मुख्य समाचार:-
- भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग की बैठक नई दिल्ली में जारी। व्यापक रणनीतिक साझेदारी और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा।
- गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर वित्तीय और संपत्ति संबंधी लेन-देन पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया।
- केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सी.बी.एस.ई. कक्षा 12 के पुनर्मूल्यांकन आवेदन पोर्टल को आज रात बंद कर देगा।
- राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मलयालम अभिनेता सलीम कुमार का कोच्चि में निधन।
- मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों में देश भर में तेज बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया।
- क्रिकेट में, भारत ने अफगानिस्तान के साथ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में पहली पारी 564 रन पर घोषित की।
*********
भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग की बैठक नई दिल्ली में जारी है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगिओनो बैठक की सह-अध्यक्षता कर रहे हैं। डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच संयुक्त आयोग की बैठक चार साल के अंतराल के बाद हो रही है और यह मानना होगा कि इस दौरान द्विपक्षीय संबंधों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने पिछले वर्ष द्विपक्षीय संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे करने का उत्सव मनाया है।
मैं आप सभी के साथ व्यापक और सार्थक चर्चा की अपेक्षा करता हूँ। हमारी बातचीत द्विपक्षीय सहयोग के सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगी, जिनमें राजनीतिक संबंध, रक्षा और सुरक्षा, समुद्री व्यापार तथा निवेश, स्वास्थ्य और औषधि क्षेत्र, खाद्य सुरक्षा, पर्यटन, शिक्षा तथा सांस्कृतिक सहयोग जैसे विषय शामिल हैं। मुझे विश्वास है कि हम सहमति से तय किए गए एजेंडा के अनुसार आगे बढ़ते हुए इन सभी विषयों पर सकारात्मक और रचनात्मक विचार-विमर्श करेंगे।
हमारे संवाददाता ने बताया कि भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग की 8वीं बैठक में दोनों देशों के बीच मजबूत व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की जाएगी और द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी।
भारत और इंडोनेशिया के बीच सांस्कृतिक संबंध औपनिवेशिक शासन के साझा अनुभव और स्वतंत्रता के बाद राजनीतिक संप्रभुता, आर्थिक आत्मनिर्भरता तथा स्वतंत्र विदेश नीति जैसे समान लक्ष्य रहे हैं। समय के साथ दोनों देशों के संबंध राजनीति, अर्थव्यवस्था, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों मे और मजबूत हुए हैं। जनवरी 2001 में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के स्तर पर ‘संयुक्त आयोग की स्थापना हुई। वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जकार्ता यात्रा के दौरान भारत और इंडोनेशिया ने अपने संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी‘ के स्तर तक बढ़ाया। दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग पर ‘साझा दृष्टिकोण को भी अपनाया, जिससे विशेष रूप से रक्षा क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को अधिक मज़बूती मिली है। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*********
गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर वित्तीय लेनदेन, भवन निर्माण और संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है। गृह मंत्री की अध्यक्षता में बीएसएफ के त्रिपुरा सीमा मुख्यालय में पूर्वोत्तर राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के संबंध में हुई बैठक के दौरान ये निर्णय लिया गया।
गृह मंत्री ने पिछले पांच वर्षों के भूमि अभिलेखों की जांच करने का भी निर्देश दिया। श्री शाह ने कहा कि मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जाने चाहिए और इनमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों में वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करना राज्यों की जिम्मेदारी है। श्री शाह ने जिला अधिकारियों और वस्तु और सेवा कर अधिकारियों को प्रशिक्षित करने और केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड को नकली मुद्रा का सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया। बैठक में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, मुख्य सचिव जेके सिन्हा, पुलिस महानिदेशक अनुराग और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी आठ सीमावर्ती जिलों के जिला अधिकारियों और पुलिस अधीक्षक भी उपस्थित थे।
*********
सरकार ने आज कहा कि अंतरराष्ट्रीय एलपीजी कीमतों में भारी वृद्धि के बावजूद भारतीय घरों को खाना पकाने की गैस वैश्विक स्तर पर सबसे कम कीमतों पर मिल रही है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय सिलेंडर किसी भी पड़ोसी देश की तुलना में सस्ते हैं और अमरीका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसी विकसित अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में काफी कम है।
