मुख्य समाचार:-
- भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी आज सुबह पटना के लोक भवन में बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
- संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- महिला आरक्षण विधेयक संतुलित और हर राज्य, समुदाय और क्षेत्र की आकांक्षाओं को पूरा करता है।
- छत्तीसगढ़ में बॉयलर विस्फोट की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हुई।
- अंडमान सागर में एक अतिभारित ट्रॉलर के पलटने से रोहिंग्या शरणार्थियों और बांग्लादेशी नागरिकों सहित 250 लोग लापता।
- इस्राएइल और लेबनान ने वाशिंगटन में प्रारंभिक वार्ता की।
- आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रनों से हराया।
**************
भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी आज सुबह पटना के लोक भवन में बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। श्री चौधरी राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले भाजपा नेता होंगे। केन्द्रीय पर्यवेक्षक और केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल इसकी घोषणा की थी।
नीतीश जी के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री जी और केन्द्रीय नेतृत्व के आशीर्वाद से बिहार में विकास की एक नई गाथा लिखेंगे सम्राट चौधरी जी और पूरी पार्टी का नेतृत्व हमारे पार्टी विधायक साथी, सब मिलकर बिहार को हिन्दुस्तान का अग्रणी राज्य बनाकर ही चैन की सांस लेंगे।
श्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि यह बिहार के लोगों की सेवा करने और उनके विश्वास तथा सपनों को साकार करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
आदरणीय नितिश कुमार जी ने बहुत चीजे सिखाया, कैसे सरकार चलाया जाता है, कैसे बिहार में सुशासन स्थापित होगा। बिहार के लोकतंत्र के लिए, बिहार के विकास के लिए, बिहार की समृद्धि के लिए जिस तरह आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने विकसित भारत का सपना देखा है, आज के मुख्यमंत्री नितिश कुमार जी ने जिस तरह समृद्ध बिहार का सपना देखा है, हम तमाम भाई मिलकर इस बिहार को भी समृद्ध बनाएंगे।
**************
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि महिला आरक्षण विधेयक विशेष संसदीय सत्र में पेश किया जाएगा। यह विधेयक हर राज्य, समुदाय और क्षेत्र की आकांक्षाओं को पूरा करता है। कल नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से संपर्क किया है और इस विधेयक का सभी ने समर्थन किया। इस विधेयक को कल से शनिवार तक चलने वाले विशेष संसद सत्र में पेश किया जाएगा। श्री रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय हित में एकजुट होने के लिए सभी राजनीतिक दलों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण राजनीतिक मुद्दा नहीं हो सकता और इस विधेयक की प्रक्रिया में देरी नहीं की जा सकती।
**************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक के मांड्या स्थित श्री क्षेत्र आदिचुनचनगिरि मठ में श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री ज्वाला पीठ भी जाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री श्री काल भैरव मंदिर में प्रार्थना करेंगे और प्राचीन कालभैरवेश्वर मंदिर परिसर में मठ की आध्यात्मिक परंपरा को श्रद्धांजलि के रूप में निर्मित नए मंदिर का उद्घाटन करेंगे। ब्योरा हमारे संवाददाता से…
प्रधानमंत्री के श्री क्षेत्र आदिचुनचनगिरी आगमन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन होने वाले गुरु भैरवैक्य मंदिर कोनारपुर मंदिर से मिलता है, जिसमें वास्तु शिल्पकला होयसला, चोला, चालुक्याज़ और गंगाज़ के जमाने का है। इस संदर्भ में, मोदी जी को मैसूर पेटा से नवाजा जाएगा। मैसूरू और बनारस रेशम से बनाए गए इस पेटा के बनावट को मैसूर के महाराजा नलवाड़ी कृष्णाराज वाडियार पहना करते थे। सुधींद्र आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।
**************
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का प्रचार तेज होता जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज राज्य में कई जनसभाएं करेंगे। वे दार्जिलिंग शहर के लेबोंग मैदान में एक रैली में शामिल होंगे, जिसके बाद वे जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज में एक सभा करेंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी आज राज्य में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी भी आज कई चुनावी कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वे उत्तर दिनाजपुर और इस्लामपुर में जनसभाओं में भाग लेंगी। सुश्री बनर्जी सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र और नागराकाटा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में रैलियां करेंगी।
**************
आगामी विधानसभा चुनावों के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में आज हम तमिलनाडु के धर्मपुरी जिले की जानकारी दे रहे हैं। इस जिले में चार विधानसभा क्षेत्र पलाकोड, पेन्नागरम, धर्मपुरी, पप्पिरेड्डीपट्टी और हरूर। धर्मपुरी में कुल 2 लाख 57 हजार नौ सौ 39 मतदाता हैं।
