मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ई. जे. म्युंग से बातचीत करेंगे।
- भारत और श्रीलंका के बीच तेल पाइपलाइन लिंक पर चर्चा हुई।
- भारत और अमरीका आज शाम वाशिंगटन में द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर फिर बातचीत शुरू करेंगे।
- ईरान ने अमरीका के साथ दूसरे दौर की बातचीत से इनकार किया। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि अमरीका के वार्ताकार पाकिस्तान जा रहे हैं।
- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदाताओं के आंकड़े जारी किए।
- और आईपीएल क्रिकेट में, पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हराया।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ई.जे. म्यूंग के साथ वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं के बीच विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर चर्चा होगी। मुख्य रूप से जहाज निर्माण, व्यापार, निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी, लोगों के बीच संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के अलावा परस्पर हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होगी।
प्रधानमंत्री मोदी दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के सम्मान में भोज का आयोजन करेंगे। श्री म्यूंग राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलेंगे। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से कल मुलाकात की। श्री जयशंकर ने द्विपक्षीय संबंधों मजबूत करने की प्रतिबद्धता के लिए श्री म्यूंग की सराहना की। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति तीन दिन की भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे। श्री म्यूंग की यह पहली भारत यात्रा है। भारत और दक्षिण कोरिया की पारस्परिक साझेदारी प्राचीन सभ्यतागत और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है। यह यात्रा सहयोग और मजबूत करने की प्रतिबद्धता रेखांकित करती है। अमन यादव की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
*******
उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णनन और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने दोनों देशों के बीच प्रस्तावित तेल पाईप लाइन पर विचार- विमर्श किया है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कोलंबो में बताया कि दोनों देशों के बीच बातचीत में त्रिकोंमाली में ऊर्जा केन्द्र परियोजना और गैस पाइपलाइन लिंक के प्रस्ताव पर विचार हुआ।
उपराष्ट्रपति ने भारत की ओर से चल रही पहलों का जिक्र किया साथ ही उन प्रस्तावों का उल्लेख किया जिन पर दोनों देशों के बीच पहले से ही चर्चा हो चुकी है। इनमें त्रिंकोमाली में ऊर्जा केन्द्र से संबंधित परियोजना और भारत और श्रीलंका को तेल पाइप लाइन के माध्यम से जोड़ने का प्रस्ताव उल्लेखनीय है। यह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है जब पूरी दुनिया और विशेष रूप से यह क्षेत्र पश्चिम एशिया की स्थिति से उत्पन्न ऊर्जा संकट के दुष्परिणामों का सामना कर रहा है।
श्री मिसरी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने, आवासीय परियोजना और मछुआरों के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठक के दौरान श्री राधाकृष्णन ने भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और द्विपक्षीय विकास सहयोग पर बल दिया और ब्यौरा हमारे संवाददाता से…
उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज श्रीलंका के मध्य प्रांत में स्थित नुवारा एलिया की यात्रा करेंगे, जहां जमीनी स्तर पर जुड़ाव दिखाई देगा। भारत के कल्याण और दीर्घकालिक सामाजिक–आर्थिक प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए, श्री राधाकृष्णन भारतीय आवास परियोजना स्थलों पर रहने वाले भारतीय मूल के तमिल समुदाय के सदस्यों से सीधा संवाद करेंगे। संदेश स्पष्ट है भारत और श्रीलंका के बीच साझेदारी केवल नीतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर लोगों से सीधे जुड़ाव के माध्यम से और मजबूत हो रही है। अहमद मुईन फारूकी, आकाशवाणी समाचार, कोलंबो।
*******
भारत और अमरीका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण की बातचीत आज फिर शुरू होगी। यह वार्ता 22 अप्रैल तक वाशिंगटन में होगी।
