April 25, 2026 9:05 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  1. निर्वाचन आयोग ने कहा- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में बृहस्‍पतिवार के विधानसभा चुनाव में से किसी भी केंद्र पर पुनर्मतदान की सिफारिश नहीं की गई है।

  2. केंद्र सरकार ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की मदद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाया।

  3. रिजर्व बैंक ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है।

  4. अमरीका ने चीन की तेल रिफाइनरी, शिपिंग कंपनियों और ईरान से तेल ढुलाई में शामिल टैंकरों पर प्रतिबंध लगाया।

  5. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची पाकिस्‍तान पहुंचे, पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त करने के लिए अमरीका के साथ दूसरे दौर की वार्ता की उम्मीद जगी।

  6. महिला क्रिकेट में, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच आज जोहान्सबर्ग में।

 

*******

 

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में बृहस्‍पतिवार के विधानसभा चुनाव में से किसी भी केंद्र पर पुनर्मतदान की सिफारिश नहीं की गई है। आयोग ने कहा कि पश्यिम बंगाल मे पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण रहा था। इसलिए, किसी भी बूथ पर दोबारा मतदान की आवश्यकता नहीं है।

 

पहले चरण में, राज्य के 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हुआ था। इसमें रिकॉर्ड 92 प्रतिशत से अधिक वोट पड़े थे।

     

उधर, तमिलनाडु में भी बृहस्‍पत‍िवार को जिन 75 हजार 64 केन्‍द्रों पर मतदान हुआ था, उनमें सभी केन्‍द्रों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा और इसलिए दोबारा मतदान कराने का कोई कारण नहीं है। राज्‍य में विधानसभा की 234 सीटों के लिए 85 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के जागरूकता अभियान और 14 लाख नए मतदाताओं के कारण मतदान का प्रतिशत इस बार अधिक रहा।      भूटान, मिस्र, मॉरीशस और मॉल्दोवा के प्रतिधिनियों ने मतदान केंद्रों का दौरा किया और चुनाव आयोजन की तारीफ़ की। मॉरीशस के उच्चायुक्त ने कहा कि भारत लोकतंत्र की राह पर चलते हुए दुनिया को चुनाव के तौर-तरीक़े और अनुभव सिखा रहा है।

 

*******

     

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज पूर्वी बर्धमान में जमालपुर में और हावड़ा के श्यामपुर में जनसभाएं  करेंगे। वे हावड़ा में एक रोड-शो भी करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी राज्य में चुनावी रैली करेंगे।

     

उधर, कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज हुगली के श्रीरामपुर, कोलकाता के शहीद मीनार और मेटियाब्रुज में रैलियां करेंगे। तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी बसीरहाट और कैनिंग वेस्ट में रैली करेंगे।

 

*******

     

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में, इस महीने की 29 तारीख को एक सौ 42 सीट पर मतदान होना है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से परिचय की श्रृंखला में आज चर्चा पूर्वी बर्धमान जिले के मोंटेस्वर सीट की जहां उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर है। एक रिपोर्ट…..

 

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए पूर्वी बर्धमान जिले की मोंटेस्वर विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 8 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 2 निर्दलीय भी शामिल हैं। भाजपा ने इस सीट से सैकत पांजा को मैदान में उतारा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने सिद्दीकुल्ला चौधरी को फिर से टिकट दिया है। सीपीआईएम के उम्मीदवार अनुपम घोष हैं, जबकि कांग्रेस ने ज्योतिर्मय मंडल को उम्मीदवार बनाया है। मोंटेस्वर विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 2 लाख 17 हजार है। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट की साथ समाचार कक्ष से मैं पायल शर्मा।

 

*******

 

