मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थियों को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने सभी वर्गों के विकास के लिए सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से प्रगति पर जोर दिया।
- सरकार ने आव्रजन और विदेशी (संशोधन) नियम, 2026 अधिसूचित किए, पंजीकरण, समयसीमा और अपील प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए।
- भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सर्वोच्च न्यायालय के पांच नए न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई।
- राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आज आंधी–तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी।
- और महिला क्रिकेट में, भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा और अंतिम टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच आज इंग्लैंड के टॉनटन में खेला जाएगा।
अब समाचार विस्तार से
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि शिक्षा सशक्तिकरण का एक शक्तिशाली साधन है। यह लोगों को आत्मनिर्भर, जागरूक और सक्षम बनाती है। आज नई दिल्ली में जनजातीय छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सही विकास तभी संभव है जब समाज के सभी वर्ग सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से प्रगति करें।
भारत सरकार जनजातीय समुदायों के युवाओं को आगे बढाने के लिए अनेक योजनाओं के माध्यम से निरंतर प्रयास कर रही हैं। छात्रवृत्ति योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं है, यह युवाओं के सपनों को पंख देने का माध्यम है। यह उन युवाओं के जीवन में नई संभावनाओं का द्वार खोलती है, जिनमें प्रतिभा तो होती ही है, परन्तु संसाधनों का अभाव उन्हें आगे बढने से रोकता है। लेकिन मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि आप में से अनेक युवाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्राप्त की है।
राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदायों के युवाओं को सशक्त बनाने और उनका उत्थान करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
युवा हमारे राष्ट्र की शक्ति, आशा और उज्जवल भविष्य की प्रतीक है। मेरी सभी युवाओं, विशेष कर जनजातीय समुदाय के युवाओं से अनुरोध है कि उन्हें अपनी जड़ों और अपने लोगों को नहीं भूलना चाहिए। युवा शक्ति विरासत पर गर्व करते हुए आधुनिक शिक्षा और तकनीक के बल पर आगे बढ़े तब सशक्त, समरूप और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण होगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाएं केवल वित्तीय सहायता का साधन नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं के सपनों को देखने का अधिकार देती हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि छात्रवृत्तियां उन युवाओं के जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलती हैं, जिनमें अपार प्रतिभा है, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण वे प्रगति करने से वंचित रह जाते हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि युवा राष्ट्र की शक्ति, आशा और उज्ज्वल भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने युवाओं, विशेषकर जनजातीय समुदायों के युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी जड़ों को न भूलें।
भारत का वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य से आगे बढ़ रहे हैं। इस लक्ष्य की प्राप्ति में आप जैसे युवाओं की अहम भूमिका है। मुझे विश्वास है कि आप जिस भी क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं समाज और राष्ट्र के निर्माण में आपका सक्रिय योगदान रहना चाहिए।
*****
गृह मंत्रालय ने आव्रजन और विदेशी (संशोधन) नियम-2026 अधिसूचित कर दिया है। इसमें आव्रजन और विदेशी नियम, 2025 के अंतर्गत पंजीकरण समयसीमा और अपील प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इस संशोधन के अंतर्गत भारत आने के बाद 180 दिन पूरे होने से पहले कभी भी पंजीकरण कराया जा सकता है। इससे पहले, 180 दिन की अवधि समाप्त होने के 14 दिनों के भीतर पंजीकरण कराना अनिवार्य था।
******
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने आज नई दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका के उप राष्ट्रपति पॉल माशातिले से भेंट की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने बताया कि उन्होंने व्यापार, निवेश, लघु और मध्यम उद्यमों, डिजिटल और बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में अवसरों पर चर्चा की। डॉ. जयशंकर ने आपसी साझेदारी को मजबूत करने लिए श्री माशातिले की सराहना की। श्री जयशंकर ने कहा कि दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि भारत और दक्षिण अफ्रीका को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करना चाहिए।
