मुख्य समाचार
अमरीका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा- इस्लामाबाद में अमरीका और ईरान के बीच ऐतिहासिक शांति वार्ता विफल।
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री के साथ आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का प्रचार ज़ोरों पर। प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता रैलियों में जुटे।
सरकार ने निर्यात पर अंकुश लगाने और घरेलू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए डीज़ल और विमानन ईंधन पर निर्यात शुल्क बढ़ाया।
बिहार के कटिहार में सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत।
और बिश्केक में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में, सुजीत कलकल और अभिमन्यु मांडवाल ने स्वर्ण पदक जीते।
******************************
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमरीका और ईरान के बीच लगभग 21 घंटे तक चली वार्ता, बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई है। अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बताया कि बातचीत में कोई समझौता नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि मुख्य मतभेद, ईरान से परमाणु हथियार न बनाने की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को लेकर है। श्री वेन्स ने कहा कि अमरीका ने ईरान के समक्ष अंतिम प्रस्ताव रखा है और अब ईरान की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
हमने ईरान के साथ बातचीत की है। यह अच्छी खबर है। बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए हैं और मुझे लगता है कि यह ईरान के लिए ज़्यादा बुरी खबर है, न कि अमरीका के लिए। हम बिना किसी समझौते पर पहुँचे ही अमरीका लौट रहे हैं। हमने यह बहुत साफ़ कर दिया है कि हमारी सीमाएं क्या हैं, किन बातों पर हम उनकी बात मानने को तैयार हैं, और किन बातों पर हम उनकी बात नहीं मानेंगे और ईरान ने हमारी शर्तें मानने से मना कर दिया है।
इससे पहले, ईरान सरकार ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक बयान में संकेत दिया था कि कुछ मतभेद बने रहने के बावजूद संवाद जारी रहेगा।
यह बैठक अमरीका और ईरान के बीच कई दशकों के बाद उच्चस्तरीय प्रत्यक्ष वार्ता रही। वार्ता के प्रमुख मुद्दों में पश्चिम एशिया में युद्धविराम, अमरीका में रोकी गई ईरानी संपत्तियों की रिहाई और हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से जुड़े विषय शामिल थे।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ समझौता हो या न हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि अभियान जारी है और अमरीका पहले ही जीत चुका है।
मुझे कई जानकारियां मिल रही हैं। जैसा कि शायद आपने देखा ही होगा, कई घंटों से वार्ता जारी हैं। देखते हैं क्या होता है। चाहे कुछ भी हो, जीत हमारी ही होगी। हमने उस देश को पूरी तरह हरा दिया है। हो सकता है वे कोई समझौता कर लें, और हो सकता है न करें।
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कल अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से भेंट की। इस दौरान, क्षेत्रीय स्थिति में हो रहे बदलावों और उसके प्रभावों पर चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने परस्पर सहयोग की समीक्षा की और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार किया। डॉ. जयशंकर ने भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने में संयुक्त अरब अमीरात सरकार के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि डॉ. जयशंकर की यह यात्रा, केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की खाड़ी देशों की यात्रा के साथ, पश्चिम एशिया में बदलती क्षेत्रीय परिस्थितियों के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा है।
******************************
सरकार ने कहा है कि उर्वरक संयंत्रों को आवंटित कुल गैस की मात्रा में 5 प्रतिशत की वृद्धि की जा रही है। इससे यह छह महीने की औसत खपत के लगभग 95 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया है कि मार्च से अब तक लगभग चार लाख 15 हजार पीएनजी कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जबकि लगभग चार लाख 55 हजार अतिरिक्त ग्राहकों ने नए कनेक्शनों के लिए पंजीकरण कराया है।
सरकार ने बताया कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए देश भर में कार्रवाई जारी है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय द्वारा पश्चिम एशिया क्षेत्र में संचालित भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय किए गए हैं। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी पोत जग विक्रम ने कल सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर लिया है। इसमें 24 नाविक सवार और यह लगभग 20 हजार चार सौ मीट्रिक टन एलपीजी लेकर आ रहा हैं। इसके 15 अप्रैल को मुंबई पहुंचने की संभावना है।
