April 26, 2026 8:54 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सवेरे 11 बजे आकाशवाणी से मन की बातकार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
  2. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज; विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रचारक मतदाताओं को लुभाने के लिए जनसभाएं करेंगे।
  3. देशभर में ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग 99 प्रतिशत तक बढ़ी, ओटीपी आधारित डिलीवरी 94 दशमलव 5 प्रतिशत से अधिक हुई।
  4. अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट रात्रिभोज में गोली चलने के बाद सुरक्षित निकाला गया।
  5. महिला क्रिकेट में, भारत ने जोहान्सबर्ग में खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका को 14 रन से हराया।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सवेरे 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों से अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 133वीं कडी होगी। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी होगा। आकाशवाणी से इस कार्यक्रम का प्रादेशिक भाषाओं में भी प्रसारण किया जाएगा।

*******

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार तेज हो गया है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के प्रचारक रैलियां, रोड-शो और जनसभाएं कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज पश्चिम बंगाल में कई जनसभाएं और रोड-शो करेंगे। श्री मोदी दोपहर में ठाकुर नगर में जनसभा को सम्‍बोधित करेंगे और बाद में मतुआ ठाकुर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। श्री मोदी हरिपाल में भी एक जनसभा को सम्‍बोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कोलकाता में शाम साढ़े पांच बजे से बी.के. पाल एवेन्‍यु से खन्‍ना क्रॉसिंग तक रोड-शो कार्यक्रम में शामिल होंगे।

तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी आज कई जनसभाओं में शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वे मगरहाट में जनसभा को सम्‍बोधित करेंगे और दक्षिण-24 परगना जिले के फालता में रोड-शो में शमिल होंगे।

मॉर्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी, कांग्रेस और आई.एस.एफ. भी आज राज्‍य में कई रैलियां और रोड-शो करेंगे।

*******

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान प्रतिशत में और वृद्धि हुई है। समीक्षा के बाद, राज्य में कुल मतदान 93 दशमलव एक-नौ प्रतिशत रहा। निर्वाचन आयोग ने इसे आजादी के बाद राज्‍य में सर्वाधिक मतदान बताया।

कूच बिहार में सबसे अधिक 96 दशमलव दो प्रतिशत और कलिम्पोंग में सबसे कम 83 दशमलव शून्‍य-चार प्रतिशत मतदान हुआ।

इस चरण में 36 लाख 77 हजार 304 पात्र मतदाताओं में से 33 लाख 62 हजार 168 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

*******

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की श्रृंखला के अंतर्गत आज हम पश्चिम बंगाल के शांतिपुर निर्वाचन क्षेत्र के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के अंतर्गत नदिया जिले की शांतिपुर विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। मौजूदा विधायक तृणमूल कांग्रेस के ब्रज किशोर गोस्वामी हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 4 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। भाजपा ने इस सीट से स्वप्न कुमार दास को मैदान में उतारा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने ब्रज किशोर गोस्वामी को फिर से उम्मीदवार बनाया है। सीपीआईएम के उम्मीदवार सौमेन महतो हैं और कांग्रेस ने आलोक चटर्जी को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन की अंतिम तिथि तक शांतिपुर विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 27 हजार से अधिक है। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट की साथ समाचार कक्ष से मृगनयनी पांडेय।

*******

सरकार ने देशभर में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी गई है और किसी भी एलपीजी वितरक केंद्र पर आपूर्ति में कमी की सूचना नहीं मिली है। मंत्रालय ने बताया देशभर में ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग करीब 99 प्रतिशत तक बढ़ गई है और ओटीपी आधारित डिलीवरी 94 दशमलव 5 प्रतिशत से अधिक हो गई है।

