April 10, 2026 8:59 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. असम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान। केरलम में भी 78 प्रतिशत से अधिक वोट पड़े।
  2. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन पत्रों की आज जांच होगी।
  3. राष्‍ट्रपति की मंजूरी के साथ सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) अधिनियम अधिसूचित किया।
  4. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने वाशिंगटन में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की। परस्‍पर व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा सहयोग और क्वाड ढांचे में साझेदारी की समीक्षा की।
  5. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री के इस्राएल को पूरी तरह तबाह करने के बयान के बीच इस्राएल ने अमरीकाईरान युद्ध विराम में पाकिस्तान की मध्यस्थता की निंदा की।
  6. आई.पी.एल. क्रिकेट में, लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हराया।

******* ******* *******

असम, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव का मतदान शांतिपूर्वक संपन्‍न हो गया। असम की 126, केरलम की 140 और पुद्दुचेरी की 30 सीट के लिए कल वोट डाले गये। असम में 85 प्रतिशत से अधिक और केरलम में 78 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।

पुद्दुचेरी में लगभग 89 प्रतिशत मतदान हुआ। पुद्दुचेरी में अब तक का ये सर्वाधिक मतदान है।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए नाम वापस लेने और दूसरे चरण के लिए नामांकन का कल अंतिम दिन था। तमिलनाडु में भी कल नाम वापस लेने का अंतिम दिन था। मतगणना 4 मई को होगी।

******* ******* *******

असम के बराक घाटी में भी बड़ी संख्‍या में मतदातों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मतदान के बाद इलेक्‍ट्रोनिक वोटिंग मशीन को सिलचर, करीमगंज और हैलाकांडी के स्ट्रांग रूम में रखा गया है। 

दक्षिण असम की बराक घाटी में भी कल मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। जहां लगभग 84 प्रतिशत मतदान हुआ। कछार जिले में भी लगभग 84 प्रतिशत मतदान हुआ। जहां सिलचर शहर में मतदान करने वालों की संख्या में भारी वृद्धि देखी गई। हैलाकांडी के निर्वाचन क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। चाय बागान श्रमिकों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं ने वहां अधिक रूचि दिखाई। श्रीभूमि में घाटी में सबसे अधिक 85 प्रतिशत मतदान हुआ। कुछ विशेष मतदान केंद्रों का संचालन केवल महिला अधिकारियों द्वारा किया गया। सिलचर से शाश्वती भट्टाचार्जी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं राजेश मीणा।

******* ******* *******

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन पत्रों की जांच आज होगी। इस चरण में 142 सीटों के लिए नामांकन भरने की समय सीमा कल समाप्‍त हो गई। उम्‍मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 13 अप्रैल है। राज्‍य में भारतीय जनता पार्टी के विपक्ष के दिग्‍गज नेता शुभेंदु अधिकारी और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी दूसरे चरण के चुनाव में एक-दूसरे के प्रतिद्वंदी हैं। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।

******* ******* *******

तमिलनाडु, मतदान प्रक्रिया की कुडा वोलाई प्रणाली के लिए जाना जाता है। यह आज की संवैधानिक लोकतंत्र की पूर्ववर्ती प्रणाली है और इसकी जड़ें 900 ईस्वी में चोल साम्राज्‍य तक जाती हैं। आगामी विधानसभा चुनावों के निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल की श्रृंखला में आज हम जानकारी दे रहे हैं, 67 लाख से अधिक आबादी वाले राज्‍य तमिलनाडु की राजधानी चेन्‍नई की। यहां कुल 16 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र है।

