मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – केन्द्र और राज्य सरकारों के सामूहिक प्रयास, विकसित भारत के दृष्टिकोण की भावना को साकार करने में महत्वपूर्ण। उन्होंने नई दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता की।
- सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों में आकाशवाणी और दूरदर्शन की पहुंच मजबूत करने के प्रयास कर रही है। राजस्थान के जैसलमेर में 20 किलोवाट के एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया।
- सरकार ने कुछ एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क माफ किया।
- तृणमूल कांग्रेस के सांसद प्रकाश चिक बराइक ने राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा दिया।
- भारत में निर्मित एयरबस सी-295 विमान ने वडोदरा से पहली परीक्षण उड़ान सफलतापूर्वक संपन्न की।
- अमरीका के हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा की।
- और, फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आज रात मेक्सिको सिटी में शुभारंभ।
अब समाचार विस्तार से
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भले ही दुनिया अनिश्चितता और अस्थिरता के दौर से गुजर रही हो लेकिन भारत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ विकास पथ पर अग्रसर है। नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे भारत विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर हो रहा है, ऐसे में केंद्र और राज्य सरकारों की सामूहिक जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। श्री मोदी ने कहा कि राज्यों के बीच सहयोग, संवाद और विचारों का आदान-प्रदान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नीति आयोग इसमें सहयोग के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ताकि सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच विचारों का समुचित आदान-प्रदान हो सके और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयासों को बल मिले।
बैठक में देश भर में उद्यमिता और कौशल विकास को बढ़ावा देने तथा रोजगार के स्थायी अवसर सृजित करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
इस वर्ष की बैठक का विषय है, 2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास।
बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और उपराज्यपाल भाग ले रहे हैं।
****
किसानों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और सरकार उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि किसान देश की खाद्य सुरक्षा, पोषण और समृद्धि की रीढ़ हैं। प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रधानमंत्री-किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना जैसी पहलें न केवल किसानों की आय की रक्षा कर रही हैं, बल्कि कृषि को और भी सशक्त बना रही हैं।
*****
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज जयपुर में आकाशवाणी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान के रामगढ़ में 20 किलोवाट के एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से किया।
इस कार्यक्रम में जयपुर की सांसद मंजू शर्मा, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी और आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर श्री वैष्णव ने सामरिक अवसंरचना पर ध्यान केंद्रित करते हुए आकाशवाणी और दूरदर्शन से सीमावर्ती क्षेत्रों में संचार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आकाशवाणी और दूरदर्शन से सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने समय के साथ परिवर्तन पर भी बल दिया।
