मुख्य समाचार
- संसद में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिला आरक्षण से जुड़े तीन विधेयकों पर आज आगे चर्चा होगी।
- मनोनीत सदस्य हरिवंश नारायण सिंह का तीसरे कार्यकाल के लिए राज्यसभा का उपसभापति चुना जाना तय।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने पश्चिम एशिया संघर्ष पर चर्चा की। होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन बहाल करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की।
- इस्राएल और लेबनान के बीच 10 दिन का युद्धविराम लागू।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा– ईरान अपने समृद्ध यूरेनियम को सौंपने पर सहमत। दोनों देश, शांति समझौते के करीब।
- आईपीएल क्रिकेट में, पंजाब किंग्स ने मुंबई में मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया।
******
लोकसभा में आज संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 पर आगे चर्चा होगी। इन तीनों विधेयकों का उद्देश्य लोकसभा और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संबंधित संविधान (एक सौ छठवां संशोधन) अधिनियम, 2023 के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में लगभग एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं।
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कल लोकसभा में संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक, 2026 लोकसभा में पेश किया था। इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करना है। 850 सीटों में से 815 सदस्य राज्यों से और 35 सदस्य केंद्र शासित प्रदेशों से चुने जाएंगे।
कल लोकसभा में इन तीनों विधेयकों पर चर्चा के दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि देश की पचास प्रतिशत आबादी को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस कानून को लागू करते समय किसी भी राज्य के साथ कोई अन्याय नहीं किया जाएगा।
हम टुकड़ो में ना सोच सकते हैं, न टुकड़ों में निर्णय हम कर सकते हैं और इसलिए निराधार जिसमे कोई सच्चाई नहीं सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने के लिए जो बवंडर खड़ा किया जा रहा है। मैं बड़ी जिम्मेदारी के साथ इस सदन में इस पवित्र जगह से कहना चाहता हूं, चाहे दक्षिण हो, उत्तर हो, पूर्व हो, पश्चिम हो, छोटे राज्य हो, बड़े राज्य हो, किसी के साथ भी भेदभाव नहीं करेगी। यह निर्णय प्रक्रिया किसी के साथ अन्याय नहीं करेगी।
प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक विधेयक को राजनीतिक रूप न दें, क्योंकि यह सभी और देश के लोकतंत्र के लिए लाभकारी होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग अब इस विधेयक का विरोध करेंगे, उन्हें भविष्य में इसके परिणाम भुगतने होंगे।
पिछले 25-30 साल में लाखों बहनें ग्रासरूट लेवल पर लीडर बन चुकी है। अब उनके अंदर सिर्फ वहां 33 प्रसेंट का नहीं वहां भी आपके फैसलों को प्रभावित करने वाली और इसलिए जो आज विरोध करेंगे, उसको लंबे समय तक कीमत चुकानी पड़ेगी और इसलिए राजनीतिक समझदारी भी इसी में है कि हम ग्रासरूट लेबल पर महिलाओं की जो पॉलिटिकल लीटरशिप खड़ी हुई है उसको आपने अब कंसीडर करना पड़ेगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने परिसीमन के बाद दक्षिणी राज्यों की लोकसभा सीटों की संख्या में कमी को लेकर विपक्ष की आशंकाओं को खारिज कर दिया।
दक्षिण का जो पूरा नेरेटिव बनाया जाता है उसको अगर हम सोचते हैं तो अभी 543 सीटों में जो आपके द्वारा बनाया गया है, उसमें 129 सांसद इस सदन में बैठते हैं। मान्यवर लगभग 23 प्वाइंट 76 प्रतिशत, दक्षिण के सांसदों का यहां शक्ति है, अब पचास प्रतिशत वृद्धि होने के बाद 129 की जगह 195 सांसद बैठेंगे और उनकी शक्ति 23 प्वाइंट 97 प्रतिशत होगी तो शक्ति कम नहीं हो रही बढ़ रही है।
वहीं, चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पंचायतों और नगरपालिकाओं में महिला आरक्षण का प्रावधान सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने लागू किया था।
कांग्रेस सरकार ने इस कानून को सदन में पारित करके लागू किया। आज अपने भाषण में प्रधानमंत्री जी ने जब पंचायत की आंदोलित महिला का जिक्र किया तो यह समझ लीजिए कि इस कदम के चलते ही आज चालीस लाख पंचायत प्रतिनिधियों में से पंद्रह लाख महिलाएं हमारे लोकतंत्र में भागीदार हैं।
******
सिक्किम में, नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला रैली आज गंगटोक में आयोजित की जाएगी। रैली को देवराली से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा और पालजोर स्टेडियम में इसका समापन होगा। इसमें राज्य की कई प्रमुख महिला हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
******
राज्यसभा में आज उप-सभापति के लिए चुनाव होगा। मनोनीत सदस्य हरिवंश नारायण सिंह का तीसरे कार्यकाल के लिए राज्यसभा का उपसभापति चुना जाना तय है। केन्द्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा श्री हरिवंश के नाम का प्रस्ताव करेंगे। भारतीय जनता पार्टी की सांसद एस. फाँगनाँन कोन्यक प्रस्ताव का समर्थन करेंगी। इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीमारामन और जयंत चौधरी, भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन तथा जनता दल यूनाइडेट सांसद संजय कुमार झा भी राज्यसभा के उपसभापति के लिए श्री हरिवंश के नाम का प्रस्ताव करेंगे।
