March 31, 2026 9:10 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के वाव-थराड में लगभग बीस हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। गांधी नगर में सम्राट संप्रति संग्रहालय का भी उद्घाटन करेंगे।
  2. सरकार ने कल से शुरू हो रही जनगणना के पहले चरण के लिए 33 प्रश्‍न अधिसूचित किए।
  3. देशभर में आज 24वें और अंतिम जैन तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती मनाई जा रही है।
  4. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने जल्‍द समझौता ना करने पर ईरान के ऊर्जा संसाधनों पर व्‍यापक हमलों की धमकी दी।
  5. भारत की शीतल देवी विश्‍व तीरंदाजी संघ की पैरा आर्चर ऑफ़ द ईयर 2025′ चुनी गई।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे वाव-थराड में 19 हजार 806 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। श्री मोदी केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की 10 हजार 921 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास और गुजरात सरकार की 8 हजार 886 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कच्‍छ जिले के खावडा में दुनिया के सबसे बडे हाइब्रिड नवीकरणीय ऊर्जा पार्क में बिजली मंत्रालय के तहत तीन हजार छह सौ 64 करोड रुपये की तीन परियोजना राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा सात सौ 50 करोड रुपये की लागत से ईडर बडौली बाइपास चार लेन वाली सड़क और धौलाविरा मऊआना वोवा सान्‍तलपुर खंड की आधारशिला रखी जाएगी। श्री मोदी पांच हजार एक सौ पांच करोड रुपये की लागत से बनाए गए अहमदाबाद धौलेरा गलियारे के पैकेज एक से चार का भी उद्घाटन करेंगे। श्री  मोदी रेल मंत्रालय की आठ सौ 91 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को भी राष्‍ट्र को स‍मर्पित करेंगे। इसके अलावा खेर ब्रह्मा हेमंद नगर को ….ट्रेन को खेरब्रह्म से हरी झंडी दिखाई जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत श्री मोदी के 34 जिलों में 38 हजार नौ सौ 49 घरों में नागरिकों को आवास प्रदान करेंगे। जो राज्‍य के ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों के लिए अपने घर के सपने को साकार करेगा। प्रवेश अडेचा आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद

*******

सरकार ने कल से शुरू हो रही जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए 33 प्रश्न अधिसूचित किए हैं। नई दिल्‍ली में संवाददाता सम्‍मेलन में, भारत के महापंजीयक और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने बताया कि जनगणना दो चरणों में होगी। पहले चरण में घर-घर जाकर सूचीकरण और स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होगी। यह चरण राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर तक चलेगा।

स्व-गणना पोर्टल 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा।

*******

देशभर में आज 24वें और अंतिम जैन तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती मनाई जा रही है। महावीर जयंती को जैन समुदाय के लिए सबसे शुभ दिनों में से एक माना जाता है। जैनियों के धार्मिक जीवन में इसका बहुत अधिक महत्व है। संघर्ष और अराजकता से घिरी दुनिया में भगवान महावीर का अहिंसा, सत्य और आंतरिक चेतना का शाश्वत संदेश आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि भगवान महावीर के पांच सिद्धांत – अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह – सभी को जीवन के सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि इन सिद्धांतों को अपनाकर लोग अपने जीवन को सार्थक बना सकते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान महावीर जन्म कल्याणक दिवस के अवसर पर आज गुजरात के कोबा तीर्थ स्थित सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि यह संग्रहालय जैन संस्कृति की उत्कृष्ट कृतियों और मानव जाति के प्रति जैन धर्म के योगदान को प्रदर्शित करता है।

*******

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भगवान महावीर जयंती के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

*******

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा संसाधनों, जल शोधन संयंत्रों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को नष्ट करने की धमकी दी है। उन्होंने युद्ध समाप्त करने के लिए जल्द ही ईरान के साथ कोई समझौता नहीं होने की स्थिति में यह चेतावनी दी है। समाचार चैनल से साक्षात्कार में श्री ट्रंप ने कहा कि अमरीकी सेना ईरान के खार्ग द्वीप तेल निर्यात केंद्र पर कब्जा कर सकती है। उधर ईरान ने धमकी दी है कि यदि उसके क्षेत्र पर आक्रमण किया गया तो वह फारस की खाड़ी में बारूदी सुरंगें बिछा देगा।

*******

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नक्‍सलवाद ने प्रभावित क्षेत्रों में विकास को बाधित किया था, लेकिन अब नरेंद्र मोदी सरकार के नेतृत्व में इन क्षेत्रों में विकास पहुंच रहा है। गृहमंत्री लोकसभा में देश को नक्‍सलवाद से मुक्त करने के प्रयासों पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे थे।

