मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात में 18 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
- सरकार ने विदेशी संस्थागत निवेशकों को सरकारी प्रतिभूतियों के पूंजीगत लाभ पर कर छूट प्रदान की।
- रिजर्व बैंक ने रेपो दर में कोई बदलाव न करते हुए उसे 5 दशमलव दो-पांच प्रतिशत पर यथावत रखा। चालू वित्त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि का अनुमान 6 दशमलव 9 प्रतिशत से घटाकर 6 दशमलव 6 प्रतिशत किया।
- नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल आज से तीन दिन की भारत यात्रा पर।
- विश्व पर्यावरण दिवस आज मनाया जा रहा है। सरकार ने नई दिल्ली में 18 नमो ऑक्सीजन पार्कों का उद्घाटन किया।
- जापान में पुरुषों के अंडर-18 हॉकी एशिया कप के सेमीफाइनल में आज शाम भारत का मुकाबला पाकिस्तान से।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सूरत में सड़क, बिजली और औद्योगिक क्षेत्रों की 18 हजार आठ सौ करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। श्री मोदी पहले हजीरा जाएंगे। प्रधानमंत्री दोपहर में एक जनसभा को संबोधित करने से पहले औद्योगिक और बुनियादी ढांचा कार्यों की समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री शाम को दमन का दौरा करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया कि श्री मोदी वहां लगभग 2 हजार 970 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दमन में नमो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन और आधुनिक नमो अस्पताल का उद्घाटन करेंगे, जिससे केंद्र शासित प्रदेश में क्षेत्रीय हवाई संपर्क और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री आज दमन कन्वेंशन सेंटर, निफ्ट परिसर और एक प्रतिष्ठित ब्रिज सहित कई ऐतिहासिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। समुद्री विकास की दिशा में एक बड़े कदम के रूप मे, प्रधानमंत्री केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए भी आठ सौ पचासी करोड़ रुपये की बंदरगाह परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं के तहत कल्पेनी और कदमत द्वीपों पर बहुउद्देशीय जेट्टियों का विकास किया जाएगा, जिससे स्थानीय मछुआरों को एकीकृत मछली पकड़ने और नाव मरम्मत सुविधाएं मिलने के साथ–साथ बड़े यात्री और क्रूज जहाजों के लिए साल भर रुकने की व्यवस्था उपलब्ध होगी। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।
******
सरकार ने विदेशी संस्थागत निवेशकों को सरकारी प्रतिभूतियों से होने वाले पूंजीगत लाभ और ब्याज से आय को पूरी तरह से कर छूट दे दी है। यह छूट इस वर्ष पहली अप्रैल से लागू होगी। सरकार ने इस संबंध में आयकर संशोधन अध्यादेश 2026 जारी किया है।
वित्त मंत्रालय ने कहा कि इस कदम से सरकारी प्रतिभूतियों पर कराधान कई देशों के समान हो जाएगा। मंत्रालय ने बताया कि इसी तरह की आयकर छूट बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स को भी दी गई है।
******
रिज़र्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष में लगातार दूसरी बार मौद्रिक नीति समीक्षा के दौरान प्रमुख ब्याज दरों को यथावत रखा है। द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करते हुए बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि मौद्रिक नीति समिति ने सर्वसम्मति से रेपो दर को 5 दशमलव 2-5 प्रतिशत पर बनाए रखने का निर्णय लिया है, जबकि नीतिगत रेपो दर को तटस्थ रखा गया है।
हमने बदलती दीर्घ आर्थिक और वित्तीय परिस्थितियों तथा भविष्य के अनुमानों की विस्तार से समीक्षा की है। इसके बाद समिति ने सर्वसम्मति से एलएएफ के अन्तर्गत नीतिगत रेपो दर को पांच दशमलव दो–पांच पर ही बनाए रखने का निर्णय लिया है।
स्थायी जमा सुविधा की दर 5 प्रतिशत पर बनी हुई है, जबकि सीमांत स्थायी सुविधा और बैंक दर 5 दशमलव 5 प्रतिशत ही है। बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्पाद. वृद्धि अनुमान को पहले के 6 दशमलव 9 प्रतिशत से घटाकर 6 दशमलव 6 प्रतिशत कर दिया है। बैंक ने मुद्रास्फीति के अपने पूर्वानुमान को भी 4 दशमलव 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 दशमलव एक प्रतिशत कर दिया है।
******
रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि पॉलिमर आधारित करेंसी नोट का प्रस्ताव बैंक के विचाराधीन है। देश के विभिन्न हिस्सों में बैंक शाखाओं और ए.टी.एम. में नोटों की कमी को लेकर कुछ ग्राहकों ने शिकायतें की हैं। इन मुद्दों पर उन्होंने कहा कि बैंक के पास पर्याप्त नकदी है और यदि कोई कमी है तो उसे तुरंत पूरा कर दिया जाएगा।
******
उद्योग संगठन एसोचैम ने आरबीआई के रेपो दर को 5 दशमलव दो-पांच प्रतिशत पर बनाए रखने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा है कि यह विकास को गति देगा और उद्योग जगत को मजबूती प्रदान करेगा। एसोचैम के महासचिव सौरभ सान्याल ने कहा कि यह निर्णय आर्थिक प्रगति के साथ-साथ मुद्रास्फीति को एक सुरक्षित दायरे में बनाए रखने में मददगार होगा।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत की डिजिटल बुनियादी ढांचा यात्रा गति पकड़ रही है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि एयरट्रंक ने भारत में लगभग तीन लाख करोड़ रुपये का निवेश करने और पांच गीगावाट डेटा सेंटर क्षमता विकसित करने की योजना की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह देश का डिजिटल बुनियादी ढांचा पारिस्थितिकी तंत्र में प्रस्तावित सबसे बड़े निवेशों में से एक है।