******
वाणिज्य और उद्य़ोग मंत्री पीयूष गोयल ने कल दक्षिण कोरिया के व्यापार मंत्री येओ हान-कू के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गोयल ने कहा कि इस दौरान द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग सशक्त बनाने पर चर्चा की गई।
******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
******
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्राँ ने कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य में स्वतंत्र नौवहन और तत्काल सुरक्षा बहाल करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।
******
इस्राएल और लेबनान के बीच 10 दिन का युद्धविराम कल रात से लागू हो गया। युद्ध विराम से बेरूत में जश्न का माहौल है। युद्धविराम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच कूटनीतिक स्तर पर बातचीत का अवसर उपलब्ध कराना है।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने इस्राएल और लेबनान के बीच 10 दिनों के युद्धविराम की घोषणा की। श्री ट्रम्प ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ हुई बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों नेता शांति की राह पर चलने के लिए युद्धविराम पर सहमत हुए।
श्री नेतन्याहू ने अस्थायी युद्धविराम पर सहमति जताई, लेकिन इस बात पर ज़ोर दिया कि इस्राएल की सेना दक्षिणी लेबनान में बनी रहेगी। ब्योरा हमारे संवाददाता से…..
दस दिन की समय–सीमा को विश्वास–बहाली के उपाय के तौर पर देखा जा रहा है। अमरीका के राष्ट्रपति ट्रंप ने उपराष्ट्रपति जे.डी. वैस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और जॉइंट चीफ़्स ऑफ़ स्टाफ़ के अध्यक्ष को निर्देश दिया है कि वे दोनों पक्षों के साथ मिलकर एक स्थायी शांति की दिशा में काम करें। लेबनान भी समझौते के लिए इस्राएली सेना की वापसी, लेबनान के कैदियों की रिहाई और विस्थापित नागरिकों की वापसी की मांग कर रहा है। हिज्बुल्लाह को बातचीत से पूरी तरह बाहर रखा गया है, और उसका रुख इस समझौते को पूरी तरह से खारिज करने वाला है। सबसे अहम बात यह है कि नेतन्याहू ने यह साफ़ कर दिया है कि इस्राएल दक्षिणी लेबनान से पीछे नहीं हटेगा। यह रुख किसी भी समझौते के मूल में एक बुनियादी विरोधाभास को दर्शाता है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं मनोज।
******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले समृद्ध यूरेनियम को सौंपने पर सहमत हो गया है। श्री ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि दोनों देश शांति समझौते के करीब हैं। उन्होंने कहा कि अगर समझौता हो जाता है, तो तेल की कोई कमी नहीं होगी। होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहेगा और सब कुछ ठीक हो जाएगा।
पिछले सप्ताह पाकिस्तान में लम्बी चली शांति वार्ता में अमरीका और ईरान किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके थे। अमरीका का कहना था कि ईरान ने परमाणु ईंधन संवर्धन के अपने अधिकार को छोड़ने से इनकार कर दिया।
******
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों को सुरक्षित करने के प्रयासों पर चर्चा के लिए विश्व के नेताओं के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक करेंगे। एक रिपोर्ट…
इस सम्मेलन में लगभग 40 देशों के नेताओं के भाग लेने की उम्मीद है। इस क्षेत्र में जहाजों और चालक दल की सुरक्षा बढ़ाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन के कार्यों का समर्थन करने पर भी विचार–विमर्श किया जाएगा। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार, चर्चा में जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के उद्देश्य से एक अंतर्राष्ट्रीय मिशन स्थापित करने की योजना भी शामिल होगी। प्रस्तावित पहल पूरी तरह से रक्षात्मक प्रकृति की होगी और परिस्थितियाँ अनुकूल होने पर इसमें एक संयुक्त सैन्य बल तैनात किया जाएगा। मीडिया की खबरों में बताया गया है कि श्री स्टारमर आज श्री मैक्रॉन के साथ बैठक की सह–मेजबानी करने के लिए पेरिस जा रहे हैं। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के भी शिखर सम्मेलन में भाग लेने की उम्मीद है। समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।
******
कुछ चुनावी खबरें, पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने आश्वस्त किया है कि मतदाता सूची पंजीकरण पर सर्वोच्च न्यायालय के हालिया निर्देश के कार्यान्वयन में कोई जटिलता नहीं आएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
******
निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल की हमारी श्रृंखला में, आज हम तमिलनाडु की मदुरै सेन्ट्रल विधानसभा सीट के बारे में जानकारी दे रहे हैं। मदुरै का प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर एक जाना-माना आध्यात्मिक पर्यटन स्थल है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से:-
