मुख्य समाचार
- असम, केरलम और केन्द्रशासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू।
- सरकार ने घरेलू विमान कम्पनियों के लिए राहत उपाय की घोषणा की। हवाई अड्डों पर शुल्क में 25 प्रतिशत तक कटौती।
- विश्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान छह दशमलव तीन प्रतिशत से बढ़ाकर छह दशमलव छह प्रतिशत किया।
- अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल मारियानों ग्रोसी ने तमिलनाडु के कलपक्कम में भारत की परमाणु उपलब्धि की सराहना की।
- पश्चिम एशिया संघर्ष समाप्त करने के लिए ईरान के साथ इस्लामाबाद में सीधी वार्ता में उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस अमरीकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में, गुजरात टाइटन्स ने रोमांचक मैच में डेल्ही कैपिटल्स को एक रन से हराया।
*****
असम, केरलम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान शुरू हो गया है। असम, केरलम और पुद्दुचेरी में एक ही चरण में वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
असम में विधानसभा की 126 सीटों के लिए 722 उम्मीदवार चुनाव लड रहे हैं।
केरलम में कुल 8 सौ 83 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के मद्देनजर आज राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
पुद्दुचेरी में, 294 उम्मीदवार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
इस बीच, तमिलनाडु में एक चरण में होने वाले मतदान और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन वापस लेने का आज आखिरी दिन है। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने का भी आज आखिरी दिन है।
सभी चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के वोटों की मतगणना 4 मई को होगी।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम, केरलम और पुद्दुचेरी के मतदाताओं से बड़ी संख्या में मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि युवा और महिला मतदाता उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र का उत्सव बनाएंगे।
*****
सरकार ने घरेलू विमानन कंपनियों के लिए राहत उपायों की घोषणा की है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि इसके तहत लैंडिंग और पार्किंग शुल्क में 25 प्रतिशत की कटौती की गई है। यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और तीन महीने तक प्रभावी रहेगी।
इस कदम का उद्देश्य भारतीय विमानन कंपनियों पर परिचालन लागत के दबाव को कम करना और वैश्विक ईंधन कीमतों में वृद्धि के बावजूद यात्रियों के लिए हवाई यात्रा को किफायती बनाए रखना है। वैश्विक कच्चे तेल की अस्थिरता के कारण विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में भारी वृद्धि से विमानन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। भारतीय विमानन प्राधिकरण (एटीटी) को देश भर के अन्य हवाई अड्डों पर भी यही कमी लागू करने का निर्देश दिया गया है। सरकार का अनुमान है कि इस कदम से तीन महीने की अवधि में ही हवाई यात्रा की लागत कम हो जाएगी। शुल्क में कमी के कारण हवाई अड्डों को होने वाली किसी भी राजस्व कमी को भविष्य में निशुल्क निर्धारण के दौरान समायोजित किया जाएगा। ऋषु जायसवाल की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्णकांत।
*****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*****
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप पश्चिम एशिया क्षेत्र में कई सप्ताह के संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से ईरान के साथ प्रत्यक्ष वार्ता करने के लिए उपराष्ट्रपति जे.डी.वेन्स के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल और अन्य शीर्ष अधिकारियों को इस्लामाबाद भेज रहे हैं। पहले दौर की वार्ता शनिवार की सुबह होगी। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ टेलीफोन पर बातचीत के बाद तेहरान इस्लामाबाद वार्ता में शामिल होगा। ईरान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघर गालिबफ के करने की उम्मीद है। वे ईरान के युद्धकालीन नेतृत्व के मुख्य व्यक्ति हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा कल दो सप्ताह के संघर्ष विराम की घोषणा किए जाने के बाद यह वार्ता होने जा रही है।
इस बीच, इस क्षेत्र में विशेषकर लेबनान में छिटपुट संघर्ष जारी है, जहां इस्राएल हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले कर रहा है। ईरान ने इन हमलों को संघर्ष विराम का उल्लंघन बताया है।
