मुख्य समाचार
भारत, दुशांबे में शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्षों की 25वीं बैठक में क्षेत्रीय सहयोग और संपर्क को बढ़ावा देने पर बल देगा; रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रदर्शन कलाओं के 106 युवा कलाकार वर्ष 2024 और 2025 के उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित।
मौसम विभाग की तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में अगले दो दिन मूसलाधार वर्षा की आशंका।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने देश में नए सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए; हिंसक प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा चूक पर चिंता जताई; दो हजार चार सौ से अधिक लोग गिरफ्तार।
और, पैरा एशियाई खेलों में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने स्वर्ण और अवनी लेखरा ने रजत पदक जीता।
*********
भारत, दुशांबे में शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्षों-एससीओ की 25वीं बैठक में क्षेत्रीय सहयोग और संपर्क को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करेगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक के लिए रवाना होने से पहले सोशल मीडिया पोस्ट में कहा वित्तीय और संस्थागत कामकाज में हुई प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। एक रिपोर्ट-
यह बैठक शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित होगी। इसमें व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क व्यवस्था, नवाचार और सांस्कृतिक तथा मानवीय आदान-प्रदान जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा होगी। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बैठक में सहयोग की मौजूदा पहलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, संगठन के वित्तीय और संस्थागत कामकाज से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। यह बैठक भारत को संगठन के अन्य सदस्य देशों के साथ व्यावहारिक और परस्पर लाभकारी सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगी। समर्थ सिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अमीषा।
*********
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने देश में हिंसक प्रदर्शनों से उत्पन्न सुरक्षा नाकामियों पर चिंता व्यक्त की है। राष्ट्रपति मैंक्रों ने देश में नए सुरक्षा उपाय करने के निर्देश भी दिए है। उन्होंने गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज़ का इस्तीफा अस्वीकार कर दिया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, अशांति के बाद 2 हजार 400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक रिपोर्ट-
इस दौरान नगर पालिका भवनों में आगजनी की गई और सैकड़ों व्यवसायों को लूटा तथा क्षतिग्रस्त किया गया। राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास, एलिसी पैलेस के अनुसार नुनेज़ ने कल अपना इस्तीफा सौंपा था, लेकिन राष्ट्रपति ने संकट के दौरान कानून प्रवर्तन के निरंतर नेतृत्व की आवश्यकता का हवाला देते हुए इसे स्वीकारने से इनकार कर दिया। राष्ट्रपति मैक्रॉ ने गृह मंत्री को हिंसा के लिए जिम्मेदार योजना और खुफिया विफलताओं तथा सुरक्षा बलों के लिए नई परिचालन पद्धतियां लागू करने का निर्देश दिया। ये प्रदर्शन श्रमिक संघों, छात्र संगठनों और कार्यकर्ताओं के आह्वान के बाद हुए। स्थानीय मीडिया के अनुसार शनिवार को हुए शांतिपूर्ण मार्च में लगभग साढे पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। राष्ट्रपति मैक्रॉ ने प्रदर्शनों में हुई हिंसा और लूटपाट पर नाराजगी व्यक्त की। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
*********
इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने भारत, लैटिन अमरीका और अन्य देशों के साथ संबंध मजबूत करने का आह्वान किया है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में अमरीका का कोई राष्ट्रपति इस्राएल के प्रति नकारात्मक रुख अपना सकता है। एक रिपोर्ट-
श्री नेतन्याहू ने इस्राएल में 27 अक्टूबर के चुनावों से पहले, कल अपनी सुरक्षा नीति पेश की। इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने भारत, लैटिन अमरीकी देशों और अन्य देशों के साथ संबंध मजबूत करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि इस्राएल को अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के कार्यकाल के बचे हुए समय का उपयोग दोनों देशों के संबंध मजबूत करने और दोनों देशों के साथ नई साझेदारियां बनाने के लिए करना चाहिए। श्री नेतन्याहू ने भारत को इस्राएल का महत्वपूर्ण साझेदार बताया। उन्होंने ब्राजील सहित लैटिन अमरीकी देशों में संभावित राजनीतिक बदलावों को नए मित्र बनाने का अवसर बताया। उन्होंने ऐसी क्षमताएं विकसित करने की जरूरत पर बल दिया, जिससे इस्राएल दुनिया के दूसरे देशों के लिए उपयोगी साझेदार बन सके। समाचार कक्ष से प्राची वाजपेयी।
*********
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर आज मुंबई में संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान के साथ वार्ता करेंगे। इस दौरान भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के अंतर्गत द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की होगी।
संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की यात्रा के दौरान भारत और यूएई के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी। दोनों पक्ष ऊर्जा, व्यापार, निवेश, फिनटेक, रक्षा और संपर्क के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। डॉ. जयशंकर कल मुंबई में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ भी वार्ता करने वाले हैं। अमरीकी विदेश मंत्री की यात्रा के दौरान भारत और अमरीका अपने संबंधों की समीक्षा करेंगे और व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा करेंगे। डॉ. जयशंकर अमरीका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने वाले हैं। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*********
विदेश मंत्री जयशंकर ने ग्रीस की राजदूत से आज विदाई मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट पर जयशंकर ने कहा कि उनके कार्यकाल में भारत-ग्रीस द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। डॉ. जयशंकर ने उनके योगदान की सराहना करते हुए भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। डॉ. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में स्विफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेवियर पेरेज़-टासो से भी भेंट की।
*********
गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में ‘आम आदमी पार्टी’ सरकार पर राज्य को नशे के दलदल में धकेलने का आरोप लगाया है। इसके कारण कई परिवारों को अपने बच्चों को खोना पड़ा है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि वे कल मानसा, संगरूर और गुरदासपुर में उन लोगों के परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिन्होंने हाल ही में नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण अपनी जान गंवा दी। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी।
*********
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और विपक्ष के कुछ नेताओं पर विवाद, भ्रामक सूचनाओं और झूठे आरोपों के जरिए जानबूझकर अव्यवस्था फैलाने का आरोप लगाया है। एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित लेख में उन्होंने झूठे दावों को चुनौती देने और संवैधानिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बहाल करने पर बल दिया। श्री सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता दुष्प्रचार और भ्रामक सूचनाओं के जरिए अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
*********
संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज संगीत नाटक अकादमी के वर्ष 2024 और 2025 के लिए देश भर के 106 युवा कलाकारों को प्रदर्शन कला के क्षेत्र में उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार प्रदान किए। नई दिल्ली में आज पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा और सच्ची पहचान उसकी सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत में मौजूद है।
जब भारत विकसित होने की दिशा में बढ रहा है। भारत का सम्मान और भारत की पहचान पूरे विश्वभर में नए सिरे से गढी जा रही है। यह हमारा विश्वास है हम 140 करोड भारतीयों का विश्वास, हमारी सांस्कृतिक विरासत कि भारत को पूरे विश्वभर में गुरूत्व का भाव प्रदान करेगी। हमारी सांस्कृतिक विरासत का भविष्य केवल हमारे अतीत की महानता में नहीं अपितु इस बदलते हुए परिवेश में पूरा विश्व बदलाव के दौर पर है आप सब कलाकारों के संकल्प और साधना में हमारा विश्वास और हमारा भविष्य जो है वो निहित है।
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में रंगमंच अभिनेता और निर्देशक आनंद कुमार पांडे ने अपनी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। डॉ. पांडे ने कहा कि वे छत्तीसगढ़ में उभरते कलाकारों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहे हैं।
यह उस्ताद बिस्मिल्लाह खान पुरस्कार जो है रंगमंच के क्षेत्र में अभिनय के लिए मुझे प्रदान किया गया है। मेरा सपना है कि जसपुर जैसी एक छोटी से जगह में हम लगातार नाटक कर रहे हैं और हम चाहते हैं कि जो हमारे छत्तीसगढ में विशेषकर जसपुर जैसे क्षेत्र में जो कलाकार जिनका प्लेटफार्म नही मिलता है। टेलेंट बच्चों में युवाओं में बहुत होता है लेकिन उन टेलेंट को प्लेटफार्म नही मिल पाता है। उसके लिए हमारी कोशिश है कि छत्तीसगढ में हम उनके लिए बहुत अच्छा प्लेटफार्म उपलब्ध करा दें।
राजस्थान के अकरम खान बहरूपिया लोक नृत्य के लिए, बिहार की मनीषा श्रीवास्तव को लोक संगीत के लिए, जबकि नागालैंड के हितो किहो को गायन के लिए सम्मानित किया गया। सुभाष श्री स्वैन को छऊ नृत्य के लिए और घनश्याम साहू को नाटक लेखन के लिए पुरस्कार दिए गए।
*********
भारत पहली बार अंतर्राष्ट्रीय विधिक मापन समिति की 61वीं बैठक की मेजबानी करेगा। तीन दिवसीय यह बैठक 26 अक्तूबर से नई दिल्ली में आयोजित होगी। यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय सहयोग, मापन मानकों के सामंजस्य, निष्पक्ष व्यापार को बढ़ावा देने और उपभोक्ता संरक्षण में भारत की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। उपभोक्ता कार्य मंत्रालय ने कहा कि आयोजन में विश्व भर से सौ से अधिक अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि और विधिक मापन विशेषज्ञ भाग लेंगे।
