October 18, 2026 3:16 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  1. कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 लोगों की मौत, 25 घायल। आयोजको सहित सात लोग गिरफ्तार। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और मुख्‍यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अनुग्रह राशि की घोषणा की।

  2. ग्‍वालियर में शीतला माता मंदिर ट्रक दुर्घटना में 14 लोगों की मौत, 39 घायल।

  3. बेल्जियम, फ्रांस, इटली और पुर्तगाल में बढ़ती महंगाई, वेतन वृद्धि न होने और किफायती आवास की कमी को लेकर व्‍यापक विरोध प्रदर्शन। यूरोपीय संघ की सरकारों पर दबाव बढ़ा।

  4. सऊदी अरब के रियाद में भारतीय दूतावास ने हूती संघर्ष के कारण भारतीय नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।

  5. तटीय आंध्र प्रदेश में आज मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट। केरलम, कर्नाटक और तमिलनाडु में कल तक तेज वर्षा की संभावना।

  6. और एशियाई पैरा खेल आज से जापान में शुरू, प्रमोद भगत और सिमरन शर्मा उद्घाटन समारोह में भारतीय ध्वजवाहक होंगे।

****

कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में कल शाम भगदड़ में 19 लोगों की मृत्यु हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। यह घटना कल रात लगभग आठ बजे हुई। पुलिस के अनुसार, वर्षा और अचानक लोगों की भीड़ उमड़ने से पूजा पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए कोलकाता के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रूपये दिए जाएंगे।

हर डेथ फैमली को पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से 25 लाख रूपये कॉम्पेनसेशन, एक नौकरी दिया जाएगा और हर इंजर्ड पर्सन का पूरा मेडिकल का एक्सपेंसेस 100 पर्सेंट सरकार बियर करेगा इसके साथ-साथ पांच लाख रूपये कॉम्पेनसेशन मंनी दिया जाएगा। कलकत्ता हाई कोर्ट का एक फैक्ट फाइंडिग कमेटी होगा जिसके अंदर फॉरेंसिक रहेगा, एसटीएफ रहेगा।

     

घटना के चलते सेंट्रल एवेन्यू सहित चोरबागान के आसपास के इलाके में अगले तीन दिन के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इससे इन क्षेत्रों में पांच या अधिक व्यक्तियों के जमावड़े, जुलूस, सार्वजनिक सभाएं और खतरनाक हथियार ले जाना प्रतिबंधित होगा। पुलिस का कहना है कि यह कदम खुफिया सूचना मिलने के बाद उठाया गया है। पुलिस ने चोरबागान घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच शुरू कर दी है। इस सिलसिले में, सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस बीच, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के बड़े दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति बनाने की घोषणा की है। यह समिति पंडालों में भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन निकास और सुरक्षा जांच करेगी। मुख्यमंत्री ने पूजा आयोजकों को सुरक्षा नियमों का कडाई से पालन करने का निर्देश दिया है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

****

     

भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।

*****

     

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कल रात एक सड़क दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई और 39 अन्य घायल हो गए। यह हादसा शीतला माता मंदिर की दीवार से एक ट्रक के टकराने से हुआ। मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

घटना की जांच के आदेश दिये हैं। ऐसी घटना में शासन की दृष्टि से सहायता दी जाती है। और सहायता का चार लाख रुपया मृतकों के प्रति, गंभीर घायल, गंभीर घायल का पूरा इलाज सरकार कराएगी। सामान्य घायल को भी पचास हजार रुपया हम देने वाले हैं। जिला क्लेक्टर को हमने निर्देश जारी किये हैं कि इस पूरी घटना के तथ्यपरक जांच करके मेरे पास भेज दें। 

     

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।  प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के निकटतम परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

****

     

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में, शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्षों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। कल से शुरू हो रही दो दिन की बैठक में व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क, नवाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। बैठक में भारत अन्य सदस्य देशों के साथ आपसी लाभ के लिए सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेगा।

****

     

उडीसा के नये राज्यपाल ब्रजमोहन राम ने आज पद और गोपनीयता की शपथ ली। उडीसा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति हरीश टंडन ने भुवनेश्‍वर के लोकभवन में शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी और मंत्रिपरिषद के सदस्य उपस्थित थे।

****

     

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेत बचाओ अभियान की तैयारियों की ऑनलाइन समीक्षा की। इसका उद्देश्य किसानों को खेती के नए तरीकों, फसल उत्पादन बढ़ाने, संसाधनों के सही इस्तेमाल, टिकाऊ खेती और केंद्र सरकार की किसान कल्याण योजनाओं के बारे में जागरूक करना है। यह अभियान 22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगा।

*****

     

