मुख्य समाचार:-
- सरकार ने घरेलू मांग पूरी करने के लिए पांच किलो के एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाई। कहा- ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और समुद्री परिचालन की सुरक्षा के लिए व्यापक उपाय किए जा रहे हैं।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रियों और कतर के प्रधानमंत्री के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की।
- भारतीय ध्वज वाले एलपीजी टैंकर ग्रीन आशा ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार किया।
- एयर इंडिया ने 31 मई तक इस्राएल के लिए उड़ानें निलंबित कीं।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को कल तक होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलने पर, उसके विद्युत संयंत्रों और पुलों को उड़ाने की धमकी दी।
- भारत ने हाल की बाढ़ और भूकंप के बाद अफगानिस्तान को मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री भेजी।
- और आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रन से हराया।
*******
सरकार-एलपीजी सिलेंडर
सरकार ने पांच किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति बढ़ा दी है। वैध पहचान पत्र दिखाने पर एलपीजी वितरक-काउंटर पर ये सिलेंडर उपलब्ध होंगे। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि आपूर्ति बढ़ाने के बाद 23 मार्च से पांच किलो के लगभग छह लाख साठ हजार सिलेंण्डरों की बिक्री हुई है। इन सिलेंडरों की कीमत बाजार दर पर रखी गई है और इनकी खरीद के लिए किसी पते के प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। मंत्रालय ने बताया कि एलपीजी वितरण केन्द्र पर इन सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। चार अप्रैल को 51 लाख से अधिक घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति की गई और कुल मांग के 95 प्रतिशत की ऑनलाइन बुकिंग हुई। सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच ईंधन की निर्बाध आपूर्ति, सुरक्षित समुद्री परिवहन और भारतीय नागरिकों की मदद के लिए व्यापक उपाय किए जा रहे हैं। मंत्रालय ने जोर दिया कि पेट्रोल, डीज़ल या रसोई गैस की देश में कोई कमी नहीं है और घबराहट में खरीद की जरूरत नहीं है। इस बीच सरकार पाइप लाइन से प्राकृतिक गैस की आपूर्ति का दायरा भी बढ़ा रही है। जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।
*******
दिल्ली सरकार ने गोदामों से सीधे एलपीजी सिलिंडर की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंद्ध लगा दिया है। तेल विपणन कंपनियों ने सभी वितरकों को स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि इस तरह कोई भी बिक्री गैर कानूनी मानी जाएगी और कड़ी कार्रवाई होगी। सरकार ने आम लोगों विशेषकर जिनके पास समुचित पते का प्रमाण नहीं है के लिए रसोई गैस अधिक सुलभ बनाने के लिए पूरे शहर में पांच किलो के सिलिंडर की उपलब्धता बढा दी है। प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए हिन्दुस्तान पेट्रोलियम निगम लिमिटेड के बिक्री केन्द्रों पर 11 हेल्प डेस्क बनाए गए हैं।
*******
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कल ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग्शी और कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जसीम अल थानी से फोन पर बात की। पश्चिम एशिया संघर्ष की मौजूदा स्थिति और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर इसके असर को लेकर बातचीत हुई। श्री जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल-नह्यान से भी फोन पर बातचीत की। पश्चिम एशियाई देशों के नेताओं के साथ डॉ जयशंकर की बातचीत क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हुई है। ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य बंद किए जाने से तेल और गैस की वैश्विक कीमतें आसमान छू रही हैं। इस जलडमरूमध्य से वैश्विक तेल और गैस की लगभग 20 प्रतिशत आपूर्ति होती है।
*******
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच एयर इंडिया ने इस्राएल के लिए अपनी उड़ानें रोक दी हैं। एयर इंडिया के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नई दिल्ली-तेल अवीव मार्ग पर उड़ानें 31 मई तक निलंबित रहेंगी। उड़ाने निलंबित होने से इस्राएल में रह रहे चालीस हजार से अधिक भारतीयों की चिंता बढ़ गई है। इस्राइल से निकलने के लिये जॉर्डन या मिस्र से होकर आना होगा। इस्राएल में भारत के राजदूत जेपी सिंह और दूतावास की टीम ने शनिवार को भारतीय कामगारों और विद्यार्थियों के साथ वर्चुअल बातचीत की और उन्हें लगातार सहयोग का भरोसा दिलाया।
*******
भारतीय ध्वज वाले एल पी जी टैंकर ग्रीन आशा ने ईरान के निकट होर्मुज जलडमरूमध्य सफलतापूर्वक पार कर लिया है। जारी संघर्ष के बीच इस महत्वपूर्ण मार्ग से सुरक्षित निकलने वाला यह नौवां भारतीय जहाज है। पहले भेजे गए जहाजों में एलपीजी वाहक बी डब्ल्यू टी वाई आर, बी डब्ल्यू ई एल एम, पाइन गैस और जग वसंत शामिल हैं, इनसे सामूहिक रूप से 92 हजार टन से अधिक एलपीजी की आपूर्ति हुई। वहीं, तेल टैंकर जग लाडकी और जग प्रकाश ने संयुक्त अरब अमीरात और ओमान से कच्चा तेल और गैसोलीन का परिवहन किया। इसके अलावा ग्रीन सानवी ने करीब 46 हजार 650 मीट्रिक टन माल के साथ अपनी यात्रा पूरी की है।
