June 12, 2026 3:38 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा– सरकार ने पिछले 12 वर्षों में महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी पूरी क्षमता का एहसास कराने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है।
  2. गृह मंत्री अमित शाह ने श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
  3. सरकार ने खुदरा पेट्रोल पंपों से उद्योगों के ईंधन खरीदने पर रोक लगाई।
  4. संयुक्त राष्ट्र ने ओमान तट के पास भारतीय नाविकों को ले जा रहे तेल टैंकरों पर हुए हमलों की निंदा की।
  5. दिग्‍गज निशानेबाज और प्रशिक्षक जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन।
  6. और टोरंटो में फीफा विश्व कप में ग्रुप-बी के मुकाबले में कनाडा और बोस्निया हर्जेगोविना होंगे आमने-सामने।

 

अब समाचार विस्‍तार से

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सरकार ने पिछले 12 वर्षों में महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी पूरी क्षमता का एहसास कराने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि वित्तीय समावेशन और उद्यमिता से लेकर शिक्षा, हेल्थकेयर, साफ़-सफ़ाई, आवास, खेल, विज्ञान और गवर्नेंस तक महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में अहम भूमिका निभा रही हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से अवसरों के नए रास्ते खुल रहे हैं और पूरे देश में विकास परिदृश्य बदल रहा है। एक रिपोर्ट…

 

प्रधानमंत्री ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने महिला-नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम विभिन्न क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय सहयोग देकर महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियां सम्मान, अवसर और सशक्तिकरण के सिद्धांतों पर आधारित हैं। इन प्रयासों से अब महिलाएं अपनी क्षमताओं को पहचानते हुए राष्ट्र निर्माण में अधिक प्रभावी भूमिका निभा रही हैं। श्री मोदी ने विज्ञान, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे क्षेत्रों में भारतीय महिलाओं की बढ़ती उपलब्धियों की सराहना की। एक संस्कृत श्लोक का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि देश की माताएं, बहनें और बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ा रही हैं। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आज कोलकाता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर, प्रधानमंत्री ने राज्य के पुनर्निर्माण और इसे ‘विकसित राज्य’ बनाने का संकल्प लिया है। श्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा की राज्य में अब डबल-इंजन सरकार है। अब पश्चिम बंगाल को भी अन्य राज्यों की तरह केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा।

 

*******

 

गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी के महानिदेशक उपस्थित थे। अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को समाप्त होगी।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज दो दिन के दौरे पर देहरादून पहुंचीं। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति आज देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन का दौरा करेंगी और 132 एकड़ क्षेत्र में बन रहे राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगी।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 14 जून से फ्रांस और स्‍लोवाकिया के दौरे पर रहेंगे। 2014 के बाद से यह प्रधानमंत्री का फ्रांस का सातवां आधिकारिक दौरा है। फ्रांस के नीस शहर में प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। यह भारत का प्रमुख नवाचार सम्‍मेलन है जो ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष’ के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। फ्रांस में भारत के राजदूत संजीव सिंगला ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि इसका उद्देश्य भारत की डीप टेक प्रतिभाओं को वैश्विक स्‍तर पर प्रदर्शित करना है।

 

काफी अर्से से जो द्विपक्षीय संबंधों में एक फोकस रहा है हमारा, किस तरह से हम इनोवेशन की तरफ ज्यादा फोकस बढ़ाएं और दोनों देश एक तरह से नॉलेज इकोनामिज है। दोनों देश सोच रहे हैं कि किस तरह हमारे संबंध है इनको और प्रगाढ करें और इसी की वजह से हम भारत इनोवेट्स यहां उसका आयोजन कर रहे हैं। जो की पहली बार हैं कि हमने इतने बड़े पैमाने पर भारत से डीप टेक स्टार्टअप्स बाहर लाकर के हम एक मंच पर हम रख रहे हैं।

 

प्रधानमंत्री मोदी नीस से स्लोवाकिया जाएंगे और उसके बाद जी-7 समिट के लिए फ्रांस के एवियन लौटेंगे।

 

*******

 

सरकार ने खुदरा पेट्रोल पंपों से संस्थागत, औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों के ईंधन खरीदने पर रोक लगा दी है। सरकार ने कहा है कि इन्‍हें अपनी जरूरत का पेट्रोल और डीजल थोक बिक्री केन्‍द्रों से ही लेना होगा। यह निर्णय पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में आई बाधाओं के बीच स्थानीय स्‍तर पर ईंधन की कमी को रोकने के लिए लिया गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा कि ये प्रतिबंध 90 दिनों तक लागू रहेंगे।

 

*******

 