मैं निवेदन करूंगा आकाशवाणी के सभी साथियों से और विशेषकर डीजी साहब से, राजीव जी से और हमारे प्रसार भारती के चेयरमैन श्री प्रसून जोशी जी से। कि अब हम एक नए तरीके से सोचे आकाशवाणी के बारे में। हम आज के समय के हिसाब से आकाशवाणी को डिजिटल फर्स्ट और हाईपर लोकल इन दो सूत्रों में बांधें। जो भी डिजिटल प्लेटफॉर्म हमारे आज अवेलेबल हैं अपना खुद का वेव्स ओटीटी है उस प्लेटफॉर्म को यूज करें। लोकल आर्ट, लोकल संस्कृति, लोकल खानपान को आगे लाने का ये बहुत बड़ा प्लेटफॉर्म बनाएं अगले एक हजार दिनों में एक मास्टर प्लान बना के आकाशवाणी और दूरदर्शन का पूरा ट्रांसफॉर्मेशन करें। आपको पूरा फ्रीडम है, जो आप कहोगे वो पॉलिसी बनेगी। पॉलिसी बनाने वाले आप, इम्पलीमेंट करने वाले आप।
श्री वैष्णव ने कहा कि राजस्थान में सीमावर्ती क्षेत्रों में संचार और प्रसारण नेटवर्क को मजबूत करने के लिए यह पहल शुरु की गई है।
करीब अपने साढ़े चार सौ स्टेशन पूरे प्रदेश में हैं। उसमें से दो सौ स्टेशनों का काम करीब-करीब पूरा होने को आया है। ये काम जो कि जन-जन को, जैसे श्री अटल जी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना बनाके गांव-गांव तक पहुंचाई थी। वैसा ही आज हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी छोटे से छोटे स्टेशन पर भी अच्छा काम करने के लिए दिन-रात लगे हैं। बड़े स्टेशनों का काम तो अपनी जगह है। जयपुर में एक तरीके से लोग आते हुए स्टेशन्स को भी देखेंगे। जैसे हवा महल देखने जाते हैं वैसे ही ये भी टूरिज़्म का अट्रैक्शन बने तो और जनता को बहुत बड़ी सुविधाएं होंगी।
****
सरकार ने कुछ एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क माफ कर दिया है। वित्त मंत्रालय ने एक अधिसूचना के माध्यम से 22, 25, 27 और 30 प्रतिशत एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल को केंद्रीय उत्पाद शुल्क से पूरी तरह छूट देने की घोषणा की है। मंत्रालय ने कहा कि अब इन चारों ईंधन श्रेणियों पर उत्पाद शुल्क शून्य रहेगा। इसका उद्देश्य भारत के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को मजबूत करना है।
*****
भारत में निर्मित एयरबस सी-295 विमान ने गुजरात के वडोदरा से पहली परीक्षण उड़ान सफलतापूर्वक संपन्न की।
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने भारत में निर्मित पहले एयरबस सी-295 के प्रथम सफल परीक्षण उड़ान की सराहना की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री नायडू ने कहा कि यह एयरोस्पेस विनिर्माण में देश की बढ़ती क्षमताओं को भी दर्शाता है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए एयरबस, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स, भारतीय वायु सेना और सभी इंजीनियरों, तकनीशियनों और कर्मचारियों को बधाई दी।
*****
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा कि भारत और बुल्गारिया के संबंध दीर्घकालिक और स्थिर हैं। बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेट्रोवा-चामोवा से मुलाकात के दौरान श्री जयशंकर ने कहा कि दोनों देश मिलकर भविष्य में संबंधों को बेहतर करने पर कार्य करेंगे।
हमारी बातचीत के तीन पहलू थे: पहला, भारत और बुल्गारिया के बीच आपसी सहयोग; दूसरा, भारत और यूरोपीय संघ के बीच साझेदारी; और तीसरा, वैश्विक स्थिरता और विकास के लिए ताकतवर देश किस तरह मिलकर काम कर सकते हैं।
डॉ जयशंकर ने बल देकर कहा कि आर्थिक सुरक्षा और आतंकवाद के बढ़ते खतरे पर भारत का स्पष्ट रुख है।
भारत का मानना है कि यह दौर युद्ध का नहीं है और संघर्षों का एकमात्र समाधान बातचीत तथा कूटनीति है। जब बात आर्थिक जोखिमों की आती है, तो इससे निपटने का तरीका मज़बूत आपूर्ति श्रृंखला और अधिक विविधता है और यह सुनिश्चित करना ज़रूरी है कि समुद्री व्यापार में कोई रुकावट न आए। साथ ही आतंकवाद के मामले में दुनिया को शून्य सहिष्णुता की नीति पर स्पष्ट रुख अपनाना होगा।
*****
ओमान की खाड़ी में पलाऊ-ध्वज वाले वाणिज्यिक पोत ‘एमटी सेट्टेबेलो’ पर अमरीकी सेना के हमले में लापता हुए तीनों भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हो गई है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
