मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पश्चिम एशिया संघर्ष पर आज शाम मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे।
- निर्वाचन आयोग ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों, शांतिरक्षा अभियानों को सुव्यवस्थित करने और मानवीय सहायता आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया।
- राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेन्द्र शाह आज नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- आर्थिक सहयोग और विकास संगठन ने चालू वित्त वर्ष में भारत की जी.डी.पी. विकास दर सात दशमलव 6 प्रतिशत और 2026-27 में छह दशमलव एक प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया।
- और फुटबॉल में, भारत ने सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप में पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम पश्चिम एशिया संघर्ष पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत करेंगे और राज्यों की तैयारियों तथा योजनाओं की समीक्षा करेंगे। सूत्रों के अनुसार बैठक में ‘टीम इंडिया’ की भावना से समन्वित प्रयासों को सुनिश्चित करने पर बल दिया जाएगा। हालांकि, आदर्श आचार संहिता के कारण चुनाव वाले राज्यों के मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने संसद के दोनों सदनों में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर भारत का रुख स्पष्ट किया था। श्री मोदी ने कहा था कि सरकार पेट्रोल, डीजल, तेल, गैस और उर्वरकों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने सदन को बताया था कि भारत ने पिछले 11 वर्षों में ऊर्जा आयात के अपने स्रोतों को 27 देशों से बढ़ाकर 41 देशों तक कर दिया है। इससे किसी एक क्षेत्र पर निर्भरता कम हो गई है।
*******
केरलम् में विधानसभा चुनावों के लिए अंतिम मतदाता सूची कल रात प्रकाशित की गई।
अंतिम मतदाता सूची के अनुसार केरल में कुल 2 करोड़ 71 लाख 42 हजार 952 मतदाता हैं। इस सूची में 19 वर्ष से कम आयु के चार लाख 66 हजार चार सौ आठ नए मतदाता भी शामिल हैं। गौरतलब है कि राज्य में 110 वर्ष से अधिक आयु के 54 मतदाता हैं। एसआईआर के बाद पात्र हुए मतदाताओं सहित अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन और नामांकन वापसी प्रक्रिया के पूरा होने के साथ केरल में जोरदार चुनावी अभियान शुरू होने वाला है। तिरुवनंतपुरम से स्मिथी एम पल्लुरूथी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कृष्ण कांत।
*******
पुद्दुचेरी से हमारे संवाददाता ने बताया है कि उम्मीदवारों के नाम की अंतिम सूची आने के साथ ही चुनाव प्रचार और चुनाव तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं।
केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में चुनाव प्रचार गति पकड़ रहा है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और कोयंबटूर दक्षिण की विधायक वंथी श्रीनिवासन ने कल प्रचार के दौरान विपक्षी इंडिया गठबंधन की आलोचना करते हुए कहा कि इसमें एकता और समन्वय की कमी है। वहीं सांसद और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वी. वैथिलिंगम ने थट्टनचावडी निर्वाचन क्षेत्र के पुडुपेट इलाके में चुनाव प्रचार शुरू किया। इस बीच प्रशासनिक स्तर पर भी चुनाव तैयारियां तेज हो गई हैं। कराईकाल में जिला निर्वाचन अधिकारी इशिता राठी के नेतृत्व में मतदान कर्मियों के निष्पक्ष चयन का दूसरा चरण संपन्न हुआ। यह प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से सामान्य पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में पूरी की गई। पुद्दुचेरी से बिबिन एस. नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
*******
असम में विधानसभा चुनावों के लिए 67 उम्मीदवारों ने कल अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही, राज्य विधानसभा चुनावों में कुल सात सौ 22 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। इस बीच, चुनाव से पहले राज्य भर में प्रवर्तन एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है। 15 से 26 मार्च के बीच 37 करोड़ रुपये से अधिक की वस्तुएं जब्त की गई हैं।
