मुख्य समाचार
- भारत ने परमाणु क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की, तमिलनाडु के कल्पक्कम में स्वदेश निर्मित प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर परमाणु विखंडन श्रृंखला के स्व: संचालित स्तर पर पहुंचा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परमाणु क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की और इसे देश की नागरिक परमाणु यात्रा में एक निर्णायक कदम बताया।
- असम, केरलम और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में मान्यता देने वाले विधेयक को मंजूरी दी।
- भारतीय सेना ने मानवरहित हवाई प्रणाली और आत्मघाती ड्रोन क्षेत्रीय प्रणाली की प्रौद्योगिकी से जुड़ी़ योजनाओं का अनावरण किया।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने निर्धारित समय सीमा से पहले होर्मुज जलडमरूमध्य न खोलने की स्थिति में ईरान को एक ही रात में तबाह करने की धमकी दी।
*******
तमिलनाडु के कलपक्कम में स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने परमाणु विखंडन श्रृंखला के स्व: संचालित स्तर पर पहुंचने की उपलब्धि हासिल कर ली है। और इसके साथ ही भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की है। कल रात सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत अपने नागरिक परमाणु ऊर्जा यात्रा में एक निर्णायक कदम उठा रहा है, जो देश के तीन चरणों वाले परमाणु कार्यक्रम के दूसरे चरण को ओर आगे बढ़ाता है। ब्योरा हमारे संवाददाता से –
तमिलनाडु के कलपक्कम में स्थित 500 मेगावाट विद्युत क्षमता वाला फास्ट रीडर रिएक्टर भारतीय नाभिकीय विद्युत निगम लिमिटेड द्वारा संचालित है। यह भारत की दीर्घकालिक परमाणु रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। क्रिटिकल वह अवस्था है जब कोई परमाणु रिएक्टर सौ संचालित श्रृंखला अभिक्रिया प्राप्त कर लेता है। यह पूर्ण विद्युत उत्पादन से पहले का महत्वपूर्ण चरण होता है, जो दर्शाता है कि रिएक्टर का कोर निर्धारण डिजाइन के अनुसार कार्य कर रहा है। इस परियोजना का निर्माण पूरी तरह से स्वदेशी रूप से किया गया है, जिसमें दो सौ से अधिक भारतीय उद्योगों का योगदान रहा है। यह भारत सरकार की आत्मनिर्भर भारत पहला के तहत आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की मुहिम के अनुरूप है। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
असम, केरलम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो जाएगा। असम की 126 सीटों, केरलम की 140 सीटों और पुद्दुचेरी की 30 सीटों के लिए मतदान गुरुवार को एक ही चरण में होगा। आज प्रचार के अंतिम दिन, भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह बराक घाटी क्षेत्र में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दल भी मतदाताओं तक पहुंचने के अंतिम प्रयास में राज्य भर में कई रैलियां आयोजित करेंगे। इस बीच, तमिलनाडु में एक चरण के मतदान और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच आज की जाएगी। दोनों राज्यों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया कल समाप्त हो गई, जबकि उम्मीदवार गुरुवार तक अपने नाम वापस ले सकते हैं।
*******
पुद्दुचेरी में चुनाव प्रचार समाप्त होने में कुछ ही घंटे शेष हैं और केंद्र शासित प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ी हुई है। पार्टियां मतदाताओं का समर्थन हासिल करने के लिए अंतिम प्रयास में निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं। ब्यौरा हमारी संवाददाता से……
पार्टियों और गठबंधन चुनाव प्रचार में एक–दूसरे को मात देने की कोशिश कर रहे हैं। सत्ताधारी गठबंधन पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने मौजूदा सरकार को “नकली इंजन” बताया और उस पर पुडुचेरी के लिए राज्य का दर्जा देने की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, सत्ताधारी एनआर कांग्रेस–भाजपा गठबंधन ने घर–घर जाकर प्रचार और रैलियां करते हुए अपने विकास के वादों को उजागर करना जारी रखा, जिसकी गूंज दिन में पहले वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भी सुनाई थी। पार्टियां मतदाताओं को लुभाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। आज शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। गुरुवार को पुडुचेरी, केरल और असम में मतदान होगा। पुड्डुचेरी से बिबिन एस नाथ, की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से, मैं पायल शर्मा।
*******
विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल श्रृंखला में आज हम केरलम के एर्नाकुलम जिले में स्थित परावुर विधानसभा क्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से..
