मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्यों के साथ देश की आर्थिक वृद्धि को गति देने के उपायों पर चर्चा की।
- रिज़र्व बैंक ने भारत में निवेश को आसान बनाने के लिए विदेशी निवेशकों के सरकारी प्रतिभूतियों से जुड़े नियमों को सरल बनाया।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज शाम नई दिल्ली में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से बातचीत करेंगे।
- सीबीएसई ने अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि कल तक बढ़ाई।
- पंजाब में आज सुबह फिरोजपुर–फाजिल्का मार्ग पर एक ट्रक से वाहन की टक्कर में नौ लोगों की मौत।
- केरलम और माहे में कल तक मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट जारी।
- श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव की जगह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम के कप्तान बने, वैभव सूर्यवंशी पहली बार टीम में शामिल।
अब समाचार विस्तार से
—
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्यों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। प्रधानमंत्री और परिषद ने वैश्विक उथल-पुथल के दौर में भारत की आर्थिक वृद्धि को और बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विचारों और उपायों पर चर्चा की। जीवन स्तर और व्यापार में सुगमता लाने के लिए विभिन्न सुधारों पर भी विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने पश्चिम एशिया संघर्ष के भारत और विश्व पर पड़ने वाले प्रभाव का भी आकलन प्रस्तुत किया।
—
प्रधानमंत्री ने कहा है कि वैश्विक आर्थिक संकट के बावजूद, भारतीय अर्थव्यवस्था की नींव असाधारण रूप से मजबूत बनी हुई है। श्री मोदी ने दमण में कल लगभग दो हजार नौ सौ 70 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक जनसभा में कहा कि भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
वर्ष 2025-26 में भारत ने सेवन पॉइंट सेवन पर्सेंट की ग्रोथ रेट हासिल की है और पिछला क्वाटर जो 31 मार्च को खत्म हुआ उसमें भी भारत की ग्रोथ सेवन पॉइंट 8 पर्सेंट रही है और यह दुनिया में तेज़ गति से आगे बढ़ने वाली बढ़ी इकोनॉमी है।
—
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसे समय में जब कई देश आर्थिक अनिश्चितताओं का सामना कर रहे हैं। भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनी हुई है। एक रिपोर्ट-
वित्त वर्ष 2025-26 में दर्ज 7 दशमलव सात प्रतिशत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर का जिक्र करते हुए श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि पिछले 12 वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की दृढ़ता और मजबूती का संकेत है। रक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के प्रति श्री मोदी की अटूट प्रतिबद्धता, नवाचार, बुनियादी ढांचा और उद्यमिता तथाा वैश्विक चुनौतियों से देश को उबारने की उनकी क्षमता ने भारत को एक आत्मविश्वासपूर्ण, दृढ़ और वैश्विक स्तर पर सम्मानित आर्थिक शक्ति में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि यह उल्लेखनीय वृद्धि नए अवसर पैदा कर रही है और 14 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं को मजबूत कर रही है। समर्थ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
—
भारतीय रिज़र्व बैंक-आरबीआई ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। नए प्रावधानों के अंतर्गत सामान्य निवेश करने वाले विदेशी निवेशकों को अब कई तरह की निवेश सीमाओं से छूट दी गई है। आरबीआई ने केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिभूतियों के लिए पहले से लागू ‘सामान्य’ और ‘दीर्घकालिक’ निवेश सीमाओं को भी एक कर दिया है। नए दिशा-निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए है।
—-
राज्य वित्त आयोगों के लिए डेटासेट संबंधी समिति की रिपोर्ट आठ जून को जारी की जाएगी। केंद्र सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंथा नागेश्वरन इस रिपोर्ट को जारी करेंगे। पंचायती राज मंत्रालय ने कहा है कि इस रिपोर्ट का जारी होना राजकोषीय विकेंद्रीकरण के लिए प्रमाण आधार को मजबूत करने की दिशा में सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। मंत्रालय के अनुसार, यह रिपोर्ट राज्य वित्त आयोगों के लिए आवश्यक प्रमुख डेटासेटों का एक सुव्यवस्थित और व्यापक विवरण प्रस्तुत करती है।
—-
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर आज शाम नई दिल्ली में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से बातचीत करेंगे। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि बैठक में व्यापार, निवेश, संपर्क, ऊर्जा और जन-संबंधों सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा होगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह दौरा भारत और नेपाल के बीच विशेष साझेदारी को और मजबूत करेगा।
