April 19, 2026 9:18 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- वंशवादी दलों का डर ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध का मुख्य कारण।

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने राज्‍य में 5 लाख नए मतदाता जोड़े।

 

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरीफ मौसम की तैयारियों और अल नीनो के संभावित प्रभाव की समीक्षा की।

 

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन दो दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका रवाना।

 

अमरीका की नाकाबंदी के कारण ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य फिर बंद किया।

 

और, आईपीएल क्रिकेट में, सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रन से हराया।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इसके गठबंधन सहयोगियों ने महिला आरक्षण का विरोध करके जो पाप किया है, उसका दंड उन्हें अवश्य ही मिलेगा। विपक्ष ने संसद और राज्‍य विधानसभाओं में नारी शक्ति वंदन संशोधन का विरोध किया और उसे पास नहीं होने दिया।

 

कल शाम राष्‍ट्र के नाम अपने संबोधन ने प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करेगी। जो दल महिला आरक्षण का विरोध कर रहे हैं, वे देश की महिलाओं की संसद और राज्य विधानसभाओं में बढ़ती भागीदारी को रोक नहीं पाएंगे, क्योंकि देश की समस्त नारी शक्ति का आशीर्वाद उनकी सरकार के साथ है।

 

संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन का जिन दलों ने विरोध किया है, उनसे मैं दो-टूक कहूंगा ये लोग नारी शक्ति को फोर-ग्रांटेड ले रहे हैं। इसलिए महिला आरक्षण विरोध करके जो पाप विपक्ष ने किया है इसकी उन्‍हें सजा जरूरी मिलेगी।

 

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताया और कहा कि सरकार के निष्ठापूर्ण प्रयासों के बावजूद नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन से जुड़ा विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका, जिसके लिए वह सभी माताओं और बहनों से क्षमा मांगते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वंशवादी  दलों का डर ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध का मुख्य कारण है। उन्‍होंने इस व्यवहार को महिलाओं की गरिमा और आत्मसम्मान पर आघात बताया।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है और यह उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम सहित सभी क्षेत्रों में संतुलित सशक्तिकरण सुनिश्चित करने का एक प्रयास था।

 

सदन में नारी शक्ति वंदन संशोधन किसी से भी कुछ छीनने का नहीं था। नारी शक्ति वंदन संशोधन हर किसी को कुछ न कुछ देने का था। ये चालीस साल से लटके हुए नारी के हक को 2029 के अगले लोकसभा चुनाव से उसका हक देने का संशोधन था। नारी शक्ति वंदन संशोधन 21वीं सदी के भारत की नारी को नये अवसर देने, नई उड़ान देने उसके सामने से बाधाएं हटाने का महायज्ञन था।

 

श्री मोदी ने कहा कि इस विधेयक का विरोध करके कांग्रेस ने खुद को सुधार-विरोधी दल साबित कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से हर सुधार पर निष्क्रिय रुख अपनाती रही है और उनकी कार्य संस्कृति में विलंब करना, ध्यान भटकाना और बाधा डालना शामिल है।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले, निर्वाचन आयोग ने मतदाता पंजीकरण के नए आंकड़े जारी किए हैं। मसौदा सूची प्रकाशित होने से लेकर नामांकन बंद होने तक, लगभग पांच लाख नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल हुए हैं।

 

जिला स्तरीय आंकड़ों से पता चलता है कि सबसे अधिक वृद्धि उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली, कोलकाता और पूर्वी मिदनापुर जिलों में देखी गई।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में बरजोरा, पुरुलिया, झारग्राम और पश्चिम मिदनापुर में रैलियों को संबोधित करेंगे।

 

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन भी अलग-अलग स्थानों पर प्रचार करेंगे।

 

*******

 

उधर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और राज्‍य की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी भी कई स्‍थानों पर जनसभाएं करेंगी।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के अंतर्गत 23 अप्रैल को कुल 152 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। आज हम पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के बारे में विस्तारपूर्वक बातचीत करेंगे। एक रिपोर्ट..

