मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंत्रिमंडल की सुरक्षा समिति की विशेष बैठक की अध्यक्षता की; पश्चिम एशिया संघर्ष के दुष्प्रभाव से भारतीय नागरिकों को बचाने के लिए हर-संभव प्रयास करने का आह्वान किया।
- प्रधानमंत्री आज सिविल सेवकों की क्षमता विकास के लिए साधना सप्ताह 2026 का शुभारंभ करेंगे।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना आज जारी की जाएगी।
- संसद के बजट सत्र का आज समापन होगा।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा- ईरान में अमरीकी सेना जल्द ही अपना काम पूरा कर लेगी, सेना प्रमुख रणनीतिक उद्देश्य प्राप्त करने के करीब है।
- नासा ने अमरीका के फ्लोरिडा से चंद्रमा के लिए मानवयुक्त मिशन – आर्टेमिस II भेजा।
- फुटबॉल में, भारत ने भूटान को 5-0 से हराकर सैफ पुरुष अंडर-20 चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई।
**************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के कार्यक्रमों की समीक्षा करने और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष से संबंधित पहल पर विचार विमर्श करने के लिए मंत्रिमंडल सुरक्षा समिति -सीसीएस की विशेष बैठक की अध्यक्षता की। एक रिपोर्ट ….
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने आम आदमी के लिए आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता का आकलन किया। उन्होंने देश में उर्वरकों की उपलब्धता और खरीफ तथा रवि फसलों के दौरान इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि चल रहे संघर्ष के प्रभाव से नागरिकों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए। बैठक के दौरान कृषि, उर्वरक, जहाजरानी, विमानन, रसद और लघु और मध्य उद्यमों एमएसएमई में उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए किए जाने वाले कार्यों पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा आवश्यक आपूर्ति की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए एलपीजी और एलएनजी की आपूर्ति में विविधता लाने ईंधन शुल्क में कमी करने और बिजली क्षेत्र से संबंधित उपायो की समीक्षा भी की गई। आदित्य प्रताप सिंह आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
**************
पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच सरकार ने कहा है कि देश में उर्वरक बीज और कृषि रसायनों का पर्याप्त भण्डारण उपलब्ध है। पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों पर नई दिल्ली में अंतरमंत्रालयी बैठक में कृषि विभाग की अपर सचिव मनिंदर कौर द्विवेदी ने बताया कि देश भर में खरीफ फसलों के 185 लाख क्विंटल से अधिक बीज उपलब्ध हैं।
जितने प्रमुख फसल है उनका पर्याप्त बीज उपलब्ध है धान जिसका सबसे ज्यादा अधिक मात्रा में उपयोग होता है 80 दशमलव 9 लाख क्विंटल, सोयाबीन 35 दशमलव 7 लाख क्विंटल, मूंगफली 21 दशमलव एक, मक्का 11 दशमलव 9 और बाकी तुअर, मूंग और उड़द इनकी पर्याप्त मात्रा में बीज की उपलब्धता है। यह बीच की उपलब्धता सभी राज्यों में पर्याप्त क्वांटिटी में अवेलेबल है।
अपर सचिव ने कहा कि वर्तमान खरीफ सीजन के लिए पहले से ही 46 प्रतिशत उर्वरक उपलब्ध हैं और कृषि रसायनों की भी पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि टमाटर, प्याज और आलू सहित प्रमुख फसलों की कीमतें स्थिर हैं और थोक स्तर पर इनमें सुधार दिख रहा है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में कच्चे तेल का भंडार वर्तमान में पर्याप्त है।
हमारी क्रूड इन्वेंटरी सफिशिएंट है और भारत सरकार ने अगले दो महीने के लिए सफिशिएंट क्रूड के लिए अरेंजमेंट किया हुआ है। हमारी रिफाईनरीज उच्चतम स्तर पर चल रही हैं, रिटेल आउटलेट्स पर कोई ड्राई आउट रिपोर्टेड नहीं है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल, डीजल की दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
वहीं, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अब तक एक हजार 171 भारतीयों को आवागमन में सहायता की है। इनमें 818 छात्र शामिल हैं जो भारत लौट रहे हैं।