विधानसभा चुनाव के लिए चेन्नई के कोलाथुर, चेपकतिरुवल्लिकेनी, मायलापुर और पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्र महत्वपूर्ण हैं। कोलाथुर में 238 मतदान केंद्र हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में सबसे बड़ा मछली बाजार भी है, जहां प्रतिदिन 10 लाख से अधिक सजावटी मछलियां बिकती हैं। कोलाथुर को चेन्नई का मछली भंडार भी कहा जाता है। रेटेरी झील पार्क कोलाथुर में हाल ही में खोला गया वाटरफ्रंट है। इनमें विज्ञानथीम वाला एक खेल मैदान है। कोलाथुर के निकट स्थानीय मछली बाजार विल्लीवाक्कम स्थित है, यहाँ एक रेलवे स्टेशन है। यह ताजी मछली, केकड़े और सूखी मछली की आपूर्ति के लिए भी जाना जाता है। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

******* ******* *******

सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल -सामान्य प्रशासन अधिनियम, 2026 अधिसूचित कर दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल इस विधेयक को मंजूरी दी थी। यह विधेयक राजपत्र में प्रकाशित हो चुका है।

नए अधिनियम में 50 प्रतिशत पद भारतीय पुलिस सेवा से महानिरीक्षक के पद पर प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरे जाने और न्यूनतम 67 प्रतिशत पद अपर महानिदेशक के पद पर प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरे जाने का प्रावधान है। नवगठित कानून का उद्देश्य केंद्रीय पुलिस बलों, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी में ग्रुप ए जनरल ड्यूटी अधिकारियों और अन्य कर्मियों की भर्ती तथा सेवा शर्तों को नियंत्रित करने वाली एक व्यापक और समान प्रणाली स्थापित करना है।

अधिनियम में केंद्र सरकार को भर्ती और सेवा शर्तों को नियंत्रित करने वाले नियम बनाने का अधिकार दिया गया है। यह किसी भी परस्पर विरोधी कानून, न्यायालय निर्णय या पूर्व प्रशासनिक आदेशों को रद्द कर देगा।

******* ******* *******

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

******* ******* *******

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि पिछले एक वर्ष में भारत और मॉरीशस के बीच साझेदारी में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पोर्ट लुई में मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम से भेंट के बाद डॉ. जयशंकर ने कहा कि चर्चा में समुद्री सहयोग, विकास साझेदारी, स्वास्थ्य, शिक्षा, क्षमता विकास और जन-संबंधों सहित कई क्षेत्र शामिल थे।

******* ******* *******

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने वॉशिंगटन में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से भेंट की। व्हाइट हाउस में इस बैठक के दौरान प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। दोनों पक्षों ने व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा सहयोग और क्वाड ढांचे पर जोर देते हुए भारत-अमरीका साझेदारी की समीक्षा की।

भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर भी बैठक में उपस्थित थे। उन्‍होंने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि चर्चा रचनात्मक और भविष्य के अनुकूल हुई। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो के अगले महीने भारत आने की संभावना है।

******* ******* *******

ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्‍याल वांगचुक से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान श्री लाल ने भारत और भूटान के बीच सदियों पुरानी मित्रता मजबूत करने में भूटान के राजा के निरंतर मार्गदर्शन और नेतृत्व के लिए आभार व्यक्त किया।

******* ******* *******

उत्तर प्रदेश में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने इस सप्ताह बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर दोनों नेताओं ने बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, फतेहपुर, उन्नाव और लखनऊ सहित कई प्रभावित जिलों का सर्वेक्षण किया। 

******* ******* *******

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संघर्ष विराम की प्रभावशीलता पर चिंता व्‍यक्‍त की है। उन्‍होंने आरोप लगाया है कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल प्रवाह के संबंध में सहमत शर्तों का पालन नहीं कर रहा है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में ईरान के तेल की आवाजाही के लिए इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से गुजरने वाले टैंकरों पर शुल्क लगाने की खबरों के खिलाफ चेतावनी दी। एक रिपोर्ट…