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने चाय में दो कीटनाशकों की सीमा तय करने का प्रस्ताव दिया है। इसके अतिरिक्‍त प्राधिकरण ने 6 महीने तक के शिशुओं के भोजन में अतिरिक्त चीनी पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की है। प्राधिकरण के अनुसार चाय में उपयोग किए जाने वाले दो कीटनाशकों में एसिटामिप्रिड और इमिडाक्लोप्रिड शामिल हैं।

 

****

     

प्राधिकरण ने रेडी-टू-ड्रिंक डेयरी पेय पदार्थों की भ्रामक लेबलिंग और विज्ञापनों को लेकर प्रमुख निर्माताओं को नोटिस जारी किए हैं। प्राधिकरण के अनुसार, कॉफी के स्वाद वाले दूध के कुछ उत्पादों की पैकेजिंग और ऑनलाइन विज्ञापनों में विसंगतियां पाई गई थी। उत्पादों के पैकेट पर इन्हें ‘फ्लेवर्ड मिल्क’ यानी स्वादयुक्त दूध बताया गया है, जबकि पीछे इसे ‘प्रोपराइटरी फूड’ श्रेणी  बताया गया है।

*****

 

     

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में भारतीय दूतावास ने आज हूती विद्रोहियों के ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद  भारतीय नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लोगों से घरों के अंदर रहने और आधिकारिक अलर्ट का पालन करने को कहा गया है। आपात स्थिति में मक्का, मदीना, रियाद और पूर्वी प्रांत में 911 और सऊदी अरब के अन्य हिस्सों में 998 पर फोन किया जा सकता है।

******

     

सऊदी अरब सरकार के अनुसार, देश में हूती विद्रोहियों के हमले जारी हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच संघर्ष से हवाई अड्डे समेत नागरिक ठिकानों पर खतरा बना हुआ है।

 

यमन में सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच जारी संघर्ष से हवाई अड्डों समेत नागरिक ठिकानों पर खतरा बना हुआ है। प्रमुख भारतीय एयरलाइंस ने सऊदी अरब के कई हवाई अड्डों के लिए अपनी उड़ानें 24 अक्टूबर तक स्थगित कर दी हैं। वहीं, होर्मुज़ जलडमरूमध्य और लाल सागर के रास्ते होने वाला समुद्री व्यापार भी प्रभावित है। अक्टूबर के पहले पखवाड़े में समुद्री सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अकेले 11 अक्टूबर को छह जहाज़ों को निशाना बनाया गया। दूसरी ओर, ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी जारी है। इसका असर समुद्री आवाजाही पर पड़ रहा है, खासकर इस क्षेत्र से होने वाली तेल और गैस की ढुलाई पर, जो अब भी बुरी तरह प्रभावित है। मनीष शिवा, आकाशवाणी समाचार, दुबई।

*****

     

यूरोप के कई देशों में बढ़ती महंगाई, कम वेतन और किफायती आवास की कमी के खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। बेल्जियम, फ्रांस, इटली और पुर्तगाल में हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। इन प्रदर्शनों से संबंधित देशों की सरकारों पर दबाव बढ़ गया है। एक रिपोर्ट –

     

फ्रांस में प्रदर्शन सबसे व्यापक रहे, जहां गृह मंत्रालय के अनुसार, साढ़े पांच लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के अनुसार, करीब बाहर सौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 150 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बेल्जियम में भी ब्रसेल्स और लीज में प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हजारों लोगों ने बढ़ती जीवन-यापन लागत और आवास की ऊंची कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इटली के मिलान में भी महंगाई और युद्ध के विरोध में निकाले गए मार्च के दौरान हिंसा भड़क उठी। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हिंसा की निंदा करते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन करना नागरिकों का अधिकार है, लेकिन हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है। समाचार कक्ष से मनोज।

*****

     

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने फिर कहा है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि अमरीका के सैन्य अभियानों से ईरान की परमाणु हथियार बनाने की क्षमता नष्ट हो गई है। राष्‍ट्रपति ट्रम्प ने इस अभियान को राष्ट्रीय सुरक्षा की एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सैन्य अभियान शीघ्र समाप्त हो जाएगा और उसके बाद पेट्रोल सहित ऊर्जा की कीमतें गिरेंगी।

*****

     

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में एक सैन्य अड्डे पर भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं। कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने इसकी पुष्टि की है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति से निपटने के लिए प्रांतीय सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है।

*****

     

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की नीति-निर्धारण समिति ने चेतावनी दी है कि विकास की गति उम्मीद से बेहतर रहने के बाद भी युद्ध, व्यापारिक तनाव, ऊर्जा संबंधी व्यवधान और बढ़ता ऋण वैश्विक आर्थिक स्थिरता के लिए खतरा हैं। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में कल बैठक के बाद अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा और वित्तीय समिति ने कहा कि जारी संघर्ष, आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और भू-राजनीतिक तनाव से वस्तुओं की कीमतें बढ़ सकती हैं और मुख्‍य रूप से कमज़ोर देशों में खाद्य तथा ऊर्जा सुरक्षा की स्थिति और बिगड़ सकती है।

