April 1, 2026 9:12 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस दशक को भारत का तकनीकी युग बताया। कहाप्रौद्योगिकी, एआई और सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में देश की पहल से पूरी दुनिया को लाभ मिलेगा।
  2. विश्व की सबसे बड़ी और पहली डिजिटल जनगणना-2027 आज से शुरू। मकान सूचीकरण और आवास गणना का पहला चरण इस वर्ष सितंबर तक पूरा होगा।
  3. नए आयकर अधिनियम, डिजिटल भुगतान के लिए दो चरणों में सत्‍यापन और पैन कार्ड आवेदन के लिए संशोधित नियम आज से लागू।
  4. महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नौ माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
  5. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने 2 से 3 सप्ताह के अंदर ईरान युद्ध समाप्त करने की घोषणा की।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स को 3 विकेट से हराया।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि यह दशक भारत के तकनीकी विकास का दशक है और प्रौद्योगिकी, एआई तथा सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में देश की पहल‍ से पूरी दुनिया को लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कल गुजरात के सावांद में केयन्स सेमीकंडक्टर के आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट– ओ.एस.ए.टी संयंत्र के उद्घाटन के बाद यह बात कही।

भारत का मानना है 21वीं सदी का ये कालखंड सिर्फ इकोनामिक कंपटीशन का समय नहीं है। यह फ्यूचर के टैग लैंडस्केप को शेप करने का समय है। इसलिए मैं इस डिकेड को भारत का टैकेड कहता हूं इस दशक में भारत टेक्नोलॉजी से जुड़े जो इनीशिएटिव ले रहा है वह आने वाले दशकों में भारत की लीडरशिप को सशक्त करेंगे।

प्रधानमंत्री ने गुजरात के वाव-थराद जिले के नानी में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बावजूद भारत ने स्थिति को नियंत्रण में रखा है।

भारत की हमेश से बड़ी ताकत रही है कितना ही कठिन समय क्‍यों न आएं मुश्किल के समय हमारा देश एकजुट होकर खड़ा होता है। बीते कुछ समय से आप देख रहे हैं कि दुनिया के कई देश युद्ध, अशांति और अस्थिरता से घिरे हैं। वेस्‍ट एशिया में जो हालत बुने हुए हैं उनका असर पूरी दूनिया पर है, ऊर्जा जरूरतों की डीजल, पेट्रोल और गैस की दिक्‍क्‍त पूरी दूनिया में बढ़ गई है। ऐसे संकट में भी भारत ने हालातों को नियंत्रण बनाए रखा है।

प्रधानमंत्री ने कल गांधीनगर के कोबा में सम्राट संप्रति संग्रहालय का भी उद्घाटन किया।

*******

लोकसभा में आज विदेशी अंशदान विनियमन संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा होगी। यह विधेयक विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम, 2010 में संशोधन करेगा। आज ही जन विश्वास प्रावधान संशोधन विधेयक, 2026 पर भी चर्चा होनी है। उधर, राज्यसभा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सामान्य प्रशासन विधेयक, 2026 और दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक 2026 पर चर्चा होगी।

*******

विश्व की सबसे बड़ी जनसंख्या प्रक्रिया, जनगणना-2027 का पहला चरण आज से शुरू होगा। जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना होगी। इसके लिए पहली मार्च, 2027 को संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है। एक रिपोर्ट-

पहली बार, जनगणना डिजिटल माध्यम से होगी। इसमें स्वगणना का विकल्प भी उपलब्ध होगा। यह स्वगणना आज से 15 अप्रैल तक जारी रहेगी। मकान सूचीकरण और आवास गणना 16 अप्रैल से शुरू होकर 15 मई तक जारी रहेगी। मकान सूचीकरण में सभी भवनों और संरचनाओं की सूची तैयार की जाएगी तथा आवासीय स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। भवनों की जियोटैगिंग भी की जाएगी और प्रत्येक संरचना को एक विशिष्ट पहचान संख्या दी जाएगी। देशभर में इस कार्य के लिए तीस लाख से अधिक गणनाकर्मी, पर्यवेक्षक और अन्य अधिकारी तैनात किए गए हैं। साथ ही, नागरिक सोलह भाषाओं में अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। दूसरा चरण अगले वर्ष फरवरी में आयोजित किया जाएगा। इसमें आयु, लिंग, व्यवसाय, साक्षरता और जाति संबंधी विवरण एकत्र किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने जनगणना-2027 के लिए ग्यारह हजार सात सौ अठारह करोड़ रुपये से अधिक राशि को मंजूरी दी है। अनुपम मिश्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

*******

भारत के महारजिस्‍ट्रार और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने आकाशवाणी से विशेष बातचीत में बताया कि यह जनगणना पिछली जनगणना से अलग है। उन्होने विदेश में रहने वाले भारतीयों की इस जनगणना में भागीदारी करने के तरीकों को भी स्पष्ट किया है।

