April 23, 2026 9:11 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों के लिए मतदान जारी।
  2. निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को आचार संहिता का उल्लंघन करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया।
  3. दिल्ली में पेट्रोल पंपों पर वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र के बिना नहीं मिलेगा वाहनों को ईंधन।
  4. उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम के कपाट पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ खोले गए।
  5. ईरान ने कहा – लगातार हो रहे युद्ध विराम के उल्लंघन के बीच नहीं खुलेगा होर्मुज जल-डमरू-मध्य।
  6. आईपीएल क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रन से हराया।

*******

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु में एक ही चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि निर्वाचन आयोग ने स्‍वतंत्र और निष्‍पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किये गए हैं।

पश्चिम बंगाल के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। चुनाव के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं। राज्‍य में केंद्रीय बलों की कुल 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं। मुर्शिदाबाद, में सबसे अधिक 316 कंपनियां तैनात हैं। केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस के लगभग पांच लाख जवान मतदान प्रक्रिया के संचालन में लगे हुए हैं। कोलकाता से संदीपनदास गुप्‍ता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मनोज कुमार।

उधर, तमिलनाडु के 234 निर्वाचन क्षेत्रो में भी वोट डाले जा रहे हैं। राज्य में 5 करोड 73 लाख से अधिक मतदाता, 4 हजार 23 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। राज्य भर में 75 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।  पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी के परिणाम, एक साथ 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

*******

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज तमिलनाडु विधानसभा चुनाव और पश्चिम बंगाल विधान सभा के पहले चरण के मतदान में नागरिकों से उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों राज्यों के युवा मतदाताओं और महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव का यह चरण न केवल वर्तमान बल्कि राज्य के भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण है।

*******

महाराष्ट्र में पुणे जिले के बारामती और अहिल्यानगर जिले के राहुरी निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी आज वोट डाले जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और राहुरी विधायक शिवाजी करदिले के निधन के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है।

*******

उधर,गुजरात के आणंद जिले में उमरेठ विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी आज मतदान हो रहा है। कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी के हर्षद परमार और कांग्रेस के भृगुराजसिंह चौहान के बीच सीधा मुकाबला है।

*******

इस बीच, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नदिया ज़िले के कृष्णानगर में एक रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने कल दमदम, हाबरा और सप्तग्राम में रैलियों को संबोधित किया। सप्तग्राम में श्री शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राज्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। कोलकाता के जोड़ासांको, नदिया के चाकदाह और हावड़ा के उदयनारायणपुर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करते हुए भ्रष्टाचार, रोजगार और उद्योगों के मुद्दों पर तृणमूल कांग्रेस की आलोचना की। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कालना और बोंगाँव में रैलियां की हैं।तृणमूल कांग्रेस की नेता और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अमदंगा और हरिपाल में चुनाव प्रचार किया।

*******

निर्वाचन आयोग ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस जारी किया है। श्री खरगे ने तमिलनाडु के चेन्नई में एक संवाददाता सम्‍मेलन में ये टिप्पणी की थी। आयोग ने श्री खरगे को 24 घंटे में जवाब देने को कहा है।

*******

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल पंपों पर वैध प्रदूषण नियंत्रण- पीयूसी के बिना वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दिल्‍ली सरकार ने वाहन प्रदूषण पर प्रभावशाली नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है।

नए निर्देश के अनुसार, ईंधन की आपूर्ति केवल वैध पीयूसी प्रमाणपत्र धारक वाहनों को ही की जाएगी। सरकार ने कहा कि कार्यान्वयन में शून्य सहनशीलता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के लिए स्पष्ट जवाबदेही तय की गई है। सभी पेट्रोल पंपों और गैस आउटलेट्स को आदेश का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया गया है। सरकार ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार स्वच्छ, स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने और सतत और व्यापक उपायों के माध्यम से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण से निपटने के लिए ठोस और प्रभावी हस्तक्षेप की आवश्यकता है और यह निर्णय उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आदित्‍स प्रताप सिंह आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