श्री शाह ने कहा कि 2024 से मार्च 2026 तक मुठभेड़ों में 706 नक्सली मारे गए। उन्होंने बताया कि 2218 नक्सलियों को हिरासत में लिया गया और 4839 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। श्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है।

आज बस्‍तर से नक्सलवाद लगभगलगभग समाप्त। बस्तर के अंदर हर गांव में स्कूल बनाने की मुहिम चली, बस्‍तर के अंदर हर गांव में राशन की दुकान खोलने की मुहिम चली, हर तहसील पंचायत में पीएससीसीएससी बने, इनके आधार कार्ड बने, राशन कार्ड बने, 5 किलो अनाज मिल रहा है। लाल आतंक का परछाई वहां पडा था इसलिए विकास नहीं पहुंचा था। आज परछाई हट गई है और बस्‍तर विकसित हो रहा है।

*******

असम, केरलम और पुद्दुचेरी में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। यहां एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। तमिलनाडु में भी एक चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

*******

विधानसभा क्षेत्रों की प्रोफाइल की विशेष श्रृंखला में आज बात केरलम के कोल्‍लम जिले में पतनापुरम निर्वाचन क्षेत्र की-

कोल्लम ज़िले की पतनापुरम विधानसभा सीट पर इस बार सात उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।सत्तारूढ़ एलडीएफ ने मौजूदा विधायक और मंत्री, केरल कांग्रेस के के.बी. गणेशकुमार को मैदान में उतारा है। एनडीए की ओर से ट्वेंटी-ट्वेंटी  पार्टी के अनिलपिल्लई चुनाव लड़ रहे हैं। पतनापुरम में यूडीएफ के उम्मीदवार कांग्रेस नेता ज्योति कुमार चामक्काला हैं। इनके अलावा, बीएसपी के विपिन कनिकोनतु, डीएचआरएम पार्टी के अनीशकिलिमानूर और दो निर्दलीय उम्मीदवार भी पतनापुरम से चुनाव लड़ रहे हैं। पतनापुरम में एक लाख 79 हज़ार से ज़्यादा मतदाता हैं, जिनमें से 94 हज़ार से ज़्यादा महिला मतदाता हैं। तिरुवनंतपुरम से स्मिति एम. पल्लुरुती की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची वाजपेयी।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज बिहार के राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। हमारी संवाददाता ने बताया कि कार्यक्रम में राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विदेश मंत्री सुब्रमण्‍यम जयशंकर भी हिस्‍सा लेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। समारोह के दौरान वे विभिन्न संकायों के छत्तीस विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और दस शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान करेंगी। समारोह में अर्जेंटीना, वियतनाम, नेपाल और भूटान समेत तेरह देशों के विद्यार्थी शामिल होंगे। इस दौरान राष्ट्रपति दक्षिणपूर्व एशियाई अध्ययन केन्द्र का औपचारिक शुभारंभ भी करेंगी। राष्ट्रपति दो हजार सीटों की क्षमता वाले विश्वमित्रालय सभागार का उद्घाटन भी करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति का प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेषों के अवलोकन का भी कार्यक्रम है। सविता पारीक आकाशवाणी समाचार पटना।

*******

अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आज नई दिल्ली में समाप्त हो जाएगा। भारत मंडपम में यह आयोजन  सात दिन चला। कल दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यटन और संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा की उपस्थिति में समापन समारोह आयोजित किया गया।

सप्‍ताह भर चलने वाले इस महोत्‍सव में दुनियाभर की एक सौ 25 से अधिक फिल्‍मों का प्रदर्शन किया गया। जो भारत के वैश्विक सिनेमा कैलेंडर में एक महत्‍वपूर्ण उपलब्धि है। आकाशवाणी महोत्‍सव से विशेश बातचीत में फिल्‍म निर्माता अनुशा रिज़वी ने ऐसे फिल्‍म महोत्‍सवों के महत्‍व पर अपने विचार साझा किए हैं। फिल्‍म महोत्‍सव के दौरान विभिन्‍न देशों की सिनेमाई यादों को संजोने के लिए शोले और हॉलीवुड की क्‍लासिक फिल्‍म पोस्‍टों की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। शिवांग मिश्र की रिपोर्ट के साथ निकिता गुप्‍ता आकाशवाणी समाचार नई  दिल्ली