वाणिज्य विभाग में अपर सचिव दर्पण जैन भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। सीमा शुल्क और विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी बातचीत में शामिल होंगे। वार्ता का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर शुल्कों में बदलावों के बीच उसकी रूपरेखा की समीक्षा करना है। अमरीकी शुल्कों में बदलावों के बाद दोनों देशो के प्रस्तावित समझौते के फिर आकलन के लिए यह वार्ता महत्वपूर्ण है। अमरीका की सुप्रीम कोर्ट द्वारा अंतर्राष्ट्रीय आपात आर्थिक शक्ति अधिनियम के तहत लागू शुल्क हटाए जाने के बाद अमरीका ने सभी देशों से आयात पर दस प्रतिशत का अस्थायी टैरिफ 24 फरवरी से एक सौ पचास दिनों के लिए लागू किया था। अमरीकी टैरिफ नियमों में बदलावों को देखते हुए दोनों पक्ष समझौते की रूपरेखा की समीक्षा करना चाहेंगे। समाचार कक्ष से मैं पायल शर्मा।
*******
ईरान ने अमरीका के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता में शामिल होने से होने से इंकार कर दिया है। हालांकि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने बातचीत फिर शुरू होने का दावा करते हुए कहा था कि अमरीकी वार्ताकार आज रात पाकिस्तान पहुंचेंगे। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने वार्ता से इंकार करने का कारण अमरीका की अत्यधिक मांगे, बेबुनियाद अपेक्षाएं, रवैये में लगातार बदलाव और जारी समुद्री नाकेबंदी बताया है।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर युद्धविराम का गंभीर उल्लंघन करने का आरोप लगाया है, लेकिन संभावित समझौते को लेकर सतर्कतापूर्वक आशावादी रुख भी अपनाया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी है कि समझौता किसी न किसी रूप में होगा। उन्होंने दोहराया कि अगर तेहरान सहयोग नहीं करता है तो अमरीका बलपूर्वक जवाब देगा। अमरीका नौसैनिक नाकाबंदी जारी रखे हुए है। ईरानी अधिकारियों ने लेबनान की स्थिति को अमरीका के साथ अपनी व्यापक वार्ता से सीधे जोड़ा है और तेहरान ने कहा कि उनके मिसाइल और ड्रोन लॉन्चरों की आपूर्ति संघर्ष शुरू होने से पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज़ी से हो रही है। लेबनान में, इस्राएली सेना ने देश के दक्षिण में एक पीली रेखा बनाई है, ताकि हिज़्बुल्लाह के साथ युद्धविराम के दौरान इस्राएल के नियंत्रण वाले क्षेत्रों को चिह्नित किया जा सके। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं अरूण कुमार।
*******
भारतीय अर्थव्यवस्था तेल संकट और पश्चिम एशिया संघर्ष के झटकों का सामना करने के लिए मजबूत स्थिति में है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर छह दशमलव आठ से सात दशमलव एक प्रतिशत तक रहने का अनुमान है। मुद्रा स्फीति चार दशमलव पांच प्रतिशत और वित्तीय घाटा चार दशमलव पांच से चार दशमलव छह प्रतिशत तक रहने का अनुमान है।
*******
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदाताओं का आंकड़ा जारी कर दिया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अब तक तीन करोड़ सात लाख 77 हजार एक सौ 71 मतदाता इस चरण में मतदान के लिये पात्र हैं। इनमें एक करोड़ 84 लाख 99 हजार चार सौ 96 पुरूष मतदाता, एक करोड़ 75 लाख 77 हजार दो सौ दस महिला मतदाता और चार सौ किन्नर मतदाता हैं। अधिकरणों द्वारा पात्र मतदाताओं की अंतिम सूची सौंपने के बाद ये आंकड़ें संशोधित किए जाएंगे।
*******
इस बीच, निर्वाचन आयोग ने 23 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए 152 निर्वाचन क्षेत्रों में 2 हजार 193 त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात करने की घोषणा की है।
*******
पश्चिम बंगाल में पहले चरण का प्रचार अंतिम दौर में है। प्रचार के लिए केवल दो दिन शेष हैं। विभिन्न दलों के स्टार प्रचारक अपने उम्मीदवारों के समर्थन में मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं।
*******
विधानसभा चुनावों वाले राज्यों के निर्वाचन क्षेत्रों की जानकारी श्रृंखला में आज हम चर्चा कर रहे हैं, तमिलनाडु के इरोड जिले की। इरोड कृषि और उद्योग अनुकूल क्षेत्र है। इस जिले में आठ विधानसभा क्षेत्र और कुल 17 लाख 40 हजार दो सौ 22 मतदाता हैं।
इरोड जिले में इरोड पूर्व, इरोड पश्चिम, मोदक्कुरिची, पेरुंदुरई, भवानी, एंथियूर, गोबिचेट्टीपलायम और भवानी सागर विधानसभा क्षेत्र हैं। ज़िले की गोबिचेट्टीपालयम विधानसभा सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है। जहां टी.वी.के. से के.ए. सेंगोत्तैयन चुनाव लड़ रहे हैं। वह पूर्व मंत्री और कभी ए.आई.ए.डी.एम.के. के वरिष्ठ नेता थे। ए.आई.ए.डी.एम.के. से निकाले जाने के बाद, वह टी.वी.के. में शामिल हो गए। उन्होंने दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता के मंत्रिमंडल में मंत्री और सदन के नेता के रूप में भी कार्य किया है। डी.एम.के. के नल्लासिवम और ए.आई.ए.डी.एम.के. के वी.बी. प्रभु इस क्षेत्र से पहली बार चुनाव मैदान में हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 2 लाख 37 हज़ार 581 मतदाता हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से चाहत सिंह।
