June 4, 2026 3:40 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के बीच आज नई दिल्‍ली में वार्ता। ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और निवेश प्रमुख मुद्दे।

 

गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उत्तर पूर्वी परिषद की बैठक शिलोंग में जारी। पर्यटन, कृषि, आर्थिक गलियारे का विकास, बुनियादी ढांचा और संपर्क बढाने पर चर्चा।

 

दिग्गज फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी का निधन।

 

रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के ईरान पर सैन्य कार्रवाई के विरोध में एकजुट। अमरीकी प्रतिनिधि सभा ने प्रस्ताव पारित किया।

 

केरलम् में दक्षिण-पश्चिम मानसून शुरू।

 

और, पहली विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप अहमदाबाद में शुरू।

 

———————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ व्यापक चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवा, ऑटोमोबाइल आदि क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते तलाशे। मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने और वैश्विक दक्षिण के हितों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

———————————————-

 

सुश्री रोड्रिगेज कल पांच दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचीं। उनके साथ विदेश मामलों, अर्थव्यवस्था और वित्त, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा परिवहन मंत्रियों का प्रतिनिधिमंडल भी आया है।

 

इससे पहले, सुश्री रोड्रिगेज ने विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात से दोनों देशों के बीच सहयोग और मजबूत होगा। 

 

विदेश मंत्रालय ने बताया कि वेनेजुएला का प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों से जुड़े कई स्थलों का दौरा करेगा। इसका उद्देश्‍य भारत की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं का जायजा लेना और सहयोग के अवसरों का पता लगाना है। भारत, ऊर्जा और निवेश के क्षेत्रों में वेनेजुएला का एक महत्वपूर्ण साझेदार रहा है।

 

———————————————-

 

ब्रिटेन की विदेश और राष्ट्रमंडल मामलों की मंत्री यवेट कूपर भी आज प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगी। सुश्री कूपर आज शाम विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगी। वे दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर कल रात नई दिल्ली पहुंचीं।

 

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उनकी यात्रा भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।

 

———————————————-

 

प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आज से ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक शुरू होगी। दो दिन की बैठक में चीन, ब्राज़ील, मिस्र, इथियोपिया और इंडोनेशिया सहित 11 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

 

———————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल गुजरात और दमन की यात्रा पर रहेंगे। वे गुजरात के सूरत में सड़क, बिजली और औद्योगिक क्षेत्रों में 18 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री दमन में लगभग 2 हजार 970 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

 

———————————————-

 

उत्तर पूर्वी परिषद-एन.ई.सी का 73वां पूर्ण सत्र मेघालय के शिलांग में चल रहा है। गृह मंत्री अमित शाह सत्र की अध्यक्षता कर रहे हैं। यह पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक है।

 

बैठक में पर्यटन, कृषि, आर्थिक गलियारे के विकास, बुनियादी ढांचा और सम्‍पर्क बढाने पर चर्चा हो रही है। बैठक में क्षेत्रीय विकास के महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए गठित मुख्यमंत्री उच्च स्तरीय कार्य बलों द्वारा की गई प्रगति पर चर्चा प्रमुखता से शामिल है। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय ने कहा कि इन विचार-विमर्शों से राज्यों और हितधारकों के बीच समन्वित कार्रवाई को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे साझा विकास लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सके।

 

बैठक में, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकासराज्य मंत्री सुकांतो मजूमदार, गृह सचिव गोविंद मोहन और मंत्रालय के सचिव संजय जाजू बैठक में उपस्थित हैं। इसके अतिरिक्त मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड तथा सिक्किम के राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी बैठक में शामिल हैं। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बैठक को महत्वपूर्ण बताया।

 

ये बहुत महत्‍वपूर्ण मीटिंग है नॉर्थ-ईस्‍ट के लिए इसके द्वारा है बहुत सारे स्कीम के बारे में, प्रोजेक्ट के बारे में यहां पर डिसाइड होता है, और 2014 के बाद तो नॉर्थ ईस्ट का जो भी फंड है, डेवलपमेंट फंड है इसके द्वारा बहुत सारे योजना शुरू हो चुका है, काम हो रहा है।

 