पश्चिम एशिया में हाल के संकट के दौरान ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए सरकार ने कहा है कि भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल रहा, जिसने समुद्री यातायात में गंभीर बाधाओं के बावजूद होर्मुज़ जलडमरूमध्य के रास्ते ऊर्जा आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखा। सरकार के अनुसार, देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं हुई और एलपीजी की वितरण व्यवस्था भी सामान्य रूप से चलती रही। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 14 दशमलव 2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर पर विशेष राहत मिल रही है। योजना के अंतर्गत लाभार्थी पहले चार रिफिल पर प्रतिवर्ष 300 रुपये की प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) सहायता प्राप्त करते हैं। इसके बाद उन्हें एक सिलेंडर के लिए प्रभावी रूप से 642 रुपये का भुगतान करना पड़ता है, जबकि दिल्ली में सामान्य उपभोक्ताओं के लिए इसी सिलेंडर की खुदरा कीमत 942 रुपये है। मंत्रालय के अनुसार, आपूर्ति में व्यवधान की अवधि के दौरान घरेलू एलपीजी उत्पादन में 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की गई। प्रिया मंडल की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*********
वहीं आज, घरेलू रसोई गैस की कीमत में 14 किलो दो सौ ग्राम के सिलेंडर पर 29 रुपये की वृद्धि की गई है। दिल्ली में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये हो जाएगी।
*********
तेलुगु देशम पार्टी- टीडीपी ने 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनावों के लिए अपने तीन उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। टीडीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी ने उद्योगपति सना सतीश, शिक्षाविद भाष्यम रामकृष्ण और टीडीपी सोशल मीडिया विंग प्रमुख चिंतकयाला विजय को उम्मीदवार बनाया है।
*********
कक्षा 12वीं की परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद संबंधित मुद्दों की जांच और उत्तर-पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की आज अंतिम तिथि है। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया है कि पोर्टल मध्यरात्रि तक खुला रहेगा। बोर्ड ने छात्रों से अनुरोध किया है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपने आवेदन जमा कर दें।
*********
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एन.टी.ए ने सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा प्रश्न पत्र के कथित लीक या बिक्री के दावों का खंडन किया है। एन.टी.ए ने कहा कि यह छात्रों और उनके परिवारों की चिंताओं का फायदा उठाने वाले संगठित नकल गिरोहों का काम है। एजेंसी ने सक्रिय रूप से आपत्तिजनक चैनलों, खातों और सामग्री की पहचान कर सम्बंधित प्लेटफॉर्म के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की चेतावनी दी है।
*********
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने कल आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू फाइनेंस धोखाधड़ी मामले की जांच के सिलसिले में चंडीगढ़, पंचकुला और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में छह परिसरों पर छापे मारे। यह मामला हरियाणा सरकार के आठ विभागों और चंडीगढ़ नगर निगम तथा चंडीगढ़ रिन्यूएबल एनर्जी, साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन सोसाइटी- क्रेस्ट के दो विभागों में 661 करोड़ रुपये के गबन और सरकारी धन की हेराफेरी से संबंधित है।
*********
यूरोपीय संघ का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल कल दो दिवसीय दौरे पर असम में गुवाहाटी पहुंचेगा। इसका उद्देश्य भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के साथ सहयोग को मजबूत करना है। यूरोपीय संघ की चर्चा उन क्षेत्रों पर केंद्रित होगी जिनमें यूरोप और पूर्वोत्तर के साझा हित हैं। इनमें नवीकरणीय और हरित ऊर्जा, सतत शहरी बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवा और फार्मास्यूटिकल्स शामिल किया गया है।
*********
अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष के 100 दिन पूरे हो गए हैं। फरवरी के अंत में ईरान पर अमरीका और इस्राएल के हमलों से शुरू हुआ यह संघर्ष अब एक व्यापक क्षेत्रीय संकट में बदल गया है। संघर्ष से होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित समुद्री यातायात के लिए खतरा और लेबनान में नए सिरे से तनाव बढ गया है।
संघर्ष के 100वें दिन भी होर्मुज़ जलडमरूमध्य में तनाव बना हुआ है। अमरीकी सेंट्रल कमांड के अनुसार सेना ने ईरान के दो हमलावर ड्रोन मार गिराए हैं। शुक्रवार को अमरीका ने ईरान के चार ड्रोन नष्ट कर दिए थे और ईरान के गोरुक तथा क़ेश्म द्वीप स्थित रडार और निगरानी ठिकानों पर हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने शनिवार को कुवैत और बहरीन में अमरीकी ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले किए। अमरीकी अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश मिसाइलों को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया गया। इस संकट का असर पश्चिम एशिया के अन्य हिस्सों में भी दिखाई दे रहा है। दक्षिणी लेबनान के नबातियेह क्षेत्र के पास इस्राएल के एक सैन्य अभियान के दौरान लेबनानी सेना के एक वाहन को निशाना बनाया गया, जिसमें सेना के कुछ जवान घायल हो गए। वहीं, दूसरी ओर क्षेत्र में संघर्ष रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास लगातार जारी हैं, लेकिन अभी भी कई बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
