June 3, 2026 3:19 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा।

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा से निष्कासित विधायक ऋतब्रता बनर्जी के लगभग 58 विधायकों के समर्थन का दावा करने के बाद तृणमूल कांग्रेस में उथल-पुथल मची।

 

सर्वोच्च न्यायालय ने अरावली पर्वत श्रृंखला की परिभाषा के पुर्नविचार के लिए उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया।

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी के शिवकुमार अब से कुछ देर में कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

 

भारत सौर ऊर्जा विकास के मामले में विश्व का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बना। वार्षिक सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि में अमरीका को पीछे छोड़ा।

 

और इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन में, एचएस प्रणॉय और आयुष शेट्टी आज पुरुष सिंगल्‍स मैच  खेलेंगे।

 

————————————————-

 

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में आग लगने की घटना में 21 लोगों की मौत हो गई। दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्‍त अनंत मित्तल ने बताया कि दमकल की आठ गाडि़यों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। एक रिपोर्ट-

 

दिल्‍ली के मालवीय नगर में आज सुबह करीब नौ बजे एक होटल में भीषण आग लग गई। इसके बाद दिल्‍ली दमकल विभाग, दिल्‍ली पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कैट एम्‍बुलेंस सेवा और अन्‍य आपातकालीन एजेंसियों की टीमें में तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दिल्ली पुलिस के अनुसार अब तक 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है। 8 दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि, बचाव और तलाश अभियान अभी भी जारी है और सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर तैनात हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

 

जिनकी लापरवाही के कारण यह हुआ है पुलिस जांच करके उसे तुरंत अभी गिरफ्तार करेगी, आसपास के इस एरिया में ऐसी जितनी इमारतें चल रही हैं जिसमें राई बराबर भी वायलेशन होगी शाम तक उसकी जांच करके ऐसी सभी इमारतों को सील किया जाएगा, एक भी दोषी छोड़ा नहीं जाएगा।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आग की घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि अधिकारी पीडि़त लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्‍होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। श्री मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की है।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने सोशल म‍ीडिया पोस्‍ट में कहा कि यह घटना बहुत दुखद है। उपराष्ट्रपति ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को इस दु:ख की घड़ी में शक्ति और साहस प्रदान करने की भी कामना की।

 

गृह मंत्री ने बताया कि स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।

 

————————————————-

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में एकीकृत जनजातीय विकास एजेंसियों और एकीकृत जनजातीय विकास परियोजनाओं को सुदृढ़ करने के लिए राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि देशभर में रहने वाला जनजातीय समाज सांस्कृतिक रूप से बहुत समृद्ध है और इन्‍हें आगे बढ़ाने के प्रयास किए जाने चाहिए। राष्‍ट्रपति ने कहा कि देश के प्रत्‍येक गांव और व्‍यक्ति तक विकास पहुंचना चाहिए।

 

जनजातीय समुदाय के अनेक गांव और बस्तियां दूर-दराज के क्षेत्र में जंगलों और पहाड़ तले इलाकों में होते हैं। ऐसे इलाकों को विकास की मुख्‍य धारा से पूरी तरह जोड़ना आपका कर्तव्‍य है। अंतिम गांव और अंतिम बस्‍ती के अंतिम घर तक विकास कार्यक्रम को पहुंचाना आपका उत्‍तरदायित्‍व है।

 

————————————————-

 

सूचना, प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने मिजोरम में जनता से राष्ट्र निर्माण प्रक्रिया में विकसित भारत पहल के तहत 2047 तक एक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया है।

 

राज्‍य के कोलासिब जिले में सरकारी अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान श्री मुरुगन ने कहा कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को उच्च प्राथमिकता दे रही है।

 

————————————————-

 

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस में उथल-पुथल के बीच राजनीतिक घटनाक्रम तेज हो गया है। तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित विधायक ऋतब्रता बनर्जी ने राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता पद पर दावा करते हुए 58 विधायकों के समर्थन का दावा किया है।

 

विधानसभा सूत्रों के अनुसार, 58 विधायकों द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र अध्यक्ष रथिंद्र बोस को सौंपा गया है, जिसमें बनर्जी के गुट को “वास्तविक तृणमूल कांग्रेस” के रूप में मान्यता देने की मांग की गई है। इस गुट ने मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज से विधायक अख्रुज्जमान को मुख्य सचेतक नामित किया है। एंटाली से संदीपान साहा और कस्बा से जावेद खान को उपनेता के रूप में प्रस्तावित किया गया है।

 

————————————————-

 

पश्चिम बंगाल की सामाजिक सुरक्षा योजना अन्नपूर्णा योजना का आज औपचारिक रूप से शुभारंभ किया गया। शहरी विकास, महिला और बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने नबन्ना में इसका उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 