******
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल आज से तीन दिन की भारत यात्रा पर रहेंगे। श्री खनाल विदेश मंत्री एस. जयशंकर के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। इस यात्रा के दौरान, श्री खनाल नई दिल्ली में डॉ. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देश व्यापार, निवेश, संपर्क, ऊर्जा और जन-संबंधों सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से पारस्परिक हित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
******
विश्व पर्यावरण दिवस आज मनाया जा रहा है। पृथ्वी पर सभी जीवों के जीवन की उपयोगिता बनाए रखने और संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के अंतर्गत, यह दिवस मनाया जाता है। एक रिपोर्ट –
विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य प्रकृति और पृथ्वी की रक्षा के लिए लोगों को जागरूक करना और सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित करना है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह राष्ट्रीय राजधानी में मैदानगढ़ी स्थित नमो ऑक्सीजन पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्री अपने अपने राज्यों में विश्व पर्यावरण दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यह दिवस पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, लोगों को कार्यवाही के लिए प्रेरित करने और सतत विकास को बढ़ावा देने का अवसर है। अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई केंद्रीय मंत्रियों ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत की सभ्यता ने अपने नागरिकों को प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर रहना सिखाया है।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि एक पेड़ मां के नाम जैसी पहलों ने प्रतिवर्ष लगभग एक दशमलव एक लाख हेक्टेयर वन क्षेत्र बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि यह दिन पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को व्यक्त करने का प्रतीक है।
******
गृह मंत्री अमित शाह ने आज त्रिपुरा के लंकामुरा सीमा चौकी पर सीमा सुरक्षा बल-बी.एस.एफ. के जवानों को संबोधित करते हुए सीमा सुरक्षा को लेकर एक व्यापक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। विश्व पर्यावरण दिवस पर श्री शाह ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों-सी.ए.पी.एफ. के पर्यावरणीय योगदान को लेकर कहा कि वर्ष 2019 से सी.ए.पी.एफ. कर्मियों द्वारा लगभग 6 करोड चालीस लाख पौधे लगाए गए हैं।
2019 से लेकर आज तक हमारे सभी सी.ए.पी.एफ. जवानों ने लगभग 6 करोड चालीस लाख वृक्षों को लगाने का काम किया हैं। इस साल हमने थोडे कम वृक्ष लगाने का निर्णय लिया है। इस साल हम 40 लाख से 60 लाख वृक्ष लगाने वाले हैं और अगले साल हम सबका ये सामूहिक संकल्प होने वाला है कि अगले साल एक ही वर्ष में सी.ए.पी.एफ. जवानों दो करोड़ से ज्यादा पौधे लगाने का काम करेंगे पर्यावरण की और देश की सेवा का काम करेंगे।
******
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने आज नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधा लगाया। आकाशवाणी से बात करते हुए डॉ. मुरुगन ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने जल संरक्षण, वृक्षारोपण और वृक्षों की रक्षा तथा संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
मां के नाम से एक पेड लगाने के लिए हमारे प्रधानमंत्री जी ऑलवेज एक्सप्रेस एंड ही कॉल टू द नेशन वर्ल्ड एनवायरमेंटल डे सो वी आर ऑल ऑब्जरिवंग दिस डे एज ए मां का नाम से एक पेड लगायेंगें।
******
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी में अठारह नमो ऑक्सीजन पार्क का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत कई पर्यावरणीय पहलों का शुभारंभ किया। श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अग्रणी देश बनकर उभरा है।
भारत दुनिया में जो विश्व पर्यावरण में संकट है उसमें एनर्जी के क्षेत्र में वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र मे आगे भी आगे बढ रहा है। जैसा अभी एरेना की रिपोर्ट में भी आया है कि सोलर ऊर्जा में हम दूसरे नंबर पर आए हैं। देश में वन क्षेत्र बढ रहा है और दिल्ली में आज माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में दिल्ली के लिए धूल मुक्त दिल्ली के लिए कार्यक्रम शुरू किया है। दिल्ली में जो लोकल वनस्पतियां और जो पेड हैं उनके लिए प्रदर्शनी लगाई गई है। सभी एक पेड मां के नाम पर जरूर लगाएं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए हरियाली बढ़ाना सबसे महत्वपूर्ण उपायों में से एक है।
