April 3, 2026 11:15 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने संसद में जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 के पारित होने को जीवन यापन और व्यापार में सुगमता के लिए महत्‍वपूर्ण बताया।
  2. निर्वाचन आयोग ने एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की जांच राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण को सौंपी।
  3. भारतीय नौसेना के स्वदेशी स्टेल्थ फ्रिगेट आई.एन.एस. तारागिरीको आज विशाखापत्तनम में बेडे़ में शामिल किया जाएगा।
  4. संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने पश्चिम एशिया संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया।
  5. आज शाम छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया जनजातीय गेम्‍स का समापन होगा; कर्नाटक 23 स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में सबसे आगे।
  6. क्रिकेट में इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद ने कल रात कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराया।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 के पारित होने से देश में जीवन यापन और व्यापार सुगमता को बढ़ावा मिलेगा। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विधेयक विश्वास पर आधारित ढांचे को मज़बूत करता है। संसद ने जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 को पारित कर दिया है। राज्यसभा ने इसे कल मंजू़री दी थी। लोकसभा ने इस विधेयक को बुधवार को ही पारित कर दिया था। यह विधेयक जीवन यापन और व्यापार सुगमता के लिए विश्वास पर आधारित शासन को और मज़बूत करने के लिए कुछ कानूनों में संशोधन करता है, ताकि कुछ अपराधों को गंभीर अपराध की श्रेणी से बाहर किया जा सके और कानूनों को अधि‍क तर्कसंगत बनाया जा सके। इसमें 23 मंत्रालयों द्वारा प्रशासित 79 केंद्रीय अधिनियमों में संशोधन का प्रस्ताव है। कुल 784 प्रावधानों में संशोधन प्रस्तावित है।

*******

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज चुनाव प्रचार में भाग लेने के लिए पुद्दुचेरी जाएंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी एक रोड शो करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं तथा जनता को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री दोपहर करीब चार बजकर पंद्रह मिनट पुद्दुचेरी हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से वे अजंता सिग्नल जंक्शन की ओर प्रस्थान करेंगे, जो उनके रोड शो का शुरुआती बिंदु है। वे रास्ते में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बातचीत करेंगे और उनसे एनडीए का समर्थन करने का आग्रह करेंगे। इस कार्यक्रम में लगभग तीस हज़ार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री के दौरे के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एक हज़ार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, साथ ही चुनाव ड्यूटी के लिए अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है। पुद्दुचेरी से बिबिन एस. नाथ, की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अर्जुन शर्मा।

*******

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह आज असम के गोलकगंज निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में धुबरी जिले के रतियादाहा स्थित मेला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

*******

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों पर हुए हमले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरणएन.आई.ए. को सौंप दी है। एन.आई.ए. की टीम आज पश्चिम बंगाल पहुंचेगी। एक रिपोर्ट-

इससे पहले कल, सर्वोच्च न्यायालय ने मालदा जिले में एस.आई.आर. प्रक्रिया में लगे सात न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने के मामले का संज्ञान लिया था। न्यायालय ने इसे निंदनीय बताते हुए राज्य के गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य अधिकारियों से निष्क्रियता के लिए जवाब मांगा था। यह निर्णय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में लिया गया है। वे 6 अप्रैल को सर्वोच्च न्यायालय को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने मालदा घटना के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की है। आयोग के सूत्रों के अनुसार, उन्होंने कल एक आपातकालीन वर्चुअल बैठक में राज्‍य के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। समाचार कक्ष से प्राची वाजपयी।

*******

केरलम में चुनाव प्रचार के समापन में अब केवल पांच दिन शेष हैं। सभी 140 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार प्रचार अभियान तेज कर रहे हैं और अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए अंतिम समय की रणनीतियों की योजना बना रहे हैं। एक रिपोर्ट-

सभी प्रमुख दलों द्वारा चुनावी घोषणापत्र जारी किए जाने के बाद राज्य में चुनावी गतिविधियों में तेज हो गई है। एनडीए का घोषणापत्र जारी होने के बाद, यूडीएफ और एलडीएफ ने भी कल अपनेअपने घोषणापत्र जारी किए। एनडीए के प्रचार अभियान के अन्तर्गत वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा आज तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगे। सीपीआई के प्रदेश सचिव बिनॉय विश्वम भी तिरुवनंतपुरम में एलडीएफ उम्मीदवारों के प्रचार कार्यक्रमों में भाग लेंगे और वहीं यूडीएफ की ओर से, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा तिरुवनंतपुरम में चुनाव प्रचार करेंगे। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

