April 13, 2026 1:49 PM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्ली में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
  2. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से गुजरात और महाराष्ट्र के चार दिन के दौरे पर रहेंगी।
  3. प्रसिद्ध पार्श्‍व गायिका आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज शाम मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
  4. राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप के होर्मुज जलडमरूमध्‍य को बंद करने के आदेश के बाद, अमरीकी सेना आज से ईरानी बंदरगाहों की समुद्री नाकेबंदी शुरू करेगी।
  5. और आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 18 रन से हराया।

 

**************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में नारी शक्ति वंदन सम्‍मेलन को सम्‍बोधित करेंगे। राष्‍ट्रीय स्‍तर पर आयोजित यह सम्‍मेलन देश के विकास पथ को दिशा देने में महिलाओं की अधिक भागीदारी की प्रतिबद्धता मजबूत करेगा। यह पंचायत से लेकर संसद तक सभी स्‍तर पर शासन और नेतृत्‍व में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को उजागर करेगा। साथ ही निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं के अधिक प्रतिनिधित्‍व के महत्‍व को भी रेखांकित करेगा।

 

विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं इस कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसमें सरकार शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, मीडिया, सामाजिक कार्य और संस्कृति जैसे अलग-अलग क्षेत्र के प्रतिनिधि भाग लेंगे। यह सम्मेलन वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महिलाओं की भूमिका को उजागर करेगा। सितंबर 2023 में संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था, जिसका उद्देश्य विधायक संस्थानों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ा रहा है। इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभा में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटों का आरक्षण किया गया है। देशभर में महिलाओं के आरक्षण को लागू करने पर ध्यान देते हुए इस महीने की 16 तारीख से संसद में भी इस पर चर्चा की जाएगी। अक्षि‍त वैद्यान, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

 

**************

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि देश की महिलाओं से किए गए वायदे, टालने की राजनीति नहीं बन सकते। श्री रिजिजू ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि आज जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने का समय आ गया है, तो कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। श्री रिजिजू ने बताया कि उन्‍होंने कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता और राज्‍यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडगे को पत्र लिखकर कहा है कि वर्ष 2029 से पहले देश की नारी शक्ति को समुचित प्रतिनिधित्‍व दिलाने के लिए परिसीमन से संबंधित संशोधन आवश्‍यक है, इसे और आगे अनिश्चितता में धकेला नहीं जा सकता।

 

**************

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से गुजरात और महाराष्‍ट्र के चार दिन के दौरे पर रहेंगी। हमारे संवाददाता ने बताया कि वे आज राजकोट में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान के पहले दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज दोपहर ऑल इंडिया इन्स्टिटूट ऑफ मेडिकल साइंस इज एम्‍स राजकोट के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वह कल डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती के मौके पर गांधीनगर के लोक भवन में सामाजिक समरसता महोत्सव’ में भी हिस्‍सा लेंगी। उसी दिन राष्ट्रपति गांधीनगर में राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी के पांचवें दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी। मयूर सोलंकी, आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।

बुधवार को राष्‍ट्रपति मुर्मु नागपुर एम्‍स के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

 

**************

वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि दलहन, तिलहन और मोटे अनाजों को बढ़ावा देने के उद्देश्‍य से बोनस नीति में एकरूपता रखने के लिए राज्‍यों के मुख्‍य सचिवों को लिखा गया पत्र एक परामर्श है, निर्देश नहीं। वित्‍त मंत्रालय के व्‍यय विभाग के सचिव ने 9 जनवरी को इस बारे में राज्‍यों को पत्र लिखा था। श्रीमती सीतारामन ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि राज्‍यों को यह परामर्श देश की दीर्घावधि खाद्य और फसल सुरक्षा मजबूत करने के लिए एक सकारात्‍मक प्रयास है।

 

**************

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह आज बीरभूम और पश्चिम बर्धमान जिलों में चुनाव प्रचार करेंगे। वे आज दोपहर बीरभूम के सैंथिया में और इसके बाद खैरासोल में चुनावी रैली को सम्‍बोधित करेंगे। दोपहर बाद पश्चिम बर्धमान जिले में और शाम को दुर्गापुर में श्री शाह की जनसभा होगी। दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी आज राज्‍य के विभिन्‍न स्‍थानों में कई चुनावी रैलियां करेंगी। सुबह बीरभूम जिले के सूरी में उनकी जनसभा होगी। इसके बाद, पूरबा वर्धमान के गालसी में और फिर बांकुरा में जनसभा होगी। सुश्री ममता बनर्जी दोपहर बाद दुर्गांपुर में चुनावी रैली करेंगी।

 

**************

निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में, आज जानकारी तमिलनाडु के तैनी जिले में स्थित बोदिनायकानूर विधानसभा सीट की। इस जिले को राज्य के तीन मुख्यमंत्रियों को चुनने का सौभाग्य हासिल है।

 

