June 9, 2026 3:06 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा सरकार ने पिछले 12 वर्षों में युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाया।
  2. भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को नफरत की फैक्ट्री बताया।
  3. खाद्य सुरक्षा और किसानों के सशक्तिकरण के लिए इंदौर में पांच दिन के ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक शुरू।
  4. रणनीतिक रूप से सड़क परियोजना ज़ोजिला सुरंग का अंतिम चरण पूरा, कश्मीर घाटी और लद्दाख के बीच हर मौसम में संपर्क स्थापित होने की संभावना बढ़ी।
  5. प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे; राष्ट्रव्यापी समारोह आज से शुरू होंगे।
  6. कर्नाटक, केरल और माहे में मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट; दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मूकश्मीर, लद्दाख, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और पश्चिमी राजस्थान में लू का अनुमान।
  7. और, पुरुष क्रिकेट में दांबुला में एकदिवसीय त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 278 रन का लक्ष्‍य दिया।

 

अब समाचार विस्‍तार से

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश के युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि एक सौ चालीस करोड नागरिकों की राष्ट्रप्रथम की भावना से प्रेरित होकर सरकार विश्वास, विकास और जन कल्याण के लिए समर्पित है। श्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत से प्रेरित निरंतर प्रयासों के माध्यम से देश एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत बनने की ओर अग्रसर है।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में, भारत ने गरीबों के कल्याण और अभूतपूर्व विकास दोनों को एक साथ साकार होते देखा है।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने पिछले 12 वर्षों में सेवा भावना के माध्यम से शासन को नया रूप दिया है।

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने आम नागरिकों के लिए पासपोर्ट जारी करने और दस्तावेजों के सत्यापन को सुगम बनाया है और नागरिकों को पूरा सहयोग प्रदान किया गया है।

 

****

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज ही के दिन वर्ष 2024 को लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। अपने तीसरे कार्यकाल में मोदी सरकार आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार, सामाजिक कल्याण, रोजगार सृजन और वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति को मजबूत करने जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रही है।

 

****

 

गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में भूमि पत्तन प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। इसका उद्देश्य प्रौद्योगिकी आधारित समाधानों के माध्यम से सीमा पार व्यापार और यात्रियों की आवाजाही को अधिक सुगम, पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है। यह पहल स्मार्ट सीमा प्रबंधन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

 

****

 

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि वह धार्मिक शब्दावली का इस्तेमाल करके अपने नागरिकों के बीच भारत के खिलाफ नफरत फैला रहा है। भारत ने पाकिस्तान पर सक्रिय आतंकवादी संगठनों को फितना अल हिंदुस्तान बताकर दुष्प्रचार फैलाने का भी आरोप लगाया।

 

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के एक सत्र को संबोधित करते हुए, भारत के स्थायी प्रतिनिधि और राजदूत परवथानेनी हरीश ने कहा कि पाकिस्तान भारत पर दोष मढ़ने का प्रयास कर रहा है। भारत ने पाकिस्तान के सीमा पार सैन्य अभियानों की निंदा की और अफगानिस्तान में हवाई हमलों के कारण हुई मौतों के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है।

 

“पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में किये जा रहे हवाई हमलों में बड़ी संख्या में आम लोग हताहत हो रहे हैं। भारत इन हमलों की कड़ी निंदा करता है। अफगान क्षेत्र पर किए गए ऐसे सैन्य हमले अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और किसी भी देश की संप्रभुता के सिद्धांत का स्पष्ट उल्लंघन हैं। निर्दोष नागरिकों की मौत और विध्वंस को सैन्य कार्रवाई का नाम देकर उचित नहीं ठहराया जा सकता। अपनी आंतरिक विफलताओं और समस्याओं का दोष पड़ोसी देशों पर मढ़ना पाकिस्तान की पुरानी प्रवृत्ति रही है।“

 

****

 

अंतर्राष्‍ट्रीय ब्रिक्‍स कृषि सम्‍मेलन मध्य प्रदेश के इंदौर में शुरू हो गया है। सम्मेलन में ब्राजील, चीन, रूस और दक्षिण अफ्रीका सहित 21 देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल हैं। इसमें खाद्य सुरक्षा, जलवायु-अनुकूल खेती, कृषि नवाचार, कृषि व्यापार और छोटे किसानों के सशक्तिकरण जैसे कई सत्रों का आयोजन किया जा रहा है।

 

कृषि मंत्रियों के बीच एक विशेष संवाद 12 जून को आयोजित किया जाएगा। ब्रिक्स देशों की मंत्रिस्तरीय बैठक 13 जून को होगी।

 

****

 