एर्नाकुलम जिले का परवूर विधानसभा में क्षेत्र सात उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा में मौजूदा विधायक और विपक्ष के नेता वी डी सतीशान कांग्रेस की ओर से यूडीएफ के उम्मीदवार हैं। त्रिशूर जिले के कायपामंगलम से सीपीआई नेता और मौजूदा विधायक ई टी टायसन मास्टर परवूर से एलडीएफ के उम्मीदवार हैं। भाजपा नेता वलसाला प्रसन्नकुमार एनडीए के उम्मीदवार हैं। बीएसपी के पी के राजेश, एसडीपीआई के वी एम फैसल और दो निर्दलीय उम्मीदवार भी परवूर से चुनाव लड़ रहे हैं। 2021 के चुनाव में वी डी सतीशान ने सीपीआई के एम टी निक्सन को 21 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। परवूर विधानसभा क्षेत्र यह मध्य केरल के तटीय क्षेत्र में स्थित है और समृद्ध जैव विविधता एवं प्राकृतिक सुदरता से परिपूर्ण है। तिरुवनंतपुरम से स्मिथ एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्णकांत।
*******
राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। राज्यसभा सचिवालय और लोकसभा सचिवालय ने अलग-अलग जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्ताव पर विधिवत विचार और सभी संबंधित पहलुओं के निष्पक्ष आकलन के बाद, राज्यसभा सभापति और लोकसभा अध्यक्ष ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इंकार कर दिया। यह पहली बार है जब विपक्ष ने लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव रखा था।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन -संशोधन विधेयक 2026 को अपनी मंजूरी दे दी है। इसके अंतर्गत अमरावती को आधिकारिक तौर पर आंध्र प्रदेश की एकमात्र और स्थायी राजधानी घोषित किया गया है। विधि मंत्रालय की एक अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने कल इस विधेयक को अपनी मंजूरी दी। लोकसभा और राज्यसभा ने पिछले सप्ताह बजट सत्र के दौरान आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026 पारित किया था। दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक, 2026 को भी राष्ट्रपति की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस विधेयक ने दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता 2016 में संशोधन किया है।
*******
खान मंत्रालय ने खनिज रियायत नियमों में संशोधन अधिसूचित किया है, इससे खनन पट्टे के आसपास के क्षेत्र और उससे जुड़े खनिजों को शामिल करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। संशोधित नियमों में क्षेत्र विस्तार के आवेदन के निस्तारण के लिए सरल और और समयबद्ध प्रावधान किए गए हैं। राज्य सरकार के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वह आवेदन प्राप्त होने के 30 दिनों के भीतर अनुमति प्रदान करें। मंत्रालय ने यह भी बताया कि नियमों में किसी अन्य खनिज, जिनमें गौण खनिज भी शामिल हैं, को खनन पट्टे में शामिल करने की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है।
*******
ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
भारतीय सेना ने मानवरहित हवाई प्रणाली और आत्मघाती ड्रोन क्षेत्रीय प्रणाली की प्रौद्योगिकी से जुड़ी़ योजनाओं का अनावरण किया है। यह पहल मानवरहित हवाई प्रणालियों के क्षेत्र में भारतीय सेना की दीर्घकालिक आवश्यकताओं में स्पष्टता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भारतीय सेना ने कहा कि यह योजनाएं उद्योग, शिक्षा जगत और अनुसंधान तथा विकास संस्थानों को निवेश के तकनीकी प्रयासों को व्यावहारिक दिशा-निर्देश प्रदान करती हैं। भारतीय सेना ने कहा कि यह दस्तावेज परिचालन आवश्यकताओं और तकनीकी विकास के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करता है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि भारत का ड्रोन पारिस्थितिकी तंत्र संरचित और मांग-आधारित तरीके से विकसित हो।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगर ईरान समझौता करने में विफल रहता है और होर्मुज जलडमरूमध्य तय समय सीमा से पहले नहीं खोलता है, तो अमरीका एक ही रात में ईरान को तबाह कर सकता है। राष्ट्रपति ट्रंप ने भारतीय समयानुसार कल सुबह साढ़े पांच बजे तक समझौते पर निर्णय की समयसीमा तय की है। उन्होंने कहा कि यदि जलडमरूमध्य बंद रहता है, तो अमरीका ईरान के ऊर्जा और परिवहन ढांचे को निशाना बना सकता है। श्री ट्रंप ने कहा कि ईरान हमारी सोच के अनुरूप बातचीत कर रहा है।