श्री सोनोवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बचाए गए चालक दल के सदस्यों को तुरंत स्वदेश वापस लाया जाए और मृतकों के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए शीघ्र भारत भेजा जाए।
****
अमरीका ने ईरान पर नए सैन्य हमले किए हैं। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने की घोषणा की है और क्षेत्र में अमरीकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। अमरीका की केंद्रीय कमान ने कहा कि अमरीका ने आत्मरक्षा में लगातार दूसरे दिन हमले किए। इनमें, ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों, रडार और संचार ढांचों को निशाना बनाया गया।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि ईरान के मीडिया ने बंदर अब्बास, क़ेशम द्वीप, मीनाब और सिरिक सहित कई स्थानों पर विस्फोट की सूचना दी है।
मिलिट्री कॉन्फ्रेंसटेशन अब ईरान के बॉर्डर से बाहर भी फैल चुका है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने क्लेम किया है कि उन्होंने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में यूएस मिलिट्री फैसिलिटीज पर मिसाइल और ड्रोन अटैक्स लॉंच किए हैं। ये लेटेस्ट अमेरिकन स्ट्राइक्स के रिसपॉन्स में किया गया रीटेलियेशन है। ईरानियन स्टेट मीडिया के मुताबिक जॉर्डन के मुआफक सॉल्टी एयर बेस पर 12 बेलेस्टिक मिसाइल्स फायर किए गए और तेहरान का कहना है कि इसे मिलिट्री फैसिलिटीज़ और एयरक्राफ्ट शेल्टर्स को नुकसान पहुंचा है लेकिन जॉर्डन या यूनाइटेड स्टेट्स ने क्लेम्स की अभी तक कन्फ़र्मेशन नहीं दी है। कुवैत ने टेंपरेरी तौर पर एयर ट्रैफिक सस्पेंड कर दिया। बेहरीन से आए रिपोर्ट के मुताबिक इंटरसेप्शन के बाद ड्रोन ड्रेपरी रेसिडेंशियल एरियास में गिर गया, जिससे माइनर डैमेज और चोट लगने की रिपार्ट्स हैं। मल्टीपल कंट्रीज में मिलिट्री एक्टिविटी रिपोर्ट होने और की-शिपिंग लाइन्स पर प्रेशर बढने के साथ ये फियर्स और बढ़ रहा कि कॉनफ्लिट एक ओर ज्यादा अनप्रिडिक्टेबल और डेंजर्स फेज़ में एंटर कर सकता है। विनोद कुमार आकाशवाणी समाचार दुबई।
*****
तृणमूल कांग्रेस के सांसद प्रकाश चिक बराइक ने राज्यसभा के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन को भेज दिया है। इससे पहले, तृणमूल कांग्रेस के नेता और राज्यसभा सदस्य सुखेन्दु शेखर राय और सुष्मिता देव ने राज्यसभा और पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
*****
सरकार ने साइबर अपराधियों द्वारा सुरक्षा प्रणालियों और वित्तीय बुनियादी ढांचे पर बढ़ते खतरे को लेकर चेतावनी जारी की है। एक रिपेार्ट –
गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, साइबर अपराधी वित्तीय और व्यक्तिगत धोखाधड़ी के लिए एआई द्वारा डीपफेक वीडियो का तेजी से दुरुपयोग कर रहे हैं। आमतौर पर साइबर अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, जॉब पोर्टल, डेटिंग प्लेटफॉर्म या फोन कॉल के माध्यम से संपर्क करते हैं। सरकार ने फिनटेक कंपनियों सहित वित्तीय संस्थानों को डीपफेक का पता लगाने के तंत्र को मजबूत करने और ग्राहक ऑनबोर्डिंग प्रणालीयों को बेहतर बनाने की सलाह दी है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपने बायोमेट्रिक डेटा को सुरक्षित रखें, संदिग्ध लॉगिन प्रयासों के प्रति सतर्क रहें और वित्तीय गतिविधियों से संबंधित ईमेल या एसएमएस सूचनाओं की नियमित रूप से निगरानी करें। यह भी आग्रह किया है कि वे किसी भी संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की सूचना राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से तुरंत दें। समाचार कक्ष से जया भारती।
*****
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान सीमा के पास भारतीय वायु सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने का दावा करने वाला वीडियो पूरी तरह से भ्रामक है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने कहा है कि यह दावा फर्जी है और वीडियो को पाकिस्तानी दुष्प्रचार खातों द्वारा प्रसारित किया जा रहा है। जांच इकाई ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे सीमा पार से चलाए जा रहे दुष्प्रचार अभियानों से सावधान रहें।