मध्य प्रदेश के इंदौर में आज से दो दिन का ब्रिक्स कृषि मंत्रियों का सम्मेलन शुरू हो गया। कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया। श्री चौहान ने वसुधैव कुटुंबकम की भावना को आगे बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का दृष्टिकोण शांति और सहयोग पर आधारित है। सम्‍मेलन का विषय है ‘लघु किसानों, महिलाओं और युवाओं के माध्यम से भविष्य के लिए खाद्य सुरक्षा’। सम्‍मेलन में खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, डिजिटल प्रौद्योगिकी और महिला किसानों की भूमिका जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हो रही है।

 

*******

 

उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कल खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के अधिकारियों के साथ प्याज की खरीद को बढाने और किसानों को बेहतर लाभ सुनिश्चित करने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री जोशी ने कहा कि खरीद मूल्य को संशोधित करके एक हजार 650 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

 

*******

 

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने टेलीविजन, रेडियो और संचार सेवाओं से संबंधित दूरसंचार नियम, 2026 का मसौदा सार्वजनिक परामर्श के लिए जारी किया है। यह मसौदा पहले के टेलीग्राफ अधिनियम, 1885 के अंतर्गत टेलीविजन और रेडियो सेवाओं के लिए जारी विभिन्न दिशा-निर्देशों को नए दूरसंचार अधिनियम, 2023 के दायरे में शामिल करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। नए प्रावधान में सूचना और प्रसारण मंत्रालय तथा निजी प्रसारकों के बीच होने वाले ग्रांट ऑफ परमिशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर की आवश्यकता को समाप्त कर दिया गया है। इससे यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल हो जाएगी।

 

*******

 

सर्वोच्च न्यायालय ने कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका को खारिज कर दिया है। यह याचिका उन्होंने मध्य प्रदेश से अपनी राज्यसभा उम्मीदवारी रद्द होने के खिलाफ दायर की थी। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि वह चुनाव अधिकारी द्वारा नामांकन रद्द किए जाने के फैसले में हस्तक्षेप नहीं करेगा। चुनाव अधिकारी ने तेलंगाना में एक आपराधिक मामले की कथित जानकारी छिपाने के आरोप में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त कर दिया था।

 

*******

 

ओडिशा में मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने आज दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर भुवनेश्वर में एक संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए श्री मांझी ने कहा कि मुख्यमंत्री का पद जनता की सेवा करने का एक पवित्र अवसर है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में 121 योजनाएं लागू की गई हैं।

 

*******

 

श्रम और रोजगार राज्य मंत्री सुश्री शोभा करंदलाजे 114वें अंतर्राष्ट्रीय श्रम सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं। यह सम्‍मेलन स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित किया जा रहा है। राज्य मंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सभी के लिए सम्मानजनक काम, सामाजिक सुरक्षा और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

*******

 

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन तथा विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने मध्य एशिया और शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ के साथ भारत की दीर्घकालिक साझेदारी के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई है। ताजिकिस्तान के दुशांबे में आयोजित एससीओ सम्मेलन का विषय है – मध्य एशिया – एससीओ का केंद्र: शांति और संयुक्त विकास का क्षेत्र

 

*******

 

खाड़ी क्षेत्र में बदलती समुद्री सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी सतर्कता बरत रही है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने कहा कि सरकार खाड़ी क्षेत्र में बदलती स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और प्रत्येक भारतीय नाविक की सुरक्षा और कुशलता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

*******

 

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव अंतोनियो गुतरश और अंतर्राष्‍ट्रीय समुद्री संगठन-आई एम ओ के महासचिव आर्सेनियो डोमिंग्वेज़ ने ओमान के तट पर पलाऊ के ध्‍वज वाले टैंकर पर हुए हमले की निंदा की है। इसमें तीन भारतीय नाविक मारे गए थे। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कहा कि गुतरश लगातार बढ़ते तनाव को लेकर बहुत चिंतित हैं। वहीं, आई एम ओ के महासचिव ने कहा है कि वह स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं।

 

*******

 

सरकार ने ऑनलाइन प्रसारित हो रहे एक फर्जी वीडियो का खंडन किया है, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन को एक निवेश प्लेटफॉर्म का प्रचार करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में 22 हजार रुपये के निवेश पर प्रतिदिन 80 हजार रुपये और प्रति माह 24 लाख रुपये तक के रिटर्न का दावा किया गया है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्‍य जांच ईकाई ने बताया कि यह वीडियो फर्जी है।

 

*******

 

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी-एनटीए ने 21 जून को होने वाली नीट यूजी पुनर्परीक्षा की परीक्षा अवधि को 15 मिनट बढ़ाकर 195 मिनट का कर दिया है। यह परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक होगी। एजेंसी ने कहा कि एनटीए यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि नीट यूजी परीक्षा निष्पक्ष, सुरक्षित और उम्मीदवारों की आवश्यकताओं के अनुरूप आयोजित की जाए। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-