**************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सिविल सेवकों की क्षमता विकास को बढ़ावा देने के लिए साधना सप्ताह 2026 का शुभारंभ करेंगे। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग, क्षमता निर्माण आयोग तथा कर्मयोगी भारत संयुक्त रूप से नई दिल्ली में एक सप्ताह के साधना सप्ताह का आयोजन कर रहे हैं। इसका उद्देश्य पूरे देश के सिविल सेवकों की क्षमता, प्रदर्शन और दक्षता में सुधार करना है। केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों, संगठनों और राज्यों के सभी स्तरों के कर्मचारी और अधिकारी इसमें आईजीओटी प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों से भाग लेंगे। क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस. राधा चौहान ने कहा कि इस दौरान यह देखना होगा कि क्षमता निर्माण किस प्रकार विकसित भारत के उद्देश्यों को साकार करने में तालमेल बनाता है।
क्षमता निर्माण आयोग के सचिव जगदीप गुप्ता ने कहा कि यह कार्यक्रम मिशन कर्मयोगी के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है। इसका उद्देश्य भविष्य के लिए तैयार सिविल सेवा का निर्माण करना है।
**************
संसद का बजट सत्र आज समाप्त हो रहा है। राज्यसभा में आज आंध्र प्रदेश पुनर्गठन – संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा होने की उम्मीद है।
बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक हुआ था। सत्र का दूसरा चरण 8 मार्च से शुरू हुआ। पहले चरण में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और 2026-27 के केंद्रीय बजट पर चर्चा हुई। वहीं, दूसरे चरण में संसद ने वित्त विधेयक 2026 और विनियोग -संख्या 2 विधेयक 2026 को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान संसद के दोनों सदनों में पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न स्थिति पर सरकार का पक्ष रखा था।
**************
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना आज जारी की जाएगी। इस चरण में 142 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इसके साथ ही इस चरण के लिये नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 9 अप्रैल तक पर्चे भर सकते हैं। अगले दिन, नामांकन पत्रों की जांच होगी और 13 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं।
इस बीच, चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन भरने का कार्य चल रहा है। नामांकन छह अप्रैल तक दाखिल किये जा सकते हैं। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा।
**************
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य में एग्जिट पोल के संचालन, प्रकाशन या प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की अधिसूचना जारी कर दी है। निर्वाचन आयोग ने 16 मार्च को चुनाव तिथियों की घोषणा के समय इस संबंध में निर्देश जारी किए थे। यह प्रतिबंध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के अंतर्गत सभी प्रकार के मीडिया – प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक या प्रसार के किसी भी अन्य माध्यम पर लागू रहेगा। प्रतिबंध 9 अप्रैल को सुबह 7 बजे से 29 अप्रैल शाम साढे छह बजे तक प्रभावी रहेगा।
**************
केरलम में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अंतिम चरण में पहुंच गया है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से…
मतदान में सिर्फ एक हफ्ता शेष रहते हुए केरल में चुनाव प्रचार तेज हो गया है और सभी मोर्चों पर मतदाताओं को लुभाने की प्रयास जारी है। उम्मीदवार प्रमुख राष्ट्रीय नेताओं को अपने निर्वाचन क्षेत्रों में बुलाकर अपने प्रचार को और भी प्रभावी बना रहे हैं। एनडीए की ओर से प्रधानमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र मोदी प्रचार के तहत शनिवार को तिरुवनंतपुरम और तिरुवल्ला का दौरा करेंगे। वहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी आज तिरुवनंतपुरम और कोल्लम में यूडीएफ उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगी। एलडीएफ के समर्थन में सीपीआई की राष्ट्रीय सचिव डी. राजा ने कल इडुक्की के पूप्पारा में एक जनसभा में भाग लिया। शीर्ष नेताओं के आगमन से प्रचार में और भी तेजी आई है क्योंकि राज्य मतदान से पहले अंतिम चरण में प्रवेश कर रहा है। स्मिथ एम पुल्लुरूथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से पूजा।
