मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – अंत्योदय की भावना से प्रेरित गरीबों का कल्याण पिछले 12 वर्षों से सरकार की नीतियों का आधार रहा है।
- पश्चिम बंगाल में आज से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू होगी, इसके साथ ही यह योजना पूरे देश में कार्यान्वित हो जाएगी।
- दिल्ली उच्च न्यायालय ने सी.बी.एस.ई. बोर्ड की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र और बोर्ड को नोटिस जारी किया।
- इस्राएल और ईरान के जवाबी मिसाइल हमले से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा।
- लोक प्रसारक के रूप में आकाशवाणी के भरोसे और जनसेवा के गौरवशाली 90 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
- क्रिकेट में भारत ने न्यू चंडीगढ़ में एक मात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को पहली पारी में 152 रन पर आउट करने के बाद फॉलो-ऑन कराया।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के हित में सरकार की 12 वर्ष की विकास यात्रा को रेखांकित किया है। श्री मोदी ने आज कहा कि इस दौरान देश कई बदलावों का साक्षी बना तथा गरीब कल्याण और वंचित वर्ग इन बदलावों के केंद्र बिंदु में रहा। उन्होंने कहा कि अंत्योदय हमेशा से सरकार के लिये प्रेरणा स्रोत रहा और यही कोशिश रही कि विकास का लाभ दशकों से पीछे छूट गये लोगों तक पहुंचे। प्रधानमंत्री ने कहा कि जन धन खाता, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, स्वच्छ भारत अभियान, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी हर पहल का उद्देश्य लोगों के लिये गरिमा और अवसर सुनिश्चित करना रहा है। निर्धनों का जीवन स्तर बेहतर बनाने में प्रौद्योगिकी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पिछले 11 साल में देश में 25 करोड लोगों ने गरीबी को हराया है, गरीबी को परास्त किया है और गरीबी से बाहर निकलकर के 25 करोड़ का एक बहुत बड़ा समूह नियो मिडिल क्लास के रूप में आज देश के अंदर बहुत बड़ी भूमिका अदा कर रहा है। इस नियो मिडिल क्लास की अपनी एक्सप्रेशंस हैं, अपने सपने हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण यात्रा व्यक्ति के सशक्तिकरण और ‘विकसित भारत’ का स्वप्न साकार करने का सामूहिक अभियान बन गया है।
गरीब और वंचित के उत्थान का संकल्प, सबका साथ सबका विकास का मंत्र, गरीब कल्याण, गरीब की सेवा, उसके जीवन में बेहतरी, देश का विकास देश के संसाधन आखिरी व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव पहुंचे यह हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता रही। आज हर जरूरतमंद प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के कारण खाने की चिंता से मुक्त है।
*****
ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गरीब कल्याण के 12 वर्ष की अवधि पूरे देश में करोड़ों वंचित परिवारों के जीवन में गरिमा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता लाने का नया अध्याय साबित हुई है। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल-जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना जैसी पहल ने कठिन परिस्थितियों में करोड़ों परिवारों को ताकत दी है।
*****
आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक देश में चार करोड़ से अधिक आवास बनाए जा चुके हैं। इनमें नल से पानी, रसोई गैस और शौचालय जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
*****
पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य सेवा विस्तार में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करने जा रहा है। इसके साथ ही यह योजना पूरे देश में कार्यान्वित हो जाएगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच आज नई दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होना है। एक रिपोर्ट –
आयुष्मान भारत योजना देश के सभी नागरिकों को सामान और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को हर वर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाता है। पश्चिम बंगाल इस योजना को लागू करने वाला 36वां राज्य या केंद्र शासित प्रदेश बनेगा। योजना के तहत देश भर में 36 हजार से अधिक सरकारी और निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है और अब तक 44 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इस योजना की शुरुआत के बाद से यह भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़े बदलाव का आधार बनी है। इससे लोगों के इलाज पर होने वाला निजी खर्च कम हुआ है और वह सरकारी तथा निजी अस्पतालों के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। दीपेंद्र कुमार के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ये योजना लागू नहीं की गई थी।
