April 4, 2026 9:21 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

 

  • देश के चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज, भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज केरलम् में प्रचार में शामिल होंगे।
  • निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में शीर्ष अधिकारियों को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा अमरीकी जेट विमानों को गिराए जाने से ईरान वार्ता पर कोई असर नहीं।
  • अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में आए भूकंप में आठ लोगों की मौत। उत्तर भारत में भी झटके महसूस हुए।
  • और, आईपीएल क्रिकेट में, पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया।

 

 

*******

 

असम, पश्चिम बंगाल, केरलम, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है। इस बीच, केरलम् में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए सिर्फ चार दिन शेष हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सहित विभिन्‍न राजनीतिक दलों के स्‍टार प्रचारक प्रचार में लगे हैं।

.

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज तिरुवल्ला में एनडीए की जनसभा करेंगे। इसके बाद श्री मोदी तिरुवनंतपुरम जाएंगे, जहां वे किल्लीप्पलम से करमना तक एनडीए के लिए रोड शो करेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज अलाप्पुझा में यूडीएफ के प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे। वहीं, सीपीएम महासचिव एम. ए. बेबी आज कोट्टायम जिले में एलडीएफ के प्रचार अभियान में शामिल होंगे। कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, राज्य मंत्री और अन्य राष्ट्रीय नेता भी केरल के विभिन्न जिलों में प्रचार कर रहे हैं। तिरुवनंतपुर से स्मिथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।

*******

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने पुद्दुचेरी में कल राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया। एक किलोमीटर से लंबे रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री ने जनता, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी. पी. रामलिंगम प्रधानमंत्री के साथ उपस्थित रहे।

*******

विधानसभा चुनावों के लिए निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल की हमारी श्रृंखला में आज हम केरलम की पाला विधानसभा सीट की जानकारी दे रहे हैं।

 

कोट्टायम का पाला विधानसभा क्षेत्र केरल के उपजाऊ पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है। यहां रबर के बागानों से होने वाली आय अर्थव्यवस्था कमजबूती का मुख्य स्रोत है। वर्तमान विधायक मणि सी. कप्पन यहां यूडीएफ के निर्दलीय उम्मीदवार हैं। पूर्व सांसद और केरल कांग्रेस के अध्यक्ष जोस के. मणि, पाला से एलडीएफ के उम्मीदवार हैं। भाजपा के शोन जॉर्ज एनडीए के उम्मीदवार हैं। बसपा के संतोष नादूप्परामपिल, आम आदमी पार्टी के रोनी नेदुमपल्ली और दो निर्दलीय उम्मीदवार भी पाला से चुनाव लड़ रहे हैं। 2021 विधानसभा चुनाव में मणि सी. कप्पन ने जोस के. मणि को 15 हजार से अधिक वोटों से हराया था। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मृगनयनी पांडे।

*******

तमिलनाडु विधानसभा के चुनावों के लिए सोमवार तक नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी। पहले चरण के चुनाव में मतदान 23 अप्रैल को होगा। राज्य में चुनाव प्रचार जोर पकड़ रहा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पार्टी के नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करने के लिए चेन्नई में हैं।

*******

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और पुलिस प्रशासन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी विधानसभा चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी भी तरह का भय नहीं होना चाहिए और चुनाव हिंसा, धमकी और प्रलोभन से मुक्त होने चाहिए। बूथ पर कब्जा और स्रोतों को बाधित करने जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के भी निर्देश दे दिये गए हैं।

*******

निर्वाचन आयोग ने आगामी विधानसभा चुनावों के मतदान के दिन मतदाताओं को सवैतनिक अवकाश प्रदान करने का निर्देश दिया है। आयोग ने कहा कि किसी भी व्यवसाय, व्यापार, औद्योगिक प्रतिष्ठान या अन्य किसी भी प्रतिष्ठान में कार्यरत व्यक्ति को मतदान के दिन सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा। आयोग ने कहा कि ऐसे सवैतनिक अवकाश के कारण वेतन में कोई कटौती नहीं की जाएगी

*******

पश्चिम बंगाल में विशेष अदालत ने मालदा जिले के कालियाचक घटना के मुख्‍य अभियुक्‍त मुफक्करूल इस्‍लाम को चौदह दिन और अकरमुल बागानी को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। इन दोनों को बीडीओ कार्यालय के घेराव के लिए भीड़ को उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची में नाम शामिल करने की मांग करते हुए अधिकारियों को कार्यालय के भीतर नौ घंटे से भी ज्‍यादा समय तक भोजन और पानी के बगैर बंद रखा।  राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण की चालीस सदस्‍यीय टीम इस मामले की जांच के लिए मालदा में है। अधिकारियों को छुड़ाते समय उनपर हुए हमले की भी जांच की जाएगी।