प्रथम चरण बेसिकली मकानों की गणना और मकान सूचीकरण है। इसमें अगर बाहर रहते हैं तो कोई फर्क नहीं पड़ता। हम दूसरे चरण में एकएक व्‍यक्ति की गणना कराते हैं तो उसमें बाहर रहने वाले हैं उनकों इन वैसे की माध्‍यम से उनकी गणना कराने की व्‍यवस्‍था है।  

*******

आज से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही प्रमुख वित्तीय नियमों में बदलाव सहित कई सुधार लागू हो जाएंगे। एक रिपोर्ट-

नए वित्‍त वर्ष के पहले दिन आज आयकर अधिनियम– 2025 ने छह दशक से भी अधिक पुराने आयकर अधिनियम 1961 स्‍थान ले लिया है। इसे पुराने प्रावधानों को हटाकर, जटिल नियमों को सुव्‍यवस्थित करके और करदाताओं के लिए अनुपालन को अधिक सरल बनाकर कर प्रणाली को आसन बनाने के उद्देश्‍य से तैयार किया गया है। भारतीय रिज़र्व बैंक के निर्देशानुसार आज से देश में सभी डिजिटल भुगतान लेनदेन के लिए टूफैक्टर ऑथेंटिकेशनदोकारक प्रमाणिकरण के मानदंडों को पूरा करना अनिवार्य होगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए फास्‍ट टैक वार्षिक पास का संशोधित शुल्क भी आज से लागू होगा। इसके साथ ही स्‍थायी खाता संख्‍या पेन कार्ड के लिए आवेदन करने या उसे अपडेट करने के संशेाधि‍त नियम भी आज से प्रभावी होंगे। अनुपम मिश्र के साथ अंकित कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी असम में आगामी विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए आज राज्‍य के दौरे पर हैं। एक रिपोर्ट-

भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रधानमंत्री आज दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पहली रैली सुबह 11 बजे धेमाजी जिले के गोगमुख में होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री बिश्वनाथ जिले के बेहाली जाएंगे, जहां वे एक बजे दूसरी रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में वे तीन महत्‍वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों बिश्वनाथ, बेहाली और गोहपुर के मतदाताओं को संबोधित करेंगे। असम में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद, प्रधानमंत्री के आज नई दिल्ली लौट आएंगे। अमीनुल हक ज्वाद्दर की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से दुर्गा प्रसाद। 

*******

असम 126 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। दिसपुर एल.ए.सी. असम के प्रमुख और प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। इस विधानसभा सीट के बारे में अधिक जानकारी दे रहे हैं हमारे संवाददाता…

33 नंबर दिसपुर विधानसभा क्षेत्र असम के 126 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। आगामी चुनाव के लिए मतदान 9 अप्रैल को होना निर्धारित है। वर्तमान विधानसभा चुनाव में दिसपुर के पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने प्रद्युत बोरदोलोई को उम्मीदवार बनाया है, जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की मीरा बोरठाकुर गोस्वामी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। बल्लभ पात्रा आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हैं, जबकि जयंत कुमार दास और आयुष कुमार सिंह स्‍वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, दिसपुर में 2 लाख 43 हजार से अधिक मतदाता हैं। अमीनुल हक ज्वद्दर आकाशवाणी समाचार गुवाहाटी।

*******

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के हंसखाली नदिया जिले के ब्लॉक विकास अधिकारी सायंतन भट्टाचार्य को मतदान कर्मी पर हमले की घटना के बाद निलंबित कर दिया है। यह घटना राणाघाट में एक प्रशिक्षण सत्र के दौरान हुई।

*******

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में कल 30 लाख रुपये के कुल इनाम वाले नौ नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। ये नक्सली छत्तीसगढ़ में सक्रिय इंद्रावती क्षेत्रीय समिति और राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्रीय समिति के सदस्‍य थे।

पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने बताया कि गढ़चिरौली जिले में अब केवल छह सशस्त्र वर्दीधारी नक्सली ही सक्रिय बचे हैं।

*******

इससे पहले छत्‍तीसगढ़ के बस्‍तर में कल तैंतीस माओवादियों ने आत्‍मसमर्पण किया। इनमें सतरह महिलाएं भी शामिल हैं।

*******

महानगरों में तेल विपणन कंपनियों ने व्यावसायिक एल.पी.जी. सिलेंडरों की कीमतों में 195 रुपये 50 पैसे की वृद्धि की है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में व्यावसायिक एल.पी.जी. सिलेंडरों की खुदरा कीमत अब 2 हजार 78 रुपये 50 पैसे हो गई है। कोलकाता में व्यावसायिक एलपीजी की कीमत बढ़कर 2 हजार 208 रुपये हो गई है। 19 किलोग्राम के व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की संशोधित कीमत आज से लागू हो गई है।