*****
फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट आज से मैक्सिकों सिटी में रंगारंग कार्यक्रम के साथ शुरू हो रहा है। यह टूर्नामेंट 19 जुलाई तक अमरीका, कनाडा और मैक्सिको में आयोजित किया जाएगा।
उद्घाटन मैच में आज ग्रुप ए में मेजबान मेक्सिको का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। भारतीय समयानुसार यह मैच रात साढे बारह बजे से शुरू होगा।
फीफा विश्व कप का यह अब तक का सबसे बड़ा संस्करण है। इसमें पहली बार 48 टीम भाग ले रही हैं। पहले के संस्करणों में 32 टीम शामिल होती थीं। मेजबान देश अमरीका, कनाडा और मैक्सिको को विश्व कप में सीधे प्रवेश मिला है। यह विश्व कप इतिहास के सबसे चुनौतीपूर्ण विश्व कप में से एक होने की भी संभावना है, जिसमें टीमों को तीन देशों में कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा, जिनमें लंबी यात्राएं, बदलती जलवायु और बदलते समय क्षेत्र शामिल हैं। विश्वकप के इतिहास में अब तक ब्राजील, इटली, जर्मनी, स्पेन, अर्जेंटीना, इंग्लैंड, फ्रांस और उरुग्वे ने फीफा ट्रॉफी जीती है। अन्य 45 टीमों ने दो वर्ष लंबे क्वालीफाइंग अभियान के जरिए अपनी जगह बनाई है। टूर्नामेंट में 12 ग्रुप हैं, प्रत्येक ग्रुप में चार-चार टीमें शामिल हैं। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीम सीधे नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी। प्रतियोगिता में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें 72 ग्रुप स्टेज और 32 नॉकआउट मुकाबले शामिल होंगे। फाइनल 19 जुलाई को खेला जाएगा। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।
****
मौसम विभाग ने शनिवार तक देश के उत्तर-पश्चिमी भाग में तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। आज और कल तेज हवाओं के साथ गरज और ओलावृष्टि की संभावना है। अगले 5 से 7 दिन तक उत्तर-पूर्वी भारत और पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र में तेज बारिश होने की आशंका है, जबकि केरलम, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी तेज बारिश हो सकती है।
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में दिन के दौरान गरज के साथ आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। 13 तारीख तक देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इस बीच, दिन के दौरान पश्चिमी राजस्थान में लू की स्थिति बनी रहेगी।
****
घरेलू शेयर बाजारों में आज मामूली बढ़त दर्ज की गई। ताजा जानकारी मिलने तक, सेंसेक्स 116 अंक बढ़कर 74 हजार 99 और निफ्टी 18 अंकों के उछाल के साथ 23 हजार 233 पर था।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर: –
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – केन्द्र और राज्य सरकारों के सामूहिक प्रयास, विकसित भारत के दृष्टिकोण की भावना को साकार करने में महत्वपूर्ण। उन्होंने नई दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता की।
- सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों में आकाशवाणी और दूरदर्शन की पहुंच मजबूत करने के प्रयास कर रही है। राजस्थान के जैसलमेर में 20 किलोवाट के एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया।
- सरकार ने कुछ एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क माफ किया।
- तृणमूल कांग्रेस के सांसद प्रकाश चिक बराइक ने राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा दिया।
- भारत में निर्मित एयरबस सी-295 विमान ने वडोदरा से पहली परीक्षण उड़ान सफलतापूर्वक संपन्न की।
- अमरीका के हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा की।
- और, फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आज रात मेक्सिको सिटी में शुभारंभ।
****