March 29, 2026 9:18 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश और विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे।

  2. प्रधानमंत्री ने वैश्विक चुनौतियों के बीच सामूहिक प्रयास और राष्ट्रीय एकता का आह्वान किया; दोहराया कि सरकार की नीति और रणनीति जनहित पर केंद्रित है।

  3. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया संकट पर सक्रिय, समन्वित और दूरदर्शी दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया।

  4. कतर और यूक्रेन ने रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किये।

  5. मौसम विभाग का देश के अधिकांश हिस्सों में आंधी-तूफान का पूर्वानुमान।
  6. 19वें आईपीएल के उद्घाटन मैच में, मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराया।

 

*******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश और विदेश के लोगों से विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 132वीं कड़ी होगी। कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, ए.आई.आर. न्यूज़ वेबसाइट और न्यूज़ऑनएयर मोबाइल ऐप पर किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण ए.आई.आर. न्यूज़, डीडी न्यूज़, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी किया जाएगा। हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी प्रादेशिक भाषाओं में भी कार्यक्रम का प्रसारण करेगा।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने वैश्विक चुनौतियों के बीच सामूहिक प्रयास और राष्ट्रीय एकता का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि संसद में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष से उत्पन्न संकट से निपटने के बारे में उन्‍होंने विस्तार से बात की और मुख्यमंत्रियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की है। श्री मोदी ने कल उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के, पहले चरण के उद्घाटन समारोह में देशवासियों से धैर्य से मौजूदा संकट का सामना करने की अपील की।

 

मैं देशवासियों से फिर से कहूंगा हमें शांत मन से, धैर्य के साथ, एकजुटता के साथ मिलजुल करके इस संकट का सामना करना है। यह पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है। हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करना है और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक महीने से पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण कई देशों में भोजन, पेट्रोल-डीजल, गैस और उर्वरक जैसी आवश्यक वस्तुओं की कमी हो रही है। उन्होंने कहा कि हर देश इस संकट से निपटने के लिए प्रयासरत है।

 

भारत बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस, ये जहां युद्ध चल रहा है ना, इस युद्ध से प्रभावित इलाके से मंगाता है। इसलिए सरकार हर वो कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर इस संकट का बोझ न पड़े।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो भारतीयों और भारत के हित में है, वही सरकार की नीति और रणनीति है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी राजनीतिक दल, देश के संयुक्त प्रयासों को मजबूती प्रदान करेंगे।

 

मैं देश के सभी राजनीतिक दलों से भी आग्रह पूर्वक कहना चाहता हूं इस प्रकार के संकट में जो भारत के हित में है वही भारत सरकार की नीति और रणनीति है। मुझे पूरा भरोसा है कि देश के सभी राजनीतिक दल भी देश के एकजुट प्रयासों को बल देंगे, ताकत देंगे।

*******

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कल शाम नई दिल्ली में वरिष्ठ मंत्रियों के अनौपचारिक समूह की बैठक की अध्यक्षता की। जिसमें उन्होंने पश्चिम एशिया में बदलते परिदृश्य को देखते हुए सक्रिय, समन्वित और दूरदर्शी दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया है और सतर्क रहने की बात कही। श्री सिंह ने बैठक में सचिवों के अधिकार प्राप्त समूहों को स्थिति की निरंतर निगरानी करने, मध्यम से लेकर दीर्घकालिक तैयारी का दृष्टिकोण अपनाने, उच्च स्तरीय समन्वय बनाए रखने और त्वरित निर्णय लेने को सुनिश्चित करने के लिए मार्गदर्शन दिया। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन, हरदीप सिंह पुरी, जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह, के. राममोहन नायडू और अन्य मंत्री उपस्थित थे।

*******

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कल तेल कंपनियों और डीलरों के साथ तेलंगाना में ईंधन की उपलब्धता की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कमी की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है और पूरे देश में आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने हरित ऊर्जा की ओर बदलाव पर कहा कि सरकार तेल पर निर्भरता कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों और रेलवे के विद्युतीकरण को बढ़ावा दे रही है।

 

*******

 

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बाद ईरान ने दावा किया है कि उसने दुबई में अमरीकी सेना के दो ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स के अनुसार इन ठिकानों पर 500 से अधिक अमरीकी सैनिक मौजूद थे। हालांकि, अमरीकी केंद्रीय कमान ने इस दावे को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि दुबई में किसी भी अमरीकी सैन्य ठिकाने पर कोई हमला नहीं हुआ है। इस बीच, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने खाड़ी देशों को अमरीका-इस्राएल गठबंधन का समर्थन न करने की चेतावनी दी है।

 

*******

 

