April 18, 2026 10:18 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

 

  1. लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण हेतु संवैधानिक संशोधन विधेयक सदन में पारित नहीं हो सका। एनडीए की महिला सांसदों ने विपक्षी दलों के खिलाफ संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

  2. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- विपक्ष का यह जश्न दशकों से अपने अधिकारों का इंतजार कर रही महिलाओं का अपमान।

  3. विधानसभा चुनावों से पहले तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग ने 865 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की।

  4. भारत को होर्मुज जलडमरूमध्य से पारगमन की सुरक्षा के लिए ब्रिटेन-फ्रांस के नेतृत्व वाली समुद्री पहल में शामिल होने का निमंत्रण।

  5. ईरान की चेतावनी यदि अमरीका नौसैनिक नाकाबंदी जारी रखता है तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा।

  6.  महिला क्रिकेट में, दक्षिण अफ्रीका ने डरबन में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को 6 विकेट से हराया।

 

**************

 

लोकसभा में कल संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक पारित नहीं हो सका। इस विधेयक में लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षि‍त रखने का प्रावधान था। लोकसभा में उपस्थित कुल 528 सदस्यों में 298 सांसदों ने इसके पक्ष में और 230 ने इसके विरोध में मतदान किया, जो दो तिहाई बहुमत से कम था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मतदान का परिणाम घोषित किया।

 

सभा की कुल सदस्‍य संख्‍या की बहुमतधारा तथा सभा के उपस्थित और मत देने वाले सदस्‍यों के कम से कम दो तिहाई बहुमतधारा पार‍ित नहीं हुआ। अब इस विधेयक पर आगे की कार्रवाई करना संभव नहीं है।

 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक सहित अन्य दो विधेयक संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक से जुड़े हुए हैं, इसलिए इन्हें पारित करने के लिए पेश नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर महिलाओं को आरक्षण प्रदान करने का अवसर गंवाने का आरोप लगाया।

 

 

 

जो नतीजा आया है, ये इतना ऐतिहासिक और महत्‍वपूर्ण बिल पर, देश की महिलाओं को सम्‍मान, अधिकार देने का जो बिल है, उसको विपक्ष ने साथ नहीं दिया और खेद की बात है और इस ऐतिहासिक पल को आप अपना एक मौका था, आपने गंवाया है।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने विधेयक पारित न होने पर विपक्ष दलों के जश्‍न की आलोचना की और इसे महिलाओं का अपमान बताया। उन्‍होंने कहा कि सरकार लोकसभा और राज्‍यों तथा केन्‍द्रशासित प्रदेशों की विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए के लिए हर सम्‍भव प्रयास करेगी। परिसीमन को लेकर विपक्ष की आशंकाओं को खाारिज करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि संविधान में परिसीमन का प्रावधान किया गया है और इससे प्रत्‍येक निर्वाचन क्षेत्र में मतदातओं को उचित प्रतिनिधित्‍व मिल पाएगा।

 

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के लिए आरक्षण विधेयक नहीं है और इसका महिलाओं के सशक्तिकरण से कोई संबध नहीं है।

 

ये संविधान पर आक्रमण था और इसको हमने हरा दिया है। ये महिला बिल नहीं है, ये हिन्‍दुस्‍तान का राजनी‍तिक जो स्‍ट्रक्‍चर है, इलेक्‍टोरल स्‍ट्रक्‍चर है उसको बदलने की कोशिश है, ये हमने रोक दिया है।

 

**************

 

एनडीए की महिला सांसदों ने विपक्षी दलों के खिलाफ संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

 

**************

 

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू करने वाले संविधान संशोधन विधेयक को पारित न करके देश की ‘आधी आबादी’ के साथ विश्वासघात किया है।

 

 

 

देश की आधी आबादी के साथ विश्‍वासघात करने का काम पूरे राहुल गांधी एंड टीम ने किया है। आधी आबादी को एक भागीदारी सुनिश्चित करने का दिन हो सकता था। उनके हक की मारी कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों ने किया है। पूरे प्रकरण में, पूरी तरह से कांग्रेस का जो एंटी वूमेन एलाएंस है, वो पूरा एक्‍सपोज़ हुआ है।

 

**************

 

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने विधेयक को रोकने के लिए कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष की आलोचना की। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि विधेयक के पारित न होने से लाखों महिलाओं को समान प्रतिनिधित्व से वंचित किया गया है और राष्ट्र इसे याद रखेगा।

 

**************

 

नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि संसद में महिला आरक्षण विधेयक को रोकने के लिए कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष की आलोचना की है।

 

**************

 

निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में 865 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती की है। आयोग ने बताया कि 26 फरवरी को चुनाव जब्ती प्रबंधन प्रणाली के लागू होने के बाद से पश्चिम बंगाल में नकदी, शराब, मादक पदार्थों, कीमती धातुओं और मुफ्त उपहारों सहित 427 करोड़ रुपये और तमिलनाडु में इसी श्रेणी में 438 करोड़ रुपये की जब्ती हुई है।

 