*******

राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण ने यमुना नदी में प्रदूषण को लेकर कई एजेंसियों को नोटिस जारी किए हैं। न्‍यायाधिकरण ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, उत्तर प्रदेश सरकार तथा मथुरा वृंदावन नगर निगम और केंद्रीय तथा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों सहित स्थानीय प्राधिकरणों से जवाब मांगा है। यह मामला वृंदावन और कोसी कस्बों से कथित तौर पर अशोधित सीवेज और अपशिष्ट जल को नदी में बहाए जाने से संबंधित है।

*******

सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग के प्रचार और विनियमन संबंधी नियम -2026 को अधिसूचित कर दिया है। यह पहली मई से लागू होंगे। इन नियम पहली मई से लागू होंगे।इसका उद्देश्य ऑनलाइन गेमिंग को विनियमित करना, नागरिाकों के अधिकारों की सुरक्षा करना है। इन नियमों के तहत, एक ऑन लाइन गेम प्राधिकरण स्‍थापित किया जाएगा, जो इस क्षेत्र के लिए एक कीकृत, डिजिटल प्रथम नियामक होगा।

*******

अब अंतरराष्‍ट्रीय खबरें- ईरान ने कहा है कि अमरीका और इस्राएल द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला जा सकता। ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाक़र क़लिबाफ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि संघर्ष विराम उल्लंघनों में ईरान के बंदरगाहों की अमरीकी नौसैनिक नाकाबंदी भी शामिल है। ईरान के मुख्य वार्ताकार ने इसे वैश्विक अर्थव्यवस्था को बंधक बनाने और इस्राएल द्वारा हर मोर्चे पर युद्ध भड़काने के बराबर बताया। एक रिपोर्ट-

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा कि ईरान वार्ता के लिए तैयार है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन, नाकाबंदी और धमकियाँ वार्ता में मुख्य बाधाएँ हैं। अमरीका और ईरान के बीच इस सप्ताह पाकिस्तान में संभावित शांति वार्ता अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। मंगलवार रात अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने अमरीकाईरान संघर्ष विराम को बढ़ाने की घोषणा की थी। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने बाद में स्पष्ट किया कि संघर्ष विराम विस्तार अनिश्चित काल के लिए है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ईरान के खिलाफ जारी अमरीकी नौसैनिक नाकाबंदी से संतुष्ट हैं। उनका मानना है कि ईरान बहुत कमजोर स्थिति में है। समाचार कक्ष से फरहत नाज़

*******

इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में तनावपूर्ण गतिरोध पिछले कुछ घंटों में और गहरा गया है। ईरान की नौसैनिक नाकाबंदी तेज हो गई है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा है कि उसने दो मालवाहक जहाजों को जब्त कर लिया है। समुद्री निगरानी एजेंसियों ने यह भी बताया है कि ओमान के तट के पास एक तीसरे जहाज पर गोलीबारी की गई।उधर, वाशिंगटन में, व्हाइट हाउस ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते की समाप्ति के बावजूद वह अपनी मौजूदा नौसैनिक स्थिति को बनाए रखेगा। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया है कि अगले 72 घंटों के भीतर बातचीत शुरू हो सकती है। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि “प्रतिबद्धताओं का उल्लंघन, नाकाबंदी और धमकियां वास्तविक बातचीत में मुख्य बाधाएं हैं।

*******

यूरोप की बड़ी एयरलाइन कंपनी लुफ्थांसा एयरलाइंस ने अक्टूबर तक 20 हजार छोटी दूरी की उड़ानें रद्द करने का फैसला किया है। कंपनी ने यह निर्णय ईरान युद्ध के कारण तेल की बढ़ती कीमतों और कुछ देशों में जेट ईंधन की कमी की बढ़ती चिंताओं के मद्देनजर लिया है।

*******

उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट आज विधिवत श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।

कपाट खुलने के शुभ अवसर पर बद्रीनाथ धाम को भव्य रूप से सजाया गया है। जैसे ही धाम के कपाट खुले, पूरा धाम जय बद्री विशाल के जयकारों से गूंज उठा। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और सेना के बैंड की धुनों के बीच श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। इस अवसर परमहाभिषेक पूजामुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से कराई और देशप्रदेश की समृद्धि और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

*******

भगवान बुद्ध के पवित्र तथागत अवशेष केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की यात्रा पर ले जाए जा रहे हैं। यह पहली बार है जब भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष देश के भीतर सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए बाहर ले जाए जा रहे हैं।  यह प्रदर्शनी 11 से 12 मई तक जांस्कर तक भी विस्‍तारित होगी, जिसके बाद 14 मई को लेह में इसका समापन समारोह होगा ।