मंत्रालय ने बताया है कि मार्च 2026 से अब तक पांच लाख 36 हजार से अधिक पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं और दो लाख 61 हजार अतिरिक्त कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है जिससे कनेक्शनों की कुल संख्या बढ़कर सात लाख 97 हजार हो जाएगी। इसके अलावा लगभग छह लाख ग्राहकों ने नए पीएनजी कनेक्शनों के लिए पंजीकरण कराया है। 42 हजार से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने कल तक अपने एलपीजी कनेक्शन वापस कर दिए हैं। सभी रिफाइनरियां पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं। पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है। इस बीच, विदेश मंत्रालय ने कहा कि 28 फरवरी से अब तक इस क्षेत्र से करीब 12 लाख 65 हजार लोग वापस आ चुके हैं। भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। समाचार कक्ष से कृष्‍ण कांत।

*******

सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन कर दिया है। प्रमुख अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री लाहिड़ी श्री सुमन के. बेरी का स्थान लेंगे। सरकार ने श्री राजीव गॉबा, प्रोफेसर के.वी. राजू, प्रोफेसर गोबर्धन दास, डॉ. एम.श्रीनिवास और प्रोफेसर अभय करंदिकर को आयोग पूर्णकालिक सदस्य बनाया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि नीति आयोग भारत की नीति-निर्माण संरचना में एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में उभरा है।

श्री अशोक कुमार लाहिड़ी ने कल नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से भेंट की। श्री मोदी ने श्री लाहिड़ी के प्रयासों से देश में नीति निर्माण को नई ऊर्जा मिलने का विश्वास व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने नीति आयोग के नवनियुक्त सदस्यों को भी शुभकामनाएं दीं।

*******

आवसन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि सरकार अगले चार वर्ष में शहरी चुनौती कोष के अंतर्गत एक लाख करोड़ रुपये खर्च करेगी। श्री मनोहर लाल ने नई दिल्‍ली में कल आवासन और शहरी विकास लिमिटेड-हुडको के 56वें स्‍थापना दिवस समारोह को सम्‍बोधित किया। उन्‍होंने बताया कि राज्‍य सरकारें भी इसके लिए अलग से एक लाख करोड़ रुपये खर्च करेगी।

भारत सरकार एक लाख करोड़ रुपया शहरों के विकास में लगाएंगे। लेकिन इनोवेशन इस आइडिया का एक और है, एक लाख करोड़ रुपया प्रदेश भी लगाएगा और यहीं तक सीमित नहीं है, ये दो लाख करोड़ रुपये तब लगाएंगे, जब सब अर्बन लोकल बॉडीज़ दो लाख करोड़ रुपया और इस प्रकार की फाइनेंशियल इंस्‍टीट्यूशन हैं, उनसे ले करके साथ जोड़ेंगे।

श्री लाल ने कहा कि हुडको अपनी स्‍थापना के बाद से लगातार विकास कर रहा है और शहरी विकास में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्‍होंने बताया कि परिहवन केन्द्रित विकास निति के अंतर्गत राष्‍ट्रीय राजधानी में मेट्रो स्‍टेशनों के आसपास के इलाकों में बड़ी आवासीय परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। श्री मनोहर लाल ने इस बात पर जोर दिया कि देश में अगले बीस वर्ष के दौरान शहरी विकास पर करीब सत्‍तर लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है। 

आगे आने वाला जो 22-23 वर्ष का समय है। देश हो जब विकसित भारत बनाने की बात प्रधानमंत्री जी ने कही है, इस समय में ऑर्गनाइजेशन के अंदर सबसे ज्‍यादा पैसा लगने वाला है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि कम से कम इन अगले 20-22 वर्ष में 70 से 80 लाख करोड़ रुपया लगने वाला है, ऑर्गनाइजेशन में।

*******

गुजरात में पंद्रह नगर निगमों, चौरासी नगरपालिकाओं और दो सौ से अधिक जिला तथा तालुका पंचायतों में मतदान जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने सुचारू मतदान के लिए अड़तालीस हजार मतदान केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। एक रिपोर्ट-