सडक परियोजना जोजिला सुरंग का अंतिम चरण आज सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इससे, कश्‍मीर घाटी और लद्दाख के बीच हर मौसम में सम्‍पर्क स्‍थापित होने की संभावना बढ गई हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रिमोट बटन दबाकर लद्दाख के मिनिमर्ग में जोजिला सुरंग के पूर्वी प्रवेश द्वार के पास विस्फोट किया और इसे कश्मीर तथा लद्दाख के बीच हर मौसम में संपर्क सुनिश्चित करने का एक ऐतिहासिक क्षण बताया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस अवसर पर नितिन गडकरी ने कहा कि यह सुरंग श्रीनगर और लेह के बीच हर मौसम में संपर्क प्रदान करेगी। समुद्र तल से 11 हजार 578 फीट की ऊंचाई पर निर्मित ज़ोजिला सुरंग पूर्ण होने पर एशिया की सबसे लंबी सड़क सुरंग बन जाएगी।

 

****

 

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रव्यापी समारोहों का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान ने देशभर में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से……..

 

“प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज ही के दिन 2016 में इस योजना की शुरुआत की थी। जिसका उद्देश्य सभी गर्भवती महिलाओं को मुफ्त, सुरक्षित और बेहतर प्रसव पूर्व स्‍वास्‍थ सेवाएं उपलब्‍ध कराना है। इस योजना के तहत गर्भावस्‍था के दौरान नियमित जांच, जोखिमों की समय पर पहचान और आवश्‍यक इलाज की सुविधा दी जाती है, ताकि मां और बच्‍चे दोनों का स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षित रहे। इस योजना के तहत अब तक 7 करोड़ 50 लाख से अधिक गर्भवती महिलाएं लाभ उठा चुकी हैं। सरकार के लगातार प्रयासों के कारण भारत में मातृ मृत्यु दर में काफी कमी आई है। 2014-16 में जहां हर एक लाख प्रसव पर एक सौ तीस महिलाओं की मृत्‍यु होती थी। वह 2022-24 में घटकर 87 रह गई है। इस योजना के दस वर्ष पूरे होने के अवसर पर 75 रुपये का एक स्मारक सिक्का और पांच रुपये का एक विशेष डाक टिकट भी जारी किए जाऐंगे। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।“

 

****

 

प्रवर्तन निदेशालय ने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े धन शोधन मामले में पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में छह स्थानों पर छापेमारी की। इसमें पंजाब के लुधियाना और जालंधर, उत्‍तर प्रदेश में बरेली तथा दिल्‍ली एनसीआर क्षेत्र शामिल हैं। निदेशालय ने बताया कि हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े व्यक्तियों और संस्थाओं के आवासीय तथा व्यावसायिक कार्यालय परिसरों में तलाशी अभियान चलाया गया हैं।

 

यह मामला आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब के मंत्री संजीव अरोडा से जुड़ा है।

 

****

 

सरकारी ईमार्केटप्लेसजेम ने सार्वजनिक खरीद को पूरी तरह से डिजिटल कर दिया है। आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में जेम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिहिर कुमार ने कहा कि पिछले बारह वर्षों में पारदर्शिता, प्रौद्योगिकी, समावेशन और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण के बल पर भारत ने उल्लेखनीय वृद्धि की है। श्री कुमार ने कहा कि जेम पर भाग लेने वाले सूक्ष्म और लघु उद्यमों की संख्या 2016-17 में लगभग 23 सौ से बढ़कर आज लगभग 12 लाख हो गई है।

 

****

 

जम्मू-कश्मीर के शीर्ष अधिकारियों ने श्री अमरनाथ जी यात्रा के सुचारू और सफल संचालन के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार और जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन तुती ने कल रामबन जिले का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

****

 

पश्चिम एशिया में ईरान और इस्राएल के बीच तनाव कम हुआ है। प्रत्यक्ष झड़पों में भी कमी आई है। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से –

 

“पश्चिम एशिया में पिछले कुछ दिनों से जारी ईरानइस्राएल सैन्य तनाव के बाद फिलहाल स्थिति बेहद संवेदनशील लेकिन अपेक्षाकृत शांत बनी हुई है। तनाव की शुरुआत बेरूत में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर इस्राएल की कार्रवाई से हुई। इसके बाद ईरान की ओर से उत्तरी इस्राएल की दिशा में मिसाइलें दागी गईं। जवाब में इस्राएल ने ईरान समर्थित ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं और गहरा गईं। इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान से जुड़ा मोर्चा फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी नए हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा। वहीं, ईरान का कहना है कि क्षेत्र में स्थायी शांति और तनाव में कमी तभी संभव है, जब गाज़ा और लेबनान में इस्राएली सैन्य अभियान समाप्त किए जाएंगे। इस बीच, कूटनीतिक स्तर पर बातचीत जारी है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि स्थिति को स्थिर रखने और व्यापक समझौते की दिशा में चल रही वार्ताएं निर्णायक दौर में पहुंच रही हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची वाजपेयी।“

 