 

संशोधित परीक्षा अवधि में अनिवार्य परीक्षा औपचारिकताओं के लिए आवश्यक समय शामिल है। एजेंसी ने कहा है कि यह सुधार पिछले कई वर्षों में उम्मीदवारों से प्राप्त प्रतिक्रिया के आधार पर किए गए हैं। इसके अलावा एजेंसी ने प्रश्न पत्र पुस्तिका के साथ दिए जाने वाली रफ शीट को दो पृष्‍ठ से बढ़ाकर चार कर दिया है। पुराने लेआउट के और सुविधाजनक होने की प्रतिज्ञा के बाद कुछ छात्रों, विशेष कर बाए हाथ से लिखने वाले छात्रों के लिए यह सुधार किया गया है। एनटीए ने कहा की परीक्षा डिजाइन में छोटे-छोटे सुधार भी एक महत्वपूर्ण परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों के अनुभव पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए निष्पक्षता और सुरक्षा के उच्चतम मानकों बनाए रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और उम्मीदवार अनूकुल बनाने के उद्देश्य से यह उपाय लागू किए गए हैं। इसके साथ ही उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वह प्रवेश पत्र और सूचना बुलेटिन में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढे और परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए परीक्षा कर्मचारियों के साथ सहयोग करें। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*******

 

दिग्‍गज निशानेबाज और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता जसपाल राणा का कल रात निधन हो गया है। वे 49 वर्ष के थे। जसपाल राणा भारतीय पिस्टल निशानेबाजों के प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति सी.पी. राधाकृष्‍णन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। युवा कार्य और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि जसपाल राणा ने एक चैंपियन एथलीट और असाधारण मार्गदर्शक के रूप में राष्ट्र के लिए जो योगदान दिया है, वह प्रेरणादायक है।

 

*******

 

और खेल खबरों के साथ हैं

 

फीफा विश्व कप में दक्षिण कोरिया ने चेक गणराज्य को 2-1 से हरा दिया है। मैक्सिको के ज़ापोपान में खेले गए रोमांचक ग्रुप ए मुकाबले में दक्षिण कोरिया ने इस जीत के साथ महत्वपूर्ण तीन अंक हासिल किए। दक्षिण कोरिया का अगला मुकाबला सह-मेजबान मैक्सिको से होगा, जबकि चेक गणराज्य, ग्रुप ए के दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा। इससे पहले, मैक्सिको सिटी में खेले गए उद्घाटन मैच में मैक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया था। आज ग्रुप बी के मैच में सह-मेजबान कनाडा का सामना बोस्निया-हर्ज़ेगोविना से होगा। मैच भारतीय समयानुसार रात साढ़े 12 बजे शुरू होगा। दोनों देश विश्व कप में पहली बार आमने-सामने होंगे। इसके बाद ग्रुप चरण के मुकाबले में कनाडा का सामना कतर और स्विट्जरलैंड से होगा। एक महीने तक चलने वाले फीफा विश्व कप 2026 का भव्य उद्घाटन कल रात मैक्सिको सिटी में हुआ। रंगारंग उद्घाटन समारोह में शकीरा और बर्ना बॉय ने टूर्नामेंट के आधिकारिक गीत ‘दाई-दाई’ से समा बांधा। उधर, पीवी सिंधु ने ऑस्ट्रेलिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। तीसरी वरीयता प्राप्‍त सिंधु ने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की चेन सु यू को 21-6, 21-9 से हराया। सिंधु का अगला मुकाबला सेमीफाइनल शीर्ष वरीयता प्राप्‍त जापान की अकाने यामागुची से होगा। यामागुची ने क्वार्टर फाइनल में आज भारत की तन्वी शर्मा को 21-14, 21-14 से शिकस्‍त दी।

 

*******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा– सरकार ने पिछले 12 वर्षों में महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी पूरी क्षमता का एहसास कराने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है।
  2. गृह मंत्री अमित शाह ने श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
  3. सरकार ने खुदरा पेट्रोल पंपों से उद्योगों के ईंधन खरीदने पर रोक लगाई।
  4. संयुक्त राष्ट्र ने ओमान तट के पास भारतीय नाविकों को ले जा रहे तेल टैंकरों पर हुए हमलों की निंदा की।
  5. दिग्‍गज निशानेबाज और प्रशिक्षक जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन।
  6. और टोरंटो में फीफा विश्व कप में ग्रुप-बी के मुकाबले में कनाडा और बोस्निया हर्जेगोविना होंगे आमने-सामने।

 

*******

Most Read
View All arrow-right

No posts found.