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए आज सुबह सात बजे से मतदान सुचारू रूप से जारी है। इस बार के चुनाव में विभिन्न निकायों के लिए सात सौ से अधिक उम्मीदवारों को पहले से निर्विरोध विजेता घोषित किया जा चुका है। शेष सीटों के लिए पंद्रह महानगरपालिकाओं में तीन हजार 145 और चौरासी नगरपालिकाओं में पांच हजार से अधिक उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में 92 हजार पुलिस कर्मियों और एक लाख से अधिक चुनाव कर्मचारियों को तैनात किया जा चुका है। मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक चलेगी और मतगणना 28 अप्रैल को की जाएगी। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

*******

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

अमरीका के वॉशिंगटन में होटल हिल्टन में आज सुबह व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन रात्रि भोज में एक अज्ञात व्‍यक्ति ने गोलीबारी की है। इस आयोजन में अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और उनकी पत्‍नी मेलानिया ट्रंप तथा उपराष्ट्रपति जेडी वैंस मौजूद थे। तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि संदिग्ध को पकड़ लिया गया है। उन्होंने त्वरित और साहसी कार्रवाई के लिए सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की प्रशंसा की। राष्‍ट्रपति ने कहा कि प्रथम महिला, उपराष्ट्रपति और कैबिनेट के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। उन्‍होंने कहा कि कार्यक्रम को 30 दिनों के भीतर फिर आयोजित किया जाएगा।

खबरों के अनुसार, एक हमलावर ने उस कमरे के बाहर गोलीबारी की जहां राष्ट्रपति और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। अधिकारियों ने आसपास की सड़कों को सील कर दिया और पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।      

*******

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ओमान दौरे के बाद इस्लामाबाद जा सकते हैं। इससे अमरीका के साथ अप्रत्यक्ष वार्ता की संभावना बढ़ गई है। शुक्रवार को इस्लामाबाद में श्री अराग़ची ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की थी।

श्री अराग़ची कल अमरीका के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए पाकिस्तान को अपनी मांगों की सूची साझा करने के बाद इस्लामाबाद से रवाना हो गए। उन्‍होंने कहा कि ईरान ने एक व्यावहारिक रूपरेखा प्रस्तुत की है।

इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमरीका के वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर अब ईरान के साथ वार्ता के लिए इस्लामाबाद नहीं जाएंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में, राष्ट्रपति ट्रम्प ने लम्‍बी यात्रा, अधिक लागत और ईरान के असहयोग का हवाला देते हुए वार्ताकारों की यात्रा रद्द की है।

*******

जोहान्सबर्ग में भारत ने चौथे महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को 14 रन से हरा दिया। भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर एक सौ 85 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम नौ विकेट पर 171 रन ही बना सकी। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लिए और 36 रन की नाबाद पारी भी खेली। दीप्ति शर्मा को हरफनमौला खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

*******

आईपीएल क्रिकेट में आज चेन्‍नई सुपर किंग्‍स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। चेन्‍नई में यह मैच दोपहर बाद साढे तीन बजे से खेला जाएगा। लखनऊ में शाम साढे सात बजे लखनऊ सुपर जायंटस और कोलकाता नाईट राइडर्स आमने सामने होंगे।

प्रतियोगिता में कल पंजाब किंग्‍स ने डेल्‍ही कैपिटल्‍स को छह विकेट से और सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्‍थान रॉयल्‍स को 5 विकेट से हराया।

*******

अंतर्राष्ट्रीय शतरंज महासंघ-फिडे अंतर्राष्ट्रीय विश्व खेल संघ में शामिल हो गया है। जिनेवा में लुजाने के ओलंपिक संग्रहालय में वार्षिक आम बैठक में कल यह निर्णय लिया गया।

फिडे के अध्यक्ष अर्काडी ड्वोरकोविच ने कहा कि शतरंज एक वैश्विक खेल है और सभी महाद्वीपों के लाखों खिलाड़ियों को एकजुट करता है।

*******

मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में कल तक लू चलने की आशंका व्‍यक्‍त की है। विभाग ने तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, गुजरात, केरल, माहे, कोंकण, गोआ, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, काराईक्काल और पूर्वोत्‍तर के कुछ हिस्सों में कल गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना जताई है।