पहले चरण में, लाभार्थियों को आज से उनके बैंक खातों में तीन हजार रुपये मिलने शुरू हो जाएंगे।

 

मुख्‍यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य प्रशासन के अधिकारियों के अथक प्रयासों से ही योजना का संचालन तुरंत शुरू करना संभव हो पाया है।

 

————————————————-

 

पश्चिम बंगाल में, मानसून से पहले चलाए जा रहे नियमित सफाई अभियान के दौरान कल शाम कोलकाता के सुरेंद्रनाथ कॉलेज में नोटों के बंडल बरामद किए गए। एक बंद कमरे में दो पुराने सूटकेसों में रखे ये नोट बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिले।

 

भाजपा विधायक सजल घोष ने आरोप लगाया कि यह कमरा एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता ने बनवाया था, जिसका इस्तेमाल वह अपनी अवैध गतिविधियों को अंजाम देने के लिए करता था। हालांकि, पार्टी सदस्यों ने इन दावों को निराधार बताया है।

 

————————————————-

 

कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल के नेता डी. के. शिवकुमार को आज शाम बेंगलुरु में मुख्‍यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। राज्यपाल थावरचंद गहलोत लोकभवन में उन्‍हें 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाएंगे। पूर्व गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर उपमुख्यमंत्री के रूप में तथा 12 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला, मजदूर, लेखक, अभिनेता, प्रमुख व्यवसायी तथा उद्योगपति शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित हैं।

————————————————-

 

सर्वोच्च न्यायालय ने अरावली पर्वत श्रृंखला की परिभाषा के पुर्नविचार और सीमांकन संबंधी केंद्र सरकार की रिपोर्ट की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता भारतीय वानिकी अनुसंधान और शिक्षा परिषद की महानिदेशक कंचन देवी करेंगी। समिति को इस वर्ष 31 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

 

समिति इस बात की जांच करेगी कि क्या अरावली पहाड़ियों की पहचान के लिए प्रस्तावित मानदंड पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र को काफी हद तक कम कर सकते हैं और पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में खनन या अन्य गतिविधियों की अनुमति दे सकते हैं।

 

————————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के लेख को साझा किया है, जिसमें लद्दाख में खुल रहे नए अवसरों पर प्रकाश डाला गया है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि लद्दाख में पाई जाने वाली एक खास बेरी नवोन्मेष और अवसरों की कहानी लिख रही है। उन्होंने कहा कि यह लेख बताता है कि कैसे उद्यमिता और मूल्यवर्धन लद्दाख में समृद्धि के नए द्वार खोल रहे हैं।

 

————————————————-

 

भारत, अमरीका को पीछे छोड़ते हुए वार्षिक सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि में 2025 तक विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा विकास बाजार बन गया है।

 

भारत ने सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता में उल्लेखनीय 155 गीगावाट का आंकड़ा पार कर लिया है। इससे देश के 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता लक्ष्य को प्राप्त करने और राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान को समय से पहले पूरा करने में मदद मिली है। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना जैसी प्रमुख पहल लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। घरों पर लगे सौर पैनल से 40 लाख से अधिक परिवारों को बिजली मिल रही है।

 

नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि देश की सौर ऊर्जा विकास गाथा वैश्विक मानक स्थापित कर रही है।

 

————————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि नेपाल भारत की पड़ोसी पहले नीति के तहत एक प्रमुख साझेदार है। उन्होंने कहा कि भारत दोनों देशों के बीच विशेष और बहुआयामी संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए नई सरकार के साथ सहयोग करने के लिए उत्सुक है।

 

————————————————-

 

ईरान ने कल बहरीन और कुवैत में अमरीकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। ईरान के एक सैन्य ठिकाने पर अमरीकी सेना के हमले के बाद हुए इस घटनाक्रम से तनाव और बढ़ गया है। इससे क्षेत्रीय स्तर पर संघर्षविराम को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गई हैं। एक रिपोर्ट-

 

अमरीकी केंद्रीय कमान के अनुसार, अमरीकी सेना द्वारा ईरानी बंदरगाहों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे एक तेल टैंकर को निष्क्रिय करने के बाद यह तनाव शुरू हुआ है। अमरीकी अधिकारियों ने बताया कि हेलफायर मिसाइल ने जहाज के इंजन पर हमला किया।

 

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा कि अमरीका ने केशम द्वीप के दक्षिण में स्थित उनके एक संचार केंद्र को निशाना बनाया था। जवाब में, ईरान ने बहरीन में अमरीकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय और कुवैत में एक सैन्य हवाई अड्डे पर मिसाइलें और ड्रोन दागे।