*******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को कल तक होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलने पर, उसके विद्युत संयंत्र और पुलों को उड़ा देने की धमकी दी है। उन्होंने ईरान को भयंकर परिणाम भुगतने की धमकी दोहराई लेकिन अमरीकी मीडिया से यह भी कहा कि ईरान के साथ समझौता हो जाने की पूरी आशा है। ईरान ने होर्मुज जलमार्ग से जहाजों के सामान्य परिवहन पर रोक लगा दी है।इससे वैश्विक स्तर पर तेल की कीमते आसमान छू रही हैं और वूरी दुनिया में मुद्रास्फीति का खतरा बढ गया है। ब्योर हमारे संवाददाता से-
पूरी दुनिया का ध्यान अब अमरीका द्वारा ईरान को दिए गए होर्मुज जलडमरूमध्य के 48 घंटे के अल्टीमेटम पर है। यह समय सीमा कुछ ही घंटों में समाप्त हो जायेगी। अब तक कोई समझौता न होने के कारण जारी संघर्ष के और भडकने की आशंका है। हालांकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समझौते की भी प्रबल संभावना जताई। उधर, ईरान ने राष्ट्रपति ट्रम्प के अल्टीमेटम को खारिज कर दिया और चेतावनी दी है कि वह दबाव में बातचीत नहीं करेंगे। इस बीच, पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन-ओपेक प्लस ने एक वर्चुअल बैठक में मई से तेल उत्पादन 2 लाख 6 हजार बैरल प्रति दिन बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। यह कदम पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतें स्थिर रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
*******
उधर, ईरान के संस्कृति मंत्री ने कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य दुनिया के लिए खुला है, लेकिन ईरान के दुश्मनों के लिए यह पूरी तरह बंद हैं।
*******
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज असम में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। वे कल शाम गुवाहाटी पहुंचे। श्री मोदी विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत बजाली जिले में भवानीपुर-सोरभोग से करेंगे। इसके बाद वे होजाई और डिब्रूगढ़ में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे से राज्य में भारतीय जनता पार्टी के प्रचार अभियान के अंतिम चरण में तेजी आएगी। असम में नौ अप्रैल को मतदान होना है।
*******
उधर, पुद्दुचेरी में विभिन्न दलों के शीर्ष नेता आज अम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगे। ब्यौ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दोपहर में तिरुकन्नूर में चुनाव प्रचार का कार्यक्रम है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, आज पुडुचेरी में अन्नाई थिदल में चुनावी रैली करेंगे। द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम के अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन भी शाम को पुडुचेरी में चुनाव प्रचार करेंगे। नाम तमिलर काची के लिए, पार्टी नेता सीमान कलापेट, सारम अव्वई थिदल, अन्नाई सलाई, विलियानूर और थवलकुप्पम में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। पु्द्दुचेरी से बिबिन एस. नाथ की रिपोर्ट के साथ मैं मुकेश कुमार बल।
*******
असम में सभी 126 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल के तहत आज जानकारी असम की तामुलपुर सीट के बारे में।
मौजूदा विधानसभा चुनाव में सात उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा के असम विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत डाइमरी का मुकाबला यूपीपीएल पार्टी के प्रमुख और राज्यसभा सांसद प्रमोद बोरो से है। यूपीपीएल एनडीए गठबंधन की सहयोगी पार्टी है। कांग्रेस ने राफेल डाइमरी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जीएसपी ने नबाजीत सरानिया को मैदान में उतारा है। तामुलपुर विधानसभा सीट की भौगोलिक सीमाओं और मतदाता संरचना में बदलाव आया है। भारत के निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस सीट पर दो लाख 13 हजार से अधिक मतदाता हैं। इनमें से एक लाख सात हज़ार से अधिक पुरुष मतदाता, एक लाख छह हजार से अधिक महिला मतदाता और एक ट्रांसजेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान 250 मतदान केंद्रों पर होगा। अमीनुल हक जवादर, आकाशवाणी समाचार, गोवाहाटी।
*******
भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को शुभकामनाएं दी हैं। श्री शाह ने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की राष्ट्रवादी सोच और वैचारिक प्रेरणा से जन्मी भाजपा महज एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र के पुनर्निर्माण का संकल्प है।
*******
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने पार्टी कार्यकर्ताओं और सदस्यों को शुभकामनाएं दी हैं