*******
प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता के एक व्यवसायी को, उसके परिसर की तलाशी के बाद, गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक कथित आपराधिक गिरोह से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत की गई। इस मामले में कोलकाता पुलिस उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास भी जांच के दायरे में हैं। सन एंटरप्राइज के प्रबंध निदेशक जॉय कामदार को छापेमारी के बाद ईडी कार्यालय लाया गया और धन शोधन रोकथाम अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
*******
आईपीएल क्रिकेट में कल पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हरा दिया। पंजाब किंग्स के 255 रन के लक्ष्य के जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स 200 रन ही बना सकी। प्रयांश आर्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में आज शाम साढ़े सात बजे से गुजरात टाइटन्स का मुकाबला होगा मुंबई इंडियंस से।
*******
आकाशवाणी पीपल्स पद्म श्रृंखला की अगली कड़ी में पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मेघालय के श्री हल्ली वार से खास बातचीत प्रसारित की जाएगी। श्री हल्ली वार ने मजबूत जड़ से बनाये गये पुल तथा स्वदेशी पारिस्थितिक प्रयासों की परंपरा संरक्षित करने में प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्हें प्रतिष्ठित पद्मश्री से अलंकृत किया जाएगा। ये बातचीत आकाशवाणी के एफ. एम गोल्ड चैनल पर आज सुबह 9 बजकर दस मीनट पर प्रसारित की जाएगी।
*******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्पीक कार्यक्रम में, विश्व पृथ्वी दिवस: सतत भविष्य के लिए सौर ऊर्जा विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान के महानिदेशक डॉ. मोहम्मद रिहान परिचर्चा में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता हमारे नम्बर- 0 1 1 – 2 3 3 1 0 4 8 1 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 पर अपने सवाल पूछ सकते हैं।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
देश की राजधानी से प्रकाशित लगभग सभी हिंदी अखबारों में अमरीका और ईरान वार्ता पर लगे प्रश्न चिन्ह से जुड़ा समाचार छाया हुआ है। इसके अलावा दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति की भारत यात्रा, पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय के छापे और पहलगाम हमले के एक साल बाद कश्मीर घाटी की स्थिति से जुड़े समाचार अखबारों के पहले पन्ने पर प्रमुखता से छाये हुए हैं। देशबंधु ने अपने मुख पृष्ठ पर सबसे ऊपर चार धाम यात्रा के शुभारंभ का समाचार प्रकाशित करते हुए यमुनोत्री मंदिर की तस्वीर दी है। राजस्थान पत्रिका ने यही समाचार फूलों से सजे भव्य गंगोत्री मंदिर की तस्वीर के साथ प्रकाशित किया है। अखबार ने मिस इंडिया बनी गोवा की साध्वी सतीश सैल की तस्वीर को भी पहले पृष्ठ पर स्थान दिया है। हिंदुस्तान ने लद्दाख में चीन सीमा के निकट देश के सबसे ऊंचे सैन्य हवाई अड्डे के तैयार होने का समाचार सचित्र प्रकाशित किया है। मधुन्योमा एयरबेस लद्दाख में 13 हजार सात सौ फीट की ऊंचाई पर स्थित है, यहां सुखोई-30 विमानों की तैनाती की जा सकती है। जनसत्ता ने अपने संपादकीय को शीर्षक दिया है- हिंसा का दायरा। पत्र का कहना है कि मणिपुर में कुछ दिनों तक हालात थोड़े समान्य रहने के बाद, हिंसा की घटनाएं फिर से पांव पसारने लगी हैं। सरकार का दावा है कि इसके पीछे असामाजिक तत्वों की भूमिका ज्यादा है। लेकिन इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि राज्य के लोगों में असंतोष की वजह से विरोध प्रदर्शनों का दौर लौटने लगा है, जो सौहार्दपूर्ण वातावरण के लिए निश्चित रूप से चिंता जनक है। पत्र की सलाह है कि सरकार और सुरक्षा बलों को खुले एवं निष्पक्ष जन संवाद को प्राथमिकता देनी चाहिए ताकि कानून पर लोगों का भरोसा कायम रहे। पंजाब केसरी ने महिला आरक्षण पर सरकार और विपक्ष दोनों की राय को पहला समाचार बनाया है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ई. जे. म्युंग से बातचीत करेंगे।
- भारत और श्रीलंका के बीच तेल पाइपलाइन लिंक पर चर्चा हुई।
- भारत और अमरीका आज शाम वाशिंगटन में द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर फिर बातचीत शुरू करेंगे।
- ईरान ने अमरीका के साथ दूसरे दौर की बातचीत से इनकार किया। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि अमरीका के वार्ताकार पाकिस्तान जा रहे हैं।
- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदाताओं के आंकड़े जारी किए।
- और आईपीएल क्रिकेट में, पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हराया।
*******