June 13, 2026 4:22 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह दिन की फ्रांस और स्लोवाकिया यात्रा पर रवाना। कहा- यात्रा से फ्रांस के साथ आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे, स्लोवाकिया के साथ द्विपक्षीय सहयोग को नई गति मिलेगी।

 

प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देहरादून में भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में कैडेटों की सराहना की। कहा -पहली बार 9 महिला कैडेट का शामिल होना महिला नेतृत्व वाले विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम।

 

भारत ने खाड़ी क्षेत्र में तेल पोत पर अमरीकी नौसेना के हमले का कड़ा विरोध किया। हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई थी।

 

वायु सेना का ए.एन-32 विमान असम के जोरहाट स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त।

 

और,  धर्मशाला में भारत – अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के पहले मैच में बारिश के कारण देरी।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की छह दिन की यात्रा पर रवाना हो गए हैं। श्री मोदी ने प्रस्थान वक्तव्य में कहा कि फ्रांस भारत के लिए रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्‍वपूर्ण है। श्री मोदी ने कहा कि इस यात्रा से भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध और प्रगाढ होंगे। प्रधानमंत्री मोदी कल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ के साथ भारत इनोवेट्स सम्‍मेलन का उद्घाटन करेंगे। नीस से हमारे संवाददाता की रिपोर्ट –

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के आगमन से पहले नीस में भारतीय समुदाय और कारोबारी जगत में उत्साह का माहौल है। उनके स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। भारत और फ्रांस के लोगों के बीच संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। वर्तमान में लगभग 10 हजार भारतीय छात्र फ्रांस में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। दोनों देशों का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक यह संख्या बढ़कर 30 हजार हो जाए। खासकर विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित यानी STEM क्षेत्रों में छात्रों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। फ्रांस ने भारतीय छात्रों और युवाओं के लिए पांच वर्ष का शेंगेन वीज़ा, पढ़ाई पूरी करने के बाद दो वर्ष का वर्क परमिट और 18 से 35 वर्ष के युवाओं के लिए यंग प्रोफेशनल्स स्कीम जैसे कई अवसर उपलब्‍ध कराए हैं।

 

आकाशवाणी से विशेष बातचीत में फ्रांस में भारत के राजदूत संजीव सिंगला ने बताया

 

वहाँ यह स्पष्ट सोच है कि फ्रांस जैसी महत्वपूर्ण साझेदारियाँ, जिनके साथ भारत की एक विशेष वैश्विक रणनीतिक भागीदारी है, केवल सरकारों के स्तर पर नहीं, बल्कि लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित होनी चाहिए।

 

राजदूत सिंगला ने कहा कि भारत इनोवेट्सकार्यक्रम भारत और फ्रांस की मजबूत होती साझेदारी को नई दिशा देगा। नीस से शैलेस मेनन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक। 

 

यात्रा के दूसरे चरण में श्री मोदी कल स्लोवाकिया के लिए रवाना होंगे। एक रिर्पोट –

 

ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रार्बट फिको से मुलाकात करेंगे। उन्‍होंने कहा कि यह यात्रा यूरोपीय यूनियन के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी, जिसमें स्लोवाकिया एक महत्‍वपूर्ण और मूल्‍यवान भागीदार है। स्‍लोवाकिया यात्रा के बाद, प्रधानमंत्री फ्रांस के एवियन जाएंगे, जहां वे 16 और 17 जून को आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि जी-7 में भारत की मौजूदगी, दुनिया में भारत की बढ़ती प्रतिष्‍ठा और उसके प्रति देशों के विश्‍वास को दर्शाती है। उन्‍होंने बताया कि यह लगातार आठवां जी-7 शिखर सम्‍मेलन है, जिसमें भारत को आमंत्रित किया गया है। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 18 जून को पेरिस जाएंगे। जहां वे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ विवाटेक 2026 सम्‍मेलन में शामिल होंगे। पैरिस से शैलेश मेनन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी। 

 

******

 

स्लोवाकिया में भारतीय समुदाय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहली यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। स्लोवाकिया में भारत की राजदूत अपूर्वा श्रीवास्तव ने कहा है कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के अंतिम रूप लेने से भारत और स्लोवाकिया के बीच सहयोग को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार 1.8 अरब अमरीकी डॉलर से अधिक हो चुका है। आगे उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा सहयोग के नए अवसर खोलेगी। दोनों देश रक्षा क्षेत्र में संयुक्त उत्पादन और शोध को बढ़ावा देने के इच्छुक हैं।

 

******

 

भारतीय सेना को आज 481 नए युवा अधिकारी मिले हैं। पहली बार नौ महिला कैडेटों को भी इसमें शामिल किया गया है। यह महिला नेतृत्व वाले विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम।

 

उत्तराखंड स्थित भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून में आज 158वीं पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ। इस दौरान युवा कैडेट्स ने अनुशासन, परिश्रम और सैन्य गौरव का अनुकरणीय प्रदर्शन किया। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से –

 

आई.एम.. स्थित ऐतिहासिक चेटवुड भवन के समक्ष आयोजित परेड ग्राउंड में कुल पांच सौ 15 जेंटलमैन और महिला कैडेट्स ने अंतिम पग पार कर सेना अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया। इनमें 34 कैडेट मित्र राष्ट्रों से हैं, जो प्रशिक्षण पूरा कर अब अपनेअपने देशों की सेनाओं में शामिल होंगे। परेड का निरीक्षण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रिव्यूइंग ऑफिसर के रूप में किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा…..