*******

केरलम में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए हमारी विशेष श्रृंखला में आज हम राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण विधानसभा सीट हरिपद की चर्चा करेंगे। एक रिपोर्ट-

हरिपद विधानसभा सीट अनूपझील और पायिप्पड जलोत्सवम जैसी पारंपरिक नौका दौड़ के लिए जाना जाता है। इस क्षेत्र में छह उम्मीदवारों के बीच कड़ा चुनावी मुकाबला देखने को मिल रहा है। रमेश चेन्निथला हरिपद से यूडीएफ के उम्मीदवार हैं। सीपीआई के टी. टी. जिस्मन एलडीएफ के उम्मीदवार हैं, जबकि एनडीए ने भाजपा के संदीप वाचस्पति को मैदान में उतारा है। हरिपद से एसयूसीआई कम्युनिस्ट पार्टी के वी. पी. विद्या और दो निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। तिरुनवनंतपुरम से स्मिथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्णकांत।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

भारतीय नौसेना के स्वदेशी स्टेल्थ फ्रिगेट आई.एन.एस. ‘तारागिरी’ को आज विशाखापत्तनम में बेडे़ में शामिल किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अत्याधुनिक स्टेल्थ फ्रिगेट आई.एन.एस. ‘तारागिरी’ के जलावतरण समारोह में शामिल होंगे। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि इस फ्रिगेट के नौसेना में शामिल होने से भारत के पूर्वी तट का रणनीतिक और समुद्री महत्व उजागर होता है। यह आत्मनिर्भर भारत के उद्देश्यों को मजबूती से आगे बढ़ाते हुए, भारतीय नौसेना की युद्धक तत्परता और परिचालन क्षमता को भी दर्शाता है।

*******

संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने पश्चिम एशिया संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया है। श्री गुतरश ने कहा कि अमरीका और इस्राएल के लिए इस युद्ध को रोकने का यह सही समय है। ये संघर्ष भारी मानवीय पीड़ा और विनाशकारी आर्थिक परिणामों को जन्म दे रहा है। उन्होंने ईरान से पड़ोसी देशों पर हमले बंद करने का आग्रह किया। महासचिव ने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए संवाद और कूटनीति पर ज़ोर दिया है।

*******

पश्चिम एशिया में जारी संकट को देखते हुए सरकार ने महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों पर 30 जून तक सीमा शुल्क में पूरी छूट देने का निर्णय लिया है। पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर एक अंतरमंत्रालयी ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में कच्चे तेल की उपलब्धता सामान्य है और रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।

हमारी रिफाइनरीज् मैक्सिमम कैपासिटी ऑपरेट कर रही हैं। इसलिए सल्‍फर की कोई सॉर्टेज नहीं है। हमारे रिटेल आउटलेट्स नार्मल ऑपरेट कर रहे हैं। इंटरनेशनल वॉल्टीलिटी के बावजूद भी पम्‍प के प्राइजेज में कोई इं‍क्रीज नहीं किया गया है। भारत सरकार ने प्राइजेज को स्‍टेबल रखने के लिए एक्‍साइज ड्यूटी में रिडेक्‍शन किया है और कुछ भार हमारी ऑयल मॉर्केटिंग कंपनी भी उठा रही हैं।

*******

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप की ईरान पर आने वाले हफ्तों में कड़ी कार्रवाई की धमकी के बाद तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। इससे पश्चिम एशिया में संघर्ष के जल्द समाप्त होने की उम्मीद कम हो गई हैं। कच्‍चे तेल की कीमतें कल 8 प्रतिशत तक बढ़कर 109 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गईं थीं।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कल नई दिल्ली में रूस के उप प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव से मुलाकात की। इस बीच उन्होंने व्यापार, उर्वरक, संपर्क और जन-संबंधों में पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग पर भी चर्चा की।

