मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री। मंत्रिमंडल ने इस उपलब्धि पर प्रस्ताव पारित किया।
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार और अमरावती में सरकारी कार्यालय और आवासीय परिसरों सहित 4 हजार 700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी।
- प्रधानमंत्री की उपलब्धियों और सरकार के 12 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाने के लिए नई दिल्ली में एनडीए की बैठक होगी।
- ईरान ने जॉर्डन में अमरीकी ठिकानों पर हमले किए। अमरीका ने ईरान पर किए जवाबी हमले।
- अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमलों में 11 बच्चों सहित 13 लोग मारे गए।
- मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना व्यक्त की।
*************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। श्री मोदी ने 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। प्रधानमंत्री मोदी का निरंतर कार्यकाल अब 4 हज़ार 399 दिन का हो गया है। एक रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यह उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि भारत जैसे 140 करोड़ से अधिक आबादी वाले देश का शासन–प्रशासन अत्यंत व्यापक और जटिल है। भाषाई, सांस्कृतिक, धार्मिक तथा भौगोलिक विविधताओं से युक्त इस राष्ट्र का सफल नेतृत्व और संचालन अपने आप में एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती है। ऐसे समय में जब अनेक देशों में राजनीतिक अस्थिरता, सरकारों में बार–बार परिवर्तन तथा नीतिगत अनिश्चितता देखने को मिल रही है। भारत में नेतृत्व और शासन में निरंतरता रही है। यह विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में लगातार तीन बार राष्ट्रीय जनादेशों द्वारा जनता का निरंतर भरोसा दर्शाता है। स्वतंत्र वैश्विक सर्वेक्षणों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लगातार विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेताओं में स्थान दिया गया है। साथ ही उन्हें अब तक 30 से अधिक देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से भी सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के दौरान लगभग 25 करोड़ भारतीय, बहुआयामी गरीबी से बाहर निकले हैं तथा व्यापक सामाजिक आर्थिक प्रगति है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर देश की जनता का उनके नेतृत्व में अटूट विश्वास और भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के कार्यकाल में शासन, आर्थिक दृढ़ता और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में दूरगामी प्रगति हुई है।
*************
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास़, अवसंरचना विस्तार, सामाजिक सशक्तिकरण, तकनीकी उन्नति और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा में वृद्धि जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति देखी है।
*************
गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री डॉ सुब्रह्मण्यम जयशंकर, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य केन्द्रीय मंत्रियों ने श्री नरेन्द्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने पर बधाई दी है।
गृहमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनके खोए हुए आत्मसम्मान को बहाल करना प्रधानमंत्री की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
*************
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कुशलता, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ देश का मार्गदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने विकसित भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लिया है।
भारत में डेमोक्रेटिकली, इलेक्टेड लॉन्गेस्ट सर्विंग प्राइम मिनिस्टिर श्री नरेन्द्र मोदी जी आज हुए हैं और विकसित भारत बनाने का संकल्प भी उन्होंने लिया है। उन सभी एक सौ 40 करोड़ देशवासी इस संकल्प में जुड़ें ऐसी प्रार्थना प्रभू के पास की।
*************
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के हर वर्ग के कल्याण और विकास के लिए काम किया है। इसमें विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण उल्लेखनीय है।
पिछले 12 सालों में जो उन्होंने कई कीर्तिमान बनाए, वो सबसे बड़ा विषय है। आज हमारा गरीब, हमारे परिवार की मुख्यधारा के साथ जुड़कर काम कर रहा है। देश के विकास में काम कर रहा है। आज हमारा युवा पूरी तरह से उत्साह के वातावरण में है। मैं मानता हूं 2013-14 का जो एक समय था, एक निराशा के वातावरण हमारा युवा था। आज हमारा युवा अपने आपको उत्साह और उम्मीद और आंकाक्षाओं के साथ, मोदी के साथ चलने को तैयार है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपना पूरा जीवन, राष्ट्र सेवा में समर्पित किया है।
मोदी जी ने लगातार देश सेवा में अपना जीवन का अर्पित किया। देश सेवा में जिन्होंने एक दिन भी बिना कोई अवकाश लिए देश का मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाने का काम किया और उनका जो योगदान विकसित भारत के लिए है, देश का हर नागरिक आज दिल की गहराई से उसके लिए धन्यवाद करना चाहता है।
