मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- सरकार देश के धरोहर स्थलों के संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। नीदरलैंड्स की हालिया यात्रा के दौरान प्राचीन चोल काल की ताम्र पट्टिकाओं की स्वदेश वापसी का किया उल्लेख।
- आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने लोगों से गर्मी के मौसम में सुरक्षित रहने का आग्रह किया। उन्होंने पारंपरिक भारतीय शीतल पेय की प्रशंसा की और स्वदेशी आम की किस्मों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने के लिए किसानों की सराहना की।
- प्रमुख रक्षा अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने कहा- भारतीय सशस्त्र बल देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध।
- एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने नौसेना प्रमुख का कार्यभार संभाला।
- अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा- ईरान के साथ परमाणु समझौता करीब। चेतावनी दी कि यदि वार्ता विफल होती है तो सैन्य कार्रवाई का विकल्प बना रहेगा।
- सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी आज सिंगापुर ओपन के डबल्स फाइनल में इंडोनेशियाई जोडी से खेलेंगे।
- अहमदाबाद में आईपीएल क्रिकेट के खिताबी मुकाबले में आज शाम गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु होंगे आमने-सामने।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार देश की अमूल्य धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रयासरत है। आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि ज्ञान भारतम अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के मल्हार में छठी-सातवीं शताब्दी के पांडु वंश के महर्षि बलार्जुन से जुड़ी दुर्लभ तांबे की तीन पट्टिकांए भी मिली हैं।
‘ज्ञान भारतम् अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ के मल्हार में भी एक महत्वपूर्ण खोज हुई है। यहां तीन दुर्लभ ताम्र पट्टिकाएं मिली हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि ये इन्सिक्रप्शंस छठी-सातवीं सदी के हैं। ये ताम्र पट्टिकाएं प्राचीन ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लिखी गई हैं। इनसे उस समय की शासन-व्यवस्था, धर्म और संस्कृति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नीदरलैंड्स सरकार ने हाल ही में चोलकालीन ताम्र-पट्टिकाएं भारत को लौटाई हैं। जिससे दुनिया भर के तमिल समुदाय में विशेष उत्साह है। श्री मोदी ने कहा कि ये पट्टिकाएं चोल साम्राज्य की समुद्री ताक़त और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ उनके संबंधों को दर्शाती हैं।
इन ताम्र पट्टिकाओं को लेकर लोगों में काफी जिज्ञासा भी है। इनमें 21 बड़ी और तीन छोटी ताम्र पट्टिकाएं हैं। ये मुख्य रूप से राजा राजेंद्र चोला-प्रथम द्वारा अपने पिता राजा राजराजा चोला के एक वचन को पूरा करने से जुड़ी हैं। चोला साम्राज्य के समृद्ध इतिहास और संस्कृति पर हम सभी को बहुत गर्व है। हमारी सरकार भारत की ऐसी अमूल्य धरोहरों के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
श्री मोदी ने देशवासियों से भीषण गर्मी के मौजूदा मौसम के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतने और सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इस समय देश के ज्यादातर हिस्सों में बहुत गर्मी पड़ रही है। तेज धूप, गर्म हवाएँ, ऐसे मौसम में अपना ध्यान रखना बहुत जरूरी है। पानी पीते रहिए। धूप में अगर निकलना ही पड़े तो थोड़ा संभल कर निकलें। इस दिशा में सरकार की भिन्न-भिन्न डिपार्टमेंट्स ने जो गाइडलाइन्स जारी की हैं वो भी भूलियेगा नहीं।
प्रधानमंत्री ने लोगों से गर्मी से राहत के लिए आम पन्ना, छाछ, लस्सी, सत्तू, शरबत, बेल पन्ना, पनाकम, नीर मोर, सांभरम, कोकम शरबत और सोल कढ़ी का सेवन करने की अपील की है।
हमारे यहां गर्मी से लड़ने का तरीका भारत के अलग-अलग क्षेत्रों की परंपरा का हिस्सा है। और इसमें ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना की झलक भी मिलती है। और एक बात जरूर ध्यान रखियेगा, इनमें से ज्यादातर चीजें हमारी अपनी रसोई से निकली हैं। आप भी गर्मी के दौरान देसी पेजयलों का खूब आनंद लीजिए।
प्रधानमंत्री ने काशी के लंगड़ा, महाराष्ट्र के अल्फाज़ो, गुजरात के केसर और पश्चिम बंगाल के हिमसागर आम की चर्चा करते हुए कहा कि हर क्षेत्र के आम का स्वाद अनूठा और उसकी महक अनोखी होती है।
महाराष्ट्र और कोंकण का हापुस, अल्फांसो, गुजरात का केसर, यह तो आमरस की जान है। उत्तर प्रदेश का दशहरी और मेरी काशी का लंगड़ा। बिहार का जर्दालू, चौसा, मालदा – हर नाम के साथ लोगों की यादें जुड़ी हुई हैं। दक्षिण भारत जाइए, तो बंगनपल्ली, तोतापुरी, नीलम, मलगोवा, बंगाल का हिमसागर, ओडिशा और आंध्र प्रदेश का सुवर्णरेखा। यानी, जगह बदलती है, आम का रूप-रंग और उसका स्वाद भी बदल जाता है।
