मुख्य समाचार-
- राष्ट्र आज समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- बयालीस नक्सलियों के समर्पण के बाद तेलंगाना नक्सलमुक्त घोषित।
- पश्चिम एशिया संघर्ष समाप्त करने के लिए अमरीका और ईरान की आज इस्लामाबाद में वार्ता।
- चंद्रमा की रिकॉर्ड परिक्रमा के बाद आर्टेमिस-II के अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर लौटे।
- इसरो ने आगामी गगनयान मिशन यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए दूसरा परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया।
- एशियाई विकास बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान साढे छह प्रतिशत से बढ़ाकर 6 दशमलव नौ प्रतिशत किया।
- और, आईपीएल क्रिकेट में गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को छह विकेट से हराया।
******
राष्ट्र आज समाज सुधारक और महान जनसेवक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। 1827 में आज ही के दिन जन्मे महात्मा फुले ने अपनी पत्नी सावित्री फुले के साथ मिलकर महिला शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। इसके साथ ही उन्होंने जाति व्यवस्था और छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए संघर्ष किया।
ज्योतिराव गोविंदराव फुले जिन्हें महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम से जाना जाता है। एक दूरदर्शी समाज सुधारक जिन्होंने भारत में कठोर जाति व्यवस्था को चुनौती देने और महिलाओं और हाशिये पर पड़े समुदायों के लिए शिक्षा और समानता के समर्थन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जन्म 11 अप्रैल 1827 को महाराष्ट्र के पुणे में एक निम्न जाति के माली परिवार में हुआ था। 1873 में उन्होंने महिलाओं, दलितों और शूद्र सहित शोषित समुदायों के अधिकारियों के लिए सत्यशोधक समाज की स्थापना की। ज्योतिबा फुले के विचारधारा, समानता, न्याय और तर्क बात पर आधारित थी। सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण के लिए उनके अथक प्रयासों ने भारतीय समाज पर अमिट छाप छोड़ी है। शिवांग मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
******
पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के लिए अमरीका और ईरान के बीच आज इस्लामाबाद में वार्ता होगी। अमरीकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जे.डी. वैंस करेंगे। उनके साथ राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और सलाहकार जेरेड कुशनर भी होंगे। श्री ट्रंप ने वार्ता के लिए इसे एक अच्छी टीम बताया है
ईरान का प्रतिनिधित्व संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाग़ेर क़लिबाफ़ करेंगे।
वार्ता में ईरान के परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइल और होर्मुज़ जलडमरू मध्य पर विशेष रूप से चर्चा होने की आशा है। होर्मुज़ में सैकड़ों तेल टैंकर फंसे हैं। ये वार्ता दो सप्ताह के युद्धविराम की राष्ट्रपति ट्रम्प की घोषणा के बाद हो रही है। ईरान, अमरीका से प्रस्तावित युद्धविराम से अलग शत्रुता के अधिक स्थायी अंत की गारंटी चाहता है। ईरान के 10 सूत्रीय प्रस्ताव में होर्मुज जलडमरू मध्य पर नियंत्रण, क्षेत्रीय ठिकानों से अमरीकी सेनाओं की वापसी, यूरेनियम संवर्धन का अधिकार और लेबनान में हिजबुल्लाह पर इस्राएली हमले रोकने की मांग की गई है। अमरीका ने कहा है कि यह प्रस्ताव उसके रुख के अनुरूप नहीं है। साथ ही कहा है कि ईरान की प्रमुख मांगें अमरीकी ढांचे से बाहर हैं। अमरीका ने इससे पहले परमाणु और मिसाइल प्रतिबंधों के साथ समुद्री सुरक्षा से संबंधित 15 सूत्रीय प्रस्ताव प्रसारित किया था।
इसके अलावा, इस्राएल और लेबनान के बीच वार्ता भी अगले सप्ताह वाशिंगटन में शुरू होने की संभावना है।
*********
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कल नै पी तॉ में म्यांमा की नई सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने दोनों उप-राष्ट्रपति तथा विदेश मंत्री के साथ चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि भारत म्यांमा के साथ बहुआयामी द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
********
तेलंगाना में 42 नक्सलियों के समर्पण के बाद राज्य को नक्सल मुक्त घोषित कर दिया गया है। तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी ने कहा कि नक्सली कमांडर सोडी मल्ला सहित 42 नक्सलियों के समर्पण के बाद राज्य नक्सल मुक्त हो गया है। श्री रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना राज्य समिति पूरी तरह भंग कर दी गई है। उन्होंने बताया कि 42 नक्सलियों ने पांच एके-47 राइफल, चार एसएलआर राइफल, दो देसी ग्रेनेड, एक हजार से अधिक कारतूस और 800 ग्राम सोने के साथ समर्पण किया। श्री रेड्डी ने कहा कि पुलिस विभिन्न क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी का पता लगाकर उन्हें हटाने के लिए समर्पण करने वाले नक्सलियों की सहायता ले रही है। उन्होंने कहा कि समर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकार से वित्तीय सहायता दी जा रही है और वे अपने रिश्तेदारों, दोस्तों से मिल सकते हैं और मीडिया से बातचीत कर सकते हैं।
