March 28, 2026 8:50 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार :-

  1. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की तैयारियों की समीक्षा की; कहा – व्यापार स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना, नागरिकों के हितों की रक्षा तथा आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं।

  2. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भू-राजनीतिक संकट के बावजूद भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि नहीं हुई है।

  3. इस्राएल द्वारा ईरान के महत्वपूर्ण इस्पात, बिजली और परमाणु स्थलों पर हमले से पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है; ईरान का कहना है कि ये हमले अमरीका द्वारा दी गई विस्तारित समय सीमा के विपरीत हैं।

  4. प्रधानमंत्री मोदी आज उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे।

  5. लद्दाख के ज़ोजिला दर्रे के पास हिमस्खलन में कई वाहन फंसने से सात लोगों की मौत।

  6. क्रिकेट में इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां संस्करण आज से बेंगलुरु में शुरू। उद्घाटन मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से।

*******

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच आर्थिक और व्यापारिक स्थिरता बनाए रखना, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना और नागरिकों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकताएं हैं। श्री मोदी ने यह बात कल शाम कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपालों के साथ एक उच्च-स्तरीय वर्चुअल बैठक में कही। बैठक का उद्देश्य संघर्ष के समय देश की तैयारियों की समीक्षा करना था।

 

श्री मोदी ने राज्यों से अपील की कि वे आपूर्ति व्‍यवस्‍था बनाए रखना सुनिश्चित करें और जमाखोरी तथा मुनाफाखोरी के खिलाफ सख्त कदम उठाएं।

 

श्री मोदी ने राज्यों से सौर ऊर्जा, जैव ईंधन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाने की गति तेज़ करने का आग्रह किया और पाइप वाली प्राकृतिक गैस के बुनियादी ढांचे का विस्तार करने को भी कहा।

*******

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पश्चिम एशिया में तनाव के कारण उत्पन्न वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद, भारत में दैनिक जीवन पर कोई असर नहीं पड़ा है और देश ने इस संकट का प्रभावी ढंग से सामना किया है। नई दिल्ली में कल शाम निजी मीडिया सम्मेलन को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में पेट्रोलियम भंडार को मज़बूत करने और सुरक्षित रखने के लिए सरकार के लगातार प्रयासों ने आपूर्ति में स्थिरता सुनिश्चित की है।

 

प्रधानमंत्री जी ने रामनवमी के दिन देश की जनता को एक बड़ा तोहफा दिया पेट्रोलियम कंपनियों का घाटा बढ़ता जाता था। ऐसी स्थिति ना आ जाए कि उनको दाम बढ़ाने पड़े, इसलिए सरकार ने अपने राजस्व में कटौती कर कर एक्साइज ड्यूटी को कम करने का काम किया और शायद ही कोई दुनिया में देश ऐसा हो जिसने पूरे संकट का बोझ अपने पर लिया है पूरे देश में रोजमर्रा की गतिविधियों में कहीं कोई कटौती करें बगैर हम वैश्विक संकट के पर निकलने का प्रयास करेंगे।

*******

इस्राएल द्वारा कल रात ईरान के प्रमुख इस्पात, बिजली और परमाणु संयंत्रों पर हमले तेज करने से पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है जिससे मौजूदा संघर्ष और भी तेज हो गया है। ईरान ने हमलों की निंदा करते हुए कहा कि ये हमले राजनयिक प्रयासों को कमजोर करने वाला है और वार्ता के लिए दी गई समय सीमा का उल्लंघन करते हैं।

 

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में चेतावनी दी कि ईरान के दो सबसे बड़े इस्पात संयंत्रों और संवेदनशील परमाणु संयंत्रों सहित प्रमुख बुनियादी ढांचे पर हमलों के लिए इस्राएल को भारी कीमत चुकानी होगी।  

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर श्री मोदी हवाई अड्डा परिसर का निरीक्षण भी करेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से.