**************
गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित शाह असम विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए दो दिन के दौरे पर आज दोपहर असम जाएंगे। श्री शाह नौगांव जिले के कालीबोर निर्वाचन क्षेत्र में असम गण परिषद के उम्मीदवार केशब महंता के समर्थन में दोपहर बाद तीन बजे मिस्सा हाई स्कूल में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
श्री शाह कल गोलोकगंज निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के लिए धुबरी जिले के रतियादाहा में मेला मैदान क्षेत्र में सुबह 11 बजे एक रैली को संबोधित करेंगे।
**************
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
**************
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका ईरान में अपने प्रमुख रणनीतिक लक्ष्य प्राप्त करने के करीब हैं और अमरीकी सेना जल्द ही अपना काम पूरा कर लेगी। व्हाइट हाउस से प्रसारित अपने 20 मिनट के संबोधन में श्री ट्रम्प ने अमरीकी मिशन – ऑपरेशन एपिक फ्यूरी – की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि अमरीका पहले से कहीं अधिक बड़ी जीत हासिल कर रहा है। राष्ट्रपति ने वादा किया कि जब युद्ध समाप्त होगा, तो अमरीका पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, मजबूत, समृद्ध और महान होगा।
**************
नासा का 50 वर्षों से अधिक समय के बाद चंद्रमा लिए पहला मानवयुक्त मिशन – आर्टेमिस II के ऑरियन अंतरिक्ष यान का प्रक्षेपण हो गया है। एक रिपोर्ट-
आर्टेमिस II के ऑरियन अंतरिक्ष यान ने भारतीय समयानुसार आज सुबह लगभग तीन बजकर 54 मिनट पर अमरीका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी। दस दिन के इस मिशन में शामिल दल एक मिनीबस के आकार के कैप्सूल में चंद्रमा की परिक्रमा करेगा। इस मिशन में चार अंतरिक्ष यात्री – रीड वाइजमैन, विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसेन शामिल हैं। 1968 से 1972 के बीच अपोलो मिशन से आगे बढ़कर इस मिशन में एक महिला और एक गैर-अमरीकी अंतरिक्ष यात्री भी शामिल है। इस मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में जीवन-रक्षक, नेविगेशन और अन्य प्रणालियों का परीक्षण करेंगे। इसका उद्देश्य भविष्य में मानवयुक्त चंद्र लैंडिंग के लिए प्रणाली का परीक्षण करना है। समाचार कच से प्राची वाजपेयी।
**************
खेल समाचारों के साथ हैं मुकेश कुमार कट– मुकेश कुमार–
सैफ अंडर-20 फुटबॉल चैंपियनशिप में, मौजूदा चैंपियन भारत ने भूटान को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में कल भारत की ओर से रोहेन चफामयूम ने दो गोल किए, जबकि ओमांग डोडुम, मोहम्मद अरबाश और थोकचोम मालेमंगनबा ने एक–एक गोल किया। फाइनल में कल भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। भारत इस प्रतियोगिता को चार बार जीत चुका है। इस बीच आईपीएल क्रिकेट में कल लखनऊ में डेल्ही कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को छह विकेट से हरा दिया है। प्रतियोगिता में आज कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मैच कोलकाता में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। उधर, छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया जनजातीय खेलों के नौवें दिन आज रायपुर में तीरंदाजी प्रतियोगिताएं और जगदलपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं होंगी। पदक तालिका में कर्नाटक 21 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य के साथ पहले स्थान पर है। ओडिशा 17 स्वर्ण के साथ दूसरे स्थान पर और झारखंड 9 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है। मुकेश कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