*******

भारत की शीतल देवी विश्‍व तीरंदाजी संघ की ‘पैरा आर्चर ऑफ़ द ईयर 2025’ चुनी गई हैं। बिना हाथों वाली जम्मू-कश्मीर की शीतल, विश्‍व पैरा तीरंदाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला तीरंदाज हैं। उन्होंने दक्षिण कोरिया के ग्वांगजू में आयोजित इस प्रतियोगिता के महिला कंपाउंड इवेंट में शीर्ष स्थान हासिल किया। इस चैंपियनशिप में उन्होंने टीम रजत और मिश्रित टीम कांस्य पदक भी जीते। बिना हाथों के जन्मी शीतल देवी, धनुष खींचने और तीर चलाने के लिए अपने पैरों और कंधों का इस्तेमाल करती हैं।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे NEWS ON AIR मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंसरफिरोज़ी।

  1. अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप की चेतावनी आज के अनेक अखबारों की सुर्खी है। जनसत्‍ता लिखता है- ट्रंप ने बिजली संयंत्रों, तेल के कुओं और खार्ग द्वीप को नेस्‍तनाबूद करने की धमकी दी, कहा ईरान से बातचीत प्रगति पर, होर्मुज नहीं खोला तो असैन्‍य ढांचे को ध्‍वस्‍त कर देंगे। हिन्‍दुस्‍तान ने बताया है- बातचीत में प्रगति के अमरीकी दावे से ईरान ने किया इनकार।
  2. देश के नक्‍सल मुक्‍त होने का गृह मंत्री अमित शाह का लोकसभा में वक्‍तव्‍य अखबारों में सचित्र है। मोदी सरकार की एक और बड़ी सफलता, जो गोली चलाएंगे वो कीमत चुकाएंगे- पंजाब केसरी की हेडलाइन है। लोकसत्‍य ने भी गृह मंत्री का ऐसा ही बयान दिया है।
  3. राजस्‍थान पत्रिका लाल आतंक का खात्‍मा शीर्षक से लिखता है- डेडलाइन से पहले सफलता। आज कुछ अखबारों ने नक्‍सल मुक्‍त भारत पर विशेष आलेख भी दिया है।
  4. राजस्‍थान पत्रिका ने कल से लागू होने वाले नए कर नियमों पर लिखा है- डिजिटल पेमेंट बैंकिंग के नियम बदलेंगे, टोल प्‍लाजा पर नकद भुगतान बंद। दैनिक भास्‍कर लिखता है- फॉर्म 130 से जमा होगा आईटीआर।
  5. हिन्‍दुस्‍तान ने खबर दी है- आईटी नियमों में बड़े बदलाव के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा तैयार मसौदे के अनुसार इन्‍फ्लुएंसर्स की समाचार सामग्री हटा सकेगा केन्‍द्र।
  6. गोपनीयता के नए नियमों के साथ शुरू होगी देश की पहली डिजिटल जनगणना- दैनिक जागरण के पहले पृष्‍ठ पर है। हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- जनगणना में लिव-इन जोड़ों को विवाहित माना जाएगा।
  7. बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल की जवाबदेही तय करने के लिए तेलंगाना विधानसभा में हाल में पारित विधेयक पर जनसत्‍ता ने अपने संपादकीय में लिखा है कि तेलंगाना सरकार ने जो पहल की है, वो दूसरे राज्‍यों के लिए प्रेरणादायक है। पत्र‍ लिखता है- अगर बुजुर्ग माता-पिता द्वारा सरकारी सेवा में कार्यरत्‍त संतान के खिलाफ की गई शिकायत सही पाई जाती है, तो संबंध‍ित कर्मी के वेतन से तय राशि काटकर माता-पिता को दे दी जाएगी।
  8. दैनिक भास्‍कर ने महावीर जयंती पर विशेष अहिंसा अंक में लिखा है- जब दुनिया हथियारों की भाषा बोल रही है, तब अहिंसा के शब्‍द ही उम्‍मीद।
  9. आईपीएल मैच में वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड अर्धशतकीय पारी की बदौलत राजस्‍थान रॉयल्‍स की जीत पर पंजाब केसरी की टिप्‍पणी है- सूर्य की तरह चमके वैभव।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के वाव-थराड में लगभग बीस हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। गांधी नगर में सम्राट संप्रति संग्रहालय का भी उद्घाटन करेंगे।
  2. गृहमंत्री अमित शाह ने कहा – मोदी सरकार के प्रयासों से देश, नक्‍सलवाद से मुक्‍त हुआ।
  3. सरकार ने कल से शुरू हो रही जनगणना के पहले चरण के लिए 33 प्रश्‍न अधिसूचित किए।
  4. देशभर में आज 24वें और अंतिम जैन तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती मनाई जा रही है।
  5. अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने जल्‍द समझौता नहीं करने पर ईरान के ऊर्जा संसाधनों पर व्‍यापक हमलों की धमकी दी।
  6. भारत की शीतल देवी विश्‍व तीरंदाजी संघ की ‘पैरा आर्चर ऑफ़ द ईयर 2025’ चुनी गई।

*******

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.