April 16, 2026 9:00 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन के लिए संसद के बजट अधिवेशन की तीन दिन की विशेष बैठक आज से शुरू हो रही है।
  2. कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज से मकानों की गणना का क्षेत्रीय अभियान शुरू हो रहा है।
  3. छत्‍तीसगढ मंत्रिमंडल ने समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने के लिए उच्‍च स्‍तरीय समिति के गठन को स्‍वीकृति दी।
  4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्‍ली में ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिस्टियन स्टॉकर के साथ चर्चा करेंगे।
  5. भारत ने 2025-26 में 860 अरब अमरीकी डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात किया।
  6. भारत की ग्रैंडमास्टर आर. वैशाली ने साइप्रस में फिडे महिला कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीता।

**********

संसद के विस्तारित बजट अधिवेशन का तीन दिन का विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है। यह सत्र 18 अप्रैल तक चलेगा। इसमें मुख्य रूप से नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संवैधानिक संशोधनों पर चर्चा की जाएगी। वर्ष 2023 में पारित इस विधेयक को लागू करने के लिए सरकार तीन संशोधन विधेयक पेश करेगी। ये हैं – संविधान (एक सौ इकतीसवाँ संशोधन) विधेयक, 2026, संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन विधेयक, 2026

यह विशेष बैठक संविधान में संशोधन करने के लिए बुलाई गई है ताकि परिसीमन परिक्रिया पूरी होने के बाद 2029 के लोकसभा चुनावों में महिला आरक्षण अधिनियम को लागू किया जा सके। कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोकसभा और राज्यसभा के सदन के नेताओं को पत्र लिखकर सभी पार्टियों से इस विधेयक को सर्वसम्‍मति से पारित करने का आग्रह किया था। श्री मोदी ने इस बात पर बल दिया कि यह बेहद जरूरी है कि 2029 के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव महिला आरक्षण के साथ कराया जाए। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी यह आश्वासन दिया कि महिला आरक्षण विधेयक संतुलित है और यह हर राज्य, समुदाय और क्षेत्र की आकांक्षाओं का ध्यान रखता है।

यह सिर्फ सरकार का बिल नहीं है। यह सब पॉलिटिकल पार्टी और एक तरीके से पूरे देश का बिल है। सब मिलकर के एक आवाज और एक मत से नारी शक्‍ति वंदन अधिनियम को पारित करेंगे।

भाजपा, जेडीयू, लोक जन-शक्‍ति पार्टी (आर) और कांग्रेस सहित कई राजनीतिक पार्टियों ने दोनों सदनों के अपने सभी सांसदों के लिए व्‍हि‍प जारी किया है। जिसमें उन्‍हें सदन की कार्यवाही के दौरान मौजूद रहने और अपनी पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया गया है। सुपर्णा सैकिया के साथ आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि विपक्षी दल महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में हैं।

हम सभी महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में हैं, लेकिन जिस तरीके से इसे लाया गया है, उस पर हमें आपत्ति है और यह राजनीतिक रूप से प्रेरित है। विपक्षी दलों की आवाज़ दबाने के लिए सरकार ऐसा कर रही है। इसलिए, हम सभी ने फैसला किया है कि हम लगातार महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करते रहेंगे।

**********

जनगणना 2027 का पहला चरण आज से कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू हो रहा है। गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि यह कार्य 15 मई तक चलेगा। इस दौरान प्रशिक्षित गणनाकर्मी घर-घर जाकर मकानों के आंकड़े एकत्र करेंगे।

मकानों की गणना का अभियान अंडमाननिकोबार द्वीप समूह, गोवा, कर्नाटक, लक्षद्वीप, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में एनडीएमसी और दिल्ली छावनी बोर्ड क्षेत्रों में शुरू हो रहा है। पहली बार स्‍वगणना सुविधा शुरू की गई है ताकि लोग अपने आप जानकारी उपलब्‍ध करा सकें। अब तक लगभग 12 लाख परिवारों ने अपनी जानकारी ऑनलाइन जमा कराई है। ऐसे लोगों से अपनी सेल्फएन्यूमरेशन आईडी संभाल कर रखने और फील्ड विज़िट के दौरान गणकों को बताने का आग्रह किया गया है। जनगणना के लिए पहली बार डिजिटल उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।  आंध्रप्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश में आज से स्व-गणना सुविधा शुरू की जा रही है। बिहार में स्व-गणना 17 अप्रैल से 1 मई तक होगी। राज्य में 2 मई से 31 मई तक घर-घर जाकर मकानों की गणना की जाएगी। समाचार कक्ष से कुमार राधारमण।

**********

छत्तीसगढ़ सरकार ने समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय कल रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।

सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई इस समिति की अध्यक्ष होंगी। फिलहाल छत्तीसगढ़ में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, दत्तक ग्रहण, भरण-पोषण और पारिवारिक विवाद जैसे मामलों का निपटारा अलग-अलग कानूनों के माध्‍यम से किया जाता है।

**********

तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम पर है। सभी राजनीतिक दलों के बडे नेता प्रचार में जुटे हैं। तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में 294 सीटों के लिए 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