नेपाल के साथ हमारा एजेंडा बहुत व्यापक है, इसमें विकास के लिए सहयोग से लेकर लोगों के बीच आपसी संबंध और व्यापार तथा निवेश शामिल हैं। इसलिए, जब दोनों देशों के विदेश मंत्री मिलेंगे, तो इन सभी संबंधों पर चर्चा होगी। हम नेपाल के साथ अपनी इस बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने के इच्छुक हैं।
भारत के तीन दिन के दौरे पर आए नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कल नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की।
—
भारत-लैटिन अमरीका और कैरेबियन व्यापार तथा निवेश मंच का आयोजन आज मध्य प्रदेश के इंदौर में किया जा रहा है। इसमें 15 लैटिन अमरीकी और कैरेबियन देशों के राजदूत और राजनयिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।
—-
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई ने अंक सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 जून कर दी है। सीबीएसई ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि छात्र अब कल मध्यरात्रि तक अपने आवेदन जमा कर सकेंगे। इससे पहले, आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 6 जून निर्धारित थी। सीबीएसई ने सभी पात्र छात्रों से बढ़ी हुई समय-सीमा का ध्यान रखते हुए निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
—
पंजाब में आज सुबह फिरोजपुर-फाजिल्का सड़क पर एक ट्रक से वाहन की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हो गए। सभी पीड़ित एक ही परिवार के सदस्य थे और ब्यास नदी में अपने रिश्तेदार की अस्थियों को विसर्जित करने जा रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया।
—
दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में रसोइए को गिरफ्तार किया है। इस होटल में 3 जून को आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। इससे पहले, पुलिस ने होटल मालिक को भी गैर इरादतन हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार किया था। जांच जारी है।
—
संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि पिछले बारह वर्षों में भारत की सौर ऊर्जा क्षमता 2 दशमलव 8 गीगावाट से बढ़कर 155 गीगावाट हो गई है। श्री शेखावत ने आज सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि 40 लाख से अधिक घरों में सौर ऊर्जा का उपयोग हो रहा है। कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा क्षमता का दोगुना होना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्रगति का प्रमाण है।
—
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से लंबित रेलवे परियोजनाओं का समाधान होने से राज्य में रेलवे अवसंरचना विकास के एक नए युग की शुरुआत होगी।
श्री वैष्णव ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ कोलकाता के नबन्ना में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि वर्ष 2026-27 के रेल बजट में पश्चिम बंगाल के लिए 14 हजार 205 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 10 अमृत भारत स्टेशन पहले ही पूरे हो चुके हैं, जबकि 9 वंदे भारत एक्सप्रेस और कई अमृत भारत रेलगाडियां चल रही हैं। रेल मंत्री ने अगले पांच वर्षों में कोलकाता मेट्रो के लिए 60 नई रेलगाडियों को शुरू करने की घोषणा की।
मेट्रो के लिए स्टील न्यू ट्रेंस न्यू जनरेशन की ट्रेंस अगले पांच वर्षों में इंडेक्ट करेंगे। नई जनरेशन की ट्रेंस आने से कोलकाता के निवासियों को बहुत अच्छी फैसलिटी मिलेगी। वो भी एक बहुत बड़ा आगे स्टेप लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक लागत की रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं को लागू करेंगे।
—
स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने आज राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के निष्कर्षों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणियों का खंडन किया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री नड्डा ने कहा कि जन स्वास्थ्य इतना महत्वपूर्ण है कि इस पर राजनीतिक बयानबाजी नहीं करनी चाहिए।
श्री नड्डा ने बताया कि पूर्ण टीकाकरण कवरेज बढ़कर 87 दशमलव एक प्रतिशत हो गया है, जबकि स्वास्थ्य बीमा कवरेज 4 दशमलव 9 प्रतिशत से बढ़कर 60 दशमलव दो प्रतिशत हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह प्रगति स्वास्थ्य सेवा, पोषण, स्वच्छता, वित्तीय समावेशन और अंतिम छोर तक सेवा पहुंचाने में निरंतर निवेश का परिणाम है।
—
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के सैन्य सलाहकार मोहसीन रेज़ाई ने अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से इस्राएल से स्वतंत्र होकर निर्णय लेने, होर्मुज़ जलडमरूमध्य में नाकाबंदी समाप्त करने और ईरान की ज़ब्त संपत्तियों को छोडने का आह्वान किया है। रेज़ाई ने एक टेलीविजन चैनल के साथ साक्षात्कार में कहा कि दोनों पक्षों के बीच वार्ता गतिरोध में है और ट्रंप को इस गतिरोध को तोड़ना होगा।