 

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भारत की सबसे बड़ी ग्रीन फील्ड हवाई अड्डा परियोजनाओं में से एक हैइसमें तीन हजार नौ सौ मीटर लंबा रनवे है, जो बड़े आकार के विमानों के संचालन में सक्षम है। इसके साथ ही इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम और उन्नत और फील्ड लाइटिंग सहित आधुनिक नेविगेशन सिस्टम है, जो हर मौसम में दिन-रात संचालन में कुशल है। इस हवाई अड्डे में एक सदृढ़ कार्गो प्रणाली भी है। जिसमें एक मल्टी मॉडल कार्गो हब इंटीग्रेटेड कार्गो टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स जोन्स शामिल है अनुपम मिश्रा आकाशवाणी समाचार जेवर गौतम बुद्ध नगर।

*******

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर के तहत लंबित नामों की दूसरी सूची जारी कर दी है। मतदाता राज्‍य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट या ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपने ईपीआईसी नंबर का उपयोग करके सूची में अपने नाम देख सकते हैं।

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने बताया कि अब तक 37 लाख नामों का निपटारा पूरा हो चुका है। 

*******

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण- एसआईआर का उद्देश्य फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूचियों में शामिल घुसपैठियों के नाम हटाना है। कल शाम नई दिल्ली में निजी मीडिया शिखर सम्मेलन में श्री शाह ने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूचियों की शुद्धता और सटीकता सुनिश्चित करना है।

 

तीन विपक्ष के राज्यों में एसआईआर हो रही तमिलनाडु में हो रही दो केरल में हो रही और तीसरा बंगाल में हो रही है यह दो राज्यों से कोई कम्‍पलेन नहीं आ रही है अगर एसआईआर की प्रक्रिया में ही दोष जैसे उन्होंने आरोप लगाए ऐसे हम पार्टी होते इलेक्शन कमीशन हमारे सारे पर चलता होगा तो केरल में कोई क्यों कम्‍पलेन नहीं आई एक ही जगह क्यों कम्‍पलेन आ रही है और एक ही जगह कम्‍पलेन आ रही है तो दोष एसआईआर का नहीं है वह जगह जो सत्ता में है उनका है।

*******

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने फ्रांस में जी-7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान वैश्विक आर्थिक सुरक्षा के लिए नौवहन की स्वतंत्रता के महत्व पर बल दिया। सोशल मीडिया पोस्ट में, डॉ. जयशंकर ने कहा कि बैठक के दौरान, उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों पर इनकी मूल्य शृंखला के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए चल रहे कदमों की सराहना की और नार्को-आतंकवाद के गठजोड़ से जुड़े खतरे पर भी चर्चा की।

*******

वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि आम सहमति से निर्णय लेने की प्रक्रिया को पुन: मज़बूत करने के लिए विश्वास को फिर से बनाना ज़रूरी है। इस पर कोई समझौता नहीं हो सकता और यह विश्व व्यापार संगठन की नींव है। श्री गोयल ने यह बात कैमरून में विश्व व्यापार संगठन के 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में मंत्री स्तर के एक सत्र को संबोधित करते हुए कही।

*******

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल नई दिल्ली में महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय विठोबा भरणे से मुलाकात की। श्री चौहान ने किसानों को समर्थन देने और कृषि अवसंरचना को मजबूत करने के लिए केन्द्र की प्रतिबद्धता को दोहराया। तटीय क्षेत्रों में बेमौसम वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए।

*******

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन आज झारखंड में भारतीय प्रबंधन संस्थान – आईआईएम, रांची के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे और वर्चुअल रियलिटी केस रिपॉजिटरी का शुभारंभ भी करेंगे।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

*******

केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट जोजिला पास पर कई वाहन हिमस्खलन की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद कई एजेंसियों द्वारा बचाव अभियान शुरू किया गया और बर्फ हटाने के प्रयास जारी हैं। केन्द्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना में सात लोगों की मौत की पुष्टि की हैं। घटना पर शोक व्यक्त करते हुए श्री सिंह ने कहा कि घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

*******

दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी को एक वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रसार भारती के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करके मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र को मज़बूत करने की दिशा में एक कदम उठाया है। इस समझौते को कल नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान भारत मंडपम में दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम के माध्यम से औपचारिक रूप दिया गया।

