April 21, 2026 9:31 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

  1. तमिलनाडु के एक ही चरण के विधानसभा चुनाव और पश्चिम बंगाल के पहले चरण के चुनाव का प्रचार आज शाम समाप्‍त।
  2. दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ई जे म्युंग ने 2047 तक विकसित राष्‍ट्र बनने के भारत के विजन में सर्वाधिक विश्‍वसनीय साझेदार बनने का आश्‍वासन दिया।
  3. भारत और अमरीका ने व्‍यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए नए दौर की वार्ता शुरू की।
  4. सरकार ने किसानों की सहायता के लिए 25 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्‍त गेंहू के निर्यात को मंजूरी दी।
  5. जेईई-2026 मुख्‍य परीक्षा के परिणाम हो गए हैं घोषित।
  6. एफएसएसआई ने खाद्य उत्‍पादों में अश्‍वगंधा की पत्तियों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया।
  7. आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटन्‍स को 99 रन से हराया।

 

*******

 

तमिलनाडु में एक ही चरण के विधानसभा चुनाव और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार आज समाप्‍त हो रहा है। तमिलनाडु की सभी 234 सीटों और बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा।

 

*******

 

आकाशवाणी समाचार के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज बात तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के त्रिची पूर्व विधानसभा क्षेत्र की।

 

 

तिरुचिरापल्ली में उची पिल्लैयार मंदिर, श्रीरंगम रंगनाथर मंदिर, कई प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान और पुराने गिरजाघर सहित कई महत्वपूर्ण स्थल हैं। 2011 में परिसीमन के बाद इस निर्वाचन क्षेत्र का गठन हुआ था। यहां के वर्तमान सांसद डीएमके के इनिको इरुधयाराज हैं। वे यहां से दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने एआईएडीएमके के पूर्व मंत्री वेल्लमंडी नटराजन को 53 हजार 797 वोटों के अंतर से हराया था। टीवीके के संस्थापक अभिनेता विजय भी राज्य की राजनीति में नए हैं और त्रिची पूर्व और पेरम्बूर से चुनाव लड़ रहे हैं। एआईएडीएमके के उम्मीदवार के. राजशेखरन हैं। एआईएडीएमके ने इस निर्वाचन क्षेत्र में दो बार और डीएमके ने एक बार जीत हासिल की है। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।

 

*******

 

भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी, पश्चिम बर्धमान, पश्चिम मेदिनीपुर और पूर्वी मेदिनीपुर ज़िलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी पूर्वी मेदिनीपुर के हल्दिया, उत्तर 24 परगना ज़िला के बैरकपुर और जगतदल, तथा कोलकाता के जोड़ासांको में जनसभाओं को संबोधित करेंगी।

 

*******

 

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने ज़ोर देकर कहा है कि निर्वाचन आयोग पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। चुनाव प्रबंधन अधिकारियों से बातचीत में श्री कुमार ने कहा कि चुनाव भय-मुक्त, हिंसा-मुक्त और किसी भी तरह के दबाव से मुक्त होंगे।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दक्षिण कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति ई जे म्युंग के सम्मान में भोज का आयोजन किया। इस दौरान राष्ट्रपति ई ने कहा कि भारत के साथ मिलकर नए भविष्य की राह खोलने में कोरिया गणराज्य परस्‍पर लाभकारी भागीदार बन गया है। उन्होंने 2047 तक विकसित राष्‍ट्र बनने के प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए भारत का सर्वाधिक विश्‍वसनीय साझेदार बनने का आश्‍वासन दिया। उन्‍होंने कहा कि भारत स्‍वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत के कौशल और कोरिया की उच्च- विनिर्माण तकनीकी साझेदारी से दोनों देशों के युवाओं के लिए अनेक अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि वैश्विक तनाव के इस दौर में भारत और दक्षिण कोरिया शांति और स्थिरता का संदेश देते हैं। साझा प्रयासों के माध्‍यम से दोनों देश शांतिपूर्ण, प्रगतिशील और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपना योगदान जारी रखेंगे। भारत और दक्षिण कोरिया ने 2030 तक आपसी व्‍यापार को बढाकर 50 अरब डॉलर करने का लक्ष्य तय किया है। प्रधानमंत्री ने नई दिल्‍ली में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ई. जे. म्युंग के साथ वार्ता के बाद यह घोषणा की। दोनों देशों ने खेल, सांस्‍कृतिक और रचनात्‍मक उद्योगों, लघु और मध्‍यम उद्यमों तथा औद्योगिक सहयोग समिति की स्‍थापना के लिए चार समझौतों पर हस्‍ताक्षर किए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों की तलाश करेंगे।

 

 