यमन के हौसीयों ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच इस्राएल को निशाना बनाते हुए दूसरे सैन्य अभियान की घोषणा की। इस अभियान के अंतर्गत दक्षिणी कब्जे वाले फ़लस्तीन में स्थित महत्वपूर्ण और सैन्य ठिकानों पर क्रूज़ मिसाइलों और ड्रोन से हमला करने का दावा किया गया है। हौसि‍यों ने कहा कि उनके अभियान तब तक जारी रहेंगे जब तक घोषित उद्देश्य प्राप्त नहीं हो जाते और प्रतिरोध के सभी मोर्चों पर हो रहे आक्रमण समाप्त नहीं हो जाते।

 

*******

 

केरलम में 9 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पलक्कड़ और त्रिशूर में चुनाव प्रचार करेंगे। इससे पहले विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन और सांसद शशि थरूर सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी एर्नाकुलम जिले की विभिन्न विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार में हिस्‍सा लिया।

 

*******

 

असम में सभी 126 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान एक ही चरण में निर्धारित है। जोरहाट विधानसभा क्षेत्र असम की प्रमुख और प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से।

 

 

सौ नंबर जोरहाट विधानसभा क्षेत्र असम के 126 निर्वाचन क्षेत्र में से एक है। यहां नौ अप्रैल को मतदान होना है। यह निर्वाचन क्षेत्र शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का मिश्रण है। इस विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र से चार उम्मीदवार मैदान में हैं। असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई का मुकाबला भाजपा के हितेंन्‍द्र नाथ गोस्‍वामी, आम आदमी पार्टी के प्रणव प्रियंकुश दत्ता और एसयूसीआई के हेमंता बेगु से है। 2023 के परिसीमन के बाद जोरहाट एलएसी की सीमाओं और जनसंख्या में बदलाव आया है भारत के निर्वाचन आयोग के अनुसार जोरहाट में एक लाख 50 हजार से अधिक मतदाता हैं। जिनमें 78 हजार से अधिक महिलाएं और 72 हजार से अधिक पुरुष हैं। 182 मतदान केन्‍द्रों में कोई ट्रांसजेंडर मतदाता नहीं है। अमीनुल हक जद्दार, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।

 

*******

 

आगामी विधानसभा चुनावों के संबंध में, पुद्दुचेरी सहित अन्य राज्यों में सभी तरह के एग्जिट पोल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मतदान शुरू होने से लेकर मतदान समाप्त होने के आधे घंटे बाद तक, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एग्जिट पोल आयोजित नहीं किए जा सकते और न ही उनके परिणाम प्रकाशित या प्रसारित किए जा सकेगें। पुद्दुचेरी के मुख्य चुनाव अधिकारी पी. जवाहर ने बताया कि यह प्रतिबंध 9 अप्रैल सुबह 7 बजे से लेकर 29 अप्रैल शाम साढ़े 6 बजे तक लागू रहेगा।

 

*******

 

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के तहत तीसरी पूरक मतदाता सूची जारी कर दी है। इसकी घोषणा कल देर रात की गई। हालांकि, सूची में शामिल या बाहर किए गए मतदाताओं की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया गया है।

 

*******

 

आकाशवाणी समाचार के विशेष कार्यक्रम ‘पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणी’ की अगली कड़ी में हम श्री मोहन नागर से बातचीत करेंगे। श्री नागर को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण में उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा।

 

 

पर्यावरण की सुरक्षा, जल की सुरक्षा और समाज सेवा के लिए शिक्षा को लेकर के, ग्राम विकास को लेकर के फिर बैतूल जिले को अपना कार्य क्षेत्र बनाया और उसी में फिर अभी तक लगे हुए हैं। तीन जनजाति बच्चों के अलग-अलग छात्रवृत्ति प्रारंभ की है। उसे लेकर बच्‍चे पढ़ाई कर रहे हैं आज उसी शिक्षा को लेकर स्‍वालंबी भी हुए है और सरकारी जॉब में भी गए हैं कुछ अपना स्वयं का भी काम कर रहे हैं। पहले यह कोई संरचना बना दो, कोई पेड़ लगा दो, कोई खंती खोद दो, कोई घास लगा दो, कोई पत्थर से उसको रोक दो तो फिर वर्ष का जल धीरे-धीरे जमीन में जाने लगता है।

 

यह पॉडकास्ट आज सुबह नौ बजकर दस मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड चैनल पर प्रसारित किया जाएगा।

 

*******

 

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की दोहा यात्रा के दौरान यूक्रेन और कतर ने रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों ने क्षेत्रीय तनाव, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा की। ज़ेलेंस्की ने कल लुसैल पैलेस में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से मुलाकात की। कतर के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस समझौते में मिसाइल खतरों और मानवरहित हवाई प्रणालियों से निपटने में सहयोग के साथ-साथ दोनों देशों के बीच विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को भी शामिल किया गया है।