******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और अमरीका के बीच व्यापार समझौते के पहले चरण के अधिकांश बिंदुओं पर सहमति बन गई है। अब समझौते को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अमरीकी दल बातचीत के लिये 4 जून तक दिल्ली में है। भारत की ओर से वाणिज्य विभाग में अपर सचिव दर्पण जैन मुख्य वार्ताकार हैं और अमरीका का नेतृत्व ब्रेंडन लिंच कर रहे हैं।
*****
म्यांमा के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊँ लाइन् आज मुंबई पहुंचे। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल देव वर्मा ने उनका स्वागत किया। प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल भी हवाई अड्डे पर उपस्थित थे।
राष्ट्रपति ऊ मिन आऊँ लाइन् आज मुंबई में व्यापार और उद्योग जगत से बात करेंगे और विभिन्न स्थलों का दौरा करेंगे। वे आज शाम लोक भवन में उनके सम्मान में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
****
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने आज सर्वोच्च न्यायालय के पांच नए न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति शील नागू, श्री चंद्रशेखर, संजीव सचदेवा और अरुण पल्ली के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना ने सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम की सिफारिश पर केंद्र द्वारा उनकी नियुक्ति को मंजूरी दिए जाने के बाद न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति ने मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद इनको न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है।
*****
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में अभी तक इबोला वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। मंत्रालय ने सलाह दी है कि ऐसे व्यक्ति जो पिछले 21 दिन में इबोला प्रभावित देश से यात्रा करके आए हैं और उन्हें बुखार, सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द, दस्त या बिना किसी स्पष्ट कारण के रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई दें, तो वह स्वयं को लोगों से अलग कर ले। मंत्रालय ने कहा है कि ऐसे व्यक्ति स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों को तुरन्त सूचित करें। नागरिक, हेल्पलाइन नंबर 1075 पर कॉल करके जानकारी ले सकते हैं।
*****
भारत ने इबोला वायरस से निपटने के लिए अफ्रीका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र-सीडीसी को चिकित्सा सहायता की 43 टन की दूसरी खेप भेजी है। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस खेप में निदान, निगरानी उपकरण और दवाएं शामिल हैं। श्री जयशंकर ने कहा कि इससे अफ्रीकी संघ के सदस्य देशों को इबोला वायरस से निपटने में मदद मिलेगी।
*****
केरलम् विधानसभा में कांग्रेस नेता शानिमोल उस्मान उपाध्यक्ष चुने गए। शानिमोल उस्मान को 99 वोट मिले, जबकि विपक्षी उम्मीदवार मोहम्मद मोहसिन को 34 वोट प्राप्त हुए। भारतीय जनता पार्टी के तीनों सदस्यों ने मतदान में भाग नहीं लिया।
******
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई ने बताया है कि उत्तर पुस्तिकाओं में पाई गई त्रुटियों के सत्यापन और उनके पुनर्मूल्यांकन के लिए पोर्टल आज से शुरू हो गया है। यह पोर्टल 6 जून तक खुला रहेगा। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
सीबीएसई ने कहा है कि यह सुविधा केवल उन्हीं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध है, जिन्होंने अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की प्रति प्राप्त कर ली है। बोर्ड ने बताया है कि सुरक्षा बढ़ाने के लिए आधार सत्यापन को शामिल किया गया है। जिन बच्चों के पास आधार कार्ड नहीं है, उनके माता-पिता, रिश्तेदार या अभिभावक के आधार कार्ड का उपयोग किया जा सकता है। विद्यार्थियों को प्रतियों में पाई गई त्रुटियों के सत्यापन के लिए प्रति उत्तर पुस्तिका सौ रुपये और पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति प्रश्न 25 रुपये का भुगतान करना होगा। शुल्क का भुगतान केवल यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग जैसे ऑनलाइन माध्यमों से किया जा सकता है। अमन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।
*****
उत्तर प्रदेश के आतंक रोधी दस्ते ने, पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े होने के आरोप में, आजमगढ़ से एक युवक को गिरफ्तार किया है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
यह आतंकवादी गिरोह नौजवानों को अहम व्यक्तियों और संस्थाओं की निगरानी करने, उनकी हत्या करने राजनीतिक दलों के कार्यालयों पर बमबारी करने, सुरक्षा एजेंसियों के कर्मचारियों की हत्या करने और उनके कार्यालयों और मुख्यालयों पर हमला करने जैसे अपराध को अंजाम देने के लिए उकसा रहा था। खुफिया जांच के दौरान, आजमगढ़ निवासी मोहम्मद शेख का पता चला, जो इस गैंग से जुड़ा हुआ था। शेख, पाकिस्तान और दुबई के फोन नंबरों का उपयोग करके व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी के आतंकवादी गिरोह से जुड़ा हुआ था। वह अपने साथियों और अन्य लोगों को भी आतंकवादी गिरोह में शामिल होने और गैर-कानूनी काम को अंजाम देने के लिए भड़का रहा था। शहजाद भट्टी के गिरोह ने मोहम्मद शेख को एक राजनीतिक पार्टी की महिला नेता को धमकाने और उसकी हत्या करने का काम सौंपा था। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