उत्तर पूर्वी परिषद, पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए सर्वोच्च क्षेत्रीय योजना निकाय के रूप में कार्य करती है। यह क्षेत्र में समन्वित विकास को बढ़ावा देने और सहकारी संघवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

———————————————-

 

वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा है कि वैश्विक व्यवधानों और आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद, भारत वैश्विक बाजार में अन्य देशों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। श्री प्रसाद ने नई दिल्ली में ग्लोबल बिजनेस रिसर्च कॉन्फ्रेंस- जीबीआरसी के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ये बात कही। उन्‍होंने हाल ही में कई देशों के साथ संपन्न हुए मुक्त व्यापार समझौतों की सराहना भी की।

 

भारतीय विदेश व्यापार संस्थान द्वारा आयोजित जीबीआरसी का उद्देश्य वैश्विक व्यापार से जुड़े विषयों और चुनौतियों पर शोध के लिए चर्चा का अवसर प्रदान करना है।

 

———————————————-

 

गुजरात पुलिस ने राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन डेल्टा हंट की शुरूआत की है। इसके तहत पिछले 24 घंटों में गुजरात में अवैध रूप से रह रहे 424 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 782 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। यह अभियान राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माने जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ शुरू किया गया था। गांधीनगर में एक संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि राज्य की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले प्रत्येक घुसपैठिए का पता लगाया जाएगा, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें बांग्लादेश वापस भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध प्रवासियों को आश्रय, रोजगार या सहायता प्रदान करके कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

छह हजार दो सौ से ज्यादा लोगों की तहकीकात की जा रही है। इनमें से 362 लोग अभी तक बांग्लादेशी पाए गए हैं। साथ ही, जिन लोगों ने उनको रहने के लिए घर दिया होगा और जिन्होंने उनको नौकरी दी है, लेकिन पुलिस वेरिफिकेशन के लिए डॉक्यूमेंट नहीं भेजे होंगे। उन पर भी एक कड़े कदम उठाने के लिए एक पूरी टीम इसकी इन्वेस्टिगेशन कर रही है। गुजरात पुलिस घर-घर और गांव-गांव तक यह तहकीकात चालू रखेगी।

 

———————————————-

 

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक निजी अस्पताल में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए। यह घटना कल रात ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में हुई। गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। मुजफ्फरपुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि घटना की जांच जारी है।

 

आईसीयू चौथे फ्लोर पर है, उसी में आग लगी बाहर से शॉर्ट सर्किट से। कुल 13 से 15 लोग भर्ती थे जबकि तीन लोगों की मृत्‍यु कंफर्म है। बाकि लोग अन्‍य जगह भेजा गया है अलग-अलग अस्‍पताल में इलाज के लिए। मृत्‍यु का आंकड़ा बढ़ सकता है हालांकि लेकिन अभी और कुछ भी कहना जल्‍दबाजी होगी। हम लोग जांच कर रहे हैं।

 

———————————————-

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मालवीय नगर अग्निकांड के घायलों से मिलने आज साकेत के निजी अस्पताल पहुंची। मुख्यमंत्री ने घायलों तथा उनके परिजनों से बातचीत की और अधिकारियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। श्रीमती गुप्ता ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 10-10 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।   मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि घायलों के चिकित्सा खर्च की व्यवस्था की जाएगी। मालवीय नगर में कल एक होटल में आग लगने से 21 लोगों की मृत्यु हो गई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि मृतकों में नौ भारतीय और 12 विदेशी नागरिक हैं।

 

———————————————-

 

वयोवृद्ध निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड -सीबीएफसी के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का आज मुंबई में निधन हो गया। वे 76 वर्ष के थे। 10 जनवरी 1950 को जन्मे निहलानी ने 1982 में आई फिल्म ‘हाथकड़ी’ से निर्माता के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। उन्हें 1986 में आई फिल्म ‘इल्ज़ाम’ से अभिनेता गोविंदा को पहला बड़ा ब्रेक देने का श्रेय दिया जाता है।

 

जनवरी 2015 में निहलानी को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने सख्त नए दिशानिर्देश लागू किए, जिनके तहत ‘ए’ रेटिंग वाली फिल्मों में भी कुछ अपशब्दों पर प्रतिबंध लगा दिया गया और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने या हिंसा दर्शाने वाली सामग्री को सीमित करने का प्रयास किया गया।