*******

महाराष्‍ट्र के अधिकांश क्षेत्र तेज़ लू की चपेट में है। राज्‍य में तापमान 32 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्‍य महाराष्‍ट्र समेत अनेक क्षेत्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। प्रशासन ने लोगों को आवश्‍यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। एक रिपोर्ट-

इस बीच, मुंबई महानगर क्षेत्र के कुछ हिस्सों, विशेषकर नवी मुंबई में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। शनिवार, 25 अप्रैल की देर रात और रविवार, 26 अप्रैल की सुबह तेज हवाओं के साथ गरजचमक वाले तूफान की सूचना मिली। बारिश और तेज हवाओं के इस संक्षिप्त दौर ने इन क्षेत्रों में भीषण गर्मी से अस्थायी राहत प्रदान की है। भावना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमुनीश शर्मा।

देशभर में भीषण गर्मी का समाचार, सभी अखबारों ने अपने पहले पन्‍ने पर प्रकाशित किया है। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है – अप्रैल में आसमान से बरस रही आग। पारा 44 दशमलव पांच डिग्री पर। दिल्‍ली में चार साल बाद इतनी तपिश। जबकि, दैनिक ट्रिब्‍यून के शब्‍द हैं – हरियाणा, पंजाब में गर्मी का कहर। राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है – सूरज का सितम, राजस्‍थान सहित दस राज्‍यों में लू का अलर्ट जारी। केरल में एक की मौत, घरों में रहने की सलाह। अमरीका ईरान में सीधी बात कराने में पाक नाकाम। पाकिस्‍तान दौरे पर पहुंचे ईरानी विदेश मंत्री अराघची ओमान रवाना, ट्रंप ने रद्द किया विटकाफ कुशनर का दौरा। यह है दैनिक जागरण सहित कई अखबारो की खबर है। राघव चड्डा समेत सात सांसदों ने आप को कहा अलविदा ये लोकसत्‍य की सुर्खी हैं – पत्र ने राघव चड्डा के बयान को प्रकाशित किया है। जिस पार्टी को खून पसीने से सींचा वो अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई। जबकि, जनसत्‍ता के शब्‍द हैं – मान ने मांगा राष्‍ट्रपति से मिलने का समय। आप में घमासान जारी। पत्र लिखता है, राज्‍यसभा के सात सांसदों के भाजपा में शामिल होने का मामला। दैनिक भास्‍कर ने अपने संपादकीय पन्‍ने पर उलझते रिश्‍तों पर एक लेख प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है क्‍या आपका रिश्‍ता मोबाईल के पासवर्ड पर टिका है। पत्र लिखता है स्‍मॉर्ट फोन के बढते प्रचलन से मोबाईल अब सिर्फ बातचीत का जरिया नहीं रहा बल्कि एक सीक्रेट डायरी बन चुका है, जो न चाहते हुए भी पति-पत्‍नी के रिश्‍तों को उलझा रहा है। जर्मनी में चमका भारत, अनुष अग्रवाला ने सीडीआई हेगन में जीता रजत पदक। ये अमर उजाला की सुर्खी है। दर्द नहीं डेटा बोलेगा, इंसान के डिजिटल अवतार पर दवा का ट्रायल – राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है। पत्र कहता है – क्‍ल‍िनिकल ट्रॉयल में नहीं जाएगी बेजुबानों की जान, दवा के परीक्षण से सटीक इलाज तक। अब एआई के हाथ सेहत की कुंडली।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सवेरे 11 बजे आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
  2. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज; विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रचारक मतदाताओं को लुभाने के लिए जनसभाएं करेंगे।
  3. देश भर में ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग 99 प्रतिशत तक बढ़ी, ओटीपी आधारित डिलीवरी 94 दशमलव 5 प्रतिशत से अधिक हुई।
  4. अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट रात्रिभोज में गोली चलने के बाद सुरक्षित निकाला गया।
  5. महिला क्रिकेट में, भारत ने जोहान्सबर्ग में खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका को 14 रन से हराया।

*******

 

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.