**********

विधानसभा चुनाव की विशेष श्रृंखला में आज बात उत्‍तरी बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में राजगंज सीट की-

राजगंज सीट पर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में वोट डाले जाएंगे। इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस के खगेश्वर रॉय पिछले 15 वर्षों से विधायक हैं। इस बार 5 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने दिनेश सरकार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार स्वप्ना बर्मन हैं। सीपीआईएम के उम्मीदवार खरेंद्रनाथ रॉय हैं। कांग्रेस ने तुषार कांति रॉय को उम्मीदवार बनाया है। राजगंज में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेता अमित शाह ने उत्तर बंगाल में आईआईटी, आईआईएम, एम्स, कैंसर अस्पताल, खेल विश्वविद्यालय और जनजातीय विश्वविद्यालय स्थापित करने का आश्वासन दिया। दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने पर जोर दिया और बंगाल में विभाजन पैदा करने के लिए भाजपा को दोषी ठहराया। कोलकाता से कल्याण लाहा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची वाजपेयी।

**********

राष्ट्रीय महिला आयोग ने महाराष्ट्र के नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ की बीपीओ यूनिट में महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े समाचारों का स्वतः संज्ञान लिया है।  आयोग ने इस घटना की विस्तृत जांच करने के लिए ‘तथ्य-खोज समिति’ का गठन किया है। यह समिति शनिवार को घटनास्थल का दौरा करेगी और दस कार्य दिवस के अंदर आयोग को रिपोर्ट सौंपेगी।

**********

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

**********

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रिया के चांसलर डॉ. क्रिस्टियन स्टॉकर आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय सहयोग को मज़बूत करने पर चर्चा करेंगे।

दोनों नेता बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग सहित आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारविमर्श करेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में, विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ श्री स्‍टॉकर की चर्चा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढाने के लिए नए रास्ते खोलेगी। चांसलर स्टॉकर के साथ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है जिसमें अर्थव्‍यवस्‍था, ऊर्जा और पर्यटन मंत्री, वरिष्‍ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हैं। चांसलर स्टॉकर की यह भारत की पहली यात्रा है। भारत और ऑस्ट्रिया के बीच गर्मजोशी भरे, मैत्रीपूर्ण और बहुआयामी संबंध हैं। जुलाई 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की ऑस्ट्रिया की सफल यात्रा ने दोनों देशों के बीच संबंधों को और प्रगाढ किया। समाचार कक्ष से फरहत नाज़।

**********

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 में 860 अरब अमरीकी डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात किया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गोयल ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद हासिल इस उपलब्धि से पता चलता है भारत वैश्विक व्यापार में मजबूती से विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नौ व्यापार समझौते इस गति को और तेज करने के साथ, नए बाजार खोल रहे हैं और सभी क्षेत्रों में व्यापक अवसर प्रदान कर रहे हैं।

**********

पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है। अमरीका ने ईरान के बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी और कड़ी कर दी है।

पश्चिम एशिया की स्थिति और भी जटिल हो गई है, क्योंकि ईरान ने चेतावनी दी है कि वो संघर्ष को प्रमुख समुद्री मार्गों तक फैला सकता है। ईरान लाल सागर में पिछले हमलों की तरह ही, समुद्री मार्गों को निशाना बनाने के लिए यमन में हौसी विद्रोहियों जैसे अपने सहयोगी गुटों पर निर्भर रह सकता है। इस तरह के कदम से वैश्विक ऊर्जा प्रवाह और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर काफी असर पड़ सकता है। अमरीका में इस्राएल और लेबनान के अधिकारियों ने अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबिओ की मेजबानी में सीधी बातचीत की। इस्राएल के प्रधानमंत्री, बेन्यामिन नेतन्याहू, ने कहा कि बातचीत का मुख्य उद्देश्य हिजबुल्लाह को खत्म करना और शक्ति के बल पर स्थाई शांति हासिल करना है। जहां एक तरफ लड़ाई जारी है, वहीं दूसरी तरफ कूटनीति भी आगे बढ़ रही है। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।

**********

पद्म पुरस्कार विजेताओं पर केंद्रित हमारी श्रृंखला पीपल्स पद्म की कड़ी में आज हम छत्तीसगढ़ की सुनीता गोडबोले और रामचंद्र गोडबोले के साथ परिचर्चा प्रसारित कर रहे हैं। इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्‍या पर इन दोनों को प्रतिष्ठित पद्मश्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई।

हम लोगों ने अभी तक 24-25 गांव में यह कार्यक्रम चलाया। एक समय हम लोग एक-दो गांव लेते है, इस बार हमने चार गांव लिए है। हमने 80 बच्चों के लिए हम यह कार्यक्रम चला रहे हम लोग। अगर इनके समाज में बदलाव लाना है तो सबसे पहला है महिला ही है जो यह बदलाव की वाहक है उसको हमने फिर हाथ में ले लिया एसे महिला के हमने समूह बनाए।