*******

भारतीय रिज़र्व बैंक ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के प्रस्थान हॉल में सुरक्षा जांच के बाद विदेशी मुद्रा काउंटरों पर अनिवासी भारतीयों को भारतीय रुपये के नोट बदलने की अनुमति दे दी है। यह सेवा पहले केवल गैर भारतीयों के लिए उपलब्ध थी। यात्री आव्रजन या सीमा शुल्क डेस्क के आगे ड्यूटी-फ्री क्षेत्र या सुरक्षा क्षेत्र में मौजूद विदेशी मुद्रा काउंटर से भारतीय अब रुपये के नोट बदल सकेंगे।

*******

आज गुड फ्राइडे है। आज ही दिन प्रभु यीशु को सूली पर चढ़ाया गया था। इस दिन के स्‍मरण में गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं की जा रही है।

केरलम के तिरुवनंतपुरम में, सेंट जोसेफ मेट्रोपॉलिटन कैथेड्रल और सेंट मैरी कैथेड्रल सहित प्रमुख गिरजाघरों में इसाई समुदाय के लोग प्रार्थना कर रहे हैं।

यह दिन मौन, तपस्‍या और त्‍याग का प्रतीक है।

*******

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्प ने अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को बर्खास्त कर दिया है। उन्होंने इसकी घोषणा ट्रुथ सोशल पोस्ट के माध्यम से की। उनकी जगह डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच को नियुक्त किया जाएगा।

*******

छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आज समापन होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साई आज शाम समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल रहेंगे। प्रतियोगिता में पुरुषों के फुटबॉल का फाइनल आज छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच खेला जाएगा।

पदक तालिका में कर्नाटक 23 स्वर्ण के साथ शीर्ष स्थान पर है।

*******

इंडियन प्रीमियर लीग- आई.पी.एल. क्रिकेट में, सनराइजर्स हैदराबाद ने कल रात कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से हरा दिया। 227 रन के लक्ष्य के जवाब में, कोलकाता की टीम 16 ओवर में 161 रन ही बना सकी। नीतीश कुमार रेड्डी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। आज, चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा। ये मैच शाम साढ़े सात बजे से चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमनोज।

देश की राजधानी से प्रकाशित होने वाले सभी हिन्दी अखबारों के पहले पन्‍ने पर पश्चिम बंगाल में न्‍यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए रखने के बाद सुरक्षा बलों के हस्‍तक्षेप और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े समाचार सबसे ऊपर छाए हुए हैं। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है- सात न्‍यायिक अफसर नौ घंटे बंधक रखे। अखबार ने इस समाचार को सचित्र प्रकाशित करते हुए मुख्‍य न्‍यायधीश सूर्यकांत की टिप्‍पणी को भी प्रमुखता से छापा है- पश्चिम बंगाल जैसा ध्रुवीकृत राज्‍य नहीं देखा, सब राजनीतिक भाषा बोलते हैंजनसत्‍ता ने इस खबर को शीर्षक से दिया है- सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताई, कहाबंगाल सर्वाधिक घ्रुवीकृतनवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है- एससी ने कहाबंगाल में कानून व्‍यवस्‍था ध्‍वस्‍तपंजाब केसरी ने समाचार को शीर्षक दिया है- बंगाल प्रशासन को सुप्रीम फटकारनवभारत टाइम्‍स ने अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप का कार्टून छापते हुए खबर को शीर्षक दिया है- अमरीकी राष्‍ट्रपति की ईरान को धमकी पाषाण युग। ईरान की मिसाइल ड्रोन क्षमता खत्‍म होने के ट्रंप के दावे को भी पत्र ने प्रमुखता से छापा है। दैनिक जागरण ने अपने संपादकीय लेख को शीर्षक दिया है उचित कदम। पत्र का कहना है कि एनसीआर के शहरों में वायु प्रदूषण गंभीर समस्‍या बना हुआ है। इसके समाधान के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।

*******

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने संसद में जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 के पारित होने को जीवन यापन और व्यापार में सुगमता के लिए महत्‍वपूर्ण बताया।
  2. निर्वाचन आयोग ने एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की जांच राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण को सौंपी।
  3. भारतीय नौसेना के स्वदेशी स्टेल्थ फ्रिगेट आई.एन.एस. ‘तारागिरी’ को आज विशाखापत्तनम में बेडे़ में शामिल किया जाएगा।
  4. संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने पश्चिम एशिया संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान किया।
  5. आज शाम छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया जनजातीय गेम्‍स का समापन होगा; कर्नाटक 23 स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में सबसे आगे।
  6. क्रिकेट में इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद ने कल रात कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराया।

*******