 

पश्चिम बंगाल के पुरबा मेदिनीपुर ज़िले की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर, पश्चिम बंगाल विधानसभा के आम चुनावों के पहले चरण के अंतर्गत 23 अप्रैल को मतदान होगा। इस चुनाव में, 4 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने इस सीट पर सुवेंदु अधिकारी को फिर से उम्मीदवार बनाया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पवित्रकर हैं। सीपीआई के उम्मीदवार शांति गोपाल गिरि हैं, जबकि कांग्रेस ने शेख जरियातुल हुसैन को मैदान में उतारा है। नामांकन की आखिरी तारीख तक नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या दो लाख छियासठ हज़ार से ज़्यादा है। नंदीग्राम सीट पर मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच होने की उम्मीद है। बीजेपी, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी और कुप्रबंधन के मुद्दों को लेकर हमला बोल रही है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस एसआईआर के तहत मतदाताओं की सूची से नाम हटाए जाने का मुद्दा उठा रही है। कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से चाहत सिंह।

 

*******

 

उधर, तमिलनाडु में भी चुनाव प्रचार चरम पर है। भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज इरोड जिले के शिवगिरी में चुनाव प्रचार करेंगे।

 

वही, विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उत्तरी जिलों में प्रचार किया। राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव ने धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन के लिए कोयंबटूर, तिरुप्पुर और नीलगिरी में चुनाव अभियान में हिस्सा लिया।

 

*******

 

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि क्षेत्र की वर्तमान स्थिति और आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री ने किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सरकार अल नीनो के संभावित प्रभाव से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

*******

 

इसके अतिरिक्‍त श्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के क्रियान्वयन के लिए राज्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

 

*******

 

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन आज दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर कोलंबो पहुंच रहे हैं। यह यात्रा किसी भारतीय उपराष्ट्रपति की द्वीप राष्ट्र की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। यह यात्रा दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगी। ब्‍योरा हमारे संवाददाता से……

 

भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी राधाकृष्णन आज सुबह कोलंबो पहुंचने वाले हैं, जहां से वे श्रीलंका की अपनी ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत करेंगे। वे श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या सहित अन्य नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं तथा श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्र के तमिल नेताओं से भी उनकी मुलाकात होगी। कोलम्बो में उपराष्ट्रपति भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करेंगे और भारत की आवासीय परियोजना के तहत निर्मित घरों का वर्चुअल हस्तांतरण भी करेंगे। अपनी यात्रा के दूसरे दिन वे नुवारा एलिया जाएंगे जहां वे  परियोजना स्थलों का दौरा करेंगे। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे हैं सांस्कृतिक  और जन से जन संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद है। अहमद मोईन फारुखी, आकाशवाणी समाचार, कोलम्बो।

 

*******

 

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्योंग आज से भारत की यात्रा पर रहेंगे। भारत की उनकी यह पहली यात्रा होगी।

 

विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति ली जे म्योंग, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ जहाज़ निर्माण, व्यापार, निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए वार्ता करेंगे।

 

*******

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में मंत्री समूह की एक बैठक में पश्चिम एशिया की स्थिति की समीक्षा और भारत की तैयारियों का आकलन किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति अनिश्चित और अस्थिर है, इसलिए भारत को हर स्थिति के लिए तैयार रहना होगा। बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत भारत समुद्री बीमा पूलके गठन को भी मंजूरी दी गई। इससे भारतीय जहाजों और माल को जोखिम भरे समुद्री मार्गों से गुज़रते समय भी किफायती बीमा मिलता रहेगा।

 

बैठक में बताया गया कि वैश्विक आपूर्ति चुनौतियां हैं और अमरीका की कड़ी शर्तों के कारण तेहरान फिलहाल नए दौर के प्रत्‍यक्ष वार्ता के लिए तैयार नहीं है।   

 

*******

 

ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने अमरीका के साथ इस्लामाबाद में हुई वार्ता का विवरण दिया है। उन्‍होंने बातचीत के दौरान एक अमरीका के बारूदी सुरंग निरोधक पोत से जुड़े तनावपूर्ण गतिरोध का जिक्र किया। एक टेलीविजन साक्षात्कार में ग़ालिबफ़ ने कहा कि ईरानी अधिकारियों ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य में नौसैनिक गतिविधि को लेकर अमरीका के प्रतिनिधिमंडल के समक्ष विरोध किया। उन्‍होंने कहा कि होर्मुज़ ईरान के नियंत्रण में है। ग़ालिबफ़ ने कहा कि तेहरान जलमार्ग में बारूदी सुरंगों को हटाने के अमरीका के प्रयासों को युद्धविराम का उल्लंघन मानता है। उन्‍होंने  इस्लामाबाद में अमरीकी प्रतिनिधिमंडल से कहा कि अगर उनका बारूदी सुरंग निरोधक पोत आगे बढ़ता है तो ईरान निश्चित रूप से उस पर हमला करेगा।

 

इस बीच, अमरीका की नाकेबंदी के कारण ईरान ने होर्मुज जल डमरूमध्‍य को फिर से बंद कर दिया है।

 

*******

 