*******

 

सरकार ने आश्‍वस्‍त किया है कि वह देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास कर रही है। सरकार ने नागरिकों को अफरा-तफरी में पेट्रोल और डीजल की खरीददारी न करने और एलपीजी की अनावश्यक बुकिंग से बचने की सलाह दी है।

 

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अपर मुख्य सचिव और प्रधान सचिव के साथ ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की और पर्याप्‍त उपलब्‍धता सुनिश्‍चित करने के लिए उठाए गए उपायों का उल्‍लेख किया। बैठक में राज्यों को एलपीजी वितरण के घरेलू और आवश्‍यक जरूरतों पर प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। मंत्रालय ने कहा कि पीएनजी विस्‍तार सुधारों के तहत दस राज्‍यों को अतिरिक्‍त एलपीजी प्राप्‍त हुई है। पीएनजी विस्‍तार में तेजी आई है और मार्च से अब तक लगभग तीन लाख 42 हजार पाइपलाइन कनेक्‍शन उपलब्‍ध कराए गए हैं और तीन लाख सत्तर हजार नए पंजीकरण किए गए हैं। अमन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।

*******

संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद ने होर्मुज जल-डमरू-मध्य में ईरान के हमलों से जहाजों की सुरक्षा के लिए रक्षात्‍मक बल प्रयोग को अधिकृत करने पर मतदान स्‍थगित कर दिया है। 15 सदस्‍यीय परिषद को बहरीन के मसौदा प्रस्‍ताव पर कल रात मतदान करना था लेकिन गुड फ्राइडे के सार्वजनिक अवकाश की वजह से कार्यक्रम में बदलाव कर दिया गया। इस महीने बहरीन संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद की अध्‍यक्षता कर रहा है। प्रस्‍ताव पर मतदान की नई तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।

*******

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने कहा है कि अमरीकी विमानों को गिराए जाने का ईरान के साथ राजनयिक वार्ता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। एक रिपोर्ट-

 

मीडिया की ख़बरों के अनुसार, राष्‍ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्‍प ने इस आशंका को खारिज कर दिया कि अमरीकी विमानों को निशाना बनाए जाने से ईरान के साथ होने वाली बातचीत बाधित होगी। राष्‍ट्रपति ट्रम्‍प, ईरान के साथ जारी युद्ध के दौरान अपने विमानों को हुए नुकसान के बारे में पहली बार बयान दे रहे थे। ईरान और खाड़ी क्षेत्र में दो अमरीकी विमानों को गिराए जाने की कल पुष्टि की गई थी। इनके दो पायलट सुरक्षित हैं, जबकि तीसरे की तलाश की जारी है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

*******

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कल सऊदी अरब के युवराज मोहम्‍मद बिन सलमान से मुलाकात की। सुश्री मेलोनी कल अघोषित यात्रा पर जेद्दाह पहुंची। सऊदी प्रेस एजेंसी ने ख़बर दी है कि बैठक में द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की गई तथा इन्‍हें और मज़बूत करने पर विचार-विमर्श हुआ। हाल के क्षेत्रीय घटनाक्रम, अंतरराष्‍ट्रीय नौवहन और ऊर्जा सुरक्षा पर भी विचार हुआ। सुश्री मेलोनी इसके बाद कतर और संयुक्‍त अरब अमीरात जाएंगी। उनकी यह यात्रा क्षेत्रीय तनाव और खाडी देशों पर ईरान के हाल के हमले के बाद ऊर्जा सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता के बीच हो रही है। 

*******

अफ़गानिस्तान के हिंदू कुश में कल रात आये 5 दशमलव 8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप में आठ लोगों की मौत की खबर है। दिल्ली, जम्मु-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। शुरू में भूकंप की तीव्रता 5 दशमलव 9 मापी गई जिसे बाद में संशोधित कर 5 दशमलव 8 किया गया।

*******

मॉलदीव में सैफ पुरुष अंडर-20 चैंपियनशिप के फाइनल में कल भारतीय फुटबॉल टीम को बांग्‍लादेश ने पैनल्‍टी शूटआउट में तीन के मुकाबले चार गोल से हरा दिया। बांग्‍लादेश का यह दूसरा अंडर-20 सैफ खिताब है।

*******

आईपीएल क्रिकेट में कल पंजाब किंग्‍स ने चेन्‍नई सुपर किंग्‍स को पांच विकेट से हरा दिया। चेन्‍नई में पंजाब किंग्‍स ने 18 ओवर और चार गेंद में पांच विकेट पर 210 रन का लक्ष्‍य हासिल कर लिया। पंजाब के प्रियांश आर्य को 11 गेंद में 39 रन की शानदार पारी के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया। आईपीएल में आज दोपहर साढ़े तीन बजे दिल्ली में डेल्‍ही कैपिटल्‍स का सामना मुम्‍बई इंडियन्‍स से होगा। वहीं, अहमदाबाद में शाम साढ़े सात बजे गुजरात टाइटन का सामना राजस्‍थान रॉयल से होगा।