*************
विश्व नेताओं ने भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के अवसर पर श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे और त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के परिवर्तनकारी नेतृत्व, ग्लोबल साउथ की आवाज़ को मजबूत करने के प्रयासों और समावेशी तथा आर्थिक रूप से सशक्त भारत के उनके दृष्टिकोण की सराहना की। गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएँ दीं। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के पिछले 12 वर्ष भारत के गौरव की पुनर्स्थापना, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और गुलामी की मानसिकता से देश को मुक्त करने के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश की सीमाएँ अधिक सुरक्षित हुईं, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ, नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया और आतंकवाद को करारा जवाब दिया गया। प्रिया की रिपोर्ट के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*************
भारत में अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी के दशकों के समर्पित जनसेवा और नेतृत्व का सशक्त प्रमाण है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज एक प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रूप से पद पर बने रहने पर बधाई दी है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रस्ताव में श्री मोदी द्वारा निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र की निरंतर सेवा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर चर्चा की गई।
श्री वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने आज 2 हजार 169 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद मेट्रो के चरण टू-ए के विस्तार को मंजूरी दी। उन्होंने बताया कि इसमें पांच स्टेशन वाला छह किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर भी शामिल है।
अमरावती नया शहर बन रहा है। नए शहर में जो कई सारे सेंट्रल गवर्नमेंट के ऑफिसिज़ हैं। इनको एक सिंगल कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट किया जाएगा। बिखरे-बिखरे ऑफिसिज़ से काम करने में तकलीफ होती है। इंटीग्रेशन होने से कॉर्डिनेशन प्रॉपर हो पाता है। तो सेंट्रल गवर्नमेंट ऑफिस कॉम्प्लेक्स अमरावती में बनेगा। इसके लिए लगभग साढ़े पांच एकड की जमीन राज्य सरकार ने दी है। और 23 लाख स्क्वेर फीट कन्स्ट्रक्टिड ऐरिया बनेगा। लोकेशन ये मैप में है सारा। दो प्रोजेक्ट्स हैं एक तो रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स है और एक ऑफिस कॉम्प्लेक्स है।
श्री वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने आंध्र प्रदेश के अमरावती में केंद्रीय सरकारी कार्यालय परिसर और केंद्रीय सरकारी आवासीय परिसर को भी मंजूरी दी।
भारत में डेमोक्रेटिकली, इलेक्टेड लॉन्गेस्ट सर्विंग प्राइम मिनिस्टिर श्री नरेन्द्र मोदी जी आज हुए हैं और विकसित भारत बनाने का संकल्प भी उन्होंने लिया है। उन सभी एक सौ 40 करोड़ देशवासी इस संकल्प में जुड़ें ऐसी प्रार्थना प्रभू के पास की।
*************
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए की बैठक आज नई दिल्ली में होगी। इसमें सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर उत्सव मनाया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ एनडीए गठबंधन के सभी घटक दलों के नेता की भी बैठक में शामिल होने की उम्मीद है। बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय विकास कार्यक्रमों, बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यक्रमों और सरकार के विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण पर चर्चा होगी।
*************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह नगर, गुजरात के वड़नगर में आज उनके सफल शासन के बारह वर्षों के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया जाएगा।
*************
सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 95 हजार 692 करोड़ रुपये के अंतरिम बजट आवंटन का प्रस्ताव रखा है जिससे मनरेगा से विकसित भारत-रोजगार गारंटी और आजीविका मिशन ग्रामीण – वीबी जी-राम जी में सुचारू रूप से परिवर्तन सुनिश्चित किया जा सके। यह अधिनियम पहली जुलाई से पूरे देश में लागू हो जाएगा। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक के बाद इसकी घोषणा की।
इस साल बजट में तीस हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया था मनरेगा चलाने के लिए। पीएमओ को अंतिम रूप देने में कुछ समय लग सकता है, इसलिए कोई दिक्कत मजदूरों को न आए और विकास का जो महायज्ञ ग्रामीण भारत के गांव का वो भी चलता रहे, इसलिए राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को इंट्रिम एलोकेशन कुल मिलाकर है 95 हजार छह सौ 92 करोड़ का।
