मुख्य समाचार
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड 92 दशमलव सात प्रतिशत मतदान हुआ; तमिलनाडु में भी अभूतपूर्व 85 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज।
- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदान के बाद की प्रक्रिया के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए।
- भारत ने अपने नागरिकों को हवाई या सड़क मार्ग से ईरान की यात्रा न करने की सलाह दी।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – इस्राएल और लेबनान तीन सप्ताह के लिए युद्धविराम बढ़ाने पर सहमत।
- आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रन से हराया।
*******
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड 92 दशमलव सात दो प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं, तमिलनाडु में 85 दशमलव एक चार प्रतिशत का अभूतपूर्व मतदान हुआ।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर वोट डाले गए, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण में आजादी के बाद अब-तक का सबसे अधिक मतदान हुआ है। वही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारी मतदान को बदलाव के लिए एक बड़ा जनसमर्थन बताया और कहा कि 4 मई को मतगणना के साथ राज्य में टीएमसी का अंत हो जाएगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने मतदान के दौरान सॉल्ट लेक में पार्टी के चुनाव नियंत्रण कक्ष का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. एस.एस. संधू और डॉ. विवेक जोशी ने लाइव वेबकास्टिंग के ज़रिए मतदान प्रकिया पर कड़ी नज़र रखी। दोनों राज्यों के सभी मतदान केन्द्रों पर इसकी व्यवस्था की गई थी।
तमिलनाडु में भी अभूतपूर्व मतदान दर्ज हुआ। और ब्यौरा हमारे संवाददाता से
सभी ईवीएम को जीपीएस लगे वाहनों में संबंधित स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचा दिया गया है, जहां उनकी सुरक्षा के लिए कडे इंतजाम किए गए हैं। राज्य के 62 मतगणना केंद्रों पर 4 मई को वोटों की गिनती की जाएगी। इस चुनाव में चार हजार 23 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में बंद हो चुका है, जिसका फैसला अगले दस दिनों में सामने आएगा। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्ण कांत।
पश्चिम बंगाल में बाकी 142 सीटों के लिए दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि सभी चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
*******
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदान के बाद की प्रक्रिया के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। एक रिपोर्ट-
इन दिशानिर्देशों के अंतर्गत मतदान केन्द्र के कैमरों में इस्तेमाल किए गए एस.डी. कार्ड को मतदान सम्पन्न होने के तुरन्त बाद नहीं निकाला जा सकता है। इन कैमरों को सेक्टर अधिकारी की निगरानी में रखा जाना चाहिए। इन एस.डी. कार्ड्स को सहायक रिटर्निंग अधिकारी की उपस्थिति में नामित डेटा संग्रह और प्राप्ति केंद्र पर ही निकाला जा सकता है। मतदान के दौरान लिए गए सभी वीडियों फूटेज को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संरक्षित किया जाना चाहिए। मतदान दल और बूथ स्तरीय अधिकारी के सभी सदस्य कैमरा उपकरण को पूरी तरह हटाए जाने से मतदान केंद्र पर उपस्थित रहेंगे। इस बीच, दूसरे चरण के मतदान के लिए वेबकास्टिंग का ट्रायल आज सुबह दस बजे शुरू होगा। यह अभ्यास तीन चरणों में संचाालित किया जाएगा। दो सौ 94 सदस्य पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान कल संपन्न हुआ दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। और सभी राज्यों की मतगणना 4 मई को होगी।
*******
पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में मतदाताओं ने निडर होकर मतदान किया और अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद प्रसन्न थे। श्री अग्रवाल ने कहा कि किसी भी मतदान केंद्र के अंदर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और कहीं भी मतदान लंबे समय तक बाधित नहीं हुआ।
*******
भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करेंगे। वे आज सुबह दमदम में एक जनसभा को संबोधित करेंगे, इसके बाद बारुईपुर में दूसरी रैली करेंगे।
गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह भी चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे। वे आज दोपहर हिंगलगंज के लेबुखाली मैदान और कोन्नगर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भवानीपुर में प्रचार करेंगी, जबकि तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी आज हावड़ा और दक्षिण 24 परगना के कई स्थानों पर चुनावी सभाएं और रोड शो करेंगे।
*******
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। इस चरण में कुल 142 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। निर्वाचन क्षेत्र विवरण की हमारी श्रृंखला में, आज हम भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र पर एक नज़र डालेंगे।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस विधानसभा क्षेत्र से वर्त्तमान विधायक हैं। इस सीट पर इस बार कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी को इस सीट से उम्मीदवार बनाकर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है। कांग्रेस से प्रदीप प्रसाद और वामपंथी दल सीपीआईएम से श्रीजिब बिस्वास उम्मीदवार हैं। पहली नज़र में यह दोतरफा मुकाबला प्रतीत होता है, लेकिन वामपंथी और कांग्रेस भी कड़ी टक्कर देने को लेकर आश्वस्त हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट की साथ समाचार कक्ष से मैं मनोज
