मुख्य समाचार:
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा – आवश्यकता पड़ने पर भारतीय सेना ऑपरेशन सिंदूर टू प्वाइंट ओ के लिए तैयार।
म्यांमा के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊं लाइन पांच दिन की भारत यात्रा पर बिहार के गयाजी पहुंचे। महाबोधि मंदिर में की पूजा-अर्चना।
कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज दोपहर बाद बेंगलुरु में। नए नेता का होगा चुनाव।
बिहार में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत।
अमरीका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा – अगर समझौते के प्रयास विफल होते हैं तो अमरीका, ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करेगा।
और महिला क्रिकेट में आज ब्रिस्टल में तीन मैच की टी20 श्रृंखला के दूसरे मैच में भारत का मुकाबला मेजबान इंग्लैंड से।
—————————————-
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल उच्च स्तर की सतर्कता पर है और आवश्यकता पड़ने पर ऑपरेशन सिंदूर टू प्वाइंट ओ के लिए तैयार है। पुणे के खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में 150वें बैच की पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने सटीक और दृढ़ संकल्प के साथ उकसावे का जवाब देने की भारत की क्षमता का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा यह अभियान अब भी जारी है।
जहां तक ऑपरेशन सिंदूर की बात है, यह अभियान अभी जारी है। फिलहाल केवल अस्थायी रूप से संघर्ष विराम है। इसलिए भारतीय सशस्त्र बल ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की संभावना को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी कर रहे हैं। इस समय हमारा ध्यान तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल बढ़ाने पर है। साथ ही, हम भविष्य के युद्धों के लिए खुद को और अधिक सक्षम बना रहे हैं। जैसा कि मैंने पहले कहा था, आने वाले समय के युद्ध केवल जमीन, समुद्र और हवा तक सीमित नहीं रहेंगे।
जनरल द्विवेदी ने पास आउट होने वाले कैडेटों से व्यावसायिकता, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का आग्रह किया। सेना प्रमुख ने इस पाठ्यक्रम से उत्तीर्ण होने वाली महिला कैडेटों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि साहस, दृढ़ संकल्प और सैन्य उत्कृष्टता लिंगभेद रहित गुण हैं। अकादमी से कुल 353 कैडेटों ने स्नातक की उपाधि प्राप्त की। मित्र विदेशी देशों के 21 कैडेटों को भी डिग्री प्रदान की गई।
—————————————-
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पर तीनों सेनाओं द्वारा दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सैन्य सेवाओं से विदाई ली। उन्होंने कहा कि ये उनके लिए अत्यंत सम्मान की बात है।
मेरे लिए यह बहुत सम्मान की बात है कि मुझे तीनों सेनाओं से गार्ड ऑफ ऑनर लेने का अवसर मिला। इसके लिए मैं तीनों सेनाओं और सेना मुख्यालय का धन्यवाद देता हूँ। गार्ड ऑफ ऑनर के समापन के साथ, मैं वर्दी में अपने साथियों से विदाई लेता हूँ। मैंने वर्दी में अंतिम बार समर-स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। यह उन वीर सैनिकों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया।
लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि जनरल चौहान का स्थान लेंगे।
—————————————-
सिंगापुर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सामरिक अध्ययन संस्थान के शांगरी-ला संवाद के दौरान रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने नीदरलैंड की रक्षा मंत्री दिलन येसिलगोज़-ज़ेगेरियस के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। ये भारत और नीदरलैंड के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है।
—————————————-
जम्मू-कश्मीर में सीमावर्ती इलाकों के निवासियों ने केंद्र सरकार के उस फैसले का स्वागत किया है, जिसमें कहा गया है कि सीमा के 15 किलोमीटर के दायरे में अवैध ढांचों और अनधिकृत गतिविधियों को हटाया जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह ने उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया था।
—————————————-
म्यांमा के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊँ लाइन् आज भारत के पांच दिन के दौरे पर बिहार के गयाजी पहुंचे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि म्यांमा के राष्ट्रपति के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल भी भारत आया है।
म्यांमा के राष्ट्रपति आज सुबह नौ बजे विशेष विमान से गया जी एयरपोर्ट पहुंचे। गया अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अत: हसनैन और अन्य अधिकारियों ने उनका भव्य स्वगत किया। पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। राष्ट्रपति ऊ मिन आऊँ लाइन् विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर और बकराउर स्थित ऐतिहासिक सुजाता मंदिर में पूजा अर्चना किया। साथ ही वह म्यांमा के विभिन्न बोद्ध मठों का भी दौरा किया। राष्ट्रपति के साथ उच्च स्तरीय अधिकारियों और बोद्ध प्रतिनिधियों का एक शिष्ट मंडल भी मौजूद था। म्यांमा के राष्ट्रपति आगमन को देखते हुए महाबोधि मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कडे प्रबंध किए गए थे। आकाशवाणी समाचार के लिए गयाजी से धर्मवीर भारती।