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने और कदाचार के आरोप में पांच पुलिस अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए हैं। निलंबित अधिकारियों में डायमंड हार्बर के अतिरिक्त एसपी संदीप गरई, उप-मंडल पुलिस अधिकारी सजल मंडल, डायमंड हार्बर पुलिस स्टेशन के प्रभारी इंस्पेक्टर मौसम चक्रवर्ती, फाल्टा पुलिस स्टेशन के प्रभारी इंस्पेक्टर अजय बाग और उस्थी पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी सुभेच्छा बाग शामिल हैं।

 

 *******

     

सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद के लिए मौजूदा मौसम का लक्ष्‍य 15 प्रतिशत बढ़ाकर तीन करोड 45 लाख टन कर दिया है। खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने कहा कि यह निर्णय उन किसानों की सहायता के लिए उठाया गया है जिनकी फसलों को बेमौसम बारिश से नुकसान पहुंचा है। कल नई दिल्ली में रोलर फ्लोर मिलर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के वार्षिक गेहूं सर्वेक्षण के अवसर पर श्री चोपड़ा ने कहा कि राज्य स्‍तर पर भी खरीद के नए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब मध्यप्रदेश से एक करोड टन, उत्तर प्रदेश से ढाई करोड़ टन, राजस्थान से 23 लाख पचास हजार टन और उत्तराखंड से 5 हजार टन गेहूं की खरीद होने की संभावना है।

 

*******

     

रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने कहा है कि सरकार की सक्रियता के कारण देश में सभी उर्वरकों की उपलब्धता स्थिर, सुव्यवस्थित और आवश्यकता से अधिक है। मंत्रालय के अनुसार, उर्वरकों की कमी के संबंध में हाल के दावे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। एक रिपोर्ट….

 

 

अक्टूबर 2025 से इस वर्ष मार्च तक के रबी मौसम के आंकड़े के अनुसार, यूरिया की उपलब्धता 257 लाख मीट्रिक टन से अधिक थी। जबकि आवश्यकता लगभग 196 लाख मीट्रिक टन की थी। वहीं, डीएपी की उपलब्धता 75 लाख मीट्रिक टन से अधिक थी। जबकि आवश्यकता लगभग 53 लाख मीट्रिक टन की थी। मौजूदा वित्त वर्ष में पहली अप्रैल से 23 अप्रैल तक की अवधि में भी यूरिया की उपलब्धता लगभग 18 लाख मीट्रिक टन की आवश्यकता के मुकाबले लगभग 69 लाख मीट्रिक टन है, और डीएपी की उपलब्धता लगभग छह लाख मीट्रिक टन की आवश्यकता के मुकाबले तकरीबन 22 लाख मीट्रिक टन है। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।

 

*******

     

रसायन और उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के इस आरोप को खारिज किया है कि देश में उर्वरक की कमी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री नड्डा ने कहा कि श्री खरगे का बयान किसानों को गुमराह करने का राजनीतिक प्रयास है।

 

*******

     

भारतीय रिज़र्व बैंक ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है। इससे बैंक के कारोबार पर तत्काल प्रभाव से पाबंदी लग गई है। रिज़र्व बैंक ने मार्च 2022 में, बैंक को नए ग्राहक जोड़ने पर रोक लगा दी थी। वर्ष 2024 में भी बैंक पर अतिरिक्त व्यावसायिक प्रतिबंध के अंतर्गत मौजूदा ग्राहक खातों और प्रीपेड उपकरणों में किसी भी प्रकार की जमा, क्रेडिट और टॉप-अप पर रोक लगा दी गई थी।

 

*******

 

अमरीका ने चीन की एक बड़ी तेलशोधक कंपनी हेंगली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी और ईरान के तेल की ढुलाई से जुड़ी लगभग चालीस कंपनियों और टैंकरों पर आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए हैं। ये कदम ईरान से तेल निर्यात को सीमित करने के लिए उठाया गया है।

     

हेंगली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी की क्षमता लगभग चार लाख बैरल प्रति दिन है। अमरीका के वित्त मंत्रालय ने कहा कि यह रिफाइनरी वर्ष 2023 से ईरान से कच्चा तेल खरीद रही है जिससे ईरान को करोड़ों डॉलर मिले हैं।

 

*******

     

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची कल देर रात अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचे। पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्ति के लिए ईरान और अमरीका के बीच वार्ता फिर से शुरु करने के लिए राजनयिक प्रयास किए जा रहे हैं। एक रिपोर्ट…..