*******
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कल जी-7 विदेश मंत्रियों की बैठक में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की तत्परता, शांति रक्षक अभियानों को व्यवस्थित करने और मानवीय आपूर्ति श्रृंखलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख किया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने वैश्विक शासन में सुधार को लेकर बातचीत की। फ्रांस में आयोजित बैठक में उन्होंने ऊर्जा चुनौतियों, उर्वरक आपूर्ति और खाद्य सुरक्षा को लेकर ग्लोबल साउथ के देशों की चिंताओं को विशेष रूप से उठाया। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर जी-7 विदेश मंत्रियों की बैठक में भागीदारी करने के लिए फ्रांस की दो दिन की यात्रा पर हैं।
*******
सरकार ने कहा है कि भारत के पास कुल 74 दिनों की आरक्षित ऊर्जा क्षमता है। कच्चे तेल, उत्पाद भंडार और भूमिगत भंडारों में बने विशेष कार्यनीतिक भंडारण को मिलाकर वास्तविक स्टॉक लगभग 60 दिनों का है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने दोहराया है कि भारत में पेट्रोलियम और एलपीजी की आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित और नियंत्रण में है। मंत्रालय ने कहा कि सभी खुदरा ईंधन दुकानों पर पर्याप्त आपूर्ति है और देश में कहीं भी पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कमी नहीं है। घरेलू रिफाइनरी उत्पादन में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
*******
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है। श्री रिजिजू ने कहा कि भारतीय जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजर रहे हैं।
*******
आर्थिक सहयोग और विकास संगठन- ओ.ई.सी.डी. ने भारत की सकल घरेलू उत्पाद- जीडीपी वृद्धि दर 2025-26 में सात दशमलव 6 प्रतिशत, 2026-27 में 6 दशमलव एक प्रतिशत और 2027-28 में 6 दशमलव 4 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया है। इससे भारत, विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। संगठन की अंतरिम आर्थिक आउटलुक रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष वैश्विक अर्थव्यवस्था की मजबूती की परीक्षा ले रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य से माल ढुलाई रुकने और कुछ ऊर्जा अवसंरचनाओं के बंद होने या क्षतिग्रस्त होने से ऊर्जा की कीमतों में उछाल आया है।
*******
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी- आर.एस.पी. के नेता बालेंद्र शाह आज नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह काठमांडू के शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में आज दोपहर होगा।
बालेंद्र शाह को कल आरएसपी संसदीय दल के नेता चुना गया। इससे वे नेपाल के सबसे युवा निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की राह पर अग्रसर हुए हैं। उनकी पार्टी ने 5 मार्च को हुए संसदीय चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल की। रैपर से राजनेता बने 35 वर्षीय बालेंद्र शाह देश में सर्वोच्च कार्यकारी पद संभालने वाले मधेस क्षेत्र के पहले व्यक्ति होंगे। नेपाल ने बालेन के नाम से लोकप्रिय पूर्व काठमांडू मेयर बालेंद्र शाह और उनकी आरएसपी को अगली सरकार बनाने के लिए चुना है। पिछले साल हुए जेन–जी के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद हुए पहले आम चुनावों में पारंपरिक दलों को करारा झटका लगा है। श्री बालेन ने चार बार के प्रधानमंत्री रह चुके केपी शर्मा ओली को भारी अंतर से हराया था। समाचार कक्ष से मैं मनोज।
*******
उत्तर प्रदेश में राम नवमी का पर्व आज श्रद्धा भाव से मनाया जा रहा है। राम नवमी का मुख्य आकर्षण अयोध्या है, जहां श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में सूर्य स्नान होगा, दूरदर्शन पर इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा।
भगवान राम के जन्मदिन के उपलक्ष में अयोध्या के पांच हजार से अधिक मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में सुबह भगवान राम के अभिषेक के बाद ठीक दोपहर 12 बजे गर्भ गृह में सूर्य तिलक होगा, जब सूर्य की किरणें लगभग चार मिनट तक रामलाल के माथे पर पड़ेंगी। यह दिव्य क्षण होगा। इसके बाद छप्पन भोग प्रसाद चढ़ाये जाएंगे। आज शाम चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के किनारे लगभग 22 लाख दिए जलाए जाएंगे। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
अयोध्या से हमारे संवाददाता ने बताया कि राम नवमी के अवसर पर श्रृद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