व्हाइट हाउस ने संघर्ष विराम समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने के अपने समर्थन को दोहराया है और ईरान की सेना द्वारा अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर टोल लगाने के किसी भी प्रयास का विरोध किया है। इस बीच इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू ने लेबनान के साथ सीधी बातचीत को मंजूरी दे दी है। इन वार्ताओं का उद्देश्य ईरान समर्थित हिजबुल्लाह को निरस्त्र करना और दोनों देशों के बीच संबंधों को सामान्य बनाने की संभावनाओं को तलाशना है। श्री नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि इस्राएल और लेबनान के बीच कोई संघर्ष विराम नहीं है। उन्‍होंने कहा कि इस्राएल की सेना उत्तरी इस्राएल में सुरक्षा बहाल होने तक हिजबुल्लाह के खिलाफ अभियान जारी रखेगी। इस्राएल ने पाकिस्‍तान के रक्षामंत्री ख्‍वाजा आसिफ की टिप्‍पणियों की भी कड़ी आलोचना की है। इस्राएल ने उनकी टिप्‍पणी को अत्‍यंत आपत्तिजनक बताया और पश्चिम एशिया में जारी तनाव में एक तटस्‍थ मध्‍यस्‍थ के रूप में पाकिस्‍तान की विश्‍वसनीयता पर सवाल उठाया। इस्राएल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी इन बयानों की निंदा करते हुए उन्‍हें स्‍पष्‍ट यहूदीविरोधी बताया। वहीं, ईरान के राष्‍ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि संघर्ष विराम स्‍वीकार करने का निर्णय देश के नेतृत्‍व द्वारा सर्वसम्मित से लिया गया है। इसे सर्वोच्‍च नेता ने स्‍वीकृति दी है। उन्‍होंने इस कदम को कमजोरी के बजाए एक रणनीतिक कदम बताया। समाचार कक्ष से मैं मनोज।

******* ******* *******

कुवैत ने ईरान और उसके सहयोगियों पर ईरान संघर्ष से जुड़े दो सप्ताह के युद्धविराम के बावजूद अपने क्षेत्र में ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया है। कुवैत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि कल रात देश में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर हमले किए गए।

******* ******* *******

ईरान के पूर्व विदेश मंत्री कमाल खर्राज़ी का आज निधन हो गया। खर्राज़ी इस सप्ताह के आरंभ में अपने आवास पर हुए हमले में घायल हो गए थे। उनकी पत्नी की भी इसी हमले में मृत्यु हो गई थी।

****** ******* *******

वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल से देश के पांच सौ 50 से अधिक नामित बैंक शाखाओं में शुरू होगा। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने बताया कि पंजीकरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा।

******* ******* *******

आकाशवाणी पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम पीपल्स पद्म के अंतर्गत, आज पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाली सुश्री कोल्लाकल देवकी अम्मा जी के साथ बातचीत प्रसारित की जाएगी।

******* ******* *******

मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। विभाग ने यह भी कहा है कि असम, मेघालय, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में दिन भर बिजली गरजने और तेज हवाओं की संभावना है।

******* ******* *******

आईपीएल क्रिकेट में आज, राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। यह मैच गुवाहाटी में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

प्रतियोगिता में कल लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हरा दिया। 182 रन के लक्ष्य के जवाब में लखनऊ ने 3 विकेट शेष रहते अंतिम गेंद पर जीत हासिल की। लखनऊ के मुकुल चौधरी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

