April 8, 2026 9:13 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. होर्मुज़ जलडमरू मध्‍य को खोलने की शर्त के साथ अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने दो हफ्तों के लिए युद्ध विराम की घोषणाा की। ईरान भी सहमत, होर्मुज़ को सुरक्षित आवाजाही के लिए खोला।
  2. युद्ध विराम की घोषणा से कच्‍चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट।
  3. विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज नई दिल्‍ली में बांग्‍लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान के साथ बातचीत करेंगे।
  4. भारतीय रिजर्व बैंक वित्‍त वर्ष 2026-27 के लिए आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा।
  5. केंद्र सरकार ने यथा स्थिति के आधार पर दिल्‍ली की अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने की घोषणा की।
  6. आई.एस.एस.एफ विश्‍व कप में निशानेबाज पलक और मुकेश ने दस मीटर एयर पिस्‍टल मिक्‍सड स्‍पर्धा में स्‍वर्ण पदक जीतकर विश्‍व रिकॉर्ड बनाया।  

*******

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ जलडमरू मध्‍य खोलने की शर्त पर ईरान के साथ दो सप्ताह के अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की है। यह घोषणा उनके द्वारा दी गई उस समयसीमा से ठीक पहले आई है, जिसमें उन्होंने ईरान के बुनियादी ढांचे पर भीषण हमले की चेतावनी दी थी। एक रिपोर्ट-

राष्‍ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दोनों पक्षों को द्विपक्षीय युद्धविराम पर सहमत होना चाहिए। ट्रंप ने दावा करते हुए कहा कि अमरीका अपने सैन्य लक्ष्य हासिल कर चुका है और संघर्ष सुलझने के करीब है।

दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि अगर ईरान पर हमले बंद कर दिए जाते हैं, तो वह युद्धविराम के लिए सहमत है। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह की अवधि के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवागमन संभव होगा

स बीच, ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए कहा कि अमरीका ने ईरान की 10 सूत्रीय योजना को स्वीकार कर लिया है। इससे पहले, कल रात राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान के होर्मुज जलडमरूमध्य समझौते को पूरा न करने पर ईरानी सभ्यता को नष्ट करने की धमकी दी थी। उन्होंने इसके लिए आज सुबह साढ़े पांच बजे तक का समय निर्धारित किया था। इस बीच, दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते के बाद वैश्विक तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है। शेयर बाजारों में भी उछाल आया है। बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर से नीचे गिर गई, करीब 16 प्रतिशत की गिरावट के साथ यह 92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया समाचार कक्ष से आनंद पाठक ।

*******

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर आज दोपहर नई दिल्ली में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान से मुलाकात करेंगे। वे तीन दिन की भारत  यात्रा पर कल शाम नई दिल्ली पहुंचे। श्री रहमान की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल, केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मुलाकात करने की उम्‍मीद है।

*******

विदेश सचिव विक्रम मिसरी अमरीका की तीन दिन की यात्रा पर आज वाशिंगटन डीसी पहुंचेगे। इस दौरान वे अमरीका के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई विषयों पर चर्चा करेंगे। इनमें व्यापार, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा आपसी हित के मुद्दे शामिल हैं। विदेश सचिव क्षेत्रीय तथा वैश्विक घटनाओं पर भी बातचीत करेंगे।

*******

भारतीय रिज़र्व बैंक आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा। रिज़र्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ​​आज वित्तीय वर्ष 2026-27 की अपनी पहली बैठक में मौद्रिक नीति समिति द्वारा लिए गए निर्णयों की जानकारी देंगे। गवर्नर की अध्यक्षता में गठित छह सदस्यीय समिति सोमवार से ब्याज दरों, मुद्रास्फीति के दृष्टिकोण और विकास अनुमानों जैसे प्रमुख पहलुओं पर विचार-विमर्श कर रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट से मुद्रास्फीति बढ़ने की आशंका को देखते हुए, रिज़र्व बैंक द्वारा अप्रैल में होने वाली मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक में मानक नीतिगत रेपो दर को 5 दशमलव दो पांच प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने की संभावना है।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कल यथास्थिति के आधार पर दिल्‍ली की अनधिकृत कालोनियों के नियमितीकरण की घोषणा की। नई दिल्‍ली में दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता के साथ एक संवाददाता सम्‍मेलन में उन्‍होंने कहा कि मौजूदा ढांचों को मान्‍यता दी जाएगी, वहीं आगामी निर्माण कार्य में नगर निगम के नियमों का कडाई से पालन किया जाएगा।