****

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका ईरान के साथ एक मजबूत और शक्तिशाली समझौते के बेहद करीब है। उन्‍होंने कहा कि हालिया सीमा पार मिसाइल हमलों के बावजूद द्विपक्षीय वार्ता अभी भी आगे बढ़ रही है।

 

“हम एक मजबूत और प्रभावी समझौते के बेहद करीब हैं। यदि बमबारी की जाती है तो बड़ी संख्या में लोगों की जान जा सकती है और ऐसा कौन चाहेगा? हमारा प्रयास है कि एक ऐसा औपचारिक समझौता हो, जो सैन्य कार्रवाई से भी अधिक प्रभावी साबित हो। अब तक यह देखा गया है कि नाकाबंदी का असर बमबारी की तुलना में कहीं अधिक शक्तिशाली रहा है। इसलिए हम शांतिपूर्ण और कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता दे रहे हैं।“

 

****

 

कोलंबो उच्च न्यायालय ने श्रीलंका के पूर्व उपमंत्री सरना गुणवर्धना को भ्रष्टाचार के आरोपों में दोषी ठहराया है। ये आरोप 2006 में विकास लॉटरी बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान किराये पर वाहन खरीदने से संबंधित हैं।

 

यह फैसला उच्च न्यायालय के न्यायाधीश मोहम्मद मिहाइल ने भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने वाले आयोग द्वारा दायर एक मामले में सुनाया है।

 

****

 

फिलीपींस में कल दक्षिणी क्षेत्र के तट के पास आए सात दशमलव आठ तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से मृतकों की संख्या 37 हो गई है। भूकंप में 500 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि चार लोग लापता हैं। भूकंप का केंद्र फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप के तट से दूर था। भूकंप के कारण 20 हजार से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।

 

****

 

घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज दोपहर के कारोबार में शून्‍य दशमलव चार प्रतिशत की बढत दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 267 अंक बढ़कर 73 हजार 791 और निफ्टी 86 अंक बढ़कर 23 हजार 209 पर था।

 

****

 

आज पूरा देश महान स्वतंत्रता सेनानी और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से……

 

“भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में एक ऐसा नाम, जिसने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी। हम बात कर रहे हैं धरती आबा यानी भगवान बिरसा मुंडा की। उन्होंने न सिर्फ अंग्रेजों के दमनकारी कानूनों का पुरजोर विरोध किया, बल्कि समाज में फैल रहे धर्मांतरण और लालफीताशाही के खिलाफ भी बिगुल फूंका। आज सुबह से ही रांची के कोकर समाधि स्थल और बिरसा चौक पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य के तमाम मंत्रियों और गणमान्य नेताओं ने यहां पहुंचकर भगवान बिरसा के चरणों में माल्यार्पण किया है। रांची के अलावा उनके जन्मस्थान खूंटी के उलिहातू सहित राज्यभर के जनजातीय बहुल इलाकों में विशेष सांस्कृतिक और जागरूकता सभाएं आयोजित की जा रही हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से मैं महविश रहमान।“

 

भगवान बिरसा मुंडा की पुण्‍यतिथि पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

 

****

 

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार तक कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने आज कर्नाटक, केरलम और माहे के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ स्थानों पर भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा।

 

दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तर प्रदेश, विदर्भ तथा पश्चिमी राजस्थान में लू चलने की आशंका है।

 

****

 

पुरुष क्रिकेट में आज भारत और श्रीलंका के बीच एकदिवसीय त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत ‘ए’ की टीम ने श्रीलंका ‘ए’ को 278 रनों का लक्ष्य दिया है। यह मैच श्रीलंका के रंगिरी दांबुला अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 277 रन बनाए है। भारत के लिए, ऋतुराज गायकवाड़ के शतक और तिलक वर्मा के 150 रनों की साझेदारी ने भारत को महत्‍वपूर्ण भूमिका दिलाने की मदद की है।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा सरकार ने पिछले 12 वर्षों में युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाया।
  2. भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को नफरत की फैक्ट्री बताया।
  3. खाद्य सुरक्षा और किसानों के सशक्तिकरण के लिए इंदौर में पांच दिन के ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक शुरू।
  4. रणनीतिक रूप से सड़क परियोजना ज़ोजिला सुरंग का अंतिम चरण पूरा, कश्मीर घाटी और लद्दाख के बीच हर मौसम में संपर्क स्थापित होने की संभावना बढ़ी।
  5. प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 साल पूरे; राष्ट्रव्यापी समारोह आज से होंगे शुरू।
  6. कर्नाटक, केरल और माहे में मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट; दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मूकश्मीर, लद्दाख, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और पश्चिमी राजस्थान में लू का अनुमान।
  7. और, पुरुष क्रिकेट में दांबुला में एकदिवसीय त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 278 रन का लक्ष्‍य दिया।

 

****

Most Read
View All arrow-right

No posts found.