******************************
सरकार ने डीजल पर निर्यात शुल्क साढ़े 21 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर साढ़े 55 रुपये कर दिया है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि विमानन ईंधन पर भी निर्यात शुल्क साढ़े 29 रुपये से बढ़ाकर 42 रुपये कर दिया गया है।
वहीं, पेट्रोल पर निर्यात शुल्क शून्य रहेगा।
******************************
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव प्रचार जोरों पर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता जनसभा और रोड शो कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज सुबह लगभग 11 बजे सिलीगुड़ी के कावाखाली में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
वे दार्जिलिंग हिल्स और जलपाईगुड़ी जिलों के 13 भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा दार्जिलिंग जिले की सभी 5 सीटों, कलिम्पोंग जिले की 1 सीट और जलपाईगुड़ी जिले की 7 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की हुगली स्थित डनलप फैक्ट्री ग्राउंड में होने वाली जनसभा की तैयारियां जोर-शोर से जारी है। यह जनसभा आज चिनसुराह और सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित की जाएगी।
तृणमूल कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 15 अप्रैल को सिलीगुड़ी में एक विशाल चुनावी रैली में हिस्सा लेंगी।
इससे पहले कल भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कटवा, जांगीपुर और कुशमंडी में जनसभाएं कीं।
प्रधानमंत्री ने तुष्टीकरण समाप्त करने के लिए समान नागरिक सहिंता लागू करने का वादा किया।
भाजपा का संकल्प है बंगाल में यूसीसी लागू कर तुष्टीकरण की राजनीति को हमेशा के लिए खत्म किया जाएगा। अपनी पहचान और अपने भविष्य के लिए अब बंगाल परिवर्तन करके रहेगा।
******************************
निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी प्रदान करने की हमारी श्रृंखला में, आज हम तमिलनाडु के कड्डलूर जिले की वृधाचलम सीट की जानकारी दे रहे हैं। इस विधानसभा सीट पर पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है।
वृद्धाचलम विधानसभा क्षेत्र तटीय कुड्डालोर जिले में स्थित है और यह एक नदी-तटीय शहर है। इस जिले में नौ विधानसभा क्षेत्र हैं और यहां कुल 2 लाख 46,818 मतदाता हैं। यह जिला प्राकृतिक आपदाओं की चपेट में आता रहता है। वृद्धाचलम सीट पर इस बार अभिनेता विजयकांत द्वारा स्थापित पार्टी डीएमडीके की अध्यक्षा प्रेमलता विजयकांत चुनाव लड़ रही हैं। यह पहली बार है, जब डीएमडीके ने डीएमके के नेतृत्व वाले ‘सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस’ के साथ गठबंधन किया है। वृद्धाचलम अपने सिरेमिक औद्योगिक क्षेत्र के लिए जाना जाता है और इसे ‘देश का शक्कर का कटोरा’ भी कहा जाता है। काजू अनुसंधान का क्षेत्रीय केंद्र इसी शहर में स्थित है। इस विधानसभा सीट से अब तक कांग्रेस ने पाँच बार, जबकि डीएमके, एआईएडीएमके और डीएमडीके ने दो-दो बार जीत हासिल की है। इस शहर की साक्षरता दर 78 प्रतिशत है। वर्तमान में, यहाँ से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार एम.आर.आर. राधाकृष्णन विधायक हैं। जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
******************************
बिहार के कटिहार जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इस घटना में एक मोटरसाइकिल सवार की भी मौत हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
******************************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की घोषणा की। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
******************************
साधना सप्ताह के दौरान कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर 3 करोड़ 18 लाख से अधिक पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे किए गए।
2 से 10 अप्रैल तक आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी अधिकारियों के बीच निरंतर सीखने, कौशल संवर्धन और उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने को बढ़ावा देना था।
******************************
और, अब खेल जगत की हलचल के साथ हैं शक्ति प्रताप सिंह-