*********
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता, मलयालम अभिनेता सलीम कुमार का कल रात कोच्चि में निधन हो गया। वे 57 वर्ष के थे। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सलीम कुमार ने शुरु में मिमिक्री स्टेज और टेलीविज़न कॉमेडी शो से अपनी पहचान बनाई और 1996 में सिद्दीक शमीर के निर्देशन में फिल्म ‘इष्टमानु नूरुवट्टम’ से सिनेमा जगत में प्रवेश किया। तीन दशक के करियर में उन्होंने करीब साढे तीन सौ फिल्मों में काम किया।
*********
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभिनेता सलीम कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री मोदी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं अभिनेता के परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं।
*********
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज सुबह नई दिल्ली में फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल पहल के 77वें संस्करण में भाग लिया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि साइकिल चलाने से पर्यावरण स्वच्छ रहता है और यातायात जाम की समस्या से भी छुटकारा मिलता है।
*********
आज विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस है। इस वर्ष विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस का विषय है- समस्या से समाधान तक – हर जगह सुरक्षित भोजन। यह दिवस खाद्य सुरक्षा को एक अधिकार और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में एक सश्क्त अवसर प्रदान करता है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने स्वस्थ भविष्य के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भोजन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। इस अवसर पर सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने नागरिकों से स्वस्थ खान-पान की आदतें अपनाने और स्वस्थ तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।
*********
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आगे बढ़ रहा है। विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में देश भर में तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। उत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति भी बनी हुई है। विभाग के अनुसार, मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उत्तर बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले दो से तीन दिनों के दौरान मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।
*********
सैफ महिला चैम्पियनशिप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने मौजूदा चैंपियन बांग्लादेश को 3-1 से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम किया। यह मैच कल गोवा के मडगांव में खेला गया।
*********
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला फुटबॉल टीम को सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 जीतने पर बधाई दी है। श्री मोदी ने कहा कि इस जीत से आने वाले समय में युवाओं को फुटबॉल खेलने की प्रेरणा मिलेगी।
*********
क्रिकेट में, न्यू चंडीगढ़ में भारत ने अफगानिस्तान के साथ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के आज दूसरे दिन आठ विकेट के नुकसान पर पांच सौ 64 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
जवाब में ताजा समाचार मिलने तक अफगानिस्तान ने पहली पारी में 6ठे ओवर में एक विकेट खोकर 28 रन बना लिए हैं।
*********
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेजर अभिलाषा बराक को संयुक्त राष्ट्र सैन्य लैंगिक समानता समर्थक पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है।
*********
अंत में मुख्य समाचार :-
- भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग की बैठक नई दिल्ली में जारी। व्यापक रणनीतिक साझेदारी और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा।
- गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर वित्तीय और संपत्ति संबंधी लेन-देन पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया।
- केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सीबीएसई कक्षा 12 के पुनर्मूल्यांकन आवेदन पोर्टल को आज रात बंद कर देगा।
- राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मलयालम अभिनेता सलीम कुमार का कोच्चि में निधन।
- मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों में देश भर में तेज वर्षा का पूर्वानुमान लगाया।
- क्रिकेट में, भारत ने अफगानिस्तान के साथ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में पहली पारी 564 रन पर घोषित की।
*********