*****
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज चंडीगढ़ में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के तीन दिन के इंडिया ज़ोन-टू सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह सम्मेलन हरियाणा विधानसभा द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन का उद्घाटन हरियाणा विधानसभा में 3:00 बजे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। उद्घाटन सत्र से पहले सेरेमोनियल गेट पर लोकसभा अध्यक्ष को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। उद्घाटन सत्र के बाद टैगौर थिएटर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में राष्ट्र निर्माण में विधानमंडलों की भूमिका, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और लोकतांत्रिक संस्थाओं को और मजबूत बनाने जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा। आश्विनी कुमार शर्मा, आकाशवाणी समाचार, चंडीगढ़।
*****
दिल्ली उच्च न्यायालय ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली को चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर आज केन्द्र और केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को नोटिस जारी किया। न्यायमूर्ति नीना बंसल कृष्णा और मधु जैन की खंडपीठ ने राष्ट्रीय भारतीय विद्यार्थी संघ की याचिका पर केन्द्र और सीबीएसई से जवाब मांगा है।
इस मामले में अगली सुनवाई 12 जून को होगी। जनहित याचिका में सीबीएसई द्वारा अपनाई गई डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल उठाए गए हैं।
*****
झारखंड में विशेष सत्र न्यायालय ने रांची में 8 एकड़ से अधिक जमीन से जुड़े धनशोधन मामले में मुख्यंत्री हेमंत सोरेन की डिस्चार्ज याचिका खारिज कर दी है। न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रखा था।
न्यायालय ने कहा कि इस मामले में पर्याप्त आधार और दस्तावेज मौजूद हैं और इस स्तर पर आरोपी को बरी नहीं किया जा सकता।
*****
प्रवर्तन निदेशालय ने मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े धन शोधन मामले में मिजोरम- म्यामां सीमा, त्रिपुरा-बंगलादेश सीमा और पश्चिम बंगाल में चार स्थानों पर छापे मारे हैं। यह मामला मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो की अगरतला इकाई द्वारा भारी मात्रा में जब्त नशीले पदार्थ से जुड़ा है।
*****
पश्चिम बंगाल पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के दबंग नेता जहांगीर खान को आज सुबह नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया। वह कथित रूप से नेपाल सीमा से भागने के प्रयास में था। आगे की पूछताछ के लिए उसे कोलकाता लाया जा रहा है।
पिछले महीने की 21 तारीख को फलता विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान के सिलसिले में यह गिरफ्तारी हुई है।
*****
भारत ब्रिक्स कृषि कार्य समूह और ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठकों की मेजबानी करेगा। ये बैठक मध्य प्रदेश के इंदौर में कल से 13 जून तक होंगी। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ये बैठक इस वर्ष ब्रिक्स संगठन की भारत की अध्यक्षता के दौरान हो रही हैं।
श्री चौहान ने कहा कि बैठक में मुख्य रूप से किसानों की आय, रोजगार, आजीविका, कृषि ऋण और बाजार तक पहुंच बढ़ाने पर चर्चा होगी।
खाद्य सुरक्षा, पोषण और आजीविका खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करनी है भरपूर खाद्यान्न मिले। सुरक्षित और पौष्टिक भोजन और किसान की आय भी बढ़े और जीवन स्तर में भी सुधार हो। कृषि व्यापार और सहयोग यह प्राथमिकता एक दूसरे देश में व्यापार की संभावनाएं भी बढ़े और सहयोग भी बढ़े आपस में। निवेश भी आए और टेक्नोलॉजी का आदान प्रदान भी हो। बाजार तक पहुंच भी आसान बने एक दूसरे देश में ताकि मिलकर एक साझा प्रगति को बढ़ावा दे सके।
*****
पंचायती राज मंत्रालय कल गुजरात के गांधीनगर में आत्मनिर्भर पंचायत कार्यक्रम पर हाइब्रिड मोड में संपर्क कार्यशाला आयोजित करेगा। पंचायती राज मंत्रालय में सचिव विवेक भारद्वाज कार्यक्रम में शामिल होंगे। गुजरात की ग्राम पंचायतें और ब्लॉक पंचायतें कार्यशाला में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़ेंगी।
*****
लोक प्रसारक के रूप में आकाशवाणी के भरोसे और जनसेवा के आज गौरवशाली 90 वर्ष पूरे हो रहे हैं। वर्ष 1936 में आज के ही दिन इंडिया स्टेट ब्रॉडकास्टिंग सर्विस को ऑल इंडिया रेडियो नाम दिया गया था। यह दिवस देश के सांस्कृतिक, सूचना और प्रसारण इतिहास में विशिष्ट अवसर के रूप में अंकित है, जिससे पीढि़यों तक राष्ट्र की चेतना से जुड़ने वाली वाणी का अभ्युदय हुआ।