2019 के अंदर पीएम उदय नाम से हमने मालिकाना हक देने के लिए एक्‍ट बनाया। हमने आकरके उसको रेगुलाइजेशन के साथ जोडा है। आज से पूर्व रेगुलाइजेशन के सारे नियम लागू करके अब लोग आगे आकर अपने मालिकाना हक की रजिस्‍ट्री भी कराएंगे और किसी को नया मकान बनाना है तो उसके लिए भी विधिवत एमसीडी के माध्यम से उसका प्लान वह तैयार करके उनको दिया जाएगा ताकि नए मकान वो बना सकें। एमसीडी के नॉर्मस के हिसाब से नया कंस्ट्रक्शन चाहे पूरा करना है, तोड़ के बनाना है अथवा अपने पहले वाले कंस्ट्रक्शन में कुछ एडिशन करना है। वो सब एमसीडी के नॉर्मस के हिसाब से ही करेंगे।

*******

दिल्ली सरकार ने व्यावसायिक गैस सिलेंडर की उपलब्धता बढ़ा दी है। प्रवासी श्रमिकों और छात्रों के लिए प्रतिदिन 19 किलोग्राम क्षमता वाले 180 सिलेंडरों के स्‍थान पर 360 सिलेंडर आवंटित किए गए हैं। दिल्ली के खाद्य और आपूर्ति मंत्री मजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़े और सरकारी संस्थानों, होटलों, रेस्तरां, ढाबों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं सहित सभी क्षेत्रों में 19 किलोग्राम की क्षमता वाले 6 हजार से अधिक सिलेंडरों की दैनिक उपलब्धता है। इसे पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्राथमिकता दी जा रही है।

*******

उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। सरकार ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अनावश्यक रूप से ईंधन की जमाखोरी न करें। वर्तमान में, राज्य में 92 हजार किलोलीटर पेट्रोल और एक लाख 22 हजार किलोलीटर डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है।

*******

असम, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार कल समाप्‍त हो गया। असम की 126, केरलम की 140 और पुद्दुचेरी की 30 सीटों के लिए कल एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे।

*******

पुद्दुचेरी में कल सुचारू और सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को सुरक्षित रखने वाले स्ट्रांग रूम खोलने की प्रक्रिया आज सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई।

महिला इंजीनियरिंग कॉलेज, मोतीलाल नेहरू सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज और टैगोर सरकारी कला एवं विज्ञान कॉलेज के स्ट्रांग रूम आज सुबह लगभग 8 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच खोल दिए गए। यहां से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वीवीपीएटी मतदान केंद्रों पर भेजी जा रही हैं। कल मशीनें सेक्टर अधिकारियों को सौंप दी जाएंगी। राज्‍यों में शान्तिपूर्ण और निष्‍पक्ष मतदान के लिए पुद्दुचेरी जिले में ही कुल 4,116 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में 3,000 से अधिक पुलिसकर्मी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 45 कंपनियां और कर्नाटक पुलिस की विशेष इकाई शामिल हैं। 137 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर 155 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। पुद्दुचेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची वाजपेई।

*******

केरलम में कल होने वाले चुनाव में पर्यावरण पर विशेष ध्‍यान दिया गया है। मतदान के दौरान पर्यावरण संरक्षण प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। एक रिपोर्ट-

केरलम के सभी मतदान केंद्रों में ग्रीन प्रोटोकॉल के अनुपालन के लिए व्यापक उपाय किए गए हैं। एकल उपयोग वाले प्लास्टिक और थर्मोकोल की वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। कुडुम्बश्री इकाइयों के माध्यम से स्‍टील और कांच के बर्तन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हरित कर्म सेना के सहयोग से एक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली की व्यवस्था की गई है। जागरूकता बढ़ाने के लिए पिछले तीन हफ्तों से “ग्रीन बटन” अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्‍लंघन करने वालों पर परिणामस्वरूप राज्य भर में 8 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। गौरतलब है कि पिछले साल केरलम में स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान अपनाई गई हरित प्रोटोकॉल पहलों ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया था। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं अमित कुमार त्‍यागी।

*******

आकाशवाणी से प्रसारित होने वाली हमारी श्रृंखला ‘पीपल्स पद्मके अंतर्गत, हम समाज सेविका सुश्री एस. जी. सुशीलाम्मा से बातचीत करेंगे।

*******

यह चर्चा आज सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर आकाशवाणी के एफ. एम. गोल्ड चैनल पर सौ दशमलव एक मेगाहर्ट्ज पर प्रसारित की जाएगी।

*******

भारततिब्बत सीमा पुलिसआईटीबीपी द्वारा आयोजित 25वां अखिल भारतीय जल क्रीड़ा क्लस्टर आज उत्तराखंड के टिहरी जिले के वसाई में शुरू होने जा रहा है। यह पांच दिवसीय आयोजन इस महीने की 12 तारीख तक चलेगा। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से.