 

*******

 

नेपाल की नई सरकार ने घोषणा की है कि वह 1990 से 2026 तक सार्वजनिक पदों पर रहे नेताओं और उच्च पदस्थ अधिकारियों की संपत्तियों की जांच के लिए एक समिति का गठन करेगी। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार ने कल जारी किए 100 सूत्रीय शासन सुधार एजेंडा में कहा कि 15 दिन के भीतर एक संपत्ति जांच समिति का गठन किया जाएगा।

 

*******

 

मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य-प्रदेश में बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो से तीन दिन तक पूर्वोत्तर राज्यों में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

 

*******

 

इंडियन प्रीमियर क्रिकेट लीग-आईपीएल में आज मुम्‍बई में मुम्‍बई इंडियन्‍स का सामना कोलकाता नाइट राईडर्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा। कल बेंगलुरू में प्रतियोगिता के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने सनराजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हरा दिया।

 

*******

 

खेलो इंडिया जनजातीय खेल के चौथे दिन, भारोत्तोलन खिलाड़ी निकिता ने महिलाओं के 77 किलोग्राम वर्ग में मेजबान छत्तीसगढ़ के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। वहीं ओडिशा की महिला तैराकों ने तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। आज रायपुर में हॉकी, भारोत्तोलन और फुटबॉल तथा सरगुजा में कुश्ती के मुकाबले होंगे।

 

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा कल गौतम बुद्ध नगर के जेवर में नोएडा अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण के उद्घाटन को लोकसत्‍य ने बड़ी सौगात बताते हुए भारत की नई उड़ान कहा है। राजस्‍थान पत्रिका के अनुसार 45 दिन में शुरू होंगी उड़ानें, प्रधानमंत्री बोले विकसित भारत का नया अध्‍याय। दैनिक जागरण ने प्रगति को नए पंख शीर्षक से संपादकीय में लिखा है- एयरपोर्ट सिर्फ आवागमन की सुविधा भर ही नहीं होते, बल्‍कि ये विकास को नई गति‍ भी प्रदान करते हैं। हिन्‍दुस्‍तान के अनुसार इस अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे के शुभारंभ के साथ कनेक्टिविटी की तैयारियां तेज़। दिल्‍ली-एनसीआर के लोगों को मिलेगा लाभ। अमर उजाला की खबर है- मौसम में बदलाव, पूर्वोत्‍तर में तेज़ बारिश, हिमाचल से ओडि़शा तक चलेंगी तेज़ हवाएं। पत्र कहता है- पूरे देश में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, इससे फसलों को हो सकता है नुकसान। राष्‍ट्रीय राजधानी में ट्रैफिक व्‍यवस्‍था को सुधारने के लिए 76 नई क्रेन सड़कों पर उतारी जाएंगी और 125 हाईटैक कैमरों से होगी निगरानी। नवभारत टाइम्‍स ने इसे ट्रैफिक व्‍यवस्‍था के लिए बड़ा कदम बताते हुए लिखा है कि अवैध पार्किंग और बीच रास्‍ते में खराब गाड़‍ियों से ट्रैफिक जाम की स्थिति से बचने के लिए क्रेनों की संख्‍या बढ़ाई गई है। जनसत्‍ता की खबर है- दिल्‍ली में बिना पट्टे पालतु कुत्‍ते को घुमाने पर लग स‍कता है एक हजार रुपये का जुर्माना। पत्र कहता है कि संसद में पेश विधेयक में सड़क पर मवेशियों को बांधने पर जुर्माना दस गुना बढ़ाने का प्रस्‍ताव है। रोमांच और खूबसूरती का प्‍यार, एप्रीकोट ब्‍लासम फैस्टिवल का आनंद उठाने चले आईए लद्दाख। देशबन्‍धु ने इसे सचित्र देते हुए लिखा है कि लद्दाख की अद्भुत सुंदरता हर मौसम में पर्यटकों को आकर्षित करती है लेकिन अप्रैल के महीने मानों लद्दाख की खूबसूरती में चार चांद लगाने के लिए स्‍वर्ग ही धरती पर उतर आता है।

*******

 

अंत में मुख्य समाचार:

  1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश और विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे।

  2. प्रधानमंत्री ने वैश्विक चुनौतियों के बीच सामूहिक प्रयास और राष्ट्रीय एकता का आह्वान किया; दोहराया कि सरकार की नीति और रणनीति जनहित पर केंद्रित है।

  3. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया संकट पर सक्रिय, समन्वित और दूरदर्शी दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया।

  4. कतर और यूक्रेन ने रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किये।

  5. मौसम विभाग का देश के अधिकांश हिस्सों में आंधी-तूफान का पूर्वानुमान।

  6. 19वें आईपीएल के उद्घाटन मैच में, मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराया।

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.