*******
भारत ने हाल की बाढ़ और भूकंप की कठिन स्थिति से जूझ रहे अफगानिस्तान के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री भेजी है। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि राहत सामग्री में किचन सेट, स्वास्थ्य किट, प्लास्टिक शीट, स्लीपिंग बैग और अन्य जरूरी चीजें हैं। मंत्रालय ने कहा कि भारत संकट की घड़ी में अफगानिस्तान के लोगों के साथ है।
*******
सेंटकिट्स एंड नेविस के विदेश मंत्री डेंजिल डगलस कल शाम नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि श्री डगलस की यात्रा दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों और परस्पर सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनकी यात्रा के दौरान भारत में सेंटकिट्स और नेविस उच्चायोग का उद्घाटन होगा।
*******
और अब खेल खबरें
आईपीएल टी-20 क्रिकेट में आज कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। कोलकाता में यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कल लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराईजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हरा दिया। एक अन्य मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रन से मात दी।
*******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे पब्लिक स्पीक कार्यक्रम में, नया आयकर अधिनियम, 2025 पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के संयुक्त सचिव पीतांबर दास और आर्थिक विश्लेषक शरद कोहली परिचर्चा में शामिल होंगे और श्रोताओं के प्रश्नों के उत्तर देंगे।कार्यक्रम के दौरान, श्रोता विषय से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं।
*******
आकाशवाणी से प्रसारित हो रही श्रृंखला ‘पीपल्स पद्म’ के अंतर्गत, आज हम श्री नीलेश विनोदचंद्र मंडलेवाला से बातचीत करेंगे। यह चर्चा आज सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड से एक सौ दशमलव एक मेगाहर्ट्ज पर प्रसारित की जाएगी।
*******
मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, तटवर्ती आंध्र प्रदेश, केरलम, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारईक्काल में कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। बिहार, झारखंड और पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और गरज के साथ वर्षा हो सकती है।
*******
अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं-
ईरान में मार गिराए गए अमरीकी लड़ाकू विमान के लापता पायलट का रेस्क्यू, अखबारों के मुख पृष्ठ पर है- पंजाब केसरी की सुर्खी है- ज़ांबाज रेस्क्यू ऑपरेशन, ईरान की पहाड़ी में छिपे अपने पायलट को सुरक्षित निकाल ले गया अमरीका। वहीं, लोकसत्य ने ईरान के दावे को छापा है- अमरीका ने खोए दो हेलीकॉप्टर और दो ट्रांसपोर्ट विमान। दैनिक जागरण ने अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की चेतावनी को प्रकाशित है- होर्मुज़ खोले ईरान वर्ना होगा सब कुछ तबाह। वहीं, दैनिक भास्कर लिखता है – ईरान के तेवर कायम, बहरीन और कुवैत में पेट्रोकैमिकल प्लांट्स पर दागे मिसाइल और ड्रोन। बेलगाम अमरीकी राष्ट्रपति शीर्षक से दैनिक जागरण ने संपादकीय में लिखा है – समुद्री जल मार्ग होर्मुज के बाधित होने से उपजा ऊर्जा संकट, विश्व के साथ-साथ अमरीका के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गया है। यदि राष्ट्रपति ट्रम्प होर्मुज जल मार्ग खुलवाने के लिए ईरान पर भीषण हमले करते हैं तो भी यह कहना कठिन है कि वे अपने लक्ष्य को हासिल करने में कामयाब हो ही जाएं। पश्चिम बंगाल में लगातार तेज होते चुनावी घमासान को भी अखबारों ने प्रमुखता दी है। पिछड़े वर्ग से होने के कारण नियमों में छूट नहीं दी जा सकती, सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी अमर उजाला में है। शीर्ष न्यायालय ने एक अहम फैसले में दो टूक कहा- समाजिक पृष्ठभूमि की आड़ में नियमों को तोड़ना या ढील देना अन्य योग्य उम्मीदवारों के साथ घोर अन्याय है।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- सरकार ने घरेलू मांग पूरी करने के लिए पांच किलो के एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाई।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रियों और कतर के प्रधानमंत्री के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की।
- भारतीय ध्वज वाले एलपीजी टैंकर ग्रीन आशा ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार किया।
- एयर इंडिया ने 31 मई तक इस्राएल के लिए उड़ानें निलंबित कीं।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को कल तक होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलने पर, उसके विद्युत संयंत्रों और पुलों को उड़ाने की धमकी दी।
- भारत ने हाल की बाढ़ और भूकंप के बाद अफगानिस्तान को मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री भेजी।
- और आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रन से हराया।
*******