*******

इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर की 19 पुलिस टीमों के 440 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में कैनोइंग, रोइंग और कायकिंग सहित कुल 52 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें राज्य पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टिहरी झील में होने वाला यह आयोजन खेल के साथसाथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

*******

स्पेन में आयोजित आई.एस.एस.एफ विश्व कप में कल भारतीय निशानेबाज पलक गुलिया और मुकेश नेलावल्ली ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्‍सड टीम स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता।

फाइनल में दोनों ने कुल 487 दशमलव 7 अंक हासिल किए। विश्व कप में नेलावल्ली का यह पहला पदक रहा।

*******

आईपीएल क्रिकेट में, राजस्थान रॉयल्स ने कल रात गुवाहाटी में मुंबई इंडियंस को 27 रन से हरा दिया। लगातार बारिश की वजह से मैच 11 ओवर का कर दिया गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए, राजस्थान ने 3 विकेट पर 150 रन बनाए। जवाब में, मुंबई इंडियंस ने 9 विकेट खोकर 123 रन बनाए।

आज दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला होगा गुजरात टाइटन्स से ओर यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे खेला जाएगा।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंफरहत नाज।

  1. देश की राजधानी से प्रकाशित हिन्दी अखबारों ने पश्चिम एशिया के घटनाक्रम के साथ ऐसे मुद्दों को सुर्खियों में जगह दी है, जिनका संबंध देश की आंतरिक राजनीति और नई चुनौतियों से है। नवभारत टाइम्स का शीर्ष समाचार है- सभ्यता की अग्निपरीक्षा। ईरान ने चेताया रेडलाईन पार न करें।
  2. वहीं, लोकसत्य ने दिल्ली में एक हज़ार पांच सौ ग्यारह अनधिकृत बस्तियों को नियमित किए जाने के केन्द्र सरकार के निर्णय को अपना पहला समाचार बनाया है- सीएम रेखा गुप्ता की पहल पर केन्द्र सरकार का ऐतिहासिक फैसला अमर उजाला ने इसी खबर को शीर्षक दिया है- 45 लाख लोगों को राहत, अनधिकृत बस्तियां होंगी नियमितपंजाब केसरी ने इस निर्णय की घोषणा करते हुए केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री और मेयर की तस्वीर प्रकाशित की है
  3. जनसत्ता ने अपने संपादकीय को शीर्षक दिया है- धमकियों का जाल। अखबार का कहना है कि देशभर में शिक्षा संस्थानों, अस्पतालों, सरकारी भवनों और अन्य सरकारी सार्वजनिक स्थलों को बम से निशाना बनाने की झूठी धमकियों का बढ़ता सिलसिला सुरक्षा के लिहाज़ से चुनौती बन गया है। पत्र याद दिलाता है कि हाल के वर्षों में ऐसी धमकियां बढ़ी हैं इसलिए सरकार और प्रशासन को गंभीरता से विचार करना होगा क्योंकि यह केवल दहशत फैलाने का मामला नहीं है, बल्कि देश की सुरक्षा और तकनीकी क्षमता का भी सवाल है।
  4. देशबंधु की सुर्खी है – अब हवाई सफर होगा महंगा, एयर इंडिया ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. होर्मुज़ जलडमरू मध्‍य को खोलने की शर्त के साथ अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने दो हफ्तों के लिए युद्ध विराम की घोषणाा की। ईरान भी सहमत, होर्मुज़ को सुरक्षित आवाजाही के लिए खोला।
  2. युद्ध विराम की घोषणा से कच्‍चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट।
  3. विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज नई दिल्‍ली में बांग्‍लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान के साथ बातचीत करेंगे।
  4. भारतीय रिजर्व बैंक वित्‍त वर्ष  2026-27 के लिए आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा।
  5. केंद्र सरकार ने यथा स्थिति के आधार पर दिल्‍ली की अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने की घोषणा की।
  6. आई.एस.एस.एफ विश्‍व कप में निशानेबाज पलक और मुकेश ने दस मीटर एयर पिस्‍टल मिक्‍सड स्‍पर्धा में स्‍वर्ण पदक जीतकर विश्‍व रिकॉर्ड बनाया। 

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.