*******

मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, केरल और माहे में तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कुछ उत्तरी राज्यों में ओलावृष्टि का भी अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में गरज के साथ बौछारे पड़ने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।

*******

आकाशवाणी से प्रसारित होने वाली हमारी श्रृंखला ‘पीपल्स पद्म’ के अंतर्गत, आज हम राजस्थान के स्वामी ब्रह्मदेव जी महाराज से बातचीत करेंगे। स्वामी ब्रह्मदेव जी महाराज को समाज सेवा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

 

13 दिसंबर 1980 को अंधविद्यालय की नीवं हमारे गुरूदेव संत बाबा करदयाल दास जी महाराज जी के कर कमलों से रख दी गई। बच्चों के लिए हमने जो यहां प्रयास किए, कुछ बच्चे तो हमने टफ बच्चे पहलवान बनाए , और ब्लाइंड बच्चों की क्रिकेट में जूडो में और अन्य खेलों में ले जाकर नेशनल लेवल तक पहुचाया

यह चर्चा आज सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड के सौ दशमलव एक मेगाहर्ट्ज पर प्रसारित की जाएगी। इसे आकाशवाणी समाचार के मोबाइल एप न्‍यूज ऑन एआईआर और यूट्यूब चैनल न्‍यूज ऑन एआईआर आफिशियल पर भी सुना जा सकता है।

 

*******

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से

देश की राजधानी से प्रकाशित हिन्‍दी समाचार पत्रों ने आज अलग-अलग समाचारों को सुर्खियों में जगह दी है- लेकिन पश्चिम एशिया में तेजी से बदलता घटनाक्रम सभी अखबारों के पहले पन्‍नों पर छाया हुआ है। नवभारत टाइम्‍स ने अमरीकी फाइटर जेट को ईरान में मार गिराए जाने का समाचार सचित्र प्रकाशित करते हुए अपनी पहली सुर्खी में संघर्ष बढ़ने के आसार को लेकर चिंता व्‍यक्‍त की है। जनसत्‍ता ने इसी समाचार को शीर्षक दिया है- ईरान का विमान गिराने का दावापंजाब केसरी का पहला समाचार है- ट्रंप ने आर्मी चीफ को हटाया। अखबारों ने समुद्र में भारत की परमाणु क्षमता में वृद्धि के समाचार को भी अहम‍ियत दी है। राजस्‍थान पत्रिका ने बंगाल की खाड़ी में तैरती परमाणु पनडुब्‍बी अरिदमन की तस्‍वीर छापते हुए खबर को शीर्षक दिया है- समुद्र में बढ़ी भारत की ताकत, आईएनएस अरिदमन और ताराग‍िरी नौसेना में शामिलअमर उजाला ने होर्मुज जलडमरूमध्‍य से एलपीजी लेकर भारत आ रहे तीन और जहाजों के समाचार को मुख पृष्ठ पर प्रकाशित किया है, जबकि दैनिक जागरण ने अपने स‍िटी संस्‍करण में गैस सिलिं‍डर की कालाबाजारी करने वाले गिरोह को पकड़ने में पुलिस को मिली सफलता का समाचार सचित्र छापा है। हिन्‍दुस्‍तान ने आज अपने संपादकीय लेख को शीर्षक दिया है- मतदान की चिंता। पत्र का कहना है कि यह अपने आप में परीक्षण का विषय है कि मतदाता सूची संशोधन को लेकर पश्‍चिम बंगाल में इतने विवाद क्‍यों हुए? इतने विवाद तो किसी भी राज्‍य में नहीं हुए। पत्र की सलाह है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण ऐसा विषय नहीं जिस पर राजनीति हो और देश का बहुमूल्‍य समय बर्बाद किया जाए चूंकि अंतत: राजनीति का काम मतदान से खिलवाड़ नहीं, बल्कि ईमानदार जनसेवा है।   दैनिक भास्‍कर ने सीबीएसई के नए पाठ्यक्रम का समाचार सबसे ऊपर छापते हुए त्रिभाषा फॉर्मूले को विस्‍तार से समझाया है। 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • देश के चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज, भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज केरलम् में प्रचार में शामिल होंगे।
  • निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में शीर्ष अधिकारियों को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा अमरीकी जेट विमानों को गिराए जाने से ईरान वार्ता पर कोई असर नहीं।
  • अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में आए भूकंप में आठ लोगों की मौत। उत्तर भारत में भी झटके महसूस हुए।
  • आईपीएल क्रिकेट में, पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया।

*******