मैंने उन्हें परोक्ष रूप से 11 दिन दे दिए है। अब, हम देखेंगे कि क्या होता है। मैं आपको बता सकता हूँ कि हमारी सोच के हिसाब से वे पूरी ईमानदारी से बातचीत कर रहे हैं। हमें कुछ ऐसे देशों से मदद मिल रही है जो चाहते हैं कि यह मामला खत्म हो जाए, क्योंकि इसका असर उन पर भी पड़ता है। बहुत से लोग इससे प्रभावित हैं।
इस बीच, ईरान ने युद्धविराम के अमरीकी प्रस्तावों को खारिज कर दिया है और शत्रुता समाप्त करने, पुनर्निर्माण सहायता और प्रतिबंध हटाने की मांग की है। राष्ट्रपति ट्रंप ने नाटो देशों सहित सहयोगी देशों की आलोचना भी की और कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने में उन्हें अपेक्षित समर्थन नहीं मिला है।
*******
बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान आज अपने तीन दिन के दौरे पर भारत आ रहे हैं। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करना है। इस दौरान, श्री रहमान विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से बातचीत करेंगे। उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल और पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मुलाकात करेंगे।
*******
भारतीय निशानेबाज आज स्पेन के ग्रेनाडा में आई.एस.एस.एफ राइफल और पिस्टल विश्व कप में 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल की मिश्रित टीम स्पर्धाओं के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
*******
आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया है। आज राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
*******
गृह मंत्री अमित शाह ने नौवें सिख गुरु, गुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि गुरु तेग बहादुर ने भारतीय संस्कृति और मानवता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने यह भी कहा कि क्रूर शासकों के अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध दृढ़ रहकर गुरु तेग बहादुर ने करुणा और सहानुभूति का उदाहरण प्रस्तुत किया।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं–सरफिरोजी।
देश की राजधानी से प्रकाशित होने वाले हिन्दी अखबारों ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को अपने पहले पन्ने पर सबसे ऊपर जगह दी है। साथ ही स्थानीय मुद्दे भी प्रमुखता से प्रकाशित किए हैं। नवभारत टाइम्स की पहली सुर्खी है- शांति का आखिरी मौका। पत्र ने बमबारी के बीच इस्राएल में बंकर में शरण लिए महिलाओं और बच्चों की तस्वीर के साथ ही ईरान में ज़मीनदोज़ इमारतों के बीच बैठे एक लाचार व्यक्ति की तस्वीर प्रकाशित की है। पत्र ने होर्मुज़ पार कर रहे भारत की ओर बढ़ रहे दो एल.पी.जी. से लदे जहाजों के समाचार को भी प्रमुखता से छापा है और साथ ही सिलेंडर से जुड़ी शिकायतें कम होने को भी रेखांकित किया है। जनसत्ता ने कलपक्कम परमाणु संयंत्र में विखंडन श्रृंखला का दूसरा चरण शुरू होने का समाचार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस कथन के साथ प्रकाशित किया है- आज भारत ने अपने असैन्य परमाणु कार्यक्रम की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाया। लोकसत्य ने इस खबर को शीर्षक दिया है- भारत ने मील का पत्थर हासिल किया। न्यूक्लियर क्षेत्र में भारत की बड़ी कामयाबी, पीएम ने दी बधाई। अमर उजाला ने अपने संपादकीय पृष्ठ पर दलाई लामा का लेख छापा है। शीर्षक दिया है- प्रतिबद्धता के बिना प्रयास अधूरे हैं। लेख के जिस अंश को प्रमुखता से प्रकाशित किया है उसके अनुसार यदि हम अपने संकल्पों को गंभीरता से नहीं लेंगे, तो उन्हें पूरा करने का समय कभी नहीं मिलेगा, क्योंकि हम हमेशा किसी न किसी काम में व्यस्त ही रहते हैं।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- भारत ने परमाणु क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की, तमिलनाडु के कल्पक्कम में स्वदेश निर्मित प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर परमाणु विखंडन श्रृंखला के स्व: संचालित स्तर पर पहुंचा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परमाणु क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की और इसे देश की नागरिक परमाणु यात्रा में एक निर्णायक कदम बताया।
- असम, केरलम और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में मान्यता देने वाले विधेयक को मंजूरी दी।
- भारतीय सेना ने मानवरहित हवाई प्रणाली और आत्मघाती ड्रोन क्षेत्रीय प्रणाली की प्रौद्योगिकी से जुड़ी़ योजनाओं का अनावरण किया।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने निर्धारित समय सीमा से पहले होर्मुज जलडमरूमध्य न खोलने की स्थिति में ईरान को एक ही रात में तबाह करने की धमकी दी।
*******