हम चिप से लेकर शिप्स, टैलेंट से लेकर टेक्नोलॉजी, एनवायरमेंट से लेकर एनर्जी, हर क्षेत्र में सहयोग के नए अवसरों को साकार करेंगे और साथ मिलकर दोनों देशों की प्रोग्रेस और प्रोस्पेरिटी सुनिश्चित करेंगे।

 

*******

 

भारत और दक्षिण कोरिया ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर बल दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्‍ट्रपति ई. जे. म्‍युंग ने नई दिल्‍ली में द्विपक्षीय वार्ता की। बैठक के बाद विदेश मंत्रालय में पूर्वी क्षेत्र के सचिव पी. कुमारन ने संवाददाताओं को बताया कि दोनों नेताओं ने विशेष रणनीतिक साझेदारी में समग्र प्रगति की समीक्षा की।

 

 

दोनों पक्षों ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने का फ़ैसला किया है। सहयोग के नए क्षेत्रों में पोत निर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, सप्लाई चेन की मज़बूती और विविधता शामिल हैं। दोनों पक्षों ने लोगों के बीच आपसी संबंधों को और मज़बूत करने का भी फ़ैसला किया है। कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर, खासकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र में, दोनों के विचार एक समान हैं।

 

 

राष्‍ट्रपति ई जे म्‍युंग ने एक पेड़ मां के नाम पहल के तहत पौधा भी लगाया।

 

*******

 

भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल इस सप्ताह वॉशिंगटन का दौरा करेगा। भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पोस्ट पर यह जानकारी दी। उन्होंने इस दौरे को द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस बीच वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि सरकार अमरीका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तौर-तरीकों को अंतिम रूप दे रही है।

 

 

हमने अपना मुक्त व्यापार समझौता लगभग पक्का कर लिया है, जो अमरीका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते का पहला चरण है। हम इस समझौते की सभी बारीकियों को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं, और यह तय कर रहे हैं कि वह कौन सा तंत्र होगा जिसके ज़रिए भारत को अपने प्रतिस्पर्धियों की तुलना में अमरीकी बाज़ार में वरीयता मिल सके।

 

*******

 

सरकार ने किसानों के लाभ और घरेलू बाजारों की स्थिरता के लिए अतिरिक्त 25 लाख मीट्रिक टन गेहूं के निर्यात को अपनी मंजूरी दे दी है। यह निर्णय उत्पादन अनुमानों, स्टॉक की उपलब्धता और मूल्य रुझानों की समीक्षा के बाद लिया गया है। केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बताया कि इस साल रबी फसल में गेहूं की बुवाई बढ़कर 334 लाख हेक्टेयर से ज्‍यादा हो गई है।

 

*******

 

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसीएनटीए ने जेईई मेन सत्र 2 के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस परीक्षा में कुल 2 लाख 50 हजार 182 अभ्यर्थी जेईई एडवांस्ड के लिए योग्य घोषित हुए हैं।

 

*******

 

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण-एफएसएसएआई ने खाद्य पदार्थो में अश्‍वगंधा की पत्तियों के प्रयोग पर अब प्रतिबंध लगा दिया है। प्राधिकरण ने खाद्य कारोबार संचालकों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप अपने उत्पादों में केवल अश्वगंधा की जड़ और उसके अर्क का ही इस्तेमाल करें। प्राधिकरण ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खाद्य और सुरक्षा आयुक्तों को कड़ी निगरानी रखने और नियमों का पालन न करने की स्थिति में उचित कार्रवाई के निर्देश भी दिये हैं।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज एक दिन के दौरे पर ओडिशा जा रही हैं। राष्ट्रपति राउरकेला में सार्वजनिक समारोह में तारामंडल और विज्ञान केंद्र तथा निर्मल मुंडा परिवेश पथ का उद्घाटन करेंगी।

 

*******

 

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन आज लोक सेवा दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में लोक सेवकों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के अधीन प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग आयोजित कर रहा है। इस साल कार्यक्रम का विषय है: विकसित भारत: अंतिम छोर तक नागरिककेंद्रित शासन और विकास।

 

*******

 

बलूचिस्तान में लोगों के जबरन लापता होने के मामलों के विरोध में प्रदर्शन लगातार जारी हैं। बलूच यकजेहती समिति के अनुसार, केच ज़िले के सहाकी बलगातर क्षेत्र में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे राजमार्ग पर एक परिवार ने अपने परिजन की कथित जबरन गुमशुदगी के बाद धरना प्रदर्शन किया और उसकी सुरक्षित रिहाई की मांग भी की है।

 

 