राष्ट्रपति ऊ मिन आऊँ लाइन् आज नई दिल्ली पहुंचेंगे। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर से मुलाकात करेंगे। म्यांमा के राष्ट्रपति कल म्यांमा-भारत व्यापार मंच में शामिल हो सकते हैं। राष्ट्रपति ऊ सोमवार को दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ चर्चा करेंगे।
—————————————-
कर्नाटक के निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आज शाम बेंगलुरु में कांग्रेस विधायक दल की बैठक करेंगे। इसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री डी.के. शिवकुमार को कांग्रेस विधानसभा पार्टी के नए नेता के रूप में औपचारिक रूप से निर्वाचित किए जाने की संभावना है।
आज डी.के. शिवकुमार राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिले। स्वेरिंग सेरिमनी के दिनांक और जगह के बारे चर्चा करने वह लोक भवन गए थे। इस बार युवा विधायकों को अवसर मिलने की संभावना है। अगले महीने राज्यसभा और विधान परिषद के चुनाव होने के कारण जल्दी से जल्दी सरकार बनाने का प्रक्रिया समाप्त करने पर गौर किया जा रहा है। सुधिन्द्रा आकाशवाणी समाचार बैंगलुरू।
कांग्रेस के 136 विधायकों को विधानसभा बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। एआईसीसी महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला कार्यवाही का अवलोकन करेंगे।
—————————————-
ओडिशा में आज से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण- एसआईआर अभियान शुरू हो रहा है। एक महीने तक चलने वाली निर्वाचन आयोग की यह प्रक्रिया 28 जून तक जारी रहेगी और इसमें राज्य भर के तीन करोड़ तैंतीस लाख से अधिक मतदाताओं को शामिल किया जाएगा।
—————————————-
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत में चुनाव संविधान, चुनावी कानून और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पारदर्शी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कराए जाते हैं। नई दिल्ली स्थित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान में निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधित्व करने वाले वकीलों के दूसरे राष्ट्रीय सम्मेलन में श्री कुमार ने बताया कि लोकसभा चुनावों के दौरान पारदर्शिता, जवाबदेही और स्वतंत्र तथा निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए लगभग एक करोड़ 8 लाख कर्मियों को तैनात किया जाता है।
—————————————-
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड – सीबीएसई ने कहा है कि उसका पोस्ट रिजल्ट एक्टिविटी पोर्टल सोमवार पहली जून से सक्रिय हो जायेगा। आवेदन करने के इच्छुक विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए यह पोर्टल शुरू किया जा रहा है।
—————————————-
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी – एनटीए ने बताया है कि उसके साझेदार टीसीएस की तकनीकी खराबी के कारण आज कुछ परीक्षा केंद्रों पर संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा- सीयूईटी – यूजी – 2026 की शुरुआत देरी से शुरू हुई।
एनटीए ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि समस्या का समाधान हो गया है और यह सुनिश्चित करने के लिए कि किसी भी छात्र को असुविधा न हो, परीक्षा पूर्ण समय सीमा के साथ आयोजित की जा रही है। एजेंसी ने बताया कि दोपहर के सत्र का समय संशोधित किया गया है। विद्यार्थियों को दोपहर ढाई बजे से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि परीक्षा निर्धारित समय 3 बजे के बजाय 4 बजे से शुरू होगी।
—————————————-
केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 के परिणामों के संबंध में भ्रामक विज्ञापन देने के लिए एक निजी कोचिंग सेंटर पर सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण ने अब तक कोचिंग संस्थानों को 60 से अधिक नोटिस जारी किए हैं और एक करोड़ 46 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है।
—————————————-
स्वास्थ्य और शिशु कल्याण मंत्रालय ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण जारी किया है। ये सर्वेक्षण 2023-24 में किया गया था। इसमें 715 जिलों के 6 लाख 79 हजार परिवारों को शामिल किया गया।
—————————————-
गोवा ने आज पणजी स्थित कला अकादमी में 40वां राज्य स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर सभा में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने गोवा को एक आदर्श राज्य बताया, जिसने विकास और अपनी समृद्ध संस्कृति को संरक्षित रखा है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज कहा कि गोवा इस बात का प्रेरणादायी उदाहरण है कि पहचान और प्रगति साथ-साथ कैसे आगे बढ़ सकती हैं। पणजी के कला अकादमी में गोवा के 40वें राज्य स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गोवा ने आधुनिक विकास को अपनाते हुए अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सफलतापूर्वक संरक्षित रखा है। गोवा केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सामाजिक सद्भाव और बौद्धिक खुलेपन से निर्मित एक जीवंत सभ्यता है। इससे पहले उपराष्ट्रपति ने प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट मारियो मिरांडा पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, स्मारक डाक टिकट और विशेष आवरण जारी किए, पुरस्कार और नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा दीनदयाल स्वास्थ्य सेवा योजना के अंतर्गत बढ़ी हुई सहायता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विकसित गोवा आवश्यक है। महेश चोपड़े, आकाशवाणी समाचार, पणजी।