******
वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि हब-एंड-स्पोक मॉडल का उपयोग करते हुए हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद -ईपीसीएच नेटवर्क के माध्यम से लगभग सौ कारीगरों को अमरीका के बाजारों से जोड़ा जा चुका है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली में श्री सिंह ने कहा कि यह पहल स्थानीय स्तर पर निर्मित हस्तशिल्प को बढ़ावा देती है और ‘वोकल फॉर लोकल’ के दृष्टिकोण को मजबूत करती है।
जो बंसत कुंज में स्थित यह मार्किट है सरकार ने मुझे यह जमीन दी है, आटिज्न के बढावा के लिए, तो हम इसमें आटिज्न का भी स्टॉल लगा रहे हैं और दूसरा लोकल फॉर वोकल भी हैं जो एकदम पर्यावरण अनुकूल है।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव का एक लेख साझा किया है। अपने लेख में श्री यादव ने पर्यावरण संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक कार्रवाई और जनभागीदारी का आह्वान किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि भूपेंद्र यादव ने प्रकृति आधारित समाधानों के माध्यम से इन चुनौतियों से निपटने का अनुरोध किया है, जो टिकाऊ, किफायती और दीर्घकालिक पारिस्थितिक लाभ प्रदान करने में सक्षम हैं।
******
विश्व पर्यावरण दिवस पर कई केंद्रीय मंत्रियों ने एक पेड मां के नाम अंतर्गत पौधारोपण किया।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बलिया स्थित जय प्रकाश नारायण पक्षी अभयारण्य- सुरहा ताल को भारत का सौवां रामसर स्थल घोषित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि देश के प्राकृतिक परिवेश और विशेष रूप से आर्द्रभूमि की रक्षा के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता इसमें झलकती है।
******
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने तमिलनाडु के प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिए गए इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। अन्नामलाई ने हाल ही में भाजपा अध्यक्ष को इस्तीफा सौंपा था।
******
कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री रामलिंगारेड्डी ने आज अपने मंत्रालय के आवंटन को लेकर मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। बेंगलुरु में संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे विधायक के रूप में काम करते रहेंगे और कांग्रेस पार्टी में बने रहेंगे।
******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका और ईरान के बीच वार्ता जारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते में स्थायी रूप से ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका जाना चाहिए। व्हाइट हाउस में ट्रम्प ने कहा कि परमाणु अप्रसार उनकी सरकार के दृष्टिकोण का मुख्य उद्देश्य बना हुआ है। एक रिपोर्ट –
राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि भविष्य में किसी भी समझौते के अंतर्गत ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने वर्ष 2015 के परमाणु समझौते की आलोचना करते हुए इसे ईरान के परमाणु हथियार हासिल करने का मार्ग बताया और यह दावा किया कि कोई भी नया समझौता मौलिक रूप से अलग होगा। ईरान के परमाणु ठिकानों पर किए गए अमरीकी हमलों का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि ये ठिकाने “पूरी तरह नष्ट” कर दिए गए थे और उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर अमरीकी सैनिकों को निशाना बनाया गया तो तुरंत जवाबी कार्रवाई की जाएगी। अमरीका के राष्ट्रपति की ये टिप्पणियां ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर दीर्घकालिक समझौते तक पहुंचने के लिए जारी राजनयिक प्रयासों के बीच आईं। समाचार कक्ष से जया भारती।
******
घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक के दोपहर के कारोबार में आज लगभग शून्य दशमलव चार प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 289 अंक फिसलकर 74 हजार 71 पर जबकि निफ्टी एक सौ अंक लुढककर 23 हजार 317 पर था।
******
पुरुष अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। मैच जापान के काकामिगाहारा हॉकी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम साढे तीन बजे से खेला जाएगा।
******
अंत में मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात में 18 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
- सरकार ने विदेशी संस्थागत निवेशकों को सरकारी प्रतिभूतियों के पूंजीगत लाभ पर कर छूट प्रदान की।
- रिजर्व बैंक ने रेपो दर में कोई बदलाव न करते हुए उसे 5 दशमलव दो-पांच प्रतिशत पर यथावत रखा। चालू वित्त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि का अनुमान 6 दशमलव 9 प्रतिशत से घटाकर 6 दशमलव 6 प्रतिशत किया।
- नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल आज से तीन दिन की भारत यात्रा पर।
- विश्व पर्यावरण दिवस आज मनाया जा रहा है। सरकार ने नई दिल्ली में 18 नमो ऑक्सीजन पार्कों का उद्घाटन किया।
- जापान में पुरुषों के अंडर-18 हॉकी एशिया कप के सेमीफाइनल में आज शाम भारत का मुकाबला पाकिस्तान से।
******