*****
प्रवर्तन निदेशालय– ईडी मुंबई, सूरत, अंकलेश्वर और राजकोट में 20 स्थानों पर तलाशी अभियान चला रहा है। निदेशालय ने सलीम इस्माइल डोला और उसके सहयोगियों द्वारा संचालित एक अंतरराष्ट्रीय संगठित मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ यह कार्रवाई की है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम- पी.एम.एल.ए. 2002 के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
*****
राजस्व खुफिया निदेशालय-डी.आर.आई. ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। निदेशालय ने 2 दशमलव 6 किलोग्राम विदेश से लाया गया दो किलो 600 ग्राम सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग चार करोड़ बीस लाख रुपये है। खुफिया जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने दुबई से आए दो यात्रियों को पकड़ा। मामले की जांच की जा रही है।
******
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक वर्ष में प्रसव पूर्व और प्रसव के बाद 53 गर्भवती महिलाओं की कथित मृत्यु के संबंध में राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है। एक मीडिया रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए आयोग ने इस मामले में दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
*****
राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 समारोह कल नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। देश भर की 42 उत्कृष्ट पंचायतों को ये पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
*****
तेलंगाना का स्थापना दिवस है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि तेलंगाना को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परिश्रमी लोगों का साथ मिला है।
उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राज्य समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जीवंत परंपराओं से संपन्न है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि तेलंगाना का इतिहास और गौरवशाली संस्कृति साहस, दृढ़ संकल्प और संघर्ष का प्रतीक है।
*****
इस्राएल और हिज़्बुल्लाह के बीच अमरीका की मध्यस्थता से हुए संघर्ष विराम पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। समझौते के बाद क्षेत्र में तनाव कम होने की संभावना थी, लेकिन हाल के सैन्य उल्लंघनों से इसकी स्थिरता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक रिपोर्ट-
ईरान ने लेबनान में इस्राएली हमले जारी रहने पर अमरीका के साथ सभी प्रकार की बातचीत रोक दी है। अमरीका के साथ किसी भी युद्धविराम समझौते के लिए ईरान ने लेबनान पर इस्राएली हमले रोकने की पूर्व शर्त रखी थी। उसने होर्मुज जल-डमरू-मध्य पूरी तरह से बंद करने और लाल सागर के मुहाने पर स्थित बाब अल-मंदेब जल-डमरू-मध्य सहित अन्य मोर्चे खोलने की बात कही है। ईरान ने कहा है कि लेबनान और गाजा में इस्राएली हमले पूरी तरह बंद होने तक अमरीका से कोई बातचीत नहीं होगी। लेबनान में जारी संघर्ष अमरीका और ईरान के बीच संभावित युद्धविराम समझौते में एक बड़ी बाधा बन गया है। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं निखिल कुमार।
*****
नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मिलेगा। मुलाकात का उद्देश्य दोनों पार्टियों के बीच लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और जन-केंद्रित राजनीतिक पहुंच पर विचारों का आदान-प्रदान करना है।
****
घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार में पहले गिरावट फिर आधा प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स पांच सौ आठ अंक के उछाल के साथ 74 हजार सात सौ 75 जबकि निफ्टी 23 हजार पांच सौ 23 पर कारोबार कर रहा था।
******
महिला क्रिकेट में, भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा और अंतिम टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच आज इंग्लैंड के टॉनटन में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजे से शुरू होगा।
******
मौसम विभाग ने राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल तक आंतरिक कर्नाटक, केरलम्, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कारईक्काल में तेज बारिश का अनुमान है।
अगले दो से तीन दिन तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, झारखंड, कोंकण और गोवा, लक्षद्वीप, महाराष्ट्र, रायलसीमा, सौराष्ट्र और कच्छ, तेलंगाना और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थियों को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने सभी वर्गों के विकास के लिए सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से प्रगति पर जोर दिया।
- सरकार ने आव्रजन और विदेशी (संशोधन) नियम, 2026 को अधिसूचित किए, पंजीकरण, समयसीमा और अपील प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए।
- भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सर्वोच्च न्यायालय के पांच नए न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई।
- राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आज आंधी–तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी।
- और महिला क्रिकेट में, भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा और अंतिम टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच आज इंग्लैंड के टॉनटन में खेला जाएगा।
******