आजादी के बाद ऑल इंडिया रेडियो का तेजी से विस्तार हुआ और 1956 में इसे आकाशवाणी का नाम दिया गया। आज आकाशवाणी के 591 केंद्र कार्यरत हैं जिनसे 23 भाषाओं और 146 बोलियों में कार्यक्रमों का प्रसारण होता है। इनकी पहुंच देश की 98 प्रतिशत आबादी तक है। आकाशवाणी का विदेश सेवा विभाग भारतवंशियों को एकजुट करते हुए विश्व के एक सौ से अधिक देशों में भारत की आवाज पहुंचा रहा है। बहुजन हिताय बहुजन सुखाय के आदर्श पर आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग रेडियो प्रसारण के सर्वोच्च मानकों का अनुपालन करते हुए चौबीसों घंटे सभी प्रमुख भाषाओं और बोलियों में समाचारों और समाचार कार्यक्रमों का प्रसारण करता है। नमस्कार आकाशवाणी से समाचार प्रभात के साथ में लवलीन निगम। आदाब, ये आकशवाणी है, खबरों के साथ मैं सुगुफ्ता यास्मीन। गुड इवनिंग, दिस इज़ आकाशवाणी एंड आई एम वल्सा विलियम्स वीद द न्यूज़ एट 9। अमन यादव के साथ सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
संसदीय और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने वीडियो संदेश में आकाशवाणी के गौरवशाली 90 वर्ष पूरे होने पर आकाशवाणी परिवार को बधाई दी है।
बहुत खुशी के साथ पूरे आकाशवाणी परिवार को बधाई देता हूं। 90 साल आपने पूरा किया है 90 साल पूरा होने पर मेरे शुभकामनाएं हैं। पूरा देश आकाशवाणी के साथ जुड़ा हुआ है। आकाशवाणी के माध्यम से हमारा भारत एक भारत, श्रेष्ठ भारत रहे, मेरा यह शुभकामना है।
*****
सरकार ने भारत संचार निगम लिमिटेड -बीएसएनएल से कथित रूप से जारी उस अधिसूचना का खंडन किया है जिसमे दावा किया गया है कि भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ने ग्राहकों की केवाईसी निलंबित कर दी है और सिम कार्ड 24 घंटे में ब्लॉक कर दिया जाएगा। पत्र सूचना कार्यालय ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी बताया और कहा कि बीएसएनएल ने सिम केवाईसी से संबंधित कोई सूचना जारी नहीं की है।
*****
इस्राएल और ईरान ने एक-दूसरे पर जवाबी हमले किए हैं। इससे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है और संघर्षविराम बाधित है। ईरान की इस्लामिक रेवोल्युशनरी गार्ड कोर ने इस्राएल के प्रमुख सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। एक रिपोर्ट…
ईरान और इस्राएल के बीच हालिया सैन्य गतिविधियों ने अप्रैल से लागू संघर्षविराम को चुनौती दी है। हाल के मिसाइल और सैन्य हमलों से क्षेत्रीय शांति भंग हुई है। ईरान ने कहा कि उसकी कार्रवाई लेबनान में इस्राएली सैन्य अभियानों के जवाब में की गई एक सीमित और संतुलित प्रतिक्रिया थी। वहीं, इस्राएल का दावा है कि उसकी सैन्य कार्रवाइयों का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना और भविष्य के संभावित हमलों को रोकना है। इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और बातचीत की प्रक्रिया में लौटने की अपील की है। कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ बातचीत की है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से चाहत सिंह।
*****
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एक मात्र टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन अफगानिस्तान दूसरी पारी में चाय काल तक 5 विकेट पर 98 रन बनाकर खेल रहा है। भारत द्वारा फॉलो-ऑन कराये जाने के बाद, अफगानिस्तान 314 रन से पीछे है।
*****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढ़े नौ बजे पब्लिक स्पीक कार्यक्रम में, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान-आईसीएआर के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. जे. पी. एस. डबास के साथ “खेत बचाओ अभियान: उर्वरकों के सीमित उपयोग और मृदा स्वास्थ्य को बढ़ावा” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – अंत्योदय की भावना से प्रेरित गरीबों का कल्याण पिछले 12 वर्षों से सरकार की नीतियों का आधार रहा है।
- पश्चिम बंगाल में आज से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू होगी, इसके साथ ही यह योजना पूरे देश में कार्यान्वित हो जाएगी।
- दिल्ली उच्च न्यायालय ने सी.बी.एस.ई. बोर्ड की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र और बोर्ड को नोटिस जारी किया।
- इस्राएल और ईरान के जवाबी मिसाइल हमले से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा।
- लोक प्रसारक के रूप में आकाशवाणी के भरोसे और जनसेवा के गौरवशाली 90 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
- क्रिकेट में भारत ने न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को पहली पारी में 152 रन पर आउट करने के बाद फॉलो-ऑन कराया।
*****