धर्मपुरी आम और रेशम के लिए प्रसिद्ध है। यहां ग्रेनाइट का भी समृद्ध भंडार हैं। इस क्षेत्र को तमिलनाड़ु में कावेरी नदी के प्रवेश द्वार के रूप में जाना जाता है। डॉ. सौम्या अंबुमणि इस निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। पसुमै थायगम की अध्यक्ष हैं, जो पूरी तरह से पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित है। यह पहली बार है जब वह विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। वर्तमान विधानसभा सांसद एस.पी. वेंकटेश्वरन हैं। जो एनडीए गठबंधन में डॉ. अंबुमणि रामदास के नेतृत्व वाली पीएमके पार्टी से हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र से डीएमके पांच बार, पीएमके तीन बार, कांग्रेस दो बार, एआईएडीएमके और डीएमडीके एक-एक बार चुनाव जीत चुकी हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची वाजपेयी।
**************
छत्तीसगढ़ के सिंहंतेराई में बॉयलर विस्फोट की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। यह विस्फोट कल वेदांता लिमिटेड के बिजली संयंत्र में बॉयलर ट्यूब फटने से हुआ। पुलिस के अनुसार बॉयलर से टरबाइन को उच्च दबाव वाली भाप की आपूर्ति करने वाली ट्यूब में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साई ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।
**************
उत्तर प्रदेश सरकार ने अकुशल, अर्धकुशल और कुशल श्रमिकों की मजदूरी में लगभग तीन हजार रुपये तक की वृद्धि की घोषणा की है। इस वृद्धि से गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद जिलों में लगभग 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित उच्च स्तरीय समिति ने नोएडा में हाल ही में मजदूरी बढाने की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद यह निर्णय लिया गया। संशोधित दरें इस महीने की पहली तारीख से लागू हो गई हैं।
सरकार ने 20 हजार रुपये न्यूनतम मजदूरी की खबरों को भ्रामक बताते हुए कहा है कि यह अंतरिम वृद्धि श्रमिकों की मांगों और उद्योग जगत की चिंताओं के बीच संतुलन स्थापित करती है।
**************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगी। ब्यौरा हमारे संवाददाता से..
राष्ट्रपति आज सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स नागपुर के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और बाद में शाम को, नागपुर स्थित राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी – एनएडीटी में भारतीय राजस्व सेवा (आयकर) के 78वें बैच के अधिकारी प्रशिक्षुओं के प्रशिक्षण समापन समारोह में भी उपस्थित रहेंगी। एम्स के दीक्षांत समारोह के दौरान, कुल 210 विद्यार्थियों को डिग्रियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएँगे। वहीं, एनएडीटी का यह कार्यक्रम IRS के 78वें बैच के 130 अधिकारी प्रशिक्षुओं के 16 महीने के सेवापुर्व प्रशिक्षण के समापन को चिन्हित करेगा। धनंजय वानखेड़े, आकाशवाणी समाचार, नागपुर।
**************
अंडमान सागर में मलेशिया पहुंचने की कोशिश में एक नाव के पलटने से रोहिंग्या शरणार्थियों और बांग्लादेशी नागरिकों समेत 250 लोग लापता हो गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त और अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन के संयुक्त बयान के अनुसार, नाव दक्षिणी बांग्लादेश के टेक्नाफ से रवाना हुई थी।
यह नाव कथित तौर पर दक्षिणी बांग्लादेश के टेक्नाफ से रवाना हुई थी और खराब समुद्री हालात, तेज हवाओं और अधिक भीड़ के कारण डूब गई। माना जा रहा है कि यह घटना 9 अप्रैल को हुई, हालांकि पूरी जानकारी अभी साफ नहीं है। अब तक केवल नौ लोगों को बचाया जा सका है। बांग्लादेश कोस्ट गार्ड के अनुसार, इन्हें एक गुजरते जहाज ने समुद्र में बहते हुए देखा और बाद में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अधिकारियों का कहना है कि बचाए गए लोगों में से कुछ मानव तस्करी से जुड़े होने के संदेह में हैं। नवलसंग परमार आकाशवाणी समाचार ढाका।
**************
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मेजबानी में लेबनान और इस्राएल ने मंगलवार को वाशिंगटन में प्रारंभिक प्रत्यक्ष वार्ता की। यह बैठक 1980 के दशक की शुरुआत के बाद दोनों देशों के बीच पहली प्रत्यक्ष राजनयिक बातचीत है। रिपोर्टों के अनुसार, वार्ता सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक मुद्दों पर केंद्रित थी। वार्ता में इस्राएल की सैन्य गतिविधि और विवादित क्षेत्रों से लेबनान की वापसी की मांग शामिल थी। इस्राएल ने समझौते में हिज़्बुल्लाह की सैन्य उपस्थिति पर भी ध्यान देने पर बल दिया है। लेबनान के अधिकारियों ने हिज़्बुल्लाह के संबंध में अपने प्रतिनिधिमंडल के बयानों की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है। वहीं हिज़्बुल्लाह ने वार्ता का विरोध किया है।
पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता कायम करने के लिए राजनयिक प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसके लिए अमरीका दो प्रमुख मोर्चों पर बातचीत को आगे बढ़ा रहा है। अमरीका का कहना है कि ईरान के साथ बातचीत कुछ दिनों में फिर शुरू हो सकती है, क्योंकि दोनों पक्ष युद्धविराम को बढ़ाने और होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में तनाव कम करने का प्रयास कर रहे हैं। दूसरी ओर इस्राएल और लेबनान भी दशकों बाद पहली बार वार्ता कर रहे हैं। अमरीका में हो रही बातचीत के केन्द्र में सीमा पर तनाव और दक्षिणी लेबनान में सुरक्षा व्यवस्था है। अमरीका, पश्चिम एशिया में कई तनावग्रस्त क्षेत्रों में स्थिरता के प्रयासों के अन्तर्गत दोनों मोर्चों पर मध्यस्थता कर रहा है। हालांकि तत्काल किसी बड़ी सफलता की उम्मीद नहीं है, लेकिन अमरीका-ईरान और इज़राइल-लेबनान के बीच एक साथ चल रही कूटनीतिक वार्ता इस व्यापक संघर्ष को पूरे क्षेत्र में फैलने से रोकने के लिए नए प्रयासों का संकेत है। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्णकांत।
**************
अमरनाथ यात्रा के लिए अग्रिम पंजीकरण आज से देश भर में पांच सौ 54 नामित बैंक शाखाओं में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से शुरू हो रहा है। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने तीर्थयात्रियों के लिए विस्तृत प्रक्रिया जारी की है। 57 दिनों की यह यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर समाप्त होगी। ब्योरा हमारे संवाददाता से..
यात्रा परमिट का पंजीकरण और इसे जारी करना ’पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन की सुविधा देश भर में जे.एंड.के बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और यस बैंक की 554 शाखाओं पर उपलब्ध होगी। हर पंजीकृत तीर्थयात्री और सेवा देने वाले को रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन डिवाइस (आरएफआईडी) जारी किया जाएगा। 13 से 70 साल की उम्र के तीर्थयात्री पंजीकरण के लिए योग्य होंगे, जबकि छह हफ़्ते से ज़्यादा की गर्भवती महिलाओं को यात्रा करने की इजाज़त नहीं होगी। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्मू से मैं एन. गुलशन रैना।
**************
वहीं खेलों में, आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की टीम ने 192 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम 160 रन ही बना सकी। चेन्नई सुपर किंग्स के नूर अहमद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आईपीएल क्रिकेट में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।
**************
समाचार पत्रों में आज सबसे पहले बात लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के समाचार की। हिन्दुस्तान लिखता है- लोकसभा सीटें बढ़ाकर आठ सौ पचास करने की तैयारी में सरकार, महिलाओं के लिए आरक्षण 15 साल तक लागू रहेगा। बेटियों को मिलेगा हक, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तय। जनसत्ता की सुर्खी है- महिला आरक्षण बिल कल होगा पेश, 2011 की जनगणना होगी आधार।
बिहार में सम्राट भाजपा के पहले सी.एम., शपथ आज- अमर उजाला सहित कई अखबारों की सुर्खी है। दैनिक ट्रिब्यून लिखता है-सम्राट बनेंगे बिहार के चौधरी, नीतीश की विदाई।
आज सभी समाचार पत्रों ने दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय कम होने का समाचार दिया है। राजस्थान पत्रिका लिखता है- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया उद्घाटन, दिल्ली से देहरादून अब ढाई घंटे में, ऊपर से गाडियां, नीचे वन्य जीव निर्भय घूमेंगे।
होर्मुज नाकेबंदी पर रूस ने जताई चिंता। ब्रिटेन ने भी अमरीका से दूरी बनाई- देशबन्धु की सुर्खी है। जनसत्ता लिखता है- अमरीका के राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को किया फोन।
दैनिक भास्कर ने अपने संपादकीय पन्ने पर सड़क दर्शन शीर्षक से लेख प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है किसी को खरोच मार के नहीं, अपने दम पर ही सफलता पाएं। सड़क से हमारा कैरेक्टर पता चलता है, जीवन के सफर में टू-व्हीलर सोच मत अपनाइए।
धुरंधर का धमाल – तीन हजार करोड़ कमाने वाली पहली फिल्म – राजस्थान पत्रिका ने बॉक्स ऑफिस शीर्षक से यह खबर प्रकाशित की है।
**************
अंत में मुख्य समाचार:–
- भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी आज सुबह पटना के लोक भवन में बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
- संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- महिला आरक्षण विधेयक संतुलित और हर राज्य, समुदाय और क्षेत्र की आकांक्षाओं को पूरा करता है।
- छत्तीसगढ़ में बॉयलर विस्फोट की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हुई।
- अंडमान सागर में एक अतिभारित ट्रॉलर के पलटने से रोहिंग्या शरणार्थियों और बांग्लादेशी नागरिकों सहित 250 लोग लापता।
- इस्राएइल और लेबनान ने वाशिंगटन में प्रारंभिक वार्ता की।
- आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रनों से हराया।
**************