*************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। प्रधानमंत्री के ‘टीम इंडिया’ के दृष्टिकोण के अनुरूप, इस वर्ष का विषय है- ‘2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास‘। यह विषय प्रत्येक भारतीय के कल्याण और विकास पर केंद्रित है।
*************
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज कहा कि देश में सीएनजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार घरों तक पाइप वाली प्राकृतिक गैस – पीएनजी की आपूर्ति कर रही है। श्री पुरी ने कहा कि एलपीजी कनेक्शनों को पीएनजी कनेक्शनों में बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गलत सूचना फैलाकर वैश्विक स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
ग्लोबल सिचुएशन का फायदा उठाके कुछ लोगों ने आर्टिफिशियल शॉर्टेजिस करने की कोशिश की है। तो एकदम हमने उस पर क्रैकडाउन कर दिया। कोई कमी नहीं है न सीएनजी की कमी है, न पाइप गैस लोगों के घरों में जा रही है। इनफैक्ट, एलपीजी को हम कनवर्ट कर रहे हैं इन टू पीएनजी कनेक्शन।
*************
सरकार ने सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों का खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि रिजर्व बैंक इस महीने की 30 तारीख से कागजी नोटों को बंद करके उनकी जगह प्लास्टिक नोटों का प्रचलन शुरू कर देगा। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जांच इकाई ने इस दावे को फर्जी बताया है।
*************
अमरीका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। दोनों देशों की सेनाओं के बीच रात भर सैन्य हमले हुए। एक रिपोर्ट-
अमरीका के केंद्रीय कमान ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के निर्देश पर कल होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के जवाब में ईरान के खिलाफ आत्मरक्षा में हमले किए गए। राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि चालक दल के दोनों सदस्य सुरक्षित हैं। ईरान की ओर से भी तुरंत प्रतिक्रिया सामने आई। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने बहरीन में अमरीका के पांचवें बेड़े और कुवैत में अली अल सलेम हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले का दावा किया, साथ ही जॉर्डन में अल-अजराक हवाई अड्डे पर लंबी दूरी की मिसाइल से हमला किया गया। जॉर्डन के सशस्त्र बलों ने पुष्टि की है कि उन्होंने अज़राक क्षेत्र की ओर दागी गई सभी पांच ईरानी मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। गार्ड कोर ने दावा किया है कि उन्होंने क्षेत्र में अमरीकी ठिकानों पर 21 लक्ष्यों को निशाना बनाया है। हालांकि इस आंकड़े की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी। एक अमरीकी अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक आकलन से संकेत मिलता है कि लगभग सभी ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को सफलतापूर्वक रोक दिया गया था और तत्काल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। पिछले सप्ताह अमरीका की मध्यस्थता में हुआ युद्धविराम अब गंभीर स्थिति में है। लेबनान में, हिज़्बुल्लाह द्वारा उत्तरी इस्राएल में मिसाइल हमले के बाद, इस्राएली बलों ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमले किए। जवाब में ईरान ने भी इस्राएली हवाई अड्डे पर हमले का दावा किया है। इस बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव के निजी दूत वर्तमान में दोनों देशों के बीच व्यापक समझौते को लेकर अमरीकी अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए वाशिंगटन में हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।
*************
अफगानिस्तान के कुनार खोस्त और पक्तिका प्रांत में पाकिस्तानी सेना के हवाई हमलों में 13 लोग मारे गए, इनमें ज्यादातर बच्चे थे। तालिबान के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि नागरिकों के घरों को निशाना बनाकर कल रात यह हमला किया गया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है। उन्होंने इसे मानवीय अपराध और आक्रामकता का कृत्य बताया है।
*************
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना व्यक्त की है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन दिन में गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी की सम्भावना है। मौसम विभाग ने के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, कर्नाटक के तटवर्ती इलाकों और पश्चिम बंगाल में हिमालय के तराई क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।
*************
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री। मंत्रिमंडल ने इस उपलब्धि पर प्रस्ताव पारित किया।
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार और अमरावती में सरकारी कार्यालय और आवासीय परिसरों सहित 4 हजार 700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी।
- प्रधानमंत्री की उपलब्धियों और सरकार के 12 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाने के लिए नई दिल्ली में एनडीए की बैठक होगी।
- ईरान ने जॉर्डन में अमरीकी ठिकानों पर हमले किए। अमरीका ने ईरान पर किए जवाबी हमले।
- अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमलों में 11 बच्चों सहित 13 लोग मारे गए।
- मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना व्यक्त की।
*************