मुख्य समाचार:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और म्यांमा के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊं लाइन ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता की।
भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता लागू। भारतीय निर्यातकों को ओमान में 98 प्रतिशत उत्पाद समूहों पर शुल्क मुक्त बाजार पहुंच मिलेगी
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। 35 नये मंत्रियों ने ली शपथ।
मई महीने में सकल जीएसटी संग्रह बढ़कर एक लाख 94 हजार करोड़ रुपये से अधिक हुआ।
पीएम स्वनिधि योजना के छह साल पूरे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- योजना ने रेहडी पटरी वालों के लिए विकास के नए अवसर खोले हैं।
पश्चिम एशिया में तनाव फिर तेज। अमरीका ने ईरान में रडार और ड्रोन प्रणालियों पर हमले किये।
और, हांगकांग में एशियाई अंडर 20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने दस स्वर्ण सहित 19 पदक जीते।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और म्यांमा के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊं लाइन् के बीच नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों नेताओं के बीच ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों को और सुदृढ़ करने के लिए वार्ता हुई। बातचीत के दौरान म्यांमा और भारत के बीच सुरक्षा और संपर्क सहित दोनों देशों के संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा हुई। हमारे संवददाता ने बताया है कि म्यांमा के राष्ट्रपति आज शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे।
सांस्कृति परिसर में आयोजित लाइट एंड लोटस प्रदर्शनी “द लाइट एंड द लोटस: रेलिक्स ऑफ़ द अवेकन्ड वन”का भी दौरा करेंगे। इस प्रदर्शनी में भगवान बुद्ध से संबंधित पिपरवा पवित्र अवशेषों महत्वपूर्ण प्राचीन धरोहरों का प्रदर्शन किया जा रहा है। म्यांमा भारत की नेबर हुड फर्स्ट एक्स ईस्ट और महासागर नीतियों के संगम पर स्थित है। म्यांमा के राष्ट्रपति की भारत की यह आधिकारिक यात्रा से दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों को और गहराई मिलेगी तथा दोनों देशों के बीच साझेदारी के नए अवसर खुलने की आशा है। अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राज्यपाल आर. एन. रवि ने कोलकाता के लोक भवन में आयेाजित समारोह में 35 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नव नियुक्त मंत्रियों को विभाग बाद में आवंटित होंगे।
यह मंत्रिमंडल विस्तार राज्य सरकार की प्रशासनिक संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए मंत्री राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं और इनमें अनुभवी विधायकों के साथ-साथ पहली बार विधायक बने सदस्य भी शामिल है। समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ-साथ वरिष्ठ राजनीतिक नेता, सरकारी अधिकारियों और आमंत्रित अतिथि उपस्थित थे। नवनियुक्त मंत्रियों के बीच विभागों का आवंटन बाद में घोषित किया जाएगा। आज शपथ लेने वाले मंत्रियों में स्वपन दास गुप्ता, अर्जुन सिंह, तापस राय, शंकर घोष और अन्य शामिल है। काश्मी नाहर, आकाशवाणी समाचार, कोलकाता।
****
दस राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के द्विवार्षिक चुनाव के लिए अधिसूचना आज जारी कर दी गई है। इस चुनाव के अंतर्गत आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीट, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तीन-तीन, झारखंड में दो और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश तथा मिजोरम में एक-एक सीट पर मतदान होगा। नामांकन 8 जून तक दाखिल किए जा सकते हैं। 18 जून को मतदान होगा। मतगणना भी उसी दिन होगी।
****
भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता-सी.ई.पी.ए. आज से लागू हो गया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि ये समझौता दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करेगा। एक राष्ट्रीय दैनिक में प्रकाशित लेख में श्री गोयल ने कहा कि यह समझौता नए बाजार खोलेगा, इससे निर्यात में वृद्धि होगी तथा निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। श्री गोयल ने कहा कि व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते के अंतर्गत भारतीय निर्यातकों को ओमान में 98 प्रतिशत उत्पाद समूहों पर शुल्क मुक्त बाजार पहुंच मिलेगी।
श्री गोयल ने कहा कि इससे रोजगार बढ़ेंगे और विद्यार्थियों, कामगारों, महिलाओं, किसानों, मछुआरों तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को महत्वपूर्ण रूप से लाभ होगा।
****
वस्तु और सेवा कर -जीएसटी का सकल संग्रह पिछले महीने 3 दशमलव 2 प्रतिशत बढ़कर एक लाख 94 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया। पिछले वर्ष मई में ये एक लाख 88 हजार करोड़ रुपये था। पिछले महीने केंद्रीय जीएसटी का सकल संग्रह, 37 हजार 397 करोड़, राज्य जीएसटी का 45 हजार 143 करोड़ और एकीकृत जीएसटी का 51 हजार 990 करोड़ रुपये रहा।