धर्म नगरी अयोध्या में वासंतिक नवरात्रि के अंतिम दिन और चैत्र रामनवमी पर प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की पावन बेला में बृह्म मुहुर्त से ही लाखों श्रृद्धालु पावन सलिला सरयु में स्नान कर रहे हैं। यहां भजन कीर्तन करते हुए विदेशी और अप्रवासी भारतीय सहित देश के कोने–कोने से आये श्रद्धालु चारों ओर धार्मिक जयघोष, अनुष्ठानों का क्रम शोभा यात्राएं, रामकथा के प्रवचन और श्रद्धा भक्ति आस्था को समर्पित बढ़ते कदम दिख रहे हैं। तन्मय सोनी, आकाशवाणी समाचार, अयोध्या।
*******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने विशेष कार्यक्रमों की नई श्रृंखला ‘पीपल्स पद्म ऑन आकाशवाणी’ में ओडिशा के महेन्द्र कुमार मिश्रा से बातचीत प्रसारित करेगा।
मेरा बचपन आदिवासी बच्चों के साथ खेलने, कूदने, नाचने को मिला आदिवासी दोस्तों के साथ। वह मेरे आदिवासी लोक संगीत, लोक नृत्य और लोक साहित्य की ओर प्रेरित किया। 1984 से 1992 तक मैंने कालाहांडी के ऊपर पीएचडी किया लेकिन पीएचडी के साथ मेरा रिसर्च कभी बंद नहीं हुआ। दूसरों से टेप रिकॉर्डर मांगता था, मेरे दोस्तों से कैमरा मांगता था, रिकॉर्डिंग करता था, आने के बाद उसको फिर मैंने ट्रांसक्राइब करके मैं उसको रखता था। ऐसे काफी गीत और कहानी हैं जिसको की हम सुनके उसको अपनाया उसका अर्थ निरूपण किया उसका विश्लेषण किया और विश्लेषण करके उसके ऊपर किताब लिखा।
यह बातचीत आज सवेरे नौ बजकर दस मिनट पर आकाशवाणी गोल्ड चैनल पर प्रसारित की जाएगी।
*******
और अब बात खेलों की, दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ- सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप में कल वर्तमान चैंपियन भारत ने पाकिस्तान को तीन शून्य से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत ने तीसरे मिनट में विशाल यादव के गोल से बढ़त हासिल की। ग्रुप-बी के सेमीफाइनल मुकाबले में कल भारत का सामना बांग्लादेश से होगा।
*******
धन्यवाद विशाल, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच राहत की बड़ी खबर राजस्थान पत्रिका सहित कई अखबारों में है। भारत के लिए खुला होर्मुज का रास्ता, ईरान के विदेश मंत्री ने भारत सहित पांच मित्र देशों के जहाजों को सुरक्षित निकासी की छूट दी। दैनिक भास्कर ने केन्द्र सरकार के हवाले से लिखा है- तेल और गैस से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें। देश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी का 60 दिन का स्टॉक है मौजूद। राहत की बात शीर्षक से अमर उजाला ने अपने संपादकीय में ईरान के विदेश मंत्री की भारत सहित कुछ मित्र राष्ट्रों के व्यवसायिक जहाजों को आवाजाही की अनुमति की घोषणा को कूटनीतिक उपलब्धि बताया है। यह घोषणा पिछले कुछ हफ्तों में सरकार की तरफ से पश्चिम एशिया संघर्ष के जल्द खात्मे और होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए ऊर्जा के निर्बाध प्रवाह को सुनिश्चित करने के सरकार के राजनयिक प्रयासों को दर्शाती है। समाज पर धब्बा हैं दहेज से जुड़ी मौत की घटनाएं, सर्वोच्च न्यायालय की यह टिप्पणी जनसत्ता में है- एक मामले की सुनवाई के दौरान शीर्ष न्यायालय ने कहा दहेज से जुड़े मौत के मामले गहरी शर्मिदंगी और बड़ी सामाजिक बुराई हैं। विकास की नई उड़ान को तैयार नोएडा एयरपोर्ट। दैनिक जारगण के अनुसार एक रनवे के साथ शुरू हो जाएगा एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, प्रधानमंत्री करेंगे लोकार्पण।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पश्चिम एशिया संघर्ष पर आज शाम मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे।
- निर्वाचन आयोग ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों, शांतिरक्षा अभियानों को सुव्यवस्थित करने और मानवीय सहायता आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया।
- राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेन्द्र शाह आज नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- आर्थिक सहयोग और विकास संगठन ने चालू वित्त वर्ष में भारत की जी.डी.पी. विकास दर सात दशमलव 6 प्रतिशत और 2026-27 में छह दशमलव एक प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया।
- और फुटबॉल में, भारत ने सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप में पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
*******