*********
भारत में गैर-जीवाश्म ईंधन से बिजली उत्पादन की क्षमता 300 गीगावाट से अधिक हो गई है। वर्ष 2025-26 के दौरान इसमें 55 गीगावाट से अधिक की वृद्धि हुई थी। केंद्र सरकार ने वर्ष 2030 तक इस क्षमता को 500 गीगावाट तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसमें सौर और पवन ऊर्जा की प्रमुख भूमिका होगी।
*********
राष्ट्रीय औषध मूल्य निर्धारण प्राधिकरण ने कैंसर की गैर-अनुसूचित श्रेणी की 137 दवाओं के मुनाफे की अधिकतम सीमा 30 प्रतिशत तक सीमित कर दी है। इससे वर्तमान मूल्य संरचना के आधार पर, इन दवाओं का अधिकतम खुदरा मूल्य 70 प्रतिशत तक कम होने की संभावना है। 17 अक्टूबर को जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुसार नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी।
*********
डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आज देहरादून के लोक भवन में उत्तराखंड के नये राज्यपाल पद की शपथ ली। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
उत्तराखंड के राज्यपाल के पद का कार्यपालन करूंगा तथा अपनी पूरी योग्यता से संविधान और विधि का परीरक्षण, संरक्षण और प्रतिरक्षण करूंगा और मैं उत्तराखंड की जनता की सेवा और कल्याण में निरत रहूंगा।
*********
देश में आज महाअष्टमी और महानवमी मनाई जा रही है। उत्तर प्रदेश में भी आज नवरात्रि के नौवें दिन धार्मिक उत्साह के साथ महानवमी मनाई जा रही है। एक रिपोर्ट-
आज भी 20 से 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। बलरामपुर के मां पाटेश्वरी मंदिर, जौनपुर के मां शीतला चैकिया धाम, अयोध्या के देवकाली मंदिर, और सीतापुर के ललिता देवी शक्तिपीठ में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने दर्शनार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। शारदीय नवरात्रि में प्रदेश में लगभग 45 हजार जगहों पर दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए गए हैं। गोरक्ष पीठाधीश्वर और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कन्या पूजन किया और कहा कि सनातन परंपरा ने सदैव मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा को सर्वोच्च स्थान दिया है। सुशील चंद तिवारी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
*********
पश्चिम बंगाल में आज दुर्गा पूजा का महाअष्टमी पर्व मनाया जा रहा है। आज सवेरे अष्टमी पूजा संपन्न हुई। इसके बाद अंजलि और संधि पूजा हुई। आज मां दुर्गा की पूजा मां महागौरी के रूप में की जा रही है। पश्चिम बंगाल सरकार ने पिछले शनिवार को कोलकाता के चोरबागान भगदड़ की घटना के बाद भीड़ प्रबंधन के लिए राज्य के सभी पूजा पंडालों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
*********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्गा पूजा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
*********
मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। कल तक आंध्र प्रदेश, केरलम, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में तेज बारिश की आशंका है। आज छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, तेलंगाना, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
*********
पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल ने जापान एशियाई पैरा खेलों में, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में नया रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारत की अवनी लेखारा ने रजत पदक जीता।
*********
वहीं, भारतीय पैरा खिलाड़ी कोकिला ने महिलाओं की जूडो के 52 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। कोकिला ने सेमीफाइनल में चीन की यी लियू को 1-0 से हराया। फाइनल मुकाबले में कोकिला का सामना किर्गिस्तान की ऐबिके उलानबेक किज़ी से होगा। कोकिला ने हांगझोऊ एशियाई पैरा खेल में 48 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था। प्रधानमंत्री ने सभी पदक विजेताओं को शानदार प्रदर्शन करने पर बधाई दी है।
*********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
भारत, दुशांबे में शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्षों की 25वीं बैठक में क्षेत्रीय सहयोग और संपर्क को बढ़ावा देने पर बल देगा; रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रदर्शन कलाओं के 106 युवा कलाकार वर्ष 2024 और 2025 के उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित।
मौसम विभाग की तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में अगले दो दिन मूसलाधार वर्षा की आशंका।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने नए सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए; हिंसक प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा चूक पर चिंता जताई; दो हजार चार सौ से अधिक लोग गिरफ्तार।
और, पैरा एशियाई खेलों में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने स्वर्ण और अवनी लेखरा ने रजत पदक जीता।
*********