इस अवधि के दौरान वस्तुओं की कर योग्य आपूर्ति में 26 दशलव 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। सेवा क्षेत्र में इसमें 22 दशमलव 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। जीएसटी रिफंड में 2 दशमलव 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह आंकड़ा 27 हजार 281 करोड़ रुपये रहा।
****
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूरे हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि पीएम स्वनिधि ने बिना गारंटी के ऋण, वित्तीय समावेशन और विकास के नए अवसर खोलकर लाखों रेहड़ी-पटरी वालों के जीवन स्तर में सुधार किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह योजना विश्वास, सम्मान और सशक्तिकरण पर आधारित है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वर्ष 2020 में योजना शुरू होने के बाद से अब तक एक करोड़ 12 लाख से अधिक ऋण दिए गए हैं।
देश के लाखों रेहड़ी पटरी वालों को पिछले 6 साल से पीएम स्वनिधि स्कीम के जरिए आसानी से कर्ज मिल रहा है। इससे उनके लिए अस्थाई आजीविका सुनिश्चित हो पाई है। इस योजना के तहत बिना किसी गारंटी के तीन चरणों में क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार तक के कर्ज उपलब्ध कराए जाते हैं। इन कर्जों पर ब्याज सब्सिडी तथा ऋण गारंटी सहायता भी प्रदान की जाती है। इस पहल से देश भर के शहरों और कस्बों में 75 लाख से अधिक लाभार्थियों को फायदा हुआ है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत अब तक 17800 करोड रुपए से अधिक के कर्ज वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 55 लाख से अधिक लाभार्थियों को इस स्कीम से डिजिटल रूप से जोड़ा गया है। सुपर्णा सैकिया के साथ अंकित कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के रामसिया गांव से राष्ट्रव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह अभियान एक महीने तक चलेगा
एक महीने तक चलने वाला यह अभियान देश की कृषि भूमि को बचाने और किसानों को वैज्ञानिक खेती के लिए जागरूक करने की दिशा में एक बड़ी पहल है। कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा
ये खेत बचाओ कार्यक्रम इसलिए कि हमारी माटी बर्बाद न हो जाए, हमारे खेत बर्बाद न हो जाए। धरती कहे पुकार के, इतना खाद मत डालो, इतना कीटनाशक मत डालो कि जो मुझे ही मार दे।
इस अभियान में कृषि विश्वविद्यालय भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद कृषि विज्ञान केंद्र और जनप्रतिनिधि मिलकर भाग ले रहे हैं। अभियान के तहत किसानों को मिट्टी परीक्षण, सॉइल हेल्थ कार्ड, प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग और जल संरक्षण जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ भी किसानों तक पहुंचाया जाएगा। अभिनव गोयल, आकाशवाणी, भोपाल।
****
सर्वोच्च न्यायालय में पांच नए न्यायाधीशों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही मुख्य न्यायाधीश सहित न्यायाधीशों की कुल संख्या 37 हो गई है। विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति ने मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद सर्वोच्च न्यायालय में पांच नए न्यायाधीशों की नियुक्ति की है।
विधि मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू, बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली को पदोन्नत किया गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकिता सुब्रमणि मोहना को भी सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार ने पिछले महीने एक अध्यादेश जारी कर कानून में संशोधन किया था। इसके अंतर्गत मुख्य न्यायाधीश को छोड़कर सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 33 से बढ़ाकर 37 कर दी गई थी। अंकित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची वाजपेयी।
****
होटल, रेस्तरांओं और अन्य व्यवसायों द्वारा उपयोग किए जाने वाले 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में देशभर में वृद्धि की गई है। हालांकि, घरों में उपयोग होने वाली घरेलू खाना पकाने की गैस की दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
दिल्ली में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की वृद्धि हुई है और अब इसकी कीमत तीन हजार 113 रुपये 50 पैसे होगी। मुंबई में 43 रुपये 50 पैसे की वृद्धि के साथ नई कीमत तीन हजार 67 रुपये 50 पैसे होगी। कोलकाता में 53 रुपये 50 पैसे की वृद्धि के साथ, व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत अब तीन हजार 255 रुपये 50 पैसे होगी। चेन्नई में कीमतों में 42 रुपये की वृद्धि हुई है और अब इसकी कीमत तीन हजार 283 रुपये होगी।