तैनी जिले में चार विधानसभा और एक लोकसभा क्षेत्र है। जिसमे बोदिनायकानूर विधानसभा भी शामिल है। दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता 1989 में इस क्षेत्र से निर्वाचित हुईं थीं। पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम, जो तीन बार अंतरिम मुख्यमंत्री रहे हैं। वे भी तीन बार बोदिनायकानूर से निर्वाचित हुए थे। वर्तमान में वे विधायक हैं। यह निर्वाचन क्षेत्र 1957 में बना था, और AIADMK ने यहाँ 8 बार, DMK ने 3 बार और कांग्रेस ने 4 बार जीत हासिल कर चुकी है। 75 वर्षीय नेता, पन्‍नीरसेल्‍वम AIADMK से निष्कासित होने के बाद, AIADMK उम्‍मीद्वारा के रूप में चुनाव लेडेंगे। AIADMK के वी.टी. नारायणसामी और ऑल इंडिया पुरची थलाइवर मक्कल मुन्नेत्र कज़गम के उम्मीदवार भी मैदान में हैं। 2026 की मतदाता सूची के अनुसार, इस क्षेत्र में कुल 2 लाख 61 हजार 631 मतदाता हैं। चेन्नई से जॉय, की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

**************

हॉर्मुज जलमडरुमध्‍य को ब्‍लॉक करने की राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प की घोषणा के बाद अमरीकी सेना आज ईरानी बंदरगाहों से जहाजों की आवाजाही अवरुद्ध करने की कार्रवाई शुरू करेगी। अमरीकी मध्‍य कमान के अनुसार, ईरानी बंदरगाहों और तटवर्ती क्षेत्र से आने-जाने वाले सभी पोतों पर यह कार्रवाई लागू होगी। हालांकि गैर-ईरानी बंदरगाहों से गुजरने वाले पोतों को आने-जाने की अनुमति रहेगी। इसके जवाब में ईरान के इस्‍लामिक रेवोल्‍यूशनरी गार्ड कोर ने चेतावनी दी है कि अमरीका या उसकी सहयोगी सेना के किसी भी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा। ईरान ने हॉर्मुज जलमडरुमध्‍य पर पूरे नियंत्रण का भी दावा किया है।

 

ईरान के साथ शांति वार्ता विफल होने के बाद राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने हॉर्मुज जलमडरुमध्‍य से ईरानी कब्‍जा तत्‍काल हटाने का आदेश दिया है। उन्‍होंने कहा कि ईरान जल्‍द ही अमरीकी शर्तों पर बातचीत करेगा।

 

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने कहा है कि उनका देश शांति और सुरक्षा के लिए संतुलित समझौते को तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमरीका के दोहरे मापदंड इस दिशा में सबसे बड़ी रुकावट हैं। इस बीच, हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य को लेकर चिंता बनी हुई है। दुनिया के लगभग पांचवें हिस्से तेल और गैस की आपूर्ति इसी रास्ते से होती है। यहां किसी भी तरह का टकराव वैश्विक तेल आपूर्ति और कीमतों पर असर डालेगा। उधर, इज़राइल और हिज़्बुल्लाह के बीच संघर्ष जारी है। इज़राइल ने दक्षिण लेबनान के बिंत जबील में एक अस्पताल पर हमला करने का दावा किया है, जहां हिज़्बुल्लाह के लड़ाके मौजूद होने की बात कही गई है। इस बीच, ईरान के राष्ट्रपति ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बातचीत की है। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच कूटनीतिक कोशिशें जारी हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची बाजपेयी।

 

 

**************

ईरानी बंदरगाहों से जहाजों की आवाजाही अवरुद्ध करने की अमरीका की घोषणा के बाद वैश्विक बाजारों में तेल की कीमतें एक सौ अमरीकी डॉलर से अधिक हो गई हैं।

 

**************

इस बीच, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की दो दिन की संयुक्‍त अरब अमीरात यात्रा सम्‍पन्‍न हो गई है। इस दौरान उन्‍होंने संयुक्‍त अरब अमीरात के राष्‍ट्रपति शेख मोहम्‍मद-बिन-जायद-अल-नहयान से भेंट की और उन्‍हें प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का व्‍यक्तिगत संदेश सौंपा। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा सहयोग, व्‍यापार बढ़ाने और व्‍यापक रणनीतिक भागीदारी मजबूत करने पर चर्चा हुई। डॉ. जयशंकर ने संयुक्‍त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्‍दुल्‍ला-बिन-जायद-अल-नहयान से भी अलग से बाातचीत की। मुख्‍य रूप से क्षेत्रीय स्थिरता तथा पश्चिम एशिया संघर्ष और भारतीयों को सुरक्षित निकालने के प्रयासों पर चर्चा हुई। डॉ. जयशंकर की यह यात्रा खाड़ी देशों से ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के राजनयिक प्रयासों के तहत है।

**************

सुविख्‍यात पार्श्‍व गायिका आशा भोंसले का अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। कल मुंबई के एक अस्पताल में 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था। हमारी संवाददाता ने बताया है कि लोग आज सुबह 11 बजे से उनके आवास लोअर परेल स्थित कासा ग्रांडे में आशाताई के अंतिम दर्शन कर सकेंगे।

