मुख्य समाचार
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ युद्धविराम अनिश्चितकाल तक बढ़ाने की घोषणा की, लेकिन समुद्री मार्गों की नाकेबंदी जारी रहेगी।
- तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत और जर्मनी के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।
- पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर भारतीय सेना ने आतंकियों को कड़ी चेतावनी दी।
- उत्तराखंड में केदारनाथ धाम आज से श्रद्धालुओं के लिए खुला।
- जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच तीसरा महिला टी-20 मैच खेला जाएगा आज से।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि दोनों देशों के बीच शांति वार्ता जारी रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। अमरीका और ईरान के बीच दो सप्ताह का युद्धविराम आज समाप्त होने वाला था।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि जब तक ईरान कोई साझा प्रस्ताव पेश नहीं करता, तब तक ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रहेगी।
हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप की यह घोषणा एकतरफा मानी जा रही है अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ईरान और इस्राएल इस पर सहमत होंगे या नहीं। ईरान से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
*******
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान कल 16 जिलों की 152 सीटों पर होगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस चरण में एक हजार चार सौ अठहत्तर उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सभी तैयारियां कर ली हैं। मतदान 44,376 बूथों पर होगा जिनमें तीन हजार सहायक बूथ शामिल हैं। महिलाओं द्वारा 5444 बूथ संचालित किए जाएंगे। मॉडल बूथों की संख्या 207 हैं। वहीं, बालुरघाट और आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में दो दिव्यांगजन–संचालित बूथ हैं। पहले चरण के चुनाव में 167 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी बूथों पर शत–प्रतिशत वेबकास्टिंग की जाएगी। शांतिपूर्ण मतदान के लिए आयोग ने त्वरित प्रतिक्रिया दल, हवाई दस्ते, सीसीटीवी कैमरे सहित विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाएं की हैं। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।
राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।
*******
तमिलनाडु में भी कल राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि राज्य में 5 करोड़ 73 लाख 43 हजार से ज्यादा मतदाता हैं।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी प्रबंध किए जा रहे हैं। मतदान के महत्व पर हर जगह जागरूकता संदेश प्रदर्शित किए जा रहे हैं। मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए भी बैनर, तख्तियाँ और पोस्टर का उपयोग किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। इस बार सभी मतदान केंद्रों की वेबकॉस्टिंग की जाएगी। सभी मतदान केंद्रों पर पानी, शौचालय, व्हीलचेयर, बिजली और शामियाने जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
*******
तमिलनाडु में एक ही चरण और पश्चिम बंगाल में पहले चरण का विधानसभा चुनाव प्रचार कल समाप्त हो गया।
*******
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह उत्तर 24 परगना के दमदम में रैली करेंगे। श्री शाह हाबरा तथा हुगली के सप्तग्राम में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वे शाम को सोनारपुर में एक रोड शो में भी हिस्सा लेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज हावड़ा के जोरासांको, चकदाहा और उदय नारायणपुर में रैलियां करेंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा कालना और बोंगाँव दक्षिण में जनसभा करेंगे। वे बर्धमान में रोड शो में भी भाग लेंगे।
*******
निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनावों के लिए अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम– आई.ई.वी.पी का दूसरा चरण शुरू कर दिया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नई दिल्ली स्थित भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान में कल इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
आयोग ने बताया कि इस कार्यक्रम में 17 देशों के 34 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आत्मनिर्भर भारत, सह-निर्माण, सह-विकास और सह-नवाचार के लिए एक खुला अवसर है। उन्होंने भारत और जर्मनी के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने पर बल दिया।