 

पासिंग आउट में प्रशिक्षण अवधि के दौरान समग्र उत्कृष्टता के लिए प्रतिष्ठित स्वॉर्ड ऑफ ऑनरविशाल कुमार को प्रदान किया गया। ऑर्डर ऑफ मेरिट में भी ऑफिसर कैडेट विशाल कुमार प्रथम स्थान पर रहे। प्रिंस राज दूसरे स्थान पर रहे, जबकि तेजस भट्ट ने तीसरा स्थान हासिल किया। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।  

 

******

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज हैदराबाद के दुंडीगल स्थित वायु सेना अकादमी में 217वें बैच की संयुक्त दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से बदलती युद्ध तकनीकों के अनुरूप खुद को तैयार रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध में ड्रोन, उपग्रह और रोबोटिक्स जैसी तकनीकों की भूमिका बढ़ रही है।

 

रडार सैटेलाइट ड्रोन सेंटर और रोबोटिक्‍स जैसे अनेक सिस्टम जैसे आज के युद्ध में डिप्‍लॉयड हैं, जिनमें न तो फाइटर का पता चलता है, न उसकी मशीनरी और इक्विपमेंट का। तो अब तो ऐसे सिनेरियो भी सामने आ रहे हैं जहां पूरी तरह से अपनेट्रैफिक सिस्टम और सीसीटीवीज़ तक को कंट्रोल कर लिया जा है और आज भारतीयों की डेफिनेशन काफी हद तक बढ़ चुकी है।           

 

समारोह में सुखोई-30 एमकेआई, सारंग और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम द्वारा हवाई प्रदर्शन किया गया।

 

******

 

रक्षा मंत्री ने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ को लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल रोधी तथा मध्यम दूरी की पोत-रोधी क्षमता का प्रदर्शन करने वाले लगातार तीन सफल परीक्षणों के लिए बधाई दी है। रक्षा मंत्री ने कहा कि इन परीक्षणों से भारत अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल हमले रोकने में सक्षम विशिष्ट देशों के समूह में शामिल हो गया है।

 

******

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जनसांख्यिकीय बदलावों को लेकर एक बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने आयोग को सीमावर्ती जिलों में जनसंख्या संरचना में हो रहे बदलावों का अध्ययन करने के निर्देश दिए। बैठक में गृह मंत्री ने आयोग से सीमावर्ती क्षेत्रों, महानगरों और औद्योगिक शहरों का दौरा कर स्थिति का आकलन करने को भी कहा।

 

केंद्र सरकार ने पिछले महीने अवैध प्रवासन और अन्य असामान्य कारणों से हो रहे जनसांख्यिकीय परिवर्तनों का अध्ययन करने तथा उनसे निपटने के उपाय सुझाने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया था।

 

******

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत में खाड़ी में अमरीकी नौसेना के हमलों पर कड़ा विरोध जताया है। इन हमलों में तीन भारतीय नाविक मारे गए थे। डॉ. जयशंकर ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर इस तरह की घातक कार्रवाई उचित नहीं है। एक रिपोर्ट –

 

ओमान तट पर टैंकर एमटी सेट्टेबेलो पर अमरीकी हमले में तीन भारतीय चालक दल के सदस्यों की मौत के कुछ दिनों बाद यह बातचीत हुई है। जहाज पर भारतीय चालक दल के 24 सदस्य सवार थे। इनमें से 21 सदस्‍यों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना के बाद, भारत ने कड़ा विरोध जताते हुए अमरीकी राजनयिक को नई दिल्ली में तलब किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इससे पहले कहा था कि भारतीय चालक दल के सदस्यों को ले जाने वाले व्यापारिक जहाजों पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए। समचार कक्ष से मेघना शर्मा।

 

******

 

प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी. के. मिश्रा ने कहा है कि भारत के शहरों को आर्थिक रूप से मजबूत, पर्यावरण के अनुकूल, सामाजिक रूप से समावेशी, तकनीक आधारित और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम होना चाहिए।

 

नई दिल्ली में राष्ट्रीय शहरी मामलों के संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संस्थान ने देश में शहरी विकास को दिशा देने और शहरों की क्षमताओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

 

******

 

खुदरा मुद्रास्फीति इस वर्ष मई में बढ़कर तीन दशमलव नौ तीन प्रतिशत हो गई है। लगातार पांचवें महीने मंहगाई में वृद्धि दर्ज हुई है। अप्रैल में यह तीन दशमलव चार आठ प्रतिशत थी। ग्रामीण क्षेत्रों में मुद्रास्फीति बढ़कर 4 दशमलव दो पांच प्रतिशत हो गई, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह तीन दशमलव पांच तीन प्रतिशत रही।