*****
विश्व बैंक ने मजबूत घरेलू मांग और मुक्त व्यापार समझौतों के कारण मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए भारत में विकास दर का पूर्वानुमान छह दशमलव तीन प्रतिशत से बढ़ाकर छह दशमलव छह प्रतिशत कर दिया है। विश्व बैंक ने आशा व्यक्त की है कि दक्षिण एशिया में भारत विकास का प्रमुख इंजन बना रहेगा। एक रिपोर्ट …
मजबूत घरेलू मांग और निर्यात लचीलेपन के कारण भारत में विकास दर वित्त वर्ष 2025 के सात दशमलव एक प्रतिशत से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में सात दशमलव छह प्रतिशत हो जाने का अनुमान है। कम मुद्रास्फीति और वस्तु तथा सेवा कर के युक्तिकरण के कारण निजी उपभोग वृद्धि विशेष रूप से सुदृढ़ रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2027 के पहली छमाही में उपभोक्ता मामलों को समर्थन देने के लिए जीएसटी दरें जारी रहनी चाहिए। वैश्विक ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि से कीमतों पर दबाव बढ़ने और परिवारों की व्यय योग्य आय सीमित होने की आशंका है। विश्व बैंक समूह ने अपनी त्रैमासिक क्षेत्रीय परिप्रेक्ष्य रिपोर्ट में कहा है कि विकास की संभावनाएं मुख्य रूप से भारत के प्रदर्शन से प्रेरित हैं। इसे मजबूत घरेलू मांग, शुल्क कटौती और ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौतें वाले हालिया व्यापार समझौतों का समर्थन प्राप्त है। विश्व बैंक के दक्षिण एशिया उपाध्यक्ष, जोहान्स ज़ुट ने कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक वातावरण के बावजूद दक्षिण एशिया की विकास संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं। समाचार कक्ष से मैं मनोज।
*****
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी- आई.ए.ई.ए. के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रोसी ने तमिलनाडु के कल्पक्कम में प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर के क्रिटिकल अवस्था हासिल करने की उपलब्धि पर भारत की सराहना की है। यह ऐतिहासिक कदम देश के स्वदेशी परमाणु कार्यक्रम और लंबे समय तक ऊर्जा की स्थिरता हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री ग्रोसी ने इस उपलब्धि को भारत की प्रभावशाली प्रगति बताया। यह ईंधन की स्थिरता और परमाणु ऊर्जा के भविष्य की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि आई.ए.ई.ए. भारत के परमाणु कार्यक्रम के सुरक्षित और संरक्षित विकास में सहयोग जारी रखेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई भी दी।
*****
गुजरात के कच्छ ज़िले के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित सरदार पोस्ट पर आज ‘शौर्य दिवस’ मनाया जा रहा है। एक रिपोर्ट …
कच्छ में सीमावर्ती सरदार पोस्ट पर आयोजित होने वाले इस शौर्य दिवस कार्यक्रम में सीआरपीएफ के वरिष्ट अधिकारी और जवान शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देंगे और बैंड प्रदर्शन के माध्यम से वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। 9 अप्रैल की सुबह लगभग 3500 पाकिस्तानी सैनिकों की इन्फैंट्री ब्रिगेड ने इन पोस्टों पर अचानक हमला किया। इस संघर्ष में 34 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। इस बहादुरीपूर्ण मुकाबले में सीआरपीएफ के 7 जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। छोटी टुकड़ी होने के बावजूद जवानों ने लगभग 15 घंटे तक दुश्मन की ब्रिगेड का सामना किया, जो सैन्य इतिहास में एक अद्वितीय उदाहरण माना जाता है। अशरफ नथवाणी, आकाशवाणी समाचार, भुज।
*****
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीआरपीएफ शौर्य दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनरल फान वान जियांग को वियतनाम के उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय रक्षा मंत्री नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है। वियतनाम की नई सरकार के लिए यह नियुक्ति कल आधिकारिक रूप से घोषित की गई। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत-वियतनाम साझेदारी आने वाले वर्षों में और अधिक मजबूत होगी तथा दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
*****
आईपीएल क्रिकेट में रोमांचक मैच में गुजरात टाइटंस ने देल्ही कैपिटल्स को सिर्फ़ एक रन से हरा दिया। कल रात दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गुजरात टाइटंस ने निर्धारित बीस ओवर में चार विकेट पर 210 रन बनाए। लेकिन देल्ही कैपिटल्स आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी। देल्ही कैपिटल्स के लिए के.एल. राहुल ने सर्वाधिक 92 रन बनाए।