हालांकि, घरेलू एल.पी.जी. सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

*******

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध अगले 2 से 3 सप्ताह के भीतर समाप्त कर दिया जाएगा। मीडिया से बातचीत में राष्ट्रपति ट्रम्प ने अमरीकी सेना के ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के जल्द पूरा होने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से वापस लौटने से पहले अमरीका, ईरान की हर उस क्षमता को निष्क्रिय करना चाहता है, जो उसके लिए खतरा बन सकती है। उन्होंने युद्ध समाप्त करने से पहले एक संभावित समझौते का भी संकेत दिया। 

इससे पहले, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था कि अमरीका का मिशन पहले दिन से ही स्पष्ट था। उन्होंने कहा कि ईरान के खतरे को पूरी तरह से खत्म करने का यह अंतिम और सबसे अच्छा मौका है।

*******

आईपीएल क्रिकेट में चंडीगढ में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स को तीन विकेट से हरा दिया। गुजरात टाइटन्स ने निर्धारित 20 ओवर में 162 रन बनाए।

आज शाम साढे सात बजे लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा।

*******

16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सबजूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ आज रांची में होगा। यह प्रतियोगिता 12 अप्रैल तक चलेगी। मैच आज सुबह से खेले जाएंगे जबकि उद्घाटन समारोह शाम साढे चार बजे आयोजित किया जाएगा।

*******

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आज भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने  छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और तेलंगाना में कल तक गरज और ओलावृष्टि की संभावना व्‍यक्‍त की है। झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान, कोंकण और गोवा में आज गरज के साथ बिजली चमक सकती है।

*******

ओडिशा आज अपना 91वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस दिन को उत्कल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

 *******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंमुकेश कुमार बल ।

  1. आज से नया आयकर कानून लागू होने और जनगणना की शुरूआत लगभग सभी अखबारों की प्रमुख खबर हैं। नवभारत टाइम्स लिखता है- टैक्स, टोल, ट्रेन…. आज से बदले नियम। पैन कार्ड के लिए भी नियमों में हुआ बदलाव। दैनिक जागरण की सुर्खी है- टोल प्लाज़ा पर आज से शत-प्रतिशत डिजिटल पेमेंट। जिन गाड़ियों के पास वैध फास्टैग नहीं है या जिनमें पर्याप्त बैलेंस नहीं है उन्हें जुर्माना देना पड़ सकता है या टोल प्लाजा पर रोका जा सकता है। नये आयकर कानून पर अमर उजाला लिखता है- 65 साल पुराना कानून अब इतिहास …. आसान होगी भाषा, कर नहीं देने वालों के लिए अलग-अलग फॉर्म की जरूरत भी खत्म।
  2. पंजाब केसरी ने आत्मनिर्भरता पर जोर शीर्षक से लिखा है- श्री मोदी ने मेड इन इंडिया- मेक फॉर द वर्ल्ड का मंत्र दिया। गुजरात में वैश्विक संकट पर दिए गए प्रधानमंत्री के बयान को लोकसत्य ने प्रमुखता दी है- भारत ने स्थिति संभाली, विपक्ष ने फैलाई अराजकता। 
  3. जनसत्ता की सुर्खी है- होर्मुज जलमार्ग खुलवाए बिना युद्ध खत्म करने के इच्छुक ट्रम्प। हिन्दुस्तान लिखता है- हमलों से भड़के ईरान की धमकी, अमरीकी कंपनियों को उड़ा देंगे। राजस्थान पत्रिका ने सुरक्षा अभेद्य शीर्षक से खबर दी है- अमरीकी सेंटकॉम का एक्शन देख भारत में थिएटर कमान बनाने में तेज़ी। एक-दो माह में आर्मी, एयरफोर्स, नेवी की जॉइंट पहली कमान संभव।
  4. दैनिक भास्कर ने अपने संपादकीय पृष्ठ में लिखा है- युद्ध से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे हैं ट्रम्प।
  5. दैनिक ट्रिब्यून ने मौसम विभाग के हवाले से लिखा है- इस बार देश में गर्मी छुड़ायेगी पसीने। इस महीने देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की है संभावना।

 *******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस दशक को भारत का तकनीकी युग बताया कहा- प्रौद्योगिकी, एआई और सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में देश की पहल से पूरी दुनिया को लाभ मिलेगा।
  2. विश्व की सबसे बड़ी और पहली डिजिटल जनगणना-2027 आज से शुरू। मकान सूचीकरण और आवास गणना का पहला चरण इस वर्ष सितंबर तक पूरा होगा।
  3. नए आयकर अधिनियम, डिजिटल भुगतान के लिए दो चरणों में सत्‍यापन और पैन कार्ड आवेदन के लिए संशोधित नियम आज से लागू।
  4. महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नौ माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
  5. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने 2 से 3 सप्ताह के अंदर ईरान युद्ध समाप्त करने की घोषणा की।
  6. आईपीएल क्रिकेट में, पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स को 3 विकेट से हराया।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.