श्री मोदी ने कहा कि भारतीय आम ने वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाई है और आम हमारी कृषि अर्थव्यवस्था के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
साथियों, आम की ये यात्रा, अब गाँव से, ग्लोबल मार्केट तक भी पहुँच रही है। ‘मन की बात’ के माध्यम से मैं आम की पैदावार से जुड़े अपने किसान भाई-बहनों की प्रशंसा करूंगा। आप देश की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए आम किसान नहीं बहुत विशेष हैं। ऐसे ही छाए रहिए।
प्रधानमंत्री ने रांची में आयोजित राष्ट्रीय वरिष्ठ एथलेटिक्स महासंघ प्रतियोगिता में गुरिंदर वीर सिंह, विशाल टी.के., तेजस्विन शंकर, देव मीना और कुलदीप कुमार को चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने पर बधाई दी। श्री मोदी ने 100 मीटर दौड़ में रिकॉर्ड तोड़ने वाले गुरिंदर वीर सिंह और अनिमेष कुजूर से बात भी की।
नमस्ते सर, मेरा नाम अनिमेष कुजूर है। 200 मीटर और 400 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हूँ। मैं छत्तीसगढ़ से बिलोंग करता हूँ सर। एंड अभी मैं उड़ीसा से खेलता हूँ। मैं लास्ट ईयर एशियन मेडल और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स मेडल लेकर आया। मैं एथलेटिक्स 2021 से चालू किया। फुटबॉल के जो फ्रेंड्स थे उन्होंने मुझे बोला कि स्टेट मीट होने वाला है जाके तू पार्टिसिपेट कर एंड मैं पार्टिसिपेट किया। मैं वहाँ से नेशनल में सलेक्ट हुआ। इंडिया को रिप्रेजेंट कर रहा हूँ इंटरनेशनली। और गुरिन्दरवीर जी क्या है? नमस्ते सर, मेरा नाम गुरिन्दरवीर है और मैं इंडियन नेवी में पेटी ऑफिसर हूँ। पहला इंडियन हूँ जो 10 प्वाइंट 1 के बेरियर के नीचे भागा है, और मैं कोशिश कर रहा हूँ कि मैं ट्रैक और वर्दी में भी अपने देश की सेवा करूँ।
श्री मोदी ने कहा कि खगोल विज्ञान ने देश की हर पीढ़ी में जिज्ञासा जगाई है। उन्होंने कहा कि खगोल विज्ञान देश में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। श्री मोदी ने युवाओं से खगोल विज्ञान क्लब में शामिल होने और छुट्टियों के दौरान तारामंडल देखने की अपील की।
राजकोट के बिग बेंग एस्ट्रोनॉमी क्लब ने गिर के जंगलों से लेकर कच्छ के रण तक अनेक एस्ट्रोनॉमी इवेंट्स आयोजित किए हैं। ‘ज्योतिर्विद्या परिसंस्था’ भी एस्ट्रोनॉमी के सबसे पुराने संस्थानों में से एक है। यहां आब्जर्वेशनल फेसिलिटीज़ के साथ-साथ बुक्स, लाइब्रेरी और टेलीस्कोप लाइब्रेरी की सुविधा भी है। मैं आईसैक का भी जिक्र करना चाहूंगा। यह एक स्टुडेंट लेड नेशनवाइड नेटवर्क है, जो, एस्ट्रोनॉमी और एस्ट्रोफिजिक्स क्लब को आपस में जोड़ता है। साथियो, अपनी होबी के लिए समय निकालना और लगातार कुछ नया सीखते रहना बहुत जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने उत्तरप्रदेश में एक नहर में गंगा डॉल्फिन को बचाने वाले वीडियो का भी उल्लेख किया।
ये डॉल्फिन रेस्क्यू एम्बुलेंस बहुत खास है। इसे एक चलते-फिरते अस्पताल की तरह तैयार किया गया है। इसमें डॉल्फिन को सुरक्षित रखने की व्यवस्था है। आक्सीजन की सुविधा है, विशेष स्ट्रेचर हैं, बचाव के उपकरण हैं, यानि अगर कोई डॉल्फिन, घायल हो जाए, नहर में फंस जाए या नदी से कट जाए, तो तुरंत उसकी मदद की जा सकती है।
प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के नागरकोइल में 15 स्कूल चलाने वाली शिक्षिका गिरिजा अम्मा की भी बात की जिन्होंने ‘मन की बात’ से प्रेरित होकर देश के सैनिकों के लिए योगदान देने का संकल्प लिया है। गिरिजा अम्मा ने बहादुर सैनिकों के लिए रोज़ एक रुपया दान करने की अपील बच्चों से की और इससे मिले लगभग 40 लाख रुपये प्रधानमंत्री को सौंपे।
साथियों, गिरिजा अम्मा जी करीब 15 स्कूल चलाती हैं। इनमें चेन्नई का जयगोपाल गरोडिया हिन्दू विद्यालय बहुत प्रमुख है। उनकी देशभक्ति की भावना हर भारतवासी को प्रेरित करने वाली है। उन्होंने ‘मन की बात’ से प्रेरणा लेकर देश के अनेक सैनिकों के लिए योगदान का संकल्प लिया। पिछले वर्ष ही चेन्नई के पहले हिन्दू विद्यालय ने अपने 50 वर्ष पूरे किए हैं। देश की शिक्षा और सांस्कृतिक गौरव को आगे बढ़ाने में इस स्कूल नेटवर्क की भूमिका बहुत प्रशंसनीय है।
श्री मोदी ने देशवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास समाज की बेहतरी के लिए लगातार काम कर रहे लोगों को पहचानें और स्वयं भी अच्छे कार्यों से जुड़ें।
****
नव-नियुक्त प्रमुख रक्षा अध्यक्ष- सीडीएस लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने कहा है कि नवाचार के समावेश से सैन्य क्षमताओं के विकास में ओर तेज़ी आएगी। नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों, उद्योग, शिक्षा जगत, स्टार्टअप और अनुसंधान तंत्र के बीच तालमेल से आधुनिकीकरण को बल मिलेगा।