आठ दशकों से अधिक लंबे अपने शानदार करियर में, आशा भोसले अनेक संगीतकारों के साथ काम किया और हिंदी फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बनाई। अपने करियर के पहले दशक में आशा भोसले ने किसी भी अन्य पार्श्व गायक से अधिक गीत गाए! प्रसिद्ध संगीतकार ओ. पी. नैयर को 1957 में तुमसा नहीं देखाऔर नया दौरके साथ उन्हें बड़ा ब्रेक दिया। इसके बाद इस जोड़ी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और कई सुपरहिट गीत दिए। 1970 का दशक आशा भोसले और संगीतकार आर. डी. बर्मन, इन दोनों के सहयोग का साक्षी बना, जिसने एक दिग्गज जोड़ी को जन्म दिया। उमराव जानमें उनके सहयोग ने आशा भोसले को उनका पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिलाया। आशा भोसले पार्श्व गायन में सक्रिय रही और बाद में ए. आर. रहमान के साथ भी उन्‍होंने काम किया। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

**************

राष्ट्र आज वर्ष 1919 में पंजाब के अमृतसर स्थित जलियांवाला बाग में ब्रिटिश अधिकारी रेजिनाल्ड डायर द्वारा बेरहमी से मारे गए सैकड़ों निर्दोषों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।

 

आज राष्ट्र उन सैकड़ों निर्दोष लोगों को भी याद करता है, जिनकी वर्ष 1919 में जलियांवाला बाग में ब्रिटिश अधिकारी डायर द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई थी। निर्दोषों की उस हत्या ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को और अधिक प्रज्वलित कर दिया था। जलियांवाला बाग राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट, आज उन शहीदों की स्मृति में 107वां शहादत दिवस मना रहा है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।

 

**************

और अब खेल से जुड़ी खबरें, आईपीएल क्रिकेट में, कल मुंबई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 18 रन से हरा दिया।

प्रतियोगिता में आज हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।

 

**************

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्‍पीक कार्यक्रम में, भारत के महापंजीयक कार्यालय के उप महानिदेशक बिस्वजीत दास के साथ “जनगणना 2027: स्व-गणना कैसे करें” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।

**************

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से-

 

अमरीका और ईरान के बीच शांति वार्ता की विफलता आज के सभी समाचार पत्रों की पहली ख़बर है। अमर उजाला की सुर्खी है- शांति वार्ता नाकाम : खफा ट्रम्प ने नौसेना को दिये होर्मुज की नाकाबंदी के आदेश। परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज जल-डमरू-मध्य पर नियंत्रण और जब्त सम्पत्तियों की बहाली पर अटकी बात। पंजाब केसरी के शब्द हैं- 21 घण्टे की वार्ता के बाद अमरीकी उपराष्ट्रपति जे.डी वेंस बैरंग लौटे, ईरान का अमरीका की शर्तें मानने से साफ इंकार।

 

नवभारत टाइम्स ने अपने संपादकीय में लिखा है- बेनतीजा रही बातचीत ने पूरी दुनिया को फिर से चिंता में डाल दिया है। अविश्वास भरे जिस माहौल में वार्ता हुई उससे तुरंत किसी नतीजे की उम्मीद बहुत कम थी। अमरीका और ईरान को एक दूसरे पर भरोसा करना होगा, यही दुनिया के हित में है। इस्राएल को भी दुनिया की चिंताओं को समझते हुए लेबनान में जारी हमले बंद करने होंगे।

 

अरूणाचल पर चीन के दावे झूठे, विदेश मंत्रालय का यह बयान हिंदुस्तान में है। अरूणाचल प्रदेश के 24 स्थानों का चीन द्वारा नामकरण किये जाने पर भारत ने कहा इससे वास्तविकता नहीं बदलेगी। रिश्ते सामान्य करने की कोशिशों पर पड़ेगा असर।

 

महिला आरक्षण लागू करने का समय आ गया- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ये शब्द दैनिक ट्रिब्यून सहित कई अखबारों में है।

 जानी-मानी पार्श्व गायिका आशा भोंसले के निधन का समाचार भी अखबारों के पहले पन्ने पर है। दैनिक जागरण के शब्द हैं- गीतों में रह गई सुरों की ‘आशा’। अभी न जाओं छोड़कर कि दिल अभी भरा नहीं… शीर्षक से राजस्थान पत्रिका लिखता है – आशा भोंसले ने आठ दशक के गायन में मस्ती, प्रेम, विरह, और भक्ति के इंद्रधनुषी रंग भरे।

 

**************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्ली में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से गुजरात और महाराष्ट्र के चार दिन के दौरे पर रहेंगी।
  • प्रसिद्ध पार्श्‍व गायिका आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज शाम मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
  • राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप के होर्मुज जलडमरूमध्‍य को बंद करने के आदेश के बाद, अमरीकी सेना आज से ईरानी बंदरगाहों की समुद्री नाकेबंदी शुरू करेगी।
  • और आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 18 रन से हराया।

**************