 

———————————————-

 

अमरीकी प्रतिनिधि सभा ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को ईरान के खिलाफ आगे की सैन्य कार्रवाई से रोकने के लिए एक प्रस्‍ताव पारित किया है।

 

यह चौथी बार है जब प्रतिनिधि सभा ने ट्रंप की युद्ध संबंधी शक्तियों को सीमित करने की कोशिश की है। आलोचकों का कहना है कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को अमरीकी संसद की मंजूरी।

 

———————————————-

 

मौसम विभाग ने आज केरलम में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन की पुष्टि की है। मानसून तीन दिन देर से आया है। पहली जून से केरलम में मानसून के आने की संभावना थी। विभाग ने 9 जून  तक केरलम और माहे में कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्‍व्‍यक्‍त किया है।

 

केरलम् से हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्‍य के जिलों में तेज बारिश हो रही है।

 

केरलम् के छह ज़िलों में आज कुछ जगहों पर तेज बारिश की संभावना को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है और आज केरलम् में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पहुंचने की संभावना है। केरलम् में कई जगहों पर रात से अब तक लगभग पांच मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। केरलम् से स्मिथ एम पल्लुरुथी की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के दौरान उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में भी भारी वर्षा का अनुमान लगाया है। विभाग ने अगले 2 से 3 दिन के दौरान लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी इसी तरह की स्थिति का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

दिन के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ स्थानों पर आंधी आने की प्रबल संभावना है।

 

———————————————-

 

गुजरात के अहमदाबाद में विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप के पहले संस्करण का शुभारंभ हुआ, जो वैश्विक खेलों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम को इस भव्य आयोजन में वर्चुअल रूप से शामिल होकर अपनी शुभकामनाएं देंगे। पूरे विश्व से योग प्रेमी और एथलीट प्रतियोगिता के लिए एकत्रित हुए हैं।

 

———————————————-

 

हमारी संवाददाता ने बताया है कि चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य विश्व स्तर पर बहुखेल प्रतियोगिताओं को योग में शामिल करना है।

 

वर्ल्ड योगासन के तत्वाधान में योगासन भारत द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्व स्तर पर बहू खेल प्रतियोगिता में योग को शामिल करने का मार्ग प्रशस्त करना है। यह पहल वैश्विक स्तर पर योग और कल्याण के बारे में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में बढ़ावा देने का एक प्रयास है। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।

 

———————————————-

 

इस बीच, प्रधानमंत्री ने देशवासियों से नियमित रूप से योग करने का आग्रह किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में एक संस्कृत श्लोक साझा करते हुए उन्होंने कहा कि योग के नियमित अभ्यास से शरीर स्वस्थ और मन शांत रहता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर संतुलित, स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन जिया जा सकता है।

 

———————————————-

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत और लाओस के बीच गहरे सभ्यतागत संबंध हैं और ये बौद्ध धर्म और रामायण की साझा विरासत में दिखाई देते हैं। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कल राष्ट्रपति भवन में लाओस के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री थोंगसावन फोमविहाने से भेंट की। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि इस वर्ष दोनों देश राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, जो द्विपक्षीय संबंधों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 

 

———————————————-

 

घरेलू शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में दोपहर के कारोबार में आज गिरावट दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्‍स 149 गिरकर 74 हजार 197 पर जबकि निफ्टी 34 अंक फिसलकर 23 हजार 372 पर था।

 

———————————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के बीच आज नई दिल्‍ली में वार्ता। ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और निवेश प्रमुख मुद्दे।

 

गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उत्तर पूर्वी परिषद की बैठक शिलोंग में जारी। पर्यटन, कृषि, आर्थिक गलियारे का विकास, बुनियादी ढांचा और संपर्क बढाने पर चर्चा।

 

दिग्गज फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी का निधन।

 

रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के ईरान पर सैन्य कार्रवाई के विरोध में एकजुट। अमरीकी प्रतिनिधि सभा ने प्रस्ताव पारित किया।

 

केरलम् में दक्षिण-पश्चिम मानसून शुरू।

 

और, अहमदाबाद में पहली विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप अहमदाबाद में शुरू।

 

———————————————-

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.