नौसेना, वायु सेना, रक्षा मंत्रालय, रणनीतिक संस्थान और सभी हितधारक भारत की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए राष्ट्रव्यापी दृष्टिकोण के तहत एकजुट हैं। हम अपने माननीय प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जय! एकजुटता, आत्मनिर्भरता और नवाचार।
****
नव-नियुक्त प्रमुख रक्षा अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि को आज नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक में ‘गार्ड ऑफ़ ऑनर’ दिया गया। वे जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे।
****
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि अमरीका, ईरान के साथ परमाणु समझौते के करीब है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया है कि बातचीत विफल होने पर सैन्य कार्रवाई का विकल्प खुला होगा।
श्री ट्रंप ने कहा कि ईरान को कभी परमाणु हथियार नहीं बनाने दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि समझौता होते ही होर्मुज जलडमरूमध्य तुरंत खुल जाएगा।
****
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से खेत बचाओ अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह अभियान 30 जून तक जारी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य उर्वरकों का संतुलित और विवेकपूर्ण उपयोग, मौसम संबंधी चुनौतियों को देखते हुए किसानों को समय पर सलाह देना, पंचायत स्तर पर सक्रिय भागीदारी और योजनाओं का लाभ सीधे गांवों तक पहुंचाना है।
****
नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया है कि 29 मई को देश में 15 हज़ार छतों पर सौर पैनल लगाए गए। यह पीएम सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत किसी एक दिन में सौर पैनल स्थापित करने का रिकार्ड है। सबसे अधिक पैनल महाराष्ट्र में लगाए गए।
****
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने कहा है कि भारत-बांग्लादेश की खुली सीमा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने पूर्वोत्तर को देश के शेष भाग से जोड़ने वाले चिकन नेक गलियारे को मजबूत करने पर बल दिया। पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद, केंद्र सरकार को ज़मीन हस्तांतरित नहीं की थी।
****
दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास कल शाम एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत के गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। पांच घायलों की हालत स्थिर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि अनधिकृत निर्माण के दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।
****
सिंगापुर ओपन बैडमिंटन चैम्पिनशिप के डबल्स फाइनल में आज सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का मुकाबला इंडोनेशिया के मोहम्मद शोहिबुल फिक्री और फजर अलफियान से होगा। सात्विकसाइराज और चिराग ने मई 2024 में थाईलैंड ओपन के बाद से कोई भी खिताब नहीं जीता है।
****
गुजरात के अहमदाबाद में आईपीएल क्रिकेट के फाइनल में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा।
****
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले चार-पांच दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और लक्षद्वीप में तेज बारिश हो सकती है। अगले दो दिन अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और तटीय कर्नाटक में कुछ जगहों पर बिजली के साथ गरज-चमक की भी आशंका है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कल तक कुछ स्थानों पर बिजली और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक का अनुमान है।
****
अंत में मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- सरकार देश के धरोहर स्थलों के संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। नीदरलैंड्स की हालिया यात्रा के दौरान प्राचीन चोल काल की ताम्र पट्टिकाओं की स्वदेश वापसी का किया उल्लेख।
- आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने लोगों से गर्मी के मौसम में सुरक्षित रहने का आग्रह किया। उन्होंने पारंपरिक भारतीय शीतल पेय की प्रशंसा की और स्वदेशी आम की किस्मों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने के लिए किसानों की सराहना की।
- प्रमुख रक्षा अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने कहा- भारतीय सशस्त्र बल देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध।
- एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने नौसेना प्रमुख का कार्यभार संभाला।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- ईरान के साथ परमाणु समझौता करीब। चेतावनी दी कि यदि वार्ता विफल होती है तो सैन्य कार्रवाई का विकल्प बना रहेगा।
- सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी आज सिंगापुर ओपन के डबल्स फाइनल में इंडोनेशियाई जोडी से खेलेंगे।
- अहमदाबाद में आईपीएल क्रिकेट के खिताबी मुकाबले में आज शाम गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु होंगे आमने-सामने।