यह चर्चा आज सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड से, सौ दशमलव एक मेगाहर्ट्ज पर प्रसारित की जाएगी।

**********

शतरंज में, भारत की ग्रैंडमास्टर आर. वैशाली ने फिडे महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट खिताब जीत लिया है। इस जीत के साथ वैशाली ने इस वर्ष होने वाली विश्व शतरंज चैंपियनशिप में जगह बना ली है। चैंपियनशिप में उनका सामना चीन की जू वेनजुन से होगा। ओपन वर्ग में,उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने खिताब जीता।

**********

आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से हरा दिया। बेंगलुरू के जोश हैजलवुड को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में आज मुंबई के वानखेडे स्‍टेडियम में शाम साढे सात बजे पंजाब किंग्‍स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा।

**********

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

**********

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंफरहत नाज़।

  1. संसद में महिला आरक्षण लागू करने की खबरों को कई अखबारों ने अपनी सुर्खी बनाया है। दैनिक भास्कर ने अपने मुख पृष्ठ के कुछ शब्दों को विशेष रूप से गुलाबी रंग से प्रकाशित करते हुए लिखा है- महिला आरक्षण 2029 से . . . 72 घंटे में तय होगा। नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- महिला कोटा पर बिल आज। अमर उजाला की खबर है- विपक्ष आरक्षण में साथ, परिसीमन के खिलाफ।
  2. सीबीएसई के 10वीं कक्षा के नतीजे घोषित होने की खबर प्रकाशित करते हुए लोकसत्य ने सुर्खी दी है- बेटियों ने फिर लहराया परमच, त्रिवेंद्रम फिर टॉप पर। अमर उजाला ने भी बेटियों का राज शीर्षक से यह खबर प्रकाशित की है। दसवीं की बोर्ड परीक्षा में 95 फीसदी अंक पाने वाले विद्यार्थी बढ़े, लिखता है हिन्दुस्तान।
  3. कई अखबारों ने अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की टिप्पणी भी मुख पृष्ठ पर प्रकाशित की है।  दैनिक जागरण की सुर्खी है- ट्रम्प बोले जल्द खत्म हो सकता है युद्ध। राजस्थान पत्रिका ने खबर दी है- अमरीका-ईरान युद्ध ने दिया आत्मनिर्भरता का सबक, बड़े बुनियादी बदलाव करने का समय। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- युद्धकाल में महंगाई 5 प्रतिशत तक बढ़ी।
  4. दैनिक जागरण ने अपने संपादकीय में ईरान और अमरीका-इस्राएल संघर्ष पर लिखा है। नरम पड़ते ट्रम्प। पत्र लिखता है ईरान से दौबारा शांतिवार्ता शुरू करने के संकेतों के बीच राष्ट्रपति ट्रम्प इस नतीजे पर पहुंचने के लिए विवश हो रहे हैं कि युद्ध से किसी समस्या का समाधान नहीं होने वाला, दूसरी ओर ईरान का कहना है कि हम भी युद्ध के पक्ष में नहीं है इसलिए कहा जा सकता है कि युद्ध विराम जारी रहेगा।
  5. सम्राट चौधरी के बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने को भी कई अखबारों ने अपने पहले पन्ने पर जगह दी है। देशबन्धु की सुर्खी है- सम्राट ने संभाली बिहार की बागडोर। वीर अर्जुन के शब्द हैं- बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी।
  6. देशबन्धु ने अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू होने की खबर प्रकाशित की है। 57 दिन तक चलेगी यात्रा।
  7. नवभारत टाइम्स ने मौसम का मिजाज बताते हुए लिखा है- गर्मी बनाने लगी रिकार्ड, 40 डिग्री पार। अमर उजाला ने अंतरिक्ष में महाविस्फोट शीर्षक से लिखा है 10 करोड़ साल बाद फिर जागा – ब्लैक हॉल, बेहद दुर्लभ धमाके के साथ लाखों प्रकाश वर्ष तक फैली ऊर्जा की लपटें।
  8. हिन्दुस्तान ने कुछ अलग शीर्षक से तितलियों के संरक्षण से जुड़ी अनूठी पहल की खबर प्रकाशित करते हुए लिखा है- डीडीए के कमला नेहरू रिज में देश का पहला बंदररोधी उद्यान बना। नया बसेरा तितलियों को रिझा रहा।

**********

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन के लिए संसद के बजट अधिवेशन की तीन दिन की विशेष बैठक आज से शुरू हो रही है।
  2. कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आज से मकानों की गणना का क्षेत्रीय अभियान शुरू हो रहा है।
  3. छत्‍तीसगढ मंत्रिमंडल ने समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने के लिए उच्‍च स्‍तरीय समिति के गठन को स्‍वीकृति दी।
  4. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्‍ली में ऑस्ट्रिया के चांसलर क्रिस्टियन स्टॉकर के साथ चर्चा करेंगे।
  5. भारत ने 2025-26 में 860 अरब अमरीकी डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात किया।
  6. भारत की ग्रैंडमास्टर आर. वैशाली ने साइप्रस में फिडे महिला कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीता।

**********

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.