 

हालिया तनाव बढ़ने के बावजूद, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ संपर्क जारी हैं और कूटनीति के विफल होने की खबरों को खारिज कर दिया। हालांकि, मसौदा समझौते पर बातचीत अभी भी अधूरी है, क्योंकि दोनों पक्षों के नेतृत्व ने अभी तक प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अमन यादव।

 

————————————————-

 

भारतीय रिज़र्व बैंक-आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक आज मुंबई में शुरू हुई। विशेषज्ञों का मानना ​​है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण अस्थिर वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए आरबीआई ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा। नीतिगत निर्णय शुक्रवार को घोषित किया जाएगा।

 

————————————————-

 

सरकार ने उस अंतरराष्ट्रीय समाचार रिपोर्ट का खंडन किया है जिसमें दावा किया गया था कि भारतीय रिज़र्व बैंक ने लगभग 12 अरब अमरीकी डॉलर मूल्य का सोना बेचा है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्‍य जांच इकाई ने कहा कि समाचार एजेंसी का यह दावा फर्जी है।

 

————————————————-

 

पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने सूचित किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं की पूर्व मैंपिंग प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए, राज्य भर के सभी मतदान केंद्रों पर 7 जून को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। अब तक राज्य में 90 प्रतिशत के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 84 दशमलव 6-2 प्रतिशत पूर्व-एसआईआर मैंपिंग हो चुकी है।

 

————————————————-

 

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई ने बताया है कि लगभग 40 हजार छात्रों ने सफलतापूर्वक पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन जमा कर दिए हैं। यह प्रक्रिया बिना किसी समस्या के पूरी कर ली है।

 

————————————————-

 

आज विश्‍व साइकिल दिवस है। इस साल का विषय है हरित भविष्‍य के लिए साइकिल चलाना।

 

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने युवाओं से साइकिल चलाने और एक स्वस्थ, तंदुरुस्त और हरित राष्ट्र के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आग्रह किया है। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए उन्‍होंने यह बात कही।

 

साइक्लिंग को अपने जीवन का हिस्‍सा बनाएं। साइक्लिंग केवल एक व्‍यायाम या एक दिन की हॉबी नहीं, बल्कि स्‍वस्‍थ और सशक्‍त जीवनशैली की पहचान है जो हमारे स्‍वास्‍थ्‍य के साथ-साथ पर्यावरण को सुरक्षित रखने का सबसे सस्‍ता, सुंदर और टिकाऊ माध्‍यम है। जितना अधिक हम साइकिल का उपयोग करेंगे, उतना ही प्रदूषण कम होगा और पेट्रोल, डीजल की बचत के माध्‍यम से देश को भी लाभ मिलेगा।

 

————————————————-

 

इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन में आज पुरुष सिंगल्स में एच.एस. प्रणय आयरलैंड के नहत गुयेन से और आयुष शेट्टी चीन के वेन होंगयांग से मुकाबला करेंगे। लक्ष्य सेन पहले दौर में ही हारकर बाहर हो गए।

 

महिला सिंगल्‍स में पीवी सिंधु ने थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान को हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।   

 

————————————————-

 

पुरुष डबल्‍स में भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को आज मलेशिया के खाई शिंग कांग और आरोन ताई से 6-11 से हार का सामना करना पड़ा। ​​वहीं, महिला सिंगल्‍स में आज उन्नति हुडा का सामना जापान की पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से होगा।

 

————————————————-

 

मौसम विभाग ने आज पूर्वोत्‍तर क्षेत्र के कुछ हिस्सों, ओडिशा, कोंकण, गोवा और पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्रों में गर्म और उमस भरे मौसम का अनुमान है। आज दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में आंधी आ सकती है।

 

————————————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा।

 

पश्चिम बंगाल विधानसभा से निष्कासित विधायक ऋतब्रता बनर्जी के लगभग 58 विधायकों के समर्थन का दावा करने के बाद तृणमूल कांग्रेस में उथल-पुथल मची।

 

सर्वोच्च न्यायालय ने अरावली पर्वत श्रृंखला की परिभाषा के पुर्नविचार के लिए उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया।

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी के शिवकुमार अब से कुछ देर में कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

 

भारत सौर ऊर्जा विकास के मामले में विश्व का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बना। वार्षिक सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि में अमरीका को पीछे छोड़ा।

 

और इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन में, एचएस प्रणॉय और आयुष शेट्टी आज पुरुष सिंगल्‍स मैच  खेलेंगे।

 

————————————————-

 

Most Read
View All arrow-right

No posts found.