April 5, 2026 8:54 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहालोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 2029 से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए संसद का बजट सत्र फिर से शुरू होगा।
  2. ईरान में फंसे 345 भारतीय मछुआरे आर्मेनिया के रास्‍ते चेन्नई लौटे।
  3. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। कहातेहरान पर हमले में ईरान के कई शीर्ष सैन्य अधिकारी मारे गए।
  4. पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत प्रभावित; पहाड़ियों में हिमपात और मैदानी इलाकों में तेज बारिश।
  5. बैंकॉक में तीरंदाजी पैरा सीरीज में पायल नाग ने शीतल देवी को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
  6. आईपीएल क्रिकेट में अहमदाबाद में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटन्स को 6 रन से हराया।

*******

केरलम, तमिलनाड, पुद्दुचेरी, असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज हो गया है। प्रमुख राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक चुनावी रैलिया कर रहे हैं। केरलम, असम और पुद्दुचेरी में प्रचार मंगलवार शाम समाप्‍त हो जाएगा। इन राज्‍यों में बृहस्‍पतिवार को मतदान होगा।

*******

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले 2023 में पारित कानून को 2029 से लागू करवाने के लिए संसद का बजट सत्र 16 अप्रैल से तीन दिन बढ़ा दिया गया है। केरलम के तिरुवल्ला में एक चुनावी

रैली में श्री मोदी ने कहा कि कुछ राज्यों में जनसंख्या घटने पर सीटें कम होने की खबरें अफवाह है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गोवा और तेलंगाना में लोकसभा सीट की संख्‍या में कोई कमी न हो।

पार्लियामेंट ने सर्वसम्मति से महिला आरक्षण का बिल पास किया था। वैसे ही 16, 17, 18 को दो काम करने हैं, केरल हो, तमिलनाडु हो, बाकी राज्य हो। जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा काम किया है।  महिलाओं के लिए जो सीटें होंगी, वो अतिरिक्त सीटें बढ़ जायें। इतना बड़ा फायदा हमारे दक्षिण भारत के राज्यों को मिले इसके लिए हम कानून संशोधन के लिए सत्र बुला रहे हैं।

श्री मोदी ने सभी दलों से महिला सशक्तिकरण से जुड़े इस मुद्दे का पूर्ण समर्थन करने का भी आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि महिला प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, नारी शक्ति वंदन कानून में संशोधन भी किए जाएंगे। श्री मोदी ने कहा कि केन्‍द्र सरकार केरलम के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। 

आप सबके आशीर्वाद से हम केंद्र सरकार के जरिए केरलम के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे। जब कांग्रेस दिल्ली में सत्ता में थी और एलडीएफ, यूडीएफ दोनों मिलकर के दिल्ली में सरकार चलाते थे उस समय केरलम को जो मदद मिली, उसकी तुलना में एनडीए सरकार ने पांच गुना ज्यादा पैसा केरलम को भेजा है।

*******

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अलाप्पुझा में कहा कि यूडीएफ केरलम में वास्तविक बदलाव लाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सत्ताधारी एलडीएफ अप्रासंगिक हो जाएगा।

एलडीएफ का पूरा नाम क्या है? वामपंथी लोकतांत्रिक मोर्चा सच कहें तो, वामपंथ का अब कुछ भी नामोनिशान नहीं बचा है। आज एलडीएफ सरकार को कुछ सांप्रदायिक ताकतें चला रही है। यह भारत के संविधान को नहीं मानती, यह भारत की जनता को बांटती है, उन पर हमला करती है और उन्हें अपमानित करती है।

*******

केरलम में आज कई राजनीतिक दलों के नेता प्रचार करेंगे। एक रिपोर्ट…

केरलम में चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच गया है। उम्मीदवार और पार्टी कार्यकर्ता घरघर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता भी प्रदेश में जनसभाओं और रोड शो के माध्यम से अंतिम चरण में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अन्य कार्यक्रमों के साथसाथ बेपोर में रोड शो और कट्टकड़ा में जनसभा में शामिल होंगे। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पीरुमेडु और कोट्टारक्कारा में प्रचार करेंगे। सीपीआईएम के महासचिव एम. . बेबी आज वामनपुरम और वर्कला सहित विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार अभियान में शामिल होंगे। तिरुवनंतपुरम से स्मिथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।