*******

इंडियन प्रीमियर लीग- आईपीएल का 19वां संस्करण आज से शुरू हो रहा है। उद्घाटन मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 31 मई तक चलेग। बेंगलुरु की टीम कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में इस संस्करण का अपना पहला मैच खेलेगी। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी ईशान किशन करेंगे, जिन्होंने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस के चोटिल होने के बाद टीम की कमान संभाली है। समाचार कक्ष से दुर्गा प्रसाद।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ :-

पेट्रोल-डीजल पर उत्‍पाद शुल्‍क में कटौती आज के ज्‍यादातर अखबारों की पहली खबर है। दैनिक भास्‍कर बड़ा फैसला शीर्षक से लिखता है- न ईंधन महंगा होगा, न लॉकडाउन। महंगाई थमने के लिए पेट्रोल और डीजल पर उत्‍पाद शुल्‍क में दस रुपये की कटौती अमर उजाला की सुर्खी है। दैनिक जागरण ने लिखा है- कच्‍चे तेल की कीमत बढ़ने से तेल कंपनियों के नुकसान की भरपाई के लिए उत्‍पाद कर में दस रुपये की कटौती। 

 

नवभारत टाइम्‍स की हेडलाइन है- यूएस ने ईरान के पावर प्‍लांट पर हमले दस दिन और टाले, ट्रंप बोले तेहरान के अनुरोध पर फैसला, बातचीत अच्‍छी। पत्र अपने संपादकीय में लिखता है- ट्रंप की दी इस नई मोहलत ने मार्केट में कोई खास उम्‍मीद नहीं जगाई। जिस दिन उन्‍होंने नया ऐलान किया उसी दिन अमरीकी मार्केट ने अपनी सबसे बड़ी गिरावट देखी। पत्र लिखता है- युद्ध शुरू होने के एक महीने के बाद अमरीका-इस्राएल के लक्ष्‍य अब अलग-अलग दिखने लगे हैं, ट्रंप का समझौते की ओर झुकना घरेलू स्‍तर पर बढ़ते दबाव का भी नतीजा है।

 

एआई से नौकरी के अवसर कम होने की खबरों के बीच राजस्‍थान पत्रिका ने आपदा नहीं यह अवसर शीर्षक से लिखा है- वैश्विक छंटनी की आंधी में भी भारत से हायरिंग बढ़ी, एआई को दुश्‍मन नहीं, माना दोस्‍त। एआई की सुनामी पर सवारी कर रहा टेक इंडिया।

 

जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आज प्रस्‍तावित उद्घाटन की खबर अखबारों में सचित्र है। हिन्‍दुस्‍तान के शब्‍द हैं- नोएडा को आज मिलेगा एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा। अप्रैल के अंत तक हवाई सेवा शुरू होने की उम्‍मीद। दैनिक जागरण ने लिखा है- 24 साल का इंतजार हुआ समाप्‍त। लोकसत्‍य ने हवाई अड्डे की रंगीन तस्‍वीरें दी हैं। 

 

डॉलर के मुकाबले में रुपये में ऐतिहासिक गिरावट पर देशबन्‍धु लिखता है- 95 प्रति डॉलर के करीब पहुंचा।

 

राजस्‍थान पत्रिका ने रामनवमी के अवसर पर अयोध्‍या में राममंदिर स्थित भगवान राम की प्रतिमा का चित्र प्रकाशित करते हुए लिखा है- सूर्यदेव बने पुजारी, रामलला के ललाट पर सजा सूर्य तिलक।

*******

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  1. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की तैयारियों की समीक्षा की; कहा – व्यापार स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना, नागरिकों के हितों की रक्षा तथा आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं।

  2. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भू-राजनीतिक संकट के बावजूद भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि नहीं हुई है।

  3. इस्राएल द्वारा ईरान के महत्वपूर्ण इस्पात, बिजली और परमाणु स्थलों पर हमले से पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है; ईरान का कहना है कि ये हमले अमरीका द्वारा दी गई विस्तारित समय सीमा के विपरीत हैं।

  4. प्रधानमंत्री मोदी आज उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे।

  5. लद्दाख के ज़ोजिला दर्रे के पास हिमस्खलन में कई वाहन फंसने से सात लोगों की मौत।

  6. क्रिकेट में इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां संस्करण आज से बेंगलुरु में शुरू। उद्घाटन मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से।

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.