*******
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज विधानसभा के विशेष एक दिवसीय सत्र के दौरान विश्वास मत पेश करेंगे। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सत्र सुबह 11 बजे प्रारंभ होगा।
सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जिसके बाद उन्हें विधानसभा में विश्वास मत प्राप्त करना है।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
ईरान में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी किया है। दूतावास ने लोगों को हवाई या सड़क किसी भी माध्यम से ईरान की यात्रा ना करने की सलाह दी है। क्षेत्रीय तनाव के कारण हवाई क्षेत्र में पाबंदियां और अनिश्चितताएं बनी हुई है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से निर्धारित सीमा मार्गों से ही देश छोड़ेने और दूतावास से समन्वय बनाए रखने की अपील की है।
*******
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर भारतीयों के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस तरह की बातें भारत-अमरीका संबंधों की सच्चाई को नहीं दिखातीं, जो लंबे समय से आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित हैं।
यह बयान उस समय आया है, जब अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने एक पॉडकास्टर के चार पन्नों का प्रतिलेख साझा किया था, जिसमें भारतीयों के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं।
*******
ब्रिक्स- मध्यपूर्व और उत्तरी अफ्रीकी देशों के समूह-मेना के परामर्श सत्र के दौरान विदेश मंत्रालय में दक्षिणी क्षेत्रों की सचिव डॉ. नीना मल्होत्रा ने रूस के उप विदेश मंत्री बोरिसेंको जॉर्जी से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने मध्यपूर्व और उत्तर अफ्रीकी देशों-मेना क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा किए।
*******
सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ए,टी,एफ से जुड़े नियमों में अहम संशोधन किया है। अब सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल यानी एस.ए.एफ के साथ मिश्रित एटीएफ को भी नियंत्रण आदेश के दायरे में शामिल किया गया है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, एस.ए.एफ एक विशेष प्रकार का ईंधन है, जो विमान इंजनों के साथ पूरी तरह सुरक्षित और अनुकूल है और इससे ईंधन के प्रदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ता।
*******
कोयला मंत्रालय के अंतर्गत भारत कोकिंग कोल लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के लिए एक नई योजना शुरू की है। इस योजना के अंतर्गत पावर सेक्टर के उपभोक्ताओं को प्रदर्शन प्रोत्साहन रियायत और नकद छूट की घोषणा की गई है।
मंत्रालय के अनुसार, यह योजना ईंधन आपूर्ति समझौतों और फ्लेक्सी–लिंकज योजना के तहत आने वाले सभी पात्र बिजली उपभोक्ताओं पर लागू होगी।
*******
पंचायती राज मंत्रालय आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मना रहा है। मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक संदेश समारोह में पढ़ा जाएगा। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में मंत्रालय के सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पंचायती राज राज्य मंत्री, एस.पी. सिंह बघेल शामिल होंगे। इस अवसर पर पंचायत उन्नति सूचकांक पर एक रिपोर्ट और मेरी पंचायत, मेरा धरोहर विषय पर तीन पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा।
*******
कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय आज लखनऊ में उत्तर क्षेत्र कृषि सम्मेलन का आयोजन करेगा। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। सम्मेलन कृषि को नए विचारों, नई तकनीकों और नए बाजारों से जोड़ने का एक मंच प्रदान करेगा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को सुबह 11 बजे आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में लोगों से अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 133वी कड़ी होगी। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क पर किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण एआईआर न्यूज़, डीडी न्यूज़, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर किया जाएगा। आकाशवाणी के द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण होगा।
*******
प्रवर्तन निदेशालय- ईडी ने कोटक महिंद्रा बैंक और नगर निगम पंचकूला से जुड़े धोखाधड़ी मामले में छापेमारी की है। यह मामला धन शोधन से जुड़ा है। ईडी ने बताया कि चंडीगढ़, पंचकूला, जीरकपुर, डेराबस्सी और राजपुरा में 12 ठिकानों पर तलाशी ली गई। इस दौरान कई अहम दस्तावेज और सबूत जब्त किए गए हैं।
ईडी ने बताया कि इस मामले में करीब 145 करोड़ रुपये से अधिक के सरकारी फंड की हेराफेरी की गई।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि कल रात व्हाइट हाउस में हुई बातचीत के बाद इस्राएल और लेबनान तीन सप्ताह के लिए युद्धविराम बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं। एक रिपोर्ट-