 

 

ईरानी के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के लिए रवाना होने से पहले कहा कि वे क्षेत्रीय घटनाक्रम पर परामर्श के लिए पाकिस्तान, ओमान और रूस की यात्रा कर रहे हैं। इस वार्ता में ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता इस्माइल बाक़ाई भी शामिल होंगे। श्री बाक़ाई ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान की चिंताएं पाकिस्तान के माध्यम से अमरीका तक पहुंचाई जाएंगी। अमरीका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के इस्लामाबाद पहुंचने की संभावना है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि उप-राष्ट्रपति जेडी वैंस वाशिंगटन से जुड़े रहेंगे और विदेश मंत्री मार्को रुबियो तथा राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ समन्वय करेंगे। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान, अमरीकी मांगों को पूरा करने के लिए एक प्रस्ताव देने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समझौता होने तक अमरीका, ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखेगा। 11 अप्रैल को अमरीकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में हुई वार्ता में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर कोई ठोस आश्वासन प्राप्त नहीं हो सका था। समाचार कक्ष से कृष्‍णकांत।

 

*******

     

अमरीकी वित्‍त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि समुद्र में मौजूद रूस के तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद पर छूट को जारी रखने की अमरीका की कोई मंशा नहीं है। उन्होंने कहा कि समुद्र में मौजूद ईरान के तेल पर दी गई रियायत समाप्त हो चुकी है।

 

वैश्विक स्‍तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल को नियंत्रित करने के लिए अमरीका ने मार्च में रूस के समुद्र में मौजूद तेल पर छूट दी थी। श्री बेसेंट ने कहा कि ये रियायत कमजोर देशों के लिए दी गई थी।

 

*******

 

17 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 230 करोड डॉलर बढ़कर 703 अरब डॉलर से अधिक हो गया है। इसी सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियाँ 148 करोड डॉलर बढ़कर 557 अरब डॉलर से अधिक हो गईं। स्वर्ण भंडार 790 मिलियन डॉलर बढ़कर 122 अरब डॉलर से अधिक हो गया। रिज़र्व बैंक के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार 78 मिलियन डॉलर बढ़कर 18 दशमलव आठ-चार अरब डॉलर हो गया। इस बीच, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में रिजर्व बैंक की हिस्सेदारी 14 मिलियन डॉलर बढ़कर 4 दशमलव आठ-सात अरब डॉलर हो गई।

 

*******

     

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज राजस्थान की राजधानी जयपुर में, राजस्थान विश्वविद्यालय के 35वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। वे जयपुर में भगवान महावीर कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र द्वारा आयोजित 23वें कैंसर सर्वाइवर्स डे में भी हिस्‍सा लेंगे।

 

*******

     

जनगणना के लिए आज से उत्तराखंड में हर द्वार दस्तक अभियान शुरू हो रहा है। इसके तहत घर-घर जाकर सुविधाओं और संपत्तियों से जुड़े 33 तरह के आंकड़े जुटाए जाएंगे। इसके लिए, पहली बार, जनगणना पूरी तरह से मोबाइल ऐप से की जाएगी। यह कार्य अगले महीने की 24 तारीख तक चलेगा।

 

     

उत्तराखंड में 62 हजार से अधिक लोगों ने 10 अप्रैल से 23 अप्रैल के बीच डिजिटल स्व-गणना पूरी कर ली है। 

 

*******

 

     

सरकार ने जम्‍मू-कश्‍मीर के किश्तवाड़ में, वायुसेना विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से जुड़े वीडियो को फर्जी बताया है। पत्र सूचना कार्यालय ने कहा कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी यांत्रिक मेधा से बनाया गया है।

