑनलाइन गेमिंग नियमों 2026 के प्रचार और विनियमन पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता विषय से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं। प्रश्न पूछने के लिये नम्बर हैं- 0 1 1 – 2 3 3 1 0 4 8 1, 0 1 1 – 2 3 7 1 7 1 1 7, 0 1 1 -2 3 7 1 7 1 0 6 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4
व्हाट्सएप नम्बर 9 2 8 9 0 9 4 0 4 4 पर भी सवाल पूछे जा सकते हैं। हैशटैग आस्क–ए.आई.आर. के साथ एक्स पर पोस्ट सवाल किये जा सकते हैं।
*******
सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो को फर्जी बताया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निवेश योजना का प्रचार करते हुए दिखाया जा रहा है।
पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने बताया कि वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया है।
इकाई ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री ने ऐसी कोई योजना न तो शुरू की है और न ही उसका समर्थन किया गया है।
*******
सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो को फर्जी बताया है जिसमें दावा किया गया है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन शीघ्र आर्थिक लाभ का वादा करने वाले निवेश प्लेटफॉर्म का प्रचार कर रही हैं। पत्र सूचना कार्यालय के तथ्य जांच इकाई ने बताया कि वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से बनाया गय। वित्त मंत्री ने ऐसे किसी भी निवेश प्लेटफॉर्म या योजना का समर्थन नहीं किया है।
*******
आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स ने सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जायंट्स को हरा दिया। लखनऊ में दोनों टीमों ने निर्धारित 20 ओवर में 155 रन बनाए। इसके बाद सुपर ओवर में, लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2 विकेट पर एक रन बनाया। कोलकाता नाइट राइडर्स के रिंकू सिंह ने सुपर ओवर की पहली ही गेंद पर चौका लगाकर मैच जीत लिया। रिंकू सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अन्य मैच में गुजरात टाइटन्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हराया।
टूर्नामेंट में आज शाम साढे सात बजे दिल्ली में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना डेल्ही कैपिटल्स से होगा।
*******
मध्य प्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आज नारी शक्ति वंदन विषय पर आयोजित किया गया है। इसमें महिला सशक्तिकरण और विकास पर विशेष चर्चा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सदन में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पेश करेंगे।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस संवाददाता वार्षिक रात्रिभोज के दौरान गोलीबारी की खबर सभी अखबारों में प्रमुखता से है। नवभारत टाइम्स की सुर्खी है व्हाइट हाउस के डिनर में चली गोली, ट्रंप सुरक्षित निकाले गए। पत्र के अनुसार हथियारों के साथ पकडा गया आरोपी। जनसत्ता के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोले लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं। पत्र ने सवाल किया है कि अभेद्य सुरक्षा में कैसे लगी सेंध?
दैनिक जागरण ने ट्रम्प पर एक और हमला शीर्षक से संपादकीय में लिखा है- अमरीकी राष्ट्रपति की उपस्थिति वाले विशेष आयोजन में गोलीबारी की घटना ट्रम्प की सुरक्षा व्यवस्था में चूक को रेखांकित के साथ अमरीका में व्याप्त और खतरनाक होती जा रही बंदूक संस्कृति की ओर फिर ध्यान खींचती है। वैसे तो हमलावर की पहचान हो गई है और गिरफ्तार भी कर लिया गया है, लेकिन उसके इरादे का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है।
हिन्दुस्तान के अनुसार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण, हर वर्ष 36 हज़ार रुपये देंगे। पत्र के अनुसार निर्वाचन आयोग ने कहा बिना किसी डर के मतदान में भाग लेंगे।
दैनिक भास्कर ने मन की बात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संदेश- कम से कम एक बांस उत्पाद जरूर खरीदें, प्रमुखता से दिया है।
पश्चिम एशिया संकट पर दैनिक जागरण की सुर्खी है- अमरीका- ईरान शांति की उम्मीदें शेष, फिर पाक पहुंचे अराघची, ट्रम्प ने दोहराया- अगर वे बात करना चाहते हैं तो उन्हें बस एक फोन करना होगा।
पंजाब केसरी का शीर्षक है- बैंक कर्मचारियों का बढ़ेगा वेतन, 12 माह में वेतन संशोधन प्रक्रिया पूरी करने को कहा, पहली नवम्बर 2027 से लागू होगा।
अमर उजाला के अनुसार तस्वीरों से दुनिया को भारत दिखाने वाले फोटो पत्रकारिता के जनक रघु राय नहीं रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया।
देशबंधु ने लिखा है- उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी, देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंचा, मौसम विभाग ने धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का प्रचार आज शाम समाप्त।
- निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंधों की घोषणा की। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा।
- एन.आई.ए. ने कोलकाता में 79 देसी बम की बरामदगी के मामले की जांच के लिए प्राथमिकी दर्ज की।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिक्किम के दो दिन के दौरे पर आज गंगतोक जाएंगे।
- भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर आज नई दिल्ली में हस्ताक्षर होंगे।
- आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स ने रोमांचक सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराया।
*******