****

मौसम विभाग ने आज तटीय आंध्रप्रदेश में आज मूसलाधार वर्षा की चेतावनी जारी की है। केरलम, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटका, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्‍काल में भी कल तक तेज वर्षा की संभावना है।

कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और लक्षद्वीप में कल तक गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। पूर्वी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उड़ीसा और तेलंगाना में भी आज ऐसा ही मौसम रहने वाला है।

*****

     

जापान के आइची-नागोया में आज से एशियाई पैरा खेल आज से शुरू हो रहे हैं। इस प्रतियोगिता में 45 देशों के लगभग तीन हज़ार खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खेलों का आयोजन 24 अक्टूबर तक चलेगा। एक रिपोर्ट –

 

जापान के नागोया में आज पैरा एशियाई खेलों का उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह का  आयोजन पालोमा मिजुहो स्टेडियम में भारतीय समय के अनुसार दोपहर ढाई बजे शुरू होगा। पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और एथलीट सिमरन शर्मा भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे। भारत  ने इन खेलों के लिए दो सौ इक्यासी सदस्यीय दल भेजा है। भारतीय दल के 112 पुरुष और 56 महिला खिलाड़ी 11 खेलों में हिस्सा लेंगे। भारतीय दल में भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल, पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत, पैरा-निशानेबाज अवनी लेखरा, पैरा-तीरंदाज शीतल देवी, धाविका सिमरन शर्मा और पैरा-टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*****

     

महिला क्रिकेट में भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला का दूसरा मुकाबला आज रायपुर में खेला जाएगा। मैच शाम सात बजे शुरू होगा।

*****

     

उड़ीसा में दुर्गा पूजा के दौरान राज्यभर के मंदिरों और पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि मंत्रोच्चार, भक्ति संगीत और पारंपरिक उत्सवों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

उड़ीसा में मां दुर्गा पूजा का उत्सव अपने चरम पर है। राज्य भर के शक्तिपीठों में जहां महाष्टमी की विशेष पूजा अर्चना की जा रही है। वहीं दुर्गा पूजा पंडालों में महासप्तमी की पूजा चल रही है। भुवनेश्वर और कटक में शानदार सजावट, कलात्मक रचनाएं और जगमगाती रोशनी ने इस उत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए और दर्शन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने कई जगह पर सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक ये त्योहार उड़ीसा के लोगों को भक्ति परंपरा और यहां के जीवन संस्कृति के साथ एक सूत्र में फिर हो रहा है। प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्वर।

*****

     

जम्मू और कटरा से होकर जाने वाली कई रेलगाड़ियों के समय में परिवर्तन किया गया हैं। यह फैसला साबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस की सेवा श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक किए जाने के बाद लिया गया है।

     

बदली समय-सारिणी अलग-अलग तारीख़ों पर लागू होंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा शुरु करने से पहले आवाजाही के सही समय का पता लगाए।

 

*****

     

जापान मंगलवार को दुनिया का पहला फोबोस सैंपल वापसी मिशन शुरू करने जा रहा है। जापान की अंतरिक्ष एजेंसी  अपने एच-3 रॉकेट से अंतरिक्ष यान भेजेगी। यह यान मंगल के दो चंद्रमाओं में से एक– फोबोस से नमूने लेगा। इस मिशन को पूरा होने में लगभग पांच वर्ष लगने की संभावना है।

*****

अंत में मुख्य समाचार:– 

  1. कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 लोगों की मौत, 25 घायल। आयोजको सहित सात लोग गिरफ्तार। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और मुख्‍यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अनुग्रह राशि की घोषणा की।

  2. ग्‍वालियर में शीतला माता मंदिर ट्रक दुर्घटना में 14 लोगों की मौत, 39 घायल।

  3. बेल्जियम, फ्रांस, इटली और पुर्तगाल में बढ़ती महंगाई, वेतन वृद्धि न होने और किफायती आवास की कमी को लेकर व्‍यापक विरोध प्रदर्शन। यूरोपीय संघ की सरकारों पर दबाव बढ़ा।

  4. सऊदी अरब के रियाद में भारतीय दूतावास ने हूती संघर्ष के कारण भारतीय नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।

  5. तटीय आंध्र प्रदेश में आज मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट। केरलम, कर्नाटक और तमिलनाडु में कल तक तेज बारिश की संभावना।

  6. और एशियाई पैरा खेल आज से जापान में शुरू, प्रमोद भगत और सिमरन शर्मा उद्घाटन समारोह में भारतीय ध्वजवाहक होंगे।

   

****

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.