जर्मनी की अपनी तीन दिन की यात्रा के पहले दिन, जर्मन संसद की रक्षा और सुरक्षा समिति को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया आज नई सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रही है और तकनीकी बदलावों ने हालात को और जटिल बना दिया है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के रक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव हो रहा है और जर्मनी के साथ साझेदारी से दोनों देशों को बड़ा लाभ मिल सकता है।
यात्रा के दौरान, श्री सिंह जर्मनी के रक्षा मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान रक्षा औद्योगिक सहयोग रूपरेखा और संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के प्रशिक्षण में सहयोग से जुड़े समझौते पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है।
*******
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने ब्रिटेन में रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर ज़ोर दिया।
उन्होंने कहा कि बेहतर आर्थिक सहयोग से रक्षा विनिर्माण, तकनीकी आदान-प्रदान और आपूर्ति श्रृंखला मज़बूत होगी। साथ ही, उन्होंने महत्वपूर्ण तकनीकों के सह-डिजाइन, सह-विकास और सह-उत्पादन पर भी बल दिया।
*******
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की आज पहली बरसी है। पिछले साल इसी दिन, पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। इनमें ज्यादातर लोग पर्यटक थे इस जघन्य कृत्य ने पूरे देश को झकझोर दिया था। दुनिया भर की सरकारों और नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की थी।
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में, भारतीय सशस्त्र बलों ने पिछले साल 6 और 7 मई की रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ शुरू किया। ऑपरेशन सिंदूर को याद करते हुए भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा किया है। जिसमें उन्होंने आतंकवादियों को कड़ी चेतावनी देते कहा है कि ‘जब मानवता की सीमाएं पार होती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से….
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा किए गए लक्षित हमलों में पाकिस्तान और पीओजेके में नौ आतंकवादी शिविरों को सटीक रूप से निशाना बनाया गया जिसमें सौ से अधिक आतंकवादी, उनके प्रशिक्षक, संचालक और सहयोगी मारे गए। अधिकांश आतंकवादी जैश–ए–मोहम्मद, लश्कर–ए–तैयबा और हिज्बुल मुजाहिद्दीन जैसे आतंकवादी संगठनों से संबंधित थे। इस ऑपरेशन ने भूमि, वायु और समुद्र के माध्यम से उच्च सटीकता और समन्वित सैन्य कार्रवाई के जरिए भारत की उत्कृष्ट क्षमता को प्रदर्शित किया। ऑपरेशन सिंदूर को भारत के रक्षा इतिहास में एक निर्णायक क्षण के रूप में याद किया जाएगा। यह सैन्य सटीकता, अंतर सेवा सहयोग और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। आंनद कुमार के साथ सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश किसी भी तरह के आतंक के सामने कभी नहीं झुकेगा और आतंकवादियों की साजिशें कभी सफल नहीं होंगी।
पिछले साल आज ही के दिन हुए पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक घटना के पीड़ितों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
******
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
कपाट खुलने के अवसर पर केदारनाथ धाम को भव्य रूप से सजाया गया है और पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है। धाम में हजारों श्रद्धालु मौजूद हैं और पूरी केदार घाटी हर–हर महादेव और जय शिव शंकर के जयकारों से गुंजायमान है। केदारनाथ सभा के वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चंद पोस्ती ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा मार्ग और धाम में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं, श्रद्धालुओं का कहना है कि यात्रा मार्ग और धाम में प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम के कपाट कल सुबह श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुल चुके हैं। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
*******
आकाशवाणी से प्रसारित होने वाली ‘पीपल्स पद्म‘ श्रृंखला के अंतर्गत आज प्रख्यात पशु चिकित्सा औषधि विज्ञानी डॉ. पुन्नियामूर्ति नटेसन के साथ बातचीत प्रसारित की जाएगी। डॉ. पुन्नियामूर्ति को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा।