****
ईरान ने अमरीका के एक ड्रोन को मार गिराया है। अमरीका के ईरान में रडार और ड्रोन नियंत्रण स्थलों पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान ने जवाबी हमले की बात स्वीकार की, जबकि कुवैत ने कहा कि वह आने वाले ड्रोन और मिसाइल हमलों को रोक रहा है।
कुवैत की सेना ने कहा है की कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रही है। इस्राएल द्वारा लिटानी नदी के पार लेबनान पर अपना कब्ज़ा बढ़ाने के कारण तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। एक रिपोर्ट…
सैन्य टकरावों के बीच राजनयिक बातचीत जारी है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वे ईरान के साथ एक अच्छे समझौते के करीब हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पुष्टि है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि औपचारिक रूप से समझौता होने तक किसी भी निर्णय को अंतिम नहीं माना जा सकता। दूसरी ओर, लेबनान पर इस्राइल के बढ़ते जमीनी हमलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी आलोचना हो रही है। फ्रांस ने स्थिति पर विचार करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपातकालीन बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।
****
भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्रियों की दूसरी संवाद बैठक नई दिल्ली में हो रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री तथा रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स बैठक की सह-अध्यक्षता कर रहे हैं। बैठक के दौरान श्री सिंह ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा संबंध काफी मजबूत हुए हैं।
मैं आपकी सरकार को 2026 की राष्ट्रीय रक्षा रणनीति और एकीकृत निवेश कार्यक्रम की पहल के लिए बधाई देना चाहता हूं। चर्चा के दौरान, मैं इन नीतिगत दस्तावेजों और भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा संबंधों में विकास के संभावित अवसरों पर आपके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक हूं।
श्री मार्ल्स ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और भारत ने अपनी रक्षा साझेदारी को और मजबूत किया है और दोनों पक्ष समुद्री क्षेत्र में मिलकर काम कर रहे हैं। वार्ता में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा और सहयोग के नए रास्ते तलाशे जाएंगे।
****
म्यांमा के नाम्हकाम शहर में भीषण विस्फोट में 55 लोगों की मौत हो गई है। कल हुए इस विस्फोट में 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह घटना खनन के लिए रखे गए सामान में हुए विस्फोट के कारण हुई। स्थानीय अधिकारी प्रभावित निवासियों को राहत, चिकित्सा देखभाल और पुनर्वास सहायता प्रदान कर रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विस्फोट में 100 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।
****
मलेशिया ने 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पर रोक लगाने वाले नियमों को आज से लागू कर दिया है। इसके अंतर्गत कम से कम 80 लाख उपयोगकर्ताओं वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों को आयु सत्यापन प्रणाली लागू करनी होगी।
नियमों का पालन न करने वाली कंपनियों पर 100 लाख रिंगिट तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। सरकार ने कहा कि इन उपायों का उद्देश्य बच्चों को हानिकारक सामग्री, साइबरबुलिंग जैसे चीजों से बचाना है। ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील और इंडोनेशिया सहित अन्य देशों ने भी बच्चों के सोशल मीडिया तक पहुंच पर आयु-आधारित प्रतिबंधों की घोषणा की है।
****
हांगकांग में 22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने 10 स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते हैं। पदक तालिका में भारत दूसरे स्थान पर रहा। घरेलू मोगली वेंकटराम ने कल पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाडियों को बधाई दी है।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और म्यांमा के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊं लाइन ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता की।
भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता लागू। भारतीय निर्यातकों को ओमान में 98 प्रतिशत उत्पाद समूहों पर शुल्क मुक्त बाजार पहुंच मिलेगी।
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। 35 नये मंत्रियों ने ली शपथ।
मई महीने में सकल जीएसटी संग्रह बढ़कर एक लाख 94 हजार करोड़ रुपये से अधिक हुआ।
पीएम स्वनिधि योजना के छह साल पूरे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- योजना ने रेहडी पटरी वालों के लिए विकास के नए अवसर खोले हैं।
पश्चिम एशिया में तनाव फिर तेज। अमरीका ने ईरान में रडार और ड्रोन प्रणालियों पर हमले किये।
और, हांगकांग में एशियाई अंडर 20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने दस स्वर्ण सहित 19 पदक जीते।
****