**************
देश के विभिन्न हिस्सों में आज हनुमान जन्मोत्सव पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्राचीन हनुमान मंदिर में बडी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर मंदिरों में हनुमान चालीसा, सुंदर कांड और अखंड रामायण का पाठ किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में भी हनुमान मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए हैं। अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर में भी इस अवसर पर लोगों की लंबी कतारें हैं।
**************
आकाशवाणी से प्रसारित होने वाली हमारी श्रृंखला ‘पीपल्स पद्म’ के अंतर्गत, आज हम श्री रघुवीर तुकाराम खेड़कर से बात करेंगे। उन्होंने पारंपरिक कला शैली ‘तमाशा’ को आगे बढ़ाया है। कला क्षेत्र में योगदान के लिए श्री रघुवीर तुकाराम खेड़कर को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा।
तमाशा लोगों की जान था। मेरा जो दौर रहा तमाशे का वह बहुत अच्छा दौर था। मुझे बचपन से ही पब्लिक ने चुना था। मेरे कॉमेडी पर बहुत पब्लिक हसती थी। पद्मश्री किताब मेरे को मिला है यह सुनकर मेरे जो पुराने अनुभव वो सब मेरे सामने आ गए और मैं बहुत आश्चर्यचकित हो गया।
यह चर्चा आज सुबह नौ बजकर दस मिनट पर आकाशवाणी के एफएम गोल्ड पर प्रसारित की जाएगी।
**************
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
**************
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं–मनोज।
- अमरीका ईरान के बीच एक माह से जारी युद्ध का असर भारतीय कारोबार पर दिखने का समाचार आज सभी समाचार पत्रों की सुर्खी बनी है। राजस्थान पत्रिका लिखता है- बंदरगाहों में फंसा अरबों का माल, उद्योग संकट में, कामगार मुश्किल में। पत्र लिखता है- बासमती चावल, केले, मसाले, फॉर्मा और जेम्स ज्वेलरी का कारोबार सबसे ज्यादा प्रभावित। वहीं, जनसत्ता ने विमान ईंधन की कीमतों में वृद्धि होने का समाचार दिया है। पश्चिम एशिया संकट के बीच व्यावसायिक एलपीजी की कीमत में वृद्धि। पंजाब केसरी लिखता है- कमर्शियल सिलेंडर एक सौ 95 रूपये महंगा।
- बिना डील ईरान युद्ध से निकल सकता है अमरीका। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दी नाटो छोड़ने की धमकी। कहा- दो से तीन हफ्ते में खत्म कर सकते हैं ईरान युद्ध। दैनिक जागरण की सुर्खी है।
- दैनिक भास्कर ने अपने बिजनेस पन्नें पर खबर दी है- एक साल में बैंक एफडी का रिटर्न शेयरों से ज्यादा। पत्र लिखता है- 2025-26 में सेंसेक्स सात प्रतिशत से ज्यादा टूटा पर बैंकों के एफडी का रिटर्न छह प्रतिशत से अधिक।
- किताबें और वर्दी खरीदने के लिए निजी स्कूल नहीं करेंगे मजबूर। शिक्षा निदेशालय की निजी स्कूल शाखा ने आदेश जारी किया। अमर उजाला की सुर्खी है।
- नवभारत टाइम्स ने अपने संपादकीय पन्नें पर ‘संकट पर नाटो’ शीर्षक से लेख प्रकाशित किया है- पत्र लिखता है- दुनिया के सबसे ताकतवर सैन्य अलायंस नाटो के टूटने की आशंका पैदा हो गई है और अमरीका इस अलायंस से निकलने की सोच रहा है।
**************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंत्रिमंडल की सुरक्षा समिति की विशेष बैठक की अध्यक्षता की; पश्चिम एशिया संघर्ष के दुष्प्रभाव से भारतीय नागरिकों को बचाने के लिए हर-संभव प्रयास करने का आह्वान किया।
- प्रधानमंत्री आज सिविल सेवकों की क्षमता विकास के लिए साधना सप्ताह 2026 का शुभारंभ करेंगे।
- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना आज जारी की जाएगी।
- संसद के बजट सत्र का आज समापन होगा।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा- ईरान में अमरीकी सेना जल्द ही अपना काम पूरा कर लेगी, सेना प्रमुख रणनीतिक उद्देश्य प्राप्त करने के करीब है।
- नासा ने अमरीका के फ्लोरिडा से चंद्रमा के लिए मानवयुक्त मिशन – आर्टेमिस II भेजा।
- फुटबॉल में, भारत ने भूटान को 5-0 से हराकर सैफ पुरुष अंडर-20 चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई।
**************