******
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की जानकारी की विशेष श्रृंखला में आज बात पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में शीतलकुची सीट की। इस सीट पर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कूचबिहार जिले की शीतलकुची विधानसभा सीट पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। इस आरक्षित सीट पर 3 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 11 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार भाजपा ने साबित्री बर्मन को उम्मीदवार बनाया है। तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी हरिहर दास हैं। मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी के उम्मीदवार नामादीप्ति रॉय अधिकारी हैं और कांग्रेस ने सुकमल बर्मन को उम्मीदवार बनाया है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को लगभग अठारह हजार वोटों से हराया था। इस चुनाव में लगभग 3 लाख मतदाता 23 अप्रैल को उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मुख्य मुकाबला भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच है। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कूचबिहार जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस की बेईमानी का मुद्दा उठाया था। कल्याण लाहा की रिपोर्ट क साथ समाचार कक्ष से कृष्ण कांत।
******
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। तमिलनाडु में एक ही चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा।
विधानसभा की आठ सीटों पर उपचुनाव के लिए गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में 9 अप्रैल को मतदान हुआ। गुजरात और महाराष्ट्र में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। सभी चुनावों और उपचुनावों के वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
******
नासा के आर्टेमिस-द्वितीय चंद्र मिशन के चारों अंतरिक्ष यात्री आज पृथ्वी पर लौट आए हैं। उनका ओरियन अंतरिक्ष यान, इंटीग्रिटी स्वचालित नियंत्रण प्रणाली के तहत प्रशांत महासागर में उतरा।
चार सदस्यीय दल की यह वापसी ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रही है। इस रिकॉर्ड बनाने वाले चंद्र फ्लाईबाय मिशन के दौरान अंतरक्षि यात्रियों ने चंद्रमा के उन दूरस्थ हिस्से के दृश्य देखें, जिन्हें मानव आंखों द्वारा पहले कभी नहीं देखा गया था। इसके साथ ही उन्होंने पूर्ण सूर्यग्रहण का भी अवलोकन किया। कमांडर रीड वाइजमैन, पायलट विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और कनाडा के जेरेमी हैनसेन के साथ अंतरिक्ष यान ने ध्वनि की गति से 33 गुना तेज, यानि मैक 33 की रफ्तार से पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश किया। ऐसा दृश्य नासा के 1960 और 1970 के दशक के अपोलो चंद्र अभियानों के बाद पहली बार देखने को मिला। 10 दिन के इस मिशन के दौरान यह दल 50 वर्ष से अधिक समय बाद चंद्रमा की ओर जाने वाला पहला मानव दल बना। इसने पृथ्वी से अब-तक की सबसे अधिक दूरी तय करने का नया रिकॉर्ड भी बनाया। चारों अंतरिक्ष यात्री नासा के विशाल स्पेस लॉन्च सिस्टम रॉकेट से उड़ान भरने वाले और ओरियन अंतरिक्ष यान में यात्रा करने वाले पहले मानव भी बने। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
*******
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में गगनयान मिशन यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए दूसरा परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया है। इसे एकीकृत वायु-विस्फोट परीक्षण कहते हैं।
यह मानव सहित अंतरिक्ष उड़ान के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों के कैप्सूल, क्रू मॉड्यूल की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। मॉड्यूल के छोड़े जाने के बाद, 10 पैराशूट वाली प्रणाली का उपयोग किया गया। इससे कैप्सूल को सुरक्षित जलस्तर तक धीमा करने में सहायता मिली। पहला सफल परीक्षण 24 अगस्त, 2025 को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में हुआ था। इसमें, चिनूक हेलीकॉप्टर से 4 दशमलव 8 टन के डमी क्रू मॉड्यूल को तीन किलोमीटर की ऊंचाई से गिराया गया था। वायु-विस्फोट परीक्षण अंतरिक्ष यान की पृथ्वी पर वापसी के अंतिम चरण के लिए महत्वपूर्ण है। परीक्षण के दौरान विमान या हेलीकॉप्टर अंतरिक्ष यान को निश्चित ऊंचाई से नीचे छोड़ता है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सफल परीक्षण के लिए इसरो को बधाई दी है। भारत का पहला मानव सहित अंतरिक्ष मिशन वर्ष 2027 में श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपित किया जाएगा। समाचार कक्ष से चाहत सिंह।