किर्गिस्तान के बिश्केक में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में सुजीत कलकल ने 65 किलोग्राम वर्ग और अभिमन्यु मंडवाल ने 70 किलोग्राम वर्ग के स्वर्ण पदक अपने नाम किये। भारत के प्रतियोगिता में दो स्वर्ण समेत कुल 14 पदक हो गए हैं। इस बीच, अमन सेहरावत 61 और मुकुल दहिया 86 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। शतरंज में भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. वैशाली ने साइप्रस में महिला कैंडिडेट्स प्रतियोगिता के 11वें दौर में एलेक्जेंड्रा गोरियाचकिना पर जीत दर्ज की। अब उनके सात अंक हैं और उनकी बढ़त बरकरार है। वहीं, ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख ने झू जिनर के साथ ड्रॉ खेला। आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई में कल रात चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हरा दिया। प्रतियागिता में आज दो मैच खेले जायेंगे। पहले मैच में दोपहर साढ़े तीन बजे लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना गुजरात टाइटन्स से होगा। दूसरे मुकाबले में शाम साढ़े सात बजे मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगे। इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में, आज इंटर काशी एफसी का मुकाबला मोहम्मडन एससी से और मोहन बागान सुपर जायंट का मुकाबला पंजाब एफसी से होगा। इससे पहले, कल केरल ब्लास्टर्स एफसी ने बेंगलुरु एफसी को 2-1 से हराया।
******************************
मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और काराईक्काल तथा कर्नाटक के तटवर्ती इलाकों में कल-तक गर्म और उमस भरा मौसम रहने का अनुमान व्यक्त किया है। देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में अगले दो दिन गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्रों, केरलम, माहे, दक्षिणी कर्नाटक, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में भी आज इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है।
******************************
अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से
पश्चिम एशिया घटनाक्रम पर विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर की मॉरीसस में भारत की स्पष्ट स्थिति देते हुए दैनिक जागरण ने डॉ. जयशंकर का बयान दिया है- पत्र के अनुसार जयशंकर बोले पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखना जरूरी, नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना गलत। कहा- जब ऊर्जा दुलर्भ महंगी हो जाती है तो इसका पूरे समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है।
इसी खबर पर दैनिक जागरण ने संपादकीय में हरहाल में खुले होर्मुज शीर्षक से लिखा है कि इस्लामाबाद में अमरीका और ईरान की बातचीत पर विंडबना ये है कि विश्व जिस वार्ता की सफल होने की प्रतीक्षा कर रहा है, उसे लेकर आशंकाएं अधिक है और उम्मीदें कम, क्योंकि यह वार्ता गहरे अविश्वास के बीच हो रही है।
वीर अर्जुन ने सफलता संदिग्ध, पर संतुष्ट सब शीर्षक से संपादकीय में लिखा है- कि समझौते की टेबल पर दोनों पक्ष तभी आते हैं जब वे किसी न किसी कमजोरी से ग्रस्त हों। अमरीका और ईरान इस युद्ध का परिणाम जानते हैं- अमरीका अपने जनधन और बारूदी संसाधनों से डरा हुआ है, तो ईरान हमले के दुष्परिणाम का एहसास कराने की जिद पर अड़ा है, भले ही वो तबाह हो जाए।
जनसत्ता की सुर्खी है- भारत-अमरीका एलपीजी सहयोग बढ़ाएंगे, विदेश सचिव विक्रम मिसरी का अमरीका दौरा खत्म।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार पर अमर उजाला के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी बोले-बदलाव को बंगाल तैयार, घुसपैठियों को हर-हाल में छोडना होगा देश। पत्र के अनुसार ममता बनर्जी ने उम्मीदवारी रद्द कराने की कोशिश का भाजपा पर आरोप लगाया। पंजाब केसरी का शीर्षक है- भाजपा लागू करेगी बंगाल में सी.ए.ए.।
देशबन्धु की सुर्खी है- पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले ई.डी. की कार्रवाई, पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी के आवास पर छापेमारी। भर्ती घोटाला मामले में दोबारा पूछताछ की जा सकती है।
दैनिक भास्कर के अनुसार ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा से सुरक्षित लौटे, अब चॉद पर लैंडिंग की तैयारी, ऑर्टेमस-टू का ध्वनि से 23 गुना तेज गति से वायुमंडल में प्रवेश।
राजस्थान पत्रिका ने खुशी शीर्षक से दिया है- पहली बार जंगल में जन्म, गामिनी चीता बनी नानी। कूनो नेशनल पार्क में गामिनी की बेटी ने चार शावकों को जन्म दिया।
******************************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
अमरीका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा- इस्लामाबाद में अमरीका और ईरान के बीच ऐतिहासिक शांति वार्ता विफल।
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री के साथ आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का प्रचार ज़ोरों पर। प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता रैलियों में जुटे।
सरकार ने निर्यात पर अंकुश लगाने और घरेलू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए डीज़ल और विमानन ईंधन पर निर्यात शुल्क बढ़ाया।
बिहार के कटिहार में सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत।
और बिश्केक में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में, सुजीत कलकल और अभिमन्यु मांडवाल ने स्वर्ण पदक जीते।
******************************