यह चर्चा आकाशवाणी के एफ एम गोल्ड चैनल पर आज शाम पांच बजकर दस मिनट पर प्रसारित होगी। इसे आकाशवाणी समाचार के मोबाइल एप न्यूज ऑन एआईआर और यूट्यूब चैनल न्यूज ऑन एआईआर आफिशियल पर भी सुना जा सकता है। इसका पुन: प्रसारण कल सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर भी किया जाएगा।
*******
खेल जगत की खबरों के साथ है हमारे सहयोगी– मुकेश कुमार बल…
खेल खबरों में सबसे पहले बात क्रिकेट की, महिला टी-20 क्रिकेट में आज भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। जोहान्सबर्ग में पांच मैचों की श्रृंखला के तीसरे मुकाबले में आज भारतीय समय के अनुसार रात साढ़े नौ बजे दोनों टीमें आमने-सामने होगी। दक्षिण अफ्रीकी टीम पहले ही दो मुकाबले जीत चुकी है। और अगर बात करें घरेलू क्रिकेट की तो आईपीएल क्रिकेट में कल रात हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद ने डेल्ही कैपिटल्स को 47 रन से हरा दिया। सनराइजर्स हैदराबाद के 243 रन के लक्ष्य के जवाब में दिल्ली की टीम 9 विकेट पर 195 रन ही बना सकी। अभिषेक शर्मा को उनकी नाबाद 135 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में आज लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। लखनऊ में यह मैच शाम साढ़े सात बज़े से खेला जाएगा। इसके अलावा, आई.एस.एस.एफ. जूनियर विश्व कप निशानेबाजी़ में कल शिव नरवाल ने मिस्र के काहिरा में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है। जी मुनीश, खेल जगत से बस आज इतना ही।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियां लेकर हमारे साथ हैं–फरहत नाज़।
- देश की राजधानी से प्रकाशित सभी हिंदी अखबारों की सुर्खियों में पहलगाम हमले, की पहली बरसी, अमरीका- ईरान वार्ता में आये गतिरोध और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस की ओर से दिये गये विशेषाधिकार हनन नोटिस के समाचार के अतिरिक्त विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दे छाये हुए हैं।
- दैनिक ट्रिब्यून ने मुख पृष्ठ पर आतंकी हमले की बरसी शीर्षक से प्रकाशित समाचार में सेना के संदेश को रेखांकित किया है- सेना का संदेश: कुछ सीमाएं कभी लांघनी नहीं चाहिए। नवभारत टाइम्स ने उस हमले में आतंकियों से संघर्ष करते हुए जान गंवाने वाले सैय्यद आदिल हुसैन शाह के भाई और पिता की तस्वीर के साथ ही पहलगाम में धीरे-धीरे लौट रही चहल-पहल की तस्वीर प्रकाशित की है।
- अमर उजाला की पहली खबर है – ईरान ने दूसरे दौर की वार्ता से इंकार किया, वेंस का पाकिस्तान दौरा टला। खबर में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की तस्वीर के साथ उनका ये बयान प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है- होर्मुज की नाकाबंदी करना अमरीका की गलती। जनसत्ता ने इसी समाचार को शीर्षक दिया है- ईरान, अमरीका शांति वार्ता पर अनिश्चित्ता का साया।
- देशबंधु ने अपनी पहली खबर को शीर्षक दिया है- कांग्रेस ने विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया, पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम सम्बोधन पर विवाद। दैनिक ट्रिब्यून ने प्रकाशित इस खबर के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के स्पष्टीकरण को बॉक्स में प्रकाशित किया है।
- जनसत्ता ने अपनी संपादकीय, ‘हिंसा के पांव’ में लिखा है कि देश में पिछले कुछ वर्षों से मामूली विवाद पर हत्या कर देने की वारदात तेजी से बढ रही है। जो न केवल कानून व्यवस्था को चुनौतियां पैदा कर रही हैं बल्कि बढती असहिष्णुता को भी उजागर करती है। पत्र वाहन खडा करने पर हुए विवाद में एक कारोबारी की हत्या के हवाले से सवाल करता है कि छोटी-छोटी बातों पर जान ले लेना आखिर किस तरह के जनमानस को दर्शाता है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ युद्धविराम अनिश्चितकाल तक बढ़ाने की घोषणा की, लेकिन समुद्री मार्गों की नाकेबंदी जारी रहेगी।
- तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत और जर्मनी के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।
- पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर भारतीय सेना ने आतंकवादियों को कड़ी चेतावनी दी।
- उत्तराखंड में केदारनाथ धाम आज से श्रद्धालुओं के लिए खुला।
- जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच तीसरा महिला टी-20 मैच आज खेला जाएगा।
*******