******
एशियाई विकास बैंक-एडीबी ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत के विकास पूर्वानुमान को साढ़े 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 दशमलव 9 प्रतिशत कर दिया है। एडीबी के एशियाई विकास आउटलुक के अनुसार मजबूत घरेलू मांग, आसान वित्तपोषण स्थितियों और भारतीय वस्तुओं पर अमरीकी टैरिफ में कमी की वजह से चालू वित्त वर्ष में भारत की विकास दर मजबूत रहने की आशा है।
******
आईपीएल क्रिकेट में कल राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हरा दिया। राजस्थान की यह लगातार चौथी जीत है। वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। आज दोपहर साढ़े तीन बजे पंजाब किंग्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। शाम साढ़े सात बजे चेन्नई सुपर किंग्स और डेल्ही कैपिटल्स आमने-सामने होंगे।
******
भारत की मीनाक्षी गोयत ने कल किर्गिज्स्तान के बिश्केक में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत ने दक्षिण कोरिया की सियोयंग पार्क को 4-2 से हराया। मोनिका ने 65 किलोग्राम और हर्षिता ने 72 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीते।
******
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ–
धन्यवाद जागृति, आज प्रकाशित अख़बारों ने अलग-अलग ख़बरों को अपनी सुर्खी बनाया है। पश्चिम एशिया संघर्ष पर हिन्दुस्तान की सुर्खी है- शांति वार्ता पर संकट के बादल, ईरान बोला, लेबनान पर हमले रुके तभी अमरीका के साथ बातचीत सम्भव। ट्रम्प बोले, वार्ता विफल हुई तो फिर होंगे बड़े हमले। जनसत्ता ने ईरानी और अमरीकी वार्ताकारों की पहली औपचारिक बैठक को प्रमुखा देते हुए लिखा है- निगाहें शांति वार्ता पर, वेंस बोले उम्मीद है कि सब ठीक रहेगा।
अमर उजाला की सुर्खी है- घर से मिले अधजले नोटों की जांच के बीच जस्टिस यशवंत वर्मा का इस्तीफा। लोकसभा में महाभियोग प्रक्रिया के दौरान राष्ट्रपति को भेजा त्यागपत्र..अब कार्यवाही हो जाएगी निष्प्रभावी। घर में जला कैश मिलने के सालभर बाद जस्टिस वर्मा ने इस्तीफा दिया, लिखता है- दैनिक भास्कर।
नवभारत टाइम्स ने सर्वोच्च न्यायाल की कार्रवाई को अहमियत दी है- सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की 25 अर्जी। कहा- हर मु्द्दे पर सीधे कोर्ट न आए, किसी अथॉरिटी में कार्रवाई न हो, तो न्यायिक हस्तक्षेप जरूरी है।
दैनिक जागरण ने अपने सम्पादकीय पृष्ठ पर जासूसी का जाल शीर्षक से दिल्ली पुलिस द्वारा पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी की साजिशों के खुलासे को चिंताजनक बताया है। पत्र ने लिखा है कि- ऑपरेशन सिंदूर में पस्त होने से बोखलाया पाकिस्तान, भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए हर-सम्भव तरीके से हाथ-पांव मार रहा है।
लोकसत्य ने एक हजार किलोमीटर से अधिक लंबे क्वांटम नेटवर्क के सफल परीक्षण को प्रमुखता दी है- अब इंटरनेट डाटा चोरी करना होगा मुश्किल।
राजस्थान पत्रिका ने गिरती जनसंख्या शीर्षक से एआई के सकारात्मक पहलू पर ख़बर दी है- जापान में जॉब खा नहीं रहे, जिम्मेदारी उठा रहे रोबॉट। फिजिकल एआई ने सम्भाले वे काम, जिन्हें करने के लिए उपलब्ध नही इन्सान।
पंजाब केसरी की यह ख़बर ध्यान आकर्षित करती है- शादी करने से घट जाता है कैंसर होने का खतरा। कैंसर रिसर्च कम्यूनिकेशन्स जनरल में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार आपकी वैवाहिक स्थिति और कैंसर के खतरे के बीच एक मज़बूत और अक्सर नजर अंदाज कर दिया जाने वाले सम्बंध हो सकता है।
******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- राष्ट्र आज समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- बयालीस नक्सलियों के समर्पण के बाद तेलंगाना नक्सलमुक्त घोषित।
- पश्चिम एशिया संघर्ष समाप्त करने के लिए अमरीका और ईरान की आज इस्लामाबाद में वार्ता।
- चंद्रमा की रिकॉर्ड परिक्रमा के बाद आर्टेमिस-II के अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर लौटे।
- इसरो ने आगामी गगनयान मिशन यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए दूसरा परीक्षण भी सफलतापूर्वक संपन्न किया।
- एशियाई विकास बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान साढे छह प्रतिशत से बढ़ाकर 6 दशमलव नौ प्रतिशत किया।
- और, आईपीएल क्रिकेट में गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को छह विकेट से हराया।
**********