 

*******

 

जम्मू और श्रीनगर के बीच बेहतर रेल संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 30 अप्रैल से वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जाएगी। आधुनिक सुविधाओं वाली इस ट्रेन से पहलगाम, गुलमर्ग और सोनमर्ग के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा मिलेगा।

 

*******

     

महिला टी-टवेंटी क्रिकेट में, पांच मैचों की श्रृंखला के चौथे मैच में, आज भारत का सामना मेजबान दक्षिण अफ्रीका से होगा। जोहान्सबर्ग में ये मैच रात साढ़े नौ बजे से खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका इस श्रृंखला में तीन-शून्‍य की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है।

 

*******

     

आईपीएल क्रिकेट में आज दिल्‍ली के अरूण जेटली स्‍टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद साढ़े 3 बजे शुरू होगा। एक अन्य मैच में, जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम साढ़े 7 बजे राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे।

 

*******

 

धन्‍यवाद कनक, राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़ने और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की खबर सभी अखबारों में पहले पन्ने पर प्रमुखता से छाई  हुई है। जनसत्ता ने इसे आम आदमी पार्टी की झाड़ू मार सफाई कहा है। दैनिक भास्कर की सुर्खी है- पंजाब से दिल्ली तक….. हम आपके सात नहीं। अमर उजाला ने इसे आप में सबसे बड़ी टूट बताते हुए राघव चड्ढा का बयान दिया है- आदर्शों और बुनियादी मूल्यों से भटकी पार्टी। पत्र ने अन्ना हजारे का बयान छापा है- आप सही राह होती तो चड्ढा पार्टी नहीं छोड़ते। दैनिक जागरण ने अपने संपादकीय में लिखा है- यह कोई ढकी-छिपी बात नहीं कि आप ने अपने उदय के साथ नई तरह की और साफ-सुथरी राजनीति करने का जो वायदा किया था वो ना जाने कहां गुम हो गया। समय के साथ पार्टी की प्राथमिकताएं बदल गई और उसने जो आशाएं जगाईँ थी वो भी विलीन हो गईं।

 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए विपक्ष द्वारा राज्यसभा में नया नोटिस दिये जाने की खबर वीर अर्जुन, राजस्थान पत्रिका और पंजाब केसरी समेत कई अखबारों के पहले पन्ने पर है। देशबंधु लिखता है- मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष लामबंद, लगाए नौ गंभीर आरोप। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची का अमरीका से दूसरे दौर की बातचीत के लिए पाकिस्तान पहुंचने की खबर को भी अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है। दैनिक भास्कर लिखता है- शांतिवार्ता पर ईरान की ना अब हां में बदली। देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राजस्थान पत्रिका ने राहत भरी खबर दी है- देश में इस बार जल्दी पहुंच सकता है मॉनसून। जून की जगह मई में ही पहुंचने की संभावना है। लेकिन, हिन्दुस्तान लिखता है- दिल्ली में रविवार से भीषण लू से राहत के आसार।

 

*******

 

 मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. निर्वाचन आयोग ने कहा- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में बृहस्‍पतिवार को हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी केंद्र पर पुनर्मतदान की सिफारिश नहीं की गई है।

  2. केंद्र सरकार ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की मदद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाया।

  3. रिजर्व बैंक ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है।

  4. अमरीका ने चीन की तेल रिफाइनरी, शिपिंग कंपनियों और ईरान से तेल ढुलाई में शामिल टैंकरों पर प्रतिबंध लगाया।

  5. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची पाकिस्‍तान पहुंचे, पश्चिम एशिया में युद्ध समाप्त करने के लिए अमरीका के साथ दूसरे दौर की वार्ता की उम्मीद जगी।

  6. महिला क्रिकेट में, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच आज जोहान्सबर्ग में।