—
भारत ने कहा है कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अपनी अस्थायी सदस्यता का दुरुपयोग जम्मू-कश्मीर के बारे में झूठे दावे फैलाने के लिए कर रहा है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने चेतावनी दी कि पाकिस्तान को अपनी जिम्मेदारियों का ध्यान रखना चाहिए।
मैं पाकिस्तान को याद दिलाना चाहता हूँ कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का सदस्य होना एक बड़ी ज़िम्मेदारी है। यह पक्षपाती और झूठी बातें फैलाने का मंच नहीं है। मैं यह बात साफ़–साफ़ कहना चाहता हूं। जम्मू–कश्मीर भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। पाकिस्तान की खोखली बयानबाज़ी और झूठे दावों से यह बुनियादी सच्चाई नहीं बदलेगी।
—
मॉरीशस ने पिछले 21 दिनों में कांगो, युगांडा या दक्षिण सूडान की यात्रा करने वाले या वहां से गुजरने वाले विदेशी नागरिकों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। ये कदम इबोला वायरस के प्रकोप को देखते हुए उठाया गया है।
—
मौसम विभाग ने केरलम और माहे में कल तक मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर भारत, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और काराईक्काल में भी अगले दो दिन में तेज वर्षा हो सकती है। पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्रों, तेलंगाना, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप में भी आज ऐसी ही स्थिति का अनुमान है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में आज बिजली चमकने और तेज हवाओं का अनुमान है।
—
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आज मौसम साफ बना हुआ है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बीते दिनों की गर्मी के बाद सुहावने मौसम से जनजीवन को काफी राहत मिली है।
हिमाचल प्रदेश में जनजातीय जिला लाहौल–स्पीति के रोहतांग और कुंजुम दर्रों पर बीते रोज हल्का हिमपात तथा कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल के विभिन्न पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने आज चम्बा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के लिए अंधड़, ओलावृष्टि, वर्षा और बिजली गिरने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
—
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई ने इंग्लैंड और आयरलैंड के साथ होने वाली टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टीम का कप्तान बनाया गया है। तिलक वर्मा उप-कप्तान होंगे। वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। वैभव ने आईपीएल 2026 में सर्वोच्च रन बनाए थे। प्रिंस यादव को भी टीम में जगह मिली है।
—
भारत और अफगानिस्तान के बीच एक मात्र क्रिकेट टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लनपुर में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। चाय काल तक भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 209 रन बना लिए थे।
—
भारत आज पुरुष अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में मेजबान जापान से खेलेगा। यह मुकाबला जापान के काकामिगाहारा में भारतीय समयानुसार दोपहर साढे तीन बजे से शुरू होगा।
—
युवा कार्य और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि युवा राष्ट्र की सच्ची शक्ति हैं और विकसित भारत के सपने को साकार करने वाली प्रेरक शक्ति हैं। नई दिल्ली में आयोजित मेरा भारत युवा सम्मेलन में डॉ. मांडविया ने यह बात कही।
—
अमरीका के सिएटल में “मैंगो मैजिक फेस्टिवल” भारतीय आम का प्रचार और स्वाद परीक्षण” के दूसरे चरण का आज आयोजन किया गया। अमरीका की सीनेटर मंका ढिंगरा ने कहा कि खाद्य पदार्थों का आदान-प्रदान देशों के बीच केवल पोषण की ज़रूरतें ही पूरी नहीं करता, बल्कि यह मजबूत
व्यापारिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों की नींव भी रखता है।
—
मुख्य समाचार एक बार फिर:–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्यों के साथ देश की आर्थिक वृद्धि को गति देने के उपायों पर चर्चा की।
- रिज़र्व बैंक ने भारत में निवेश को आसान बनाने के लिए विदेशी निवेशकों के सरकारी प्रतिभूतियों से जुड़े नियमों को सरल बनाया।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज शाम नई दिल्ली में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से बातचीत करेंगे।
- सीबीएसई ने अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि कल तक बढ़ाई।
- पंजाब में आज सुबह फिरोजपुर–फाजिल्का मार्ग पर एक ट्रक से वाहन की टक्कर में नौ लोगों की मौत।
- केरल और माहे में कल तक मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट जारी।
- श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव की जगह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम के कप्तान बने, वैभव सूर्यवंशी पहली बार टीम में शामिल।
—