आयोग ने बताया कि आचार संहिता को सख्‍ती से लागू करने के उद्देश्य से त्वरित कार्रवाई और औचक निरीक्षण के लिए दोनों राज्यों में 5 हजार से अधिक फ्लाइंग स्क्वाड टीमें और पांच हजार तीन सौ से अधिक स्थिर निगरानी टीमें तैनात की गई हैं।

 

**************

 

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के अंतर्गत 23 अप्रैल को 152 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की श्रृंखला के अंतर्गत आज हम उत्तरी बंगाल के मालदा जिले में स्थित इंग्लिश बाज़ार विधानसभा क्षेत्र के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

 

 

मालदा जि़ले की इंग्लिश बाज़ार विधानसभा सीट पर मौजूदा समय में भारतीय जनता पार्टी की श्रीरूपा मित्रा चौधरी विधायक हैं। इस सीट से कुल 12 उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 5 निर्दलीय उम्‍मीदवार भी शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस बार अमलान भादुड़ी को अपना उम्‍मीदवार बनाया है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने आशीष कुंडू को टिकट दिया है। सी.पी.आई.एम. की ओर से अंबर मित्रा और कांग्रेस की तरफ से आलम मसूद चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर कुल मतदाताओं की संख्‍या लगभग 2 लाख 49 हजार के करीब है। भाजपा युवाओं और महिलाओं को रोज़गार और आर्थिक लाभ देने का वादा कर रही है। वहीं दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस राज्‍य सरकार की मौजूदा योजनाओं को जारी रखने पर ज़ोर दे रही है। कोलकाता से कल्‍याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

 

**************

 

ऑस्ट्रिया के चांसलर डॉ. क्रिश्चियन स्टॉकर की भारत की पहली यात्रा के दौरान नई दिल्ली में भारत-ऑस्ट्रिया व्यापार मंच का आयोजन किया गया। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में इस मंच ने दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने का अवसर दिया।

 

**************

 

भारत ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि उसे ब्रिटेन और फ्रांस के नेतृत्व में होर्मुज जलडमरूमध्य से पारगमन की सुरक्षा के लिए शुरू की गई समुद्री पहल में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कल नई दिल्ली में यह जानकारी दी। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है और भारत के लिए भी यह व्यापारिक मार्ग बेहद अहम है।

 

**************

 

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान से एक व्यापक शांति समझौते को अंतिम रूप दिए जाने तक ईरानी बंदरगाहों पर अमरीकी नौसैना की नाकाबंदी जारी रहेगी। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह नाकाबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक कि ईरान के साथ शत प्रतिशत समझौता नहीं हो जाता।

 

**************

 

उधर, ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमरीका उसके बंदरगाहों को निशाना बनाकर समुद्री नाकाबंदी जारी रखता है, तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के आवागमन के लिए शर्तें भी स्पष्ट कर दी हैं। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बग़ाई ने विदेश मंत्री अब्बास अराघची के पहले के बयान पर स्पष्टीकरण दिया। श्री बग़ाई ने कहा कि ईरान द्वारा पूर्व निर्धारित मार्ग से होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों को आवागमन की अनुमति दी जाएगी।

 

**************

 

महिला क्रिेकेट में कल रात डरबन में दक्षिण अफ्रीका ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत को 6 विकेट से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 157 रन बनाए।

 

जवाब में, दक्षिण अफ्रीका ने लौरा वोल्वाड्ट के 51 रन और एनेरी डेर्कसन की नाबाद 44 रन की पारी की बदौलत पांच गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

 

**************

 

आईपीएल क्रिकेट में कल रात अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाईट राइडर्स को पांच विकेट से हरा दिया।

 

आज बंगलुरू में डेल्‍ही कैपिटल्स का मुकाबला रॉयल चेलेंजर्स बंगलुरू से होगा। यह मैच दोपहर बाद साढे तीन बजे से खेला जाएगा। एक अन्‍य मुकाबले में हैदराबाद में शाम साढे सात बजे से चेन्‍नई सुपर किग्‍स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे।

 

**************

 

हमारी श्रृंखला पीपल्स पद्म की कड़ी में आज हम जम्‍मू-कश्‍मीर के जाने-माने लेखक और विद्वान शफी शौक के साथ चर्चा प्रसारित कर रहे हैं। उन्‍होंने कश्‍मीरी साहित्‍य और भाषा के संरक्षण में महत्‍वपूर्ण योगदान दिया है। उन्‍हें पद्मश्री पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया जाएगा।

 

 

मिर्ज़ा गालिब की बेहतरीन गज़लों का अंग्रेजी तर्रमा किया है। द बेस्‍ट ऑफ मिर्ज़ा गालिब इज़ पर्सनल पोएट्री। तो मेरी किताब से भी बहुत चले और बहुत पसंद किए गए। इसी तरह मैं कभी ऊर्दू की बेस्‍ट सूफियाना पोएट्री को कश्‍मीरी में डाला। इसी तरह ऐसी ही काम करता रहा और अपनी शायरी और अफसाने लिखने के साथसाथ, मेरी एक सौ छह किताबें छप चुकी थीं।