*******

भारतीय जनता पार्टी ने पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी कर दिया है। इसमें जनकल्याण और विकास से जुड़ी अनेक घोषणाएँ की गई हैं। घोषणापत्र में राशन कार्ड धारकों को साल में दो मुफ्त गैस सिलेंडर, महिलाओं के लिए पिंक ऑटो योजना, छात्राओं को ई-स्कूटर तथा किसानों और मछुआरों के लिए आर्थिक सहायता बढ़ाने का वादा किया गया है।

इसके साथ ही युवाओं के लिए इंटर्नशिप, पेयजल व्यवस्था और रेलवे ढांचे के विकास की भी घोषणा की गई है।

*******

विधानसभा चुनावों पर विशेष श्रृंखला के अंतर्गत आज बात माहे निर्वाचन क्षेत्र की। एक रिपोर्ट-

पुद्दुचेरी के माहे निर्वाचन क्षेत्र में 30,237 मतदाताओं में 14,049 पुरुष और 16,188 महिलाएं हैं। केरलम के राजनीतिक परिदृश्य की तरह, इस निर्वाचन क्षेत्र में भी वर्षों से कांग्रेस और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के बीच अदलाबदली होती रही है। 2021 में कांग्रेस के रमेश परंबथ ने 300 वोट के अंतर से यह सीट जीती थी। इस सीट से मौजूदा विधायक रमेश परंबथ दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। वाम  मोर्चा निर्दलीय उम्मीदवार टी. अशोक कुमार का समर्थन कर रहा है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने ए. दिनेश को मैदान में उतारा है। दिलचस्प बात यह है कि पड़ोसी राज्य केरलम में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग कांग्रेस की सहयोगी है, वहीं माहे में उसने अपना उम्मीदवार मोहम्मद समील को उतारा है। तमिलगा वेट्री कज़गम के प्रिजेश एम और तीन अन्य निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। पुद्दुचेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं, मुकेश कुमार।

*******

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इसमें अनुपम बिस्वास कल्याणी से, तारकनाथ चटर्जी कृष्णानगर उत्तर से, सौरव सिकदर दमदम उत्तर से, अनिंद्य राजू बनर्जी मध्यमग्राम से और रुद्रप्रसाद बनर्जी उलूबेरिया पूर्व विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

पार्टी ने अपनी पिछली सूची में कुछ नामों में भी संशोधन किया है।

*******

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र के क्षेत्र सहायक अतनु चक्रवर्ती को पद से हटा दिया है और कदाचार तथा कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई चक्रवर्ती के एक विशेष राजनीतिक दल की गतिविधियों में शामिल होने की खबरों के बाद की गई है। आयोग ने मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर के प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की है। निर्वाचन आयोग ने इसी घटना के संबंध में तृणमूल कांग्रेस के चार नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की है।

*******

पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच ईरान में फँसे तीन सौ पैंतालीस भारतीय मछुआरे कल शाम सुरक्षित चेन्नई पहुंचे। इन्हें आर्मेनिया के रास्ते स्‍वदेश लाया गया। विदेश मंत्री ने मछुआरों की वापसी में सहयोग देने के लिए आर्मेनिया सरकार का आभार व्यक्त किया। आर्मेनिया, ईरान में फँसे भारतीय नागरिकों की निकासी में लगातार सहयोग कर रहा है। अब-तक एक हजार दो सौ से अधिक भारतीय नागरिकों को ईरान से सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें से 996 लोग आर्मेनिया पहुँचे हैं। 