गुजरात टाइटंस के राशिद खान ने तीन विकेट लिए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ घोषित किया गया।
आज कोलकाता के ईडन गार्डन्स में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
*****
भारतीय ग्रीको-रोमन पहलवानों ने कल किर्गिस्तान के बिश्केक में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में तीन पदक जीते। नितेश सिवाच ने रजत, जबकि प्रिंस और सचिन सहरावत ने कांस्य पदक जीते। कल सम्पन्न इस प्रतियोगिता में भारत ने कुल पाँच पदक जीते। इससे पहले मंगलवार को, ललित सहरावत ने 55 किलोग्राम वर्ग में रजत और सुनील कुमार ने 87 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता।
महिलाओं की फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धाएं भी कल से शुरू हो गईं।
*****
मौसम विभाग ने आज पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। असम और मेघालय में दिन भर गरज और ओलावृष्टि की संभावना है। विभाग ने ओडिशा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उप-हिमालयी, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कल तक बादल गरजने और बिजली गिरने की आशंका जताई है। अरुणाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।
*****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं–मुकेश कुमार बल।
- ईरान और अमरीका इस्राएल के बीच जंग थमने का समाचार आज सभी अखबारों की पहली सुर्खी बनी है। हिन्दुस्तान लिखता है- संघर्ष थमा पर संशय कायम। ईरान अमरीका में दो सप्ताह के युद्ध विराम का ऐलान मगर हमले नहीं थमे। दैनिक जागरण लिखता है-पश्चिम एशिया में दो सप्ताह का युद्ध विराम। अमरीका, ईरान ने किए अपनी-अपनी जीत के दावे। पाकिस्तान में होगी वार्ता। कच्चा तेल सौ डॉलर प्रति बैरल से नीचे आया।
- फिलहाल जंग थमने से बाजार में पांच साल की सबसे तूफानी तेजी। सभी समाचार पत्रों की सुर्खी है। पत्र लिखते हैं- निवेशकों ने बुधवार को कमाए सतरह लाख करोड़ रूपए।
- जनसत्ता ने केरलम, असम और पुद्दुचेरी में आज विधानसभा चुनाव होने का समाचार दिया है। पत्र लिखता है-कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान आज। दैनिक भास्कर के शब्द हैं- केरलम, असम में सत्तारूढ़ दल फिर सत्ता पाने की कोशिश में।
- पहाड़ों पर बिछी बर्फ की चादर। मैदानों में आज बारिश। जम्मू कश्मीर में बर्फबारी से राजमार्ग बाधित, वैष्णों देवी यात्रा पर भी असर। अमर उजाला की सुर्खी है। देशबंधु ने राजधानी दिल्ली में हवा साफ होने का समाचार दिया है। पत्र लिखता है- दिल्ली एनसीआर में बहुत वर्षों बाद ग्रीन जोन में एक्यूआई।
- देशबंधु ने अपने संपादकीय पन्ने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लेख प्रकाशित किया है- शीर्षक है आइए मिलकर भारत की नारी शक्ति को सशक्त करें। पत्र लिखता है- पिछले कई दशकों से लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं को उनका उचित स्थान दिलाने के लिए बार-बार प्रयास हुए हैं और हमारे पारंपरिक मूल्य बताते हैं कि कोई भी समाज तब तक प्रगति करता है जब माताओं और बहनों को आगे बढ़ने के अधिक से अधिक मौके मिलते हैं।
- राजस्थान पत्रिका ने हवा में बढ़ा मुसाफिर शीर्षक से खबर प्रकाशित की है- बीच उड़ान गूंजी किलकारी। नागरिकता पर असमंजस। कैरेबियन एयरलाइंस की जमैका से न्यूयॉर्क की उड़ान में जन्मा बच्चा।
- दैनिक ट्रिब्यून ने हरियाणा सरकार के दो बड़े फैसले प्रकाशित किए हैं- हरियाणा मजदूरी में 35 प्रतिशत वृद्धि, अग्निवीरों का आरक्षण डबल।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- असम, केरलम और केन्द्रशासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू।
- सरकार ने घरेलू विमान कम्पनियों के लिए राहत उपाय की घोषणा की। हवाई अड्डों पर शुल्क में 25 प्रतिशत तक कटौती।
- विश्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की वृद्धि दर का अनुमान छह दशमलव तीन प्रतिशत से बढ़ाकर छह दशमलव छह प्रतिशत किया।
- अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल मारियानों ग्रोसी ने तमिलनाडु के कलपक्कम में भारत की परमाणु उपलब्धि की सराहना की।
- पश्चिम एशिया संघर्ष समाप्त करने के लिए ईरान के साथ इस्लामाबाद में सीधी वार्ता में उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस अमरीकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में, गुजरात टाइटन्स ने रोमांचक मैच में डेल्ही कैपिटल्स को एक रन से हराया।
*****