 

यह चर्चा आज सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड से, सौ दशमलव एक मेगाहर्ट्ज पर प्रसारित की जाएगी।

 

**************

 

उत्‍तराखंड में चार धाम यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण कल से शुरू हो गया है। पहले दिन दो हजार सात सौ तेरह श्रद्धालुओं ने व्यक्तिगत रूप से पंजीकरण कराये। रविवार से शुरू हो रही इस यात्रा से पहले ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है।

 

**************

 

इस वर्ष की हज यात्रा आज से शुरू हो रही है। जायरीन का पहला जत्था देश भर के विभिन्न स्‍थानों से सऊदी अरब के लिए रवाना होगा। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने बताया कि एक लाख 75 हजार से अधिक जायरीन के भारत से हज यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है।

 

**************

 

 

जागृति आज महिला आरक्षण गिरने को राजस्‍थान पत्रिका सहित सभी अखबारों ने सुर्खी बनाया है। पत्र लिखता है- विधेयक गिरा…… महिला आरक्षण पर ब्रेक। केन्‍द्रीय मंत्री अमित शाह बोले – विपक्ष ने मौका गवाया, महिलाएं देख रही हैं राह को रोड़ा कौन। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बयान- सशक्तिकरण का नहीं, चुनावी नक्‍शा बदले का बिल। अमर उजाला ने भाजपा की महिला सांसदों के विरोध को सचित्र प्रकाशित किया है- संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में गिरा। दैनिक जागरण ने लिखा है- विपक्ष के अड़ंगे से गिरा महिला आरक्षण संशोधन विधेयक। पंजाब केसरी की खबर है- महिला आरक्षण बिल गिरा, इससे जुडे दो अन्‍य बिल सरकार ने वापस लिए, भाजपा करेगी राष्‍ट्रव्‍यापी विरोध।

 

 

नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- ईरान ने होर्मुज खोला, ट्रंप ने कहा शुक्रिया, लेकिन नाकेबंदी जारी रहेगी। देशबन्‍धु की सुर्खी है- ईरान का लेबनान में सीजफायर के बाद बड़ा फैसला, 49 दिन बाद पूरी तरह खोला होर्मुज स्‍ट्रेट।

 

 

जनसत्ता ने अपने संपादकीय पृष्‍ठ पर सुरक्षा का सवाल शीर्षक से दिल्‍ली हवाई अड्डे पर गुरूवार को दो विमान के पंखों के आपस में टकराने की घटना के मद्देनजर सुरक्षा चूक पर सवाल उठाया है। पत्र लिखता है- हर हादसे की तरह इस मामले में भी एक वायु यातायात नियंत्रक और दो पायलट को ड्यूटी से हटा दिया गया, लेकिन सवाल है कि महज इस तरह की कार्यवाही से सुरक्षा चूक का स्‍थाई हल निकल पाएगा? जाहिर है जब तक समस्‍या की जड़ में जाकर उसे खत्‍म नहीं किया जाएगा, तब तक व्‍यवस्‍था में सुधार नहीं हो पाएगा।

 

 

दैनिक भास्‍कर की खास खबर है- न्‍यूयार्क के 13 वर्षीय एली चुनाव नतीजों से शेयरों तक सटीक भविष्‍यवाणी कर रहे, माइक्रोसॉफ्ट हैरान, कंपनिया भी जोड़ने के लिए बेचैन।

 

 

हिन्‍दुस्‍तान ने एम्‍स के अध्‍ययन को प्रमुखता दी है- खेलने की उम्र में दिल के रोग का खतरा, ल‍ड़किया की तुलना में लड़के अधिक पीडि़त। शारीरिक सक्रियता की कमी और फास्‍टफूड के सेवन से बढ़ रही है समस्‍या।

 

 

वहीं, लोकसत्‍य ने चारधाम यात्रा शीर्षक से तीर्थ यात्रियों के लिए सरकार की हेल्‍थ एडवाइजरी को प्रमुखता दी है- सेहत की कराएं जांच, फिर आएं चारधाम।

 

**************

 

अंत में मुख्य समाचार:-

  1. लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण हेतु संवैधानिक संशोधन विधेयक सदन में पारित नहीं हो सका। एनडीए की महिला सांसदों ने विपक्षी दलों के खिलाफ संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

  2. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- विपक्ष का यह जश्न दशकों से अपने अधिकारों का इंतजार कर रही महिलाओं का अपमान।

  3. विधानसभा चुनावों से पहले तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग ने 865 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की।

  4. भारत को होर्मुज जलडमरूमध्य से पारगमन की सुरक्षा के लिए ब्रिटेन-फ्रांस के नेतृत्व वाली समुद्री पहल में शामिल होने का निमंत्रण।

  5. ईरान की चेतावनी यदि अमरीका नौसैनिक नाकाबंदी जारी रखता है तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा।

  6. महिला क्रिकेट में, दक्षिण अफ्रीका ने डरबन में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को 6 विकेट से हराया।

**************

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.