*******

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास समझौता करने या जलडमरूमध्य खोलने के लिए अब केवल 48 घंटे शेष हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि समयसीमा पूरी होने पर ईरान को गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, ईरान ने संघर्ष समाप्त करने के अमरीकी प्रस्ताव को “एकतरफा और अनुचित” बताकर खारिज कर दिया है।

इस बीच, अमरीका ने कहा है कि तेहरान में किए गए एक भीषण हमले में कई ईरानी सैन्य अधिकारियों को मार दिया गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अमरीकी सेना की कार्रवाई का वीडियो भी साझा किया। उन्होंने कहा कि इस हमले में और भी काफी नुकसान हुआ है।

*******

पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत प्रभावित हुआ है। पहाड़ियों में हिमपात और मैदानी इलाकों में तेज बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हिमपात हुआ है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी वर्षा हुई है। इस सप्ताह उत्तर भारत के राज्यों में रुक-रुक कर बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। जम्मू-कश्मीर में हिमपात के कारण कई महत्वपूर्ण सड़कें बंद हो गईं हैं। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।

*******

दुनियाभर में आज ईस्टर मनाया जा रहा है। यह अवसर प्रार्थना, पश्चाताप और यीशु मसीह के जीवन के अंतिम चरण को याद करने के पवित्र सप्ताह का प्रतीक है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्‍ट्रपति सीपी राधा कृष्‍णन ने इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्‍ट्रपति ने आशा व्यक्त की कि प्रभु यीशु मसीह का पुनरुत्थान लोगों को सत्य, प्रेम, करुणा, त्याग और क्षमा के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करता रहेगा। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि यह पवित्र अवसर लोगों को सत्य का पालन करने, विनम्रता अपनाने और सभी के कल्याण के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रेरित करता है।

*******

गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने ने आज जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गृहमंत्री ने भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री द्वारा स्वतंत्रता संग्राम में किए गए महत्वपूर्ण योगदानों और धर्मांतरण का विरोध करते हुए विभाजनकारी शक्तियों का दृढ़ता से सामना करने के लिए उन्हें याद किया।

*******

खेल जगत की खबरों के साथ हैशंशाक कुमार

बैंकॉक में विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज़ में 18 वर्षीय पायल नाग ने महिला कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी शीतल देवी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। भावना ने रिकर्व महिला स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया। वहीं, कंपाउंड पुरुष स्पर्धा में तोमन कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। दो बार के पैरालंपिक पदक विजेता हरविंदर सिंह को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं स्वाति चौधरी ने भी महिला वर्ग में रजत पदक हासिल किया। इसके साथ ही भारत ने प्रतियोगिता में सात स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित कुल 16 पदक जीते। इधर, आईपीएल क्रिकेट में कल राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटन्स को 6 रन से हराया। राजस्थान के 211 रन के लक्ष्य के जवाब में गुजरात की टीम 8 विकेट पर 204 रन ही बना सकी। राजस्थान के ध्रुव जुरेल ने 75 रन की पारी खेली। वहीं, एक अन्य मुकाबले में डेल्ही कैपिटल ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से मात दी। आज सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपरजाइंट्स के बीच मुकाबला दोपहर बाद साढे तीन बजे और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।

*******

आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले प्रकृति की बात आकाशवाणी के साथ कार्यक्रम की आज की कड़ी गोरैया और पक्षी संरक्षण पर केंद्रित है। इस कार्यक्रम में, पर्यावरणविद् राकेश खत्री शहरी क्षेत्रों में गौरैया के संरक्षण पर अपने विचार साझा करेंगे। वे पक्षियों की संख्‍या बढ़ाने के लिए घोंसले बनाने की अपनी पहल और जनता में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के अपने प्रयासों के लिए चर्चित हैं।