राष्ट्रपति ट्रंप ने ओवल ऑफिस में इस्राएल के वाशिंगटन स्थित राजदूत येचिएल लीटर और लेबनान की अमरीका स्थित राजदूत नाडा मोवाद की अमरीकी मध्यस्थता में हुई बातचीत के दूसरे दौर की मेजबानी की। ट्रंप ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में इस्राएल और लेबनान के अमरीकी राजदूतों के बीच हुई यह दूसरी बैठक बहुत सफल रही। शुरुआती 10 दिवसीय युद्धविराम सोमवार को समाप्त होने वाला था। इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के विरुद्ध संघर्ष में परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की संभावना को खारिज किया। तेहरान के एकीकृत प्रस्ताव देने तक ईरान के साथ संघर्षविराम के विस्तार की घोषणा किए जाने के दो दिनों बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह बात कही। राष्ट्रपति ट्रंप के प्रशासन का मानना है कि ईरान उदारवादियों और कट्टरपंथियों के बीच आंतरिक मतभेद के साथ जूझ रहा है। समाचार कक्ष से प्राची वाजपयी।
*******
खेलों में, आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई सुपर किंग्स ने कल रात मुंबई इंडियंस को 103 रन से हरा दिया। मुंबई में जीत के लिए 208 रन के लक्ष्य के जवाब में मुंबई इंडियंस 19 ओवरों में मात्र 104 रन ही बना सकी। चेन्नई के संजू सैमसन को 54 गेंद पर नाबाद 101 रन की शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बेंगलुरु में आज शाम साढ़े सात बजे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा।
*******
मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लू चलने की संभावना व्यक्त की है। बिहार, केरल, माहे, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी लू चलने का अनुमान है। विभाग के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, गंगा के मैदानी क्षेत्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, कोंकण, गोवा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारईक्कल में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
*******
आकाशवाणी पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणी श्रृंखला के तहत आज हम महाराष्ट्र के श्री भिक्ल्या लाडक्या ढिंडा से बातचीत प्रसारित करेंगे। श्री भिक्ल्या, पारंपरिक तारपा वाद्य यंत्र बजाने और स्वदेशी लोक कला तथा सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में अपने योगदान के लिए प्रसिद्ध हैं। श्री भिक्ल्या लाडक्या ढिंडा को उनके योगदान के लिए पद्म श्री से अलंकृत किए जाने की घोषणा की गई है।
यह बातचीत आज सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड पर प्रसारित की जाएगी।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं–वैष्णवी।
- पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में पहली बार विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ मतदान होने का समाचार सभी समाचार पत्रों की पहली सुर्खी बनी है। दैनिक जागरण लिखता है- मतदान का कीर्तिमान, मतदान बंगाल की 152 सीटों पर। तमिलनाडु में 85 दशमलव एक-चार प्रतिशत वोट पड़े। आज़ादी के बाद देश में पहली बार इतनी वोटिंग। हिन्दुस्तान के शब्द हैं- मतदान ने रचा इतिहास। वहीं, राजस्थान पत्रिका लिखता है- बंगाल में 92 प्रतिशत, तमिलनाडु में 85 प्रतिशत वोटिंग, पुरुषों से आगे रही महिलाएं।
- ट्रम्प का आदेश, हॉर्मुज में बारुदी सुरंग बिछाने वाली ईरानी नावों को उड़ादो, जी.पी.एस. तकनीक से पानी में बिछाई सुरंगे, हटाने में अमरीकी नौसेना को हो रही मुश्किल- अमर उजाला की सुर्खी है।
- आस्था और उल्लास से गूंजा बद्रीनाथ धाम, देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु- देशबंधु की सुर्खी है। पत्र लिखता है- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा की गई।
- लोकसत्य ने अपने सम्पादकीय पृष्ठ पर जलवायु परिवर्तन पर लेख प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- अप्रैल की तपिश, जलवायु परिवर्तन और वैश्विक संघर्षों की चेतावनी। पत्र ने सवाल उठाया है कि क्या ज्यादा गर्मी जैसी असामान्य स्थिति केवल प्राकृतिक चक्र का परिणाम है या इसके पीछे मानव जनित कारण विशेषकर जलवायु परिवर्तन और वैश्विक संघर्ष भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
- दो दिन लू के लिए राजधानी दिल्ली में पीली चेतावनी, फिर हल्की बूंदाबांदी की सम्भावना, 15 वर्षों में सबसे गर्म रहा 23 अप्रैल, अधिकतम तापमान 41 दशमलव सात डिग्री सेल्सियस दर्ज- जनसत्ता की सुर्खी है। नवभारत टाइम्स ने भी मौसम पर ख़बर प्रकाशित की है।
- बीज को भी सुनाई देता है बारिश की बूंदों का संगीत, आवाज सुनकर तेजी से बढ़ते हैं पौधे, धान के आठ हजार बीजों पर एम.आई.टी. वैज्ञानिकों ने किया प्रयोग- राजस्थान पत्रिका ने अनूठा शोध शीर्षक से ये ख़बर प्रकाशित की है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड 92 दशमलव सात प्रतिशत मतदान हुआ; तमिलनाडु में भी अभूतपूर्व 85 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज।
- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदान के बाद की प्रक्रिया के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए।
- भारत ने अपने नागरिकों को हवाई या सड़क मार्ग से ईरान की यात्रा न करने की सलाह दी।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा – इस्राएल और लेबनान तीन सप्ताह के लिए युद्धविराम बढ़ाने पर सहमत।
- आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रन से हराया।
*******