 

******

 

भारतीय वायुसेना का ए.एन-32 विमान आज सुबह असम में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा जोरहाट वायुसेना स्टेशन पर हुआ। विमान क्रैश होने के बाद आग लग गई। वायुसेना ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच समिति गठित की जा रही है।

 

******

 

ईरान ने कहा है कि वह अमरीका के साथ जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए अंतिम शांति समझौते पर तब तक हस्ताक्षर नहीं करेगा जब तक उसकी प्रमुख शर्तें पूरी नहीं हो जाती। हालांकि, ऐसी खबरें हैं कि दोनों पक्ष शुरूआती समझौते के करीब हैं।

 

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि समझौता ज्ञापन का मसौदा तैयार कर लिया गया है और आने वाले दिनों में इस पर डिजिटल रूप से हस्ताक्षर किए जा सकते हैं। हालांकि, ईरान ने कहा है कि वो तब तक स्थायी समझौता नहीं करेगा जब तक अमरीका अपनी नौसैनिक नाकाबंदी नहीं हटाता और अरबों डॉलर की फ्रीज की गई परिसंपत्तियों के नुकसान की भरपाई नहीं करता। इस बीच, पाकिस्‍तान की राजधानी इस्लामाबाद में चल रही गुप्त वार्ता में अमरीकी और पाकिस्तानी मध्यस्थों ने पुष्टि की है कि दोनों पक्ष, शांति समझौते के मसौदे पर सहमत हो गए हैं। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।

 

******

 

इस बीच, ट्रम्प प्रशासन ने कहा है कि वह ईरान के नागरिक परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को मंजूरी देने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए तेहरान को परमाणु हथियार निर्माण से जुड़े बुनियादी ढांचे को खत्म करना होगा।

 

यह स्पष्टीकरण तब आया जब ट्रम्‍प प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कल प्रस्तावित अमरीका-ईरान परमाणु समझौते का विवरण प्रस्तुत किया।

 

******

 

फिनलैंड की विदेश मंत्री एलिना वाल्टोनेन ने रूस से तेल खरीदने के भारत के निर्णय का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारत ने पश्चिमी देशों की निर्धारित मूल्य सीमा का पालन किया है। फिनलैंड में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ एक बैठक में उन्होंने कहा कि यह मूल्य सीमा वैश्विक तेल आपूर्ति को बनाए रखने और रूस के मुनाफे को सीमित करने के लिए बनाई गई थी।

 

******

 

नीति आयोग और जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल के बीच नई दिल्ली में भारत-जर्मनी विकास सहयोग को मजबूत करने के लिए बैठक हुई।

 

बैठक में स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, टिकाऊ विकास, कृषि सुधार, जल प्रबंधन और हरित अर्थव्यवस्था में छोटे और मध्यम उद्योगों की भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने जलवायु परिवर्तन से निपटने और सतत विकास के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।

 

******

 

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क दुनिया के पहले खरबपति बन गए हैं। यह उपलब्धि उनकी कंपनी स्पेसएक्स के शेयर बाजार में शानदार शुरुआत के बाद हासिल हुई है, स्पेसएक्स के शेयरों का मूल्यांकन बढ़कर लगभग 2 लाख 10 हजार करोड़ डॉलर हो गया है। कारोबार के पहले दिन स्पेसएक्स के शेयरों में 19 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

 

******

 

ऑस्ट्रेलियन बैडमिंटन ओपन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स के सेमीफाइनल में भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु को हार का सामना करना पड़ा। सिडनी में जापान की अकाने यामागुची ने सिंधु को पराजित किया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भारत का सफर समाप्‍त हो गया है।

 

******

 

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की एक दिवसीय क्रिकेट श्रृंखला के पहले मैच में बारिश के कारण देरी हो रही है। टॉस का समय दोपहर एक बजे निर्धारित था लेकिन तेज बारिश के कारण टॉस अभी तक नहीं हो पाया है। ये मैच हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेला जाना है।

 

******

 

मौसम विभाग ने आज असम और मेघालय में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। वही, दिल्ली-राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी आज रात गरज और तेज हवाओं के साथ वर्षा की आशंका है।

 

******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह दिन की फ्रांस और स्लोवाकिया यात्रा पर रवाना। कहा- यात्रा से फ्रांस के साथ आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे, स्लोवाकिया के साथ द्विपक्षीय सहयोग को नई गति मिलेगी।

 

प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देहरादून में भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में कैडेटों की सराहना की। कहा -पहली बार 9 महिला कैडेट का शामिल होना महिला नेतृत्व वाले विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम।

 

भारत ने खाड़ी क्षेत्र में तेल पोत पर अमरीकी नौसेना के हमले का कड़ा विरोध किया। हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई थी।

 

वायु सेना का ए.एन-32 विमान असम के जोरहाट स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त।

 

और,  धर्मशाला में भारत – अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के पहले मैच में बारिश के कारण देरी।

 

******