गया की एक टीचर ने मुझे एक बार रेडिया का एक इंटरव्यू सुनने के बाद फोन करा। उन्होंने कहा आप मुझे एक घोंसले का सामान भेज दें, मैं आपको प्रोमिस करती हूं मैं सौ घोंसले लगाऊंगी। वो अब तक एक हजार से ज्यादा घोंसले बना चुकी हैं। बच्चों को यही कहता हूं की आप नेचुरल रिसोर्सेज़ को आप अपने मम्मीपापा के एटीएम कार्ड की तरह यूज़ करिये, उतना यूज़ करिये जितनी जरूरत है। हमने उसकी फूडचेन खत्म कर दी ना, पहले घरों में गेंहू को धोया जाता था, सुखाया जाता था फिर आटे के लिए भेजा जाता था, पिसने के लिए। पापड़ बढिया ये सब घर में बनती थी। पैकेट फूड आने के बाद क्या हुआ, उसकी फूड चेन तो खत्म कर दी हमने। प्रकृति की बात, आकाशवाणी के साथ।

यह कार्यक्रम आकाशवाणी के एफ. एम गोल्‍ड चैनल पर आज सवेरे 10 बजकार 30 मिनट पर प्रसारित किया जाएगा।

*******

समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंफरहत नाज़।

  1. अमरीका इस्राएल, ईरान संघर्ष की खबरें आज के सभी अखबारों में है। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- ईरान ने बनाया नया फार्मुला। मित्र मुफ्त में, तटस्‍थ देश शुल्‍क देकर होर्मुज लांघेंगे। अमर उजाला कहता है- होर्मुज मार्ग से आवश्‍यक वस्‍तुओं के जहाज के गुजरने की मिली छूट।
  2. सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण शीर्षक से दैनिक जागरण ने संपादकीय में लिखा है- विकसित दिल्‍ली का सपना साकार करने के लिए इस तरह के अतिक्रमण रोकना आवश्‍यक है। इसके लिए अफसरों को जवाबदेही तय होनी चाहिए। राजनीतिक पार्टी को भी दिल्‍ली में इसे लेकर सकारात्‍मक भूमिका निभानी होगी। 
  3. नवभारत टाइम्‍स की खास खबर है- रेलवे पुलिस बल नन्‍हे फरिश्‍ते और आहट के अंतर्गत ट्रेनों में कैद बचपन को दिला रहे आजादी। पत्र के अनुसार मानव तस्‍करी की भनक लगने पर अधिकारियों ने मुहिम चलाया और 54 बच्‍चों को इस अभियान के अंतर्गत मानव तस्‍कारी से बचाया। 
  4. राजस्‍थान पत्रिका ने बच्‍चों के नामकरण की मशक्‍कत शीर्षक से लिखा है- माता पिता खोज रहे हैं अर्थपूर्ण और पौराणिक नाम। पत्र के अनुसार कभी धार्मिक तो कभी साध्‍वी भरे नाम गूगल पर नाम खोजने की दर तीन सौ प्रतिशत बढ़ी है।
  5. दैनिक भास्‍कर ने युवक यु‍वतियों के प्री-वैडिंग शूट पर आर्कषक दिखने के दबाव शीर्षक से लिखा है- शादी से पहले फटाफट वजन घटाने के बहुत खतरे हैं। पत्र के अनुसार शॉर्टकट अपनाने का जो चलन चला है उसमें लोग इजेंक्‍शन लगवाते हैं जो स्‍वास्‍थ्‍य के लिए खतरनाक है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा- लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 2029 से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए संसद का बजट सत्र फिर से शुरू होगा।
  2. ईरान में फंसे 345 भारतीय मछुआरे आर्मेनिया के रास्‍ते चेन्नई लौटे।
  3. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। कहा- तेहरान पर हमले में ईरान के कई शीर्ष सैन्य अधिकारी मारे गए।
  4. पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत प्रभावित; पहाड़ियों में हिमपात और मैदानी इलाकों में तेज बारिश।
  5. बैंकॉक में तीरंदाजी पैरा सीरीज में पायल नाग ने शीतल देवी को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
  6. आईपीएल क्रिकेट में अहमदाबाद में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटन्स को 6 रनों से हराया। 

*******

 

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.