24 वर्षीय किसान अबिदीन बलूच को रविवार शाम किलखोर रोड से कथित तौर पर उठा लिया गया था। इसके बाद से परिवार को उसकी कोई जानकारी नहीं मिली है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह आंदोलन जबरन गुमशुदगी को समाप्त करने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग के लिए है। इस बीच, बलूच वॉइस फॉर जस्टिस ने कहा है कि ऐसी घटनाएं मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन हैं और परिवारों को न्याय से वंचित करती हैं। मानवाधिकार संगठनों ने यह भी बताया कि ग्वादर जिले में हाल ही में सुरक्षा बलों की छापेमारी के दौरान एक नाबालिग सहित चार लोगों को भी कथित तौर पर हिरासत में लिया गया था। समाचार कक्ष से मैं, मनोज।

 

*******

 

आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटन्स को 99 रन से हरा दिया। मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए। गुजरात टाइटन्‍स की टीम 15 ओवर और पांच गेंदों में 100 रन पर ही सिमट गई। टूर्नामेंट में आज हैदराबाद में शाम साढे सात बजे सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला होगा देल्‍ही कैपिटल्‍स से।

 

*******

 

धन्‍यवाद मुनीश, देश की राजधानी से छपने वाले लगभग सभी हिन्‍दी अखबारों के पहले पन्‍ने पर अमरीका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है। इसके अलावा राजस्‍थान के बालोतरा जिले में देश की सबसे हाइटेक रिफाइनरी में उद्घाटन से पहले हुए अग्निकांड, बाजार पर पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव और मौसम के पूर्वानुमान संबंधी समाचार छाए हुए हैं। नाकेबंदी से लग रहा वार्ता पर नाका– यह जनसत्‍ता की सुर्खी है, साथ ही डॉनल्‍ड ट्रंप की यह धमकी भी प्रमुखता से रेखांकित की गई है- ढेरों बम गिराए जाएंगे, ईरान में भी अंजाम वेनेजुएला की तरह होगा। दैनिक ट्रिब्‍यून ने ईरानी झंडे वाले उस मालवाहक जहाज का चित्र मुख पृष्‍ठ पर प्रकाशित किया है, जिसे पत्र के अनुसार अमरीका ने कब्‍जे में लिया। पत्र ने इस समाचार को शीर्षक दिया है- वार्ता पर संशय गहरायाराजस्‍थान पत्रिका ने उस रिफाइनरी में लगी आग की तस्‍वीर पहले पृष्‍ठ पर छापी है, जिसमें उद्घाटन से पहले आग लग गई। पत्र ने इसी खबर को लेकर अपना संपादकीय पहले पृष्‍ठ पर प्रकाशित किया है। अक्षम्‍य शीर्षक से प्रकाशित संपादकीय में पत्र का कहना है कि पचपदरा की रिफाइनरी में हुए अग्निकांड को हल्‍के में नहीं लिया जाना चाहिए। यदि यह दुर्घटना लापरवाही के कारण हुई है, तो ऐसी लापरवाही अक्षम्‍य है। पत्र का कहना है कि चाहे तकनीकी खामी हो, लापरवाही हो या साजि़श जिम्‍मेदारों को बख्‍शना नहीं चाहिए। वीर अर्जुन ने उधमपुर में हुए भयानक बस हादसे की खबर को चित्र सहित प्रकाशित करते हुए राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री के शोक संदेश को अपनी पहली खबर बनाया है। देशबंधु ने भी इसी समाचार को सबसे ऊपर प्रकाशित किया है। दैनिक ट्रिब्‍यून ने मौसम के मिजाज का विश्‍लेषण प्रकाशित करते हुए शीर्षक दिया है- पारा चढ़ा, हरियाणा, पंजाब में सताएगी लू। हिन्‍दुस्‍तान ने संभावना शीर्षक के तहत समाचार प्रकाशित करते हुए कहा है- सोलह वर्षों में पांचवी बार अप्रैल में लू सहेंगे दिल्‍ली वाले। पत्र ने पूरे उत्‍तर भारत में भीषण लू की स्थिति रहने का समाचार पिछले रिकार्ड सहित बॉक्‍स में दिया है।

 

*******

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. तमिलनाडु के एक ही चरण के विधानसभा चुनाव और पश्चिम बंगाल के पहले चरण के चुनाव का प्रचार आज शाम समाप्‍त।
  2. दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ई जे म्युंग ने 2047 तक विकसित राष्‍ट्र बनने के भारत के विजन में सर्वाधिक विश्‍वसनीय साझेदार बनने का आश्‍वासन दिया।
  3. भारत और अमरीका ने व्‍यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए नए दौर की वार्ता शुरू की।
  4. सरकार ने किसानों की सहायता के लिए 25 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्‍त गेंहू के निर्यात को मंजूरी दी।
  5. जेईई-2026 मुख्‍य परीक्षा के परिणाम घोषित।
  6. एफएसएसआई ने खाद्य उत्‍पादों में अश्‍वगंधा की पत्तियों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया।
  7. आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटन्‍स को 99 रन से हराया।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.