******* ******* *******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

******* ******* *******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंफरहत नाज़।

  1. असम, केरलम और पुड्डुचेरी में कल हुए रिकॉर्ड मतदान की खबरें आज सभी अखबारों के मुख पृष्‍ठ पर है। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- लोकतंत्र के महापर्व में मतदान का कीर्तिमान। दैनि‍क भास्‍कर के शब्‍द हैं- केरल में नए संकेत… विजयन के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी की हवा, मुस्लिम वोटर एकजुट दिखे। नवभारत टाइम्‍स ने सुर्खी दी है-असम-पड्डुचेरी में रिकॉर्ड वोट, केरल में भी 78 दशमलव दो-सात प्रतिशत मतदान, वोट डालने में महिलाएं सबसे आगे। अमर उजाला लिखता है- महिलाओं ने दिखाया जोश, टूटे मतदान के रिकॉर्ड। राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है- ऊंचा मतदान, गहरे संकेत…असम, केरलम और पुड्डुचेरी में रिकॉर्ड वोट पड़े।
  2. ईरान और अमरीका-इस्राएल के बीच मौजूदा स्‍थिति पर भी प्रमुख अखबारों की नजर है। इस्‍लामाबाद में आज अमरीका और ईरान के बीच होने वाली शांतिवार्ता को मुख्‍य समाचार पत्रों ने अपनी सुर्खी बनाया है। पंजाब केसरी लिखता है- युद्धविराम पर संकट मंडराया। लेबनान पर इस्राएली हमलों में 300 मरे, होर्मुज में ईरान की बारूदी सुरंगें। अमर उजाला ने सुर्खी दी है- ईरान के तल्‍ख तेवर के बाद ट्रंप ने नेतन्‍याहू को कहा। लेबनान पर हमलें रोकें…हिजबुल्‍ला से बातचीत को तैयार हुआ इस्राएल।
  3. दैनिक जारगण ने अपने संपादकीय में युद्धविराम पर टिका आर्थिकी का भविष्‍य शीर्षक से लिखा है- पश्चिम एशिया में युद्धविराम से भारत के तेज विकास और महंगाई नियंत्रण के दौर को बचाए रखने में सहायता मिलेगी। पत्र लिखता है-शेयर बाजार में तेजी आने के साथ डॉलर की तुलना में रुपये को मजबूती मिली है। हाल में विश्‍व बैंक ने मजबूत घरेलू गतिविधियों के मद्देनजर भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था को पूरे दक्षिण एशिया में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली अर्थव्‍यवस्‍था कहा है।      
  4. देशबन्‍धु ने अर्थव्‍यवस्‍था शीर्षक से विश्‍व बैंक के हवाले से बॉक्‍स में खबर प्रकाशित की है- 6 दशमलव 6 फीसदी रहेगी भारत की जीडीपी वृद्धि दर।
  5. शबरीमला मंदिर मामले पर सर्वोच्‍च न्‍यायालय की टिप्‍पणी को दैनिक ट्रि‍ब्‍यून ने अपने मुख पृ‍ष्‍ठ पर जगह दी है। पत्र लिखता है- किसी को भी रोकने पर से हिन्‍दू धर्म पर पड़ेगा नकारात्‍मक प्रभाव। इसी खबर पर वीरअर्जुन ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय की टिप्‍पणी प्रकाशित की है- किसी वर्ग को मंदिर, मठ से बाहर रखने का हिन्‍दू धर्म पर नकारात्‍मक प्रभाव पड़ेगा।
  6. आज सिबलिंग दिवस पर अमर उजाला ने विशेष आलेख प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- बचपन हुआ स्‍क्रॉल, रिश्‍ते हुए म्‍यूट, भाई-बहनों का साथ में खेलना और नौक-झोंक रिश्‍ते को करते थे मजबूत। अब सोशल मीडिया पर चैट और स्‍क्रीन ने ले ली इनकी जगह।

******* ******* *******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. असम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान। केरल में भी 78 प्रतिशत से अधिक वोट पड़े।
  2. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन पत्रों की आज जांच होगी।
  3. राष्‍ट्रपति की मंजूरी के साथ सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) अधिनियम को अधिसूचित किया।
  4. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने वाशिंगटन में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की। परस्‍पर व्यापार, महत्वपूर्ण खनिजों, रक्षा सहयोग और क्वाड ढांचे में साझेदारी की समीक्षा की।
  5. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री के इस्राएल को पूरी तरह तबाह करने के बयान के बीच इस्राएल ने अमरीका-ईरान युद्ध विराम में पाकिस्तान की मध्यस्थता की निंदा की।
  6. आई.पी.एल. क्रिकेट में, लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हराया।

******* ******* *******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.