*******

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के ड्रमंडगंज इलाके में कल रात एक सड़क हादसे में चार बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना एक खड़ी पहाड़ी सड़क पर हुई। मिर्जापुर की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मृतकों में से सात लोग एसयूवी में सवार थे।  दो अन्य मृतक कार और एक ट्रक के चालक थे। शेष दो मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

********

खेल जगत की खबरों के लिए रुख करते हैं, मुकेश कुमार बल का।

खेल खबरों में शुरूआत करते है घरेलू क्रिकेट से, आईपीएल क्रिकेट में राजस्‍थान रॉयल्‍स ने कल रात लखनऊ सुपर जाएंट्स को 40 रन से हरा दिया। राजस्‍थान रॉयल्‍स के 160 रन के लक्ष्‍य के जवाब में लखनऊ की टीम 18 ओवर में सिर्फ 119 रन ही बना सकी। रवि‍न्‍द्र जडेजा को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में आज मुम्‍बई इंडियंस का सामना चेन्‍नई सुपर किंग्‍स से होगा। मुम्‍बई में यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।     और अगर बात करें अतर्राष्‍ट्रीय क्रिकेट की तो, जोहान्सबर्ग में खेले गए तीसरे महिला टी-20 क्रिकेट मैच में कल रात भारत को दक्षिण अफ्रीका से 9 विकेट से हार का सामना करना पडा। भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए 192 रन बनाए। 193 रन का लक्ष्य, दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 16 ओवर तीन गेंद में एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। पांच मैचों की श्रृंखला में भारत फिलहाल तीनशून्‍य से पीछे है। जी विशाल खेल जगत से बस आज इतना ही।

********

अब मौसम की बात कर लेते हैं। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में आज लू की स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा है कि बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी आज भीषण गर्मी होने की संभावना है।

********

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

********

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंसरफिरोज़ी।

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए आज हो रहा मतदान अधिकतर अखबारों की सुर्खी बना है। दैनिक ट्रिब्यून ने लिखा है- कड़ी सुरक्षा के बीच बंगाल में पहले चरण का मतदान। दैनिक भास्कर ने लिखा है- बंगाल में ममता की कैमेस्ट्री बनाम भाजपा की रणनीति की लड़ाई, 2 लाख 40 हजार जवानों की तैनाती, वोटर्स की होगी दो बार जांच। राजस्थान पत्रिका का कहना है- तमिलनाडु में त्रिकोणीय मुकाबला।वहीं दैनिक जागरण ने कोलकाता में आईपैक छापा मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दखल पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को मुख पृष्ठ पर दिया है। ईडी की जांच में कोई मुख्यमंत्री नहीं डाल सकता बाधा। सीएम के आचरण ने लोकतंत्र को खतरे में डाला। पश्चिम एशिया में होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर रहे जहाजों पर ईरान की कार्रवाई को भी अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। देशबन्धु ने बाक्स में लिखा है- होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव, भारत आ रहे जहाज को ईरान ने रोका। वहीं हिन्दुस्तान ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान को दिया है- भारत ईरान और अमरीका के बीच तनाव कम करने में निभा सकता है अहम भूमिका। गिफ्ट देकर दवा कंपनियां नहीं बिकवा सकेंगी महंगी दवाएं। राजस्थान पत्रिका के अनुसार केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा- डॉक्टरों को महंगे तोहफे, विदेश यात्राएं और अन्य प्रलोभन देकर दवाओं की बिक्री बढ़ाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए बनाए जा रहे सख्त नियम।

********

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों के लिए मतदान जारी।
  2. निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को आचार संहिता का उल्लंघन करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया।
  3. दिल्ली में पेट्रोल पंपों पर वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र के बिना नहीं मिलेगा वाहनों को ईंधन।
  4. उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम के कपाट पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ खोले गए।
  5. ईरान ने कहा – लगातार हो रहे युद्ध विराम के उल्लंघन के बीच नहीं खुलेगा होर्मुज जल-डमरू-मध्य।
  6. आईपीएल क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रन से हराया।

********

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.