—————————————-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
—————————————-
अमरीका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि अगर समझौते के प्रयास विफल होते हैं, तो अमरीका के सेना ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। एशिया के प्रमुख सुरक्षा मंच, शांगरी-ला संवाद में श्री हेगसेथ ने कहा कि जरूरत पड़ने पर ऐसे अभियान संचालित करने के लिए अमरीका के पास क्षेत्र और दुनिया भर में पर्याप्त सैन्य भंडार मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि देश किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। श्री हेगसेथ ने कहा कि ईरान के साथ संघर्ष में शामिल होने के बावजूद अमरीका, एशिया-प्रशांत क्षेत्र के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता बनाए हुए है।
इसके अलावा, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में अपने शीर्ष सलाहकारों के साथ दो घंटे बैठक की। इसमें ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने के उद्देश्य से समझौते की संभावना पर चर्चा की गई। सिचुएशन रूम में हुई यह बैठक कोई स्पष्ट निर्णय लिए बिना समाप्त हो गई।
—————————————-
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, काराईक्काल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में आज मूसलाधार वर्षा की संभावना व्यक्त की है। असम, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड और तटीय कर्नाटक में भी वर्षा की संभावना है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओले पडने का अनुमान है। पश्चिमी मध्य प्रदेश और तेलंगाना में आज लू चल सकती है।
उधर, बिहार में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत की खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के प्रति दुख व्यक्त किया है और परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
—————————————-
आज हिंदी पत्रकारिता दिवस है। वर्ष 1826 में आज के दिन ही हिंदी भाषा का पहला समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड प्रकाशित हुआ था। एक रिपोर्ट –
उदन्त मार्तण्ड समचार पत्र के संपादक और संस्थापक, पंडित जुगल किशोर शुक्ल थे। उन्होंने हिंदुस्तानियों के हित के हेत जैसे अमर संकल्प और भारतीय पत्रकारिता की नींव रखने वाले ध्येय वाक्य के साथ उदन्त मार्तण्ड समाचार पत्र की कोलकाता के बड़ा बाजार इलाके से नींव रखी। उस दौर में, जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था तब हिंदी में समाचार पत्र निकालना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। उदन्त मार्तण्ड से शुरू हुआ यह सफर आगे चलकर स्वतंत्रता आंदोलन का सबसे बड़ा औजार बना। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हिंदी समाचार पत्रों और पत्रिकाओं ने जनमानस के भीतर स्वाधीनता का भाव जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 4 दिसंबर 1827 को उदंत मार्तंड का अंतिम अंक प्रकाशित हुआ, जिसमें श्री शुक्ल ने लिखा कि ‘आज दिवस लौ उग्यो मार्तंड उदंत, अस्ताचल को जात है दिनकर दिन अब अंत।’ समाचार पत्रों से शुरू हुआ यह सफर आज रेडियो, टेलीविजन, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया तक पहुंच चुका है। हालांकि, इस बदलाव के साथ पत्रकारिता की जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। हिंदी पत्रकारिता दिवस अवसर है उन पत्रकारों और संपादकों को याद करने का जिन्होंने अपने लेखन और साहस से समाज को नई दिशा दी। साहस की कलम से किसी ने क्या खूब लिखा है खिंचो न कमानों को न तलवार निकालो, जब तोप मुकाबिल हो तो अख़बार निकालो।
—————————————-
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच आज ब्रिस्टल में खेला जाएगा। मैच भारतीय समय के अनुसार शाम सात बजे शुरू होगा।
—————————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा – आवश्यकता पड़ने पर भारतीय सेना ऑपरेशन सिंदूर टू प्वाइंट ओ के लिए तैयार।
म्यांमा के राष्ट्रपति ऊ मिन आऊं लाइन पांच दिन की भारत यात्रा पर बिहार के गयाजी पहुंचे। महाबोधि मंदिर में की पूजा-अर्चना।
कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज दोपहर बाद बेंगलुरु में। नए नेता का होगा चुनाव।
बिहार में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत।
अमरीका के रक्षा मंत्री, पीट हेगसेथ ने कहा – अगर समझौते के प्रयास विफल होते हैं तो अमरीका, ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करेगा।
और महिला क्रिकेट में आज ब्रिस्टल में तीन मैच की टी20 श्रृंखला के दूसरे मैच में भारत का मुकाबला मेजबान इंग्लैंड से।
—————————————-