मदुरै में 10 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनके नाम मेलूर, मदुरै पूर्व, शोलावंदन, मदुरै उत्तर, मदुरै दक्षिण, मदुरै मध्य, मदुरै पश्चिम, तिरुप्परनकुंद्रम, तिरुमंगलम और उसिलामपट्टी हैं। इस सीट पर 24 लाख, 66 हज़ार, नौ सौ 54 मतदाता हैं। मदुरै मध्य में 1 लाख 96 हज़ार 856 मतदाता हैं। यहां पर पीटीआर पलानीवेल त्यागराजन मुख्य उम्मीदवार हैं। उनके सामने लोकप्रिय फिल्म निर्देशक सुंदर. सी हैं। वह अभिनेत्री और बीजेपी नेता खुशबू के पति हैं। वर्तमान विधायक पीटीआर पलानीवेल त्यागराजन इस क्षेत्र से दो बार चुने जा चुके हैं और अब तीसरी बार यहीं से चुनाव लड़ रहे हैं। इस क्षेत्र में डीएमके छह बार, कांग्रेस चार बार, टीएमसी दो बार और डीएमडीके एक बार जीत चुकी है। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से, कृष्णकांत।
******
खेलों में, आईपीएल क्रिकेट में, आज अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जायेगा।
प्रतियोगिता में कल रात मुंबई में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया।
******
मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में लू चलने की संभावना व्यक्त की है। विभाग ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आज ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, कर्नाटक और पंजाब में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।
******
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में भी तेज लू चलने की चेतावनी जारी की है। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
महाराष्ट्र में जारी भीषण गर्मी से लोगों का जीवन कष्टमय हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में 18 अप्रैल तक तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्र में 18 अप्रैल तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। वहीं कोंकण में कुछ स्थानों पर 17 अप्रैल तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। भावना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री चंद्र शेखर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि यह वर्ष उनकी 100वीं जयंती की शुरूआत का प्रतीक है।
******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं–वैष्णवी।
- लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिला आरक्षण विधेयक सर्वसम्मति से पारित करने की अपील करने की ख़बर आज सभी समाचार पत्रों की पहली सुर्खी बनी है हिन्दुस्तान लिखता है- प्रधानमंत्री ने कहा- विरोध करने वाले कीमत चुकाएंगे, परिसीमन पर पक्षपात नहीं। अमर उजाला लिखता है- महिला आरक्षण को राजनीति के तराजू में मत तौलिए, यह राष्ट्रहित का निर्णय। जनसत्ता ने भी प्रधानमंत्री के शब्दों को अहमियत दी है। पत्र लिखता है- विपक्ष से की अपील विधेयक पारित करें, वरना देश की नारी शक्ति कभी माफ नहीं करेगी।
- हिन्दुस्तान ने अपने सम्पादकीय पन्ने पर 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा पर एक लेख प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- चारधाम यात्रा में आस्था और पर्यावरण का तालमेल जरूरी। हमें यह समझना होगा कि श्रद्धालुओं की कितनी संख्या सुरक्षित, सुगम और पर्यावरणीय दृष्टि से संभाली जा सकती है।
- पटना से आए नए मेहमान, दिल्ली चिडियाघर में बढ़ी रौनक- पंजाब केसरी की ख़बर है। पत्र लिखता है- बाघ समेत कईं वन्य जीव क्वारंटाइन, जल्द दर्शकों के लिए होंगे आकर्षण का केन्द्र।
- विश्व हिमोफिलिया दिवस आज, समय पर जांच बचा सकती है जीवन- देशबंधु की ख़बर है। एक अहम लक्षण जोड़ों में दर्द और सूजन, यह अंदरुनी रक्तस्राव की वजह से हो सकता है।
- प्रकृति के इको वॉरियर्स पर हीट वेव और डर की मार, चमगादड़ों पर दो दशक बाद हुई स्टडी, देश में 135 प्रजातियां- राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है।
- चार माह में 29 दिन गूंजेगी शहनाई, जून में मिलेंगे सबसे जयादा दस मुहूर्त, पुरुषोत्तम मास के दो माह में एक महीने रहेगा मांगलिक कार्यों पर विराम- अमर उजाला ने यह ख़बर तारीखों के साथ दी है।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- संसद में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिला आरक्षण से जुड़े तीन विधेयकों पर आज आगे चर्चा होगी।
- मनोनीत सदस्य हरिवंश नारायण सिंह का तीसरे कार्यकाल के लिए राज्यसभा का उपसभापति चुना जाना तय।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने पश्चिम एशिया संघर्ष पर चर्चा की। होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन बहाल करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की।
- इस्राएल और लेबनान के बीच 10 दिन का युद्धविराम लागू।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा- ईरान अपने समृद्ध यूरेनियम को सौंपने पर सहमत। दोनों देश, शांति समझौते के करीब।
- आईपीएल क्रिकेट में, पंजाब किंग्स ने मुंबई में मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया।
******