दक्षिण कोरिया ने कहा है कि उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी जलक्षेत्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने बताया कि ये प्रक्षेपण आज सुबह उत्तर कोरिया के पूर्वी सिनपो इलाके से किए गए। उन्होंने बताया कि दक्षिण कोरिया ने निगरानी को और मजबूत कर दिया है और अमरीका और जापान के साथ लगातार जानकारी साझा की जा रही है।

 

*******

 

मौसम विभाग ने आज से बुधवार तक महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश होने और तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। कुछ स्थानों पर ओले पड़ सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों को बारिश से फसलों को बचाने के लिए एहतियाती उपाय करने की सलाह दी है। एक रिपोर्ट-

 

राज्य के कुछ हिस्सों में 19 अप्रैल से बारिश शुरू होने की संभावना है, जो 20 अप्रैल और 21 अप्रैल को तेज होगी। कृषि विभाग ने किसानों को संभावित नुकसान को कम करने के लिए उपाय करने की सलाह दी है। जिनमें कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखना और मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि गतिविधियों की योजना बनाना शामिल है। भावना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

*******

 

उत्तराखंड में आज उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ चार धाम यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो रहा है। हमारी संवाददाता ने बताया कि सुगम चार धाम यात्रा के लिए राज्य सरकार ने विशेष प्रबंध किये हैं।

 

*******

 

आईपीएल क्रिकेट में, सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रन से हरा दिया। आज कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला दोपहर साढ़े 3 बजे से होगा, वही पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

 

*******

 

निशानेबाजी में, एशियाई खेलों के पदक विजेता शिव नरवाल और शॉटगन निशानेबाज़ सबीरा हारिस आज से काहिरा में शुरू हो रहे आई.एस.एस.एफ. जूनियर विश्व कप में 71 सदस्यीय भारतीय दल की अगुवाई करेंगे।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद बलबीर पुंज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री बलबीर पुंज एक प्रखर लेखक, चिंतक और विचारक थे, जिन्होंने मीडिया जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

*******

 

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के कल राष्‍ट्र के नाम संदेश को सभी अख़बारों ने प्रमुखता दी है। दैनिक जागरण लिखता है- पीएम बोले हम हारे नहीं, होसले बुलंद, पूरा करेंगे महिला आरक्षण का संकल्‍प। नवभारत टाइम्‍स ने प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा है- बिल का गिरना हार नहीं, एक शुरुआत।

 

संसद के बजट सत्र के कल अनिश्चितकाल के लिए स्‍थगित करने पर जनसत्‍ता ने लिखा है- लोकसभा में 93 प्रतिशत और राज्‍यसभा में 110 प्रतिशत हुआ कामकाज।

 

भारतीय जहाजों पर ईरानी सैनिकों की गोलीबारी पर चिंता जाहिर करते हुए हिन्‍दुस्‍तान ने लिखा है कि- भारत ने जताई नाराजगी, राजदूत तलब।

 

लोकसत्‍य ने उत्‍तर प्रदेश के बहु-प्रतिक्षित गंगा एक्‍सप्रेसवे का लोकार्पण 29 अप्रैल को होने को सचित्र देते हुए लिखा है- आई शुभ घड़ी, पश्चिम से जुड़ेगा पूरब। पत्र के अनुसार- देश के एक्‍सप्रेसवे नेटवर्क में यूपी का दबदबा, निवेश उद्योग और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा।

 

जलवायु परिवर्तन पर दैनिक भास्‍कर की खास ख़बर है- अस्‍सी साल से ज्‍यादा के डेटा का विश्‍लेषण, नमी वाली गर्मी और ज्‍यादा तापमान ऊंचे/अधिक एक ऐसा गठजोड़ है, जिसमें शरीर पसीने के जरिए खुद को ठंडा नहीं कर पाता और ये बदलते मौसम का खतरनाक रूप है।

 

आज विश्‍व लीवर दिवस पर नवभारत टाइम्‍स ने डॉक्‍टर के पांच सबक याद रखने को प्राथमिकता देते हुए लिखा है- अपने लीवर से प्‍यार करें, सम्‍भालकर रखें, लंबी उम्र देगा।

 

चारधान यात्रा प्‍लास्टिक मुक्‍त होगी शीर्षक से हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- नए बदलावों के साथ यात्रा का आगाज़ आज से।    

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- वंशवादी दलों का डर ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध का मुख्य कारण।

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने राज्‍य में 5 लाख नए मतदाता जोड़े।

 

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरीफ मौसम की तैयारियों और अल नीनो के संभावित प्रभाव की समीक्षा की।

 

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन दो दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका रवाना।

 

अमरीका की नाकाबंदी के कारण ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य फिर बंद किया।

 

और, आईपीएल क्रिकेट में, सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रन से पराजित किया। 

 

*******

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.