May 29, 2026 3:40 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार:-

  1. सर्वोच्च न्यायालय ने सभी उच्च न्यायालयों को फैसले सुरक्षित रखने के तीन महीने के भीतर उसे सुनाने का निर्देश दिया।

  2. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का परीक्षा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई और योग्य छात्रों के हितों की सुरक्षा का आश्वासन।

  3. पीएम सूर्य घर योजना को महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल। इसके अंतर्गत 40 लाख मकानों की छत पर सौर पैनल लगाए गए।

  4. मौसम विभाग का जून में पूरे देश में सामान्य से कम वर्षा का अनुमान। कई राज्यों में लू की संभावना।

  5. हांगकांग में आयोजित अंडर-20 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलीट निपम ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता।

************************

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आज देश के सभी उच्‍च न्‍यायालयों को फैसले सुरक्षित रखने के तीन महीने के भीतर उसे सुनाने के निर्देश दिए हैं।  न्यायालय ने कहा कि फैसलों में देरी से याचिकाकर्ताओं को अपूरणीय क्षति हो सकती है। एक रिपोर्ट –

 

सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि फैसलों में देरी से याचिकाकर्ताओं को अपूरणीय क्षति हो सकती है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉय माल्या बागची की पीठ ने व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़े मामलों में त्वरित निर्णय की आवश्यकता पर बल दिया। पीठ ने कहा कि जमानत आवेदनों पर आदेश उसी दिन या अगले दिन सुनाया और अपलोड किया जाना चाहिए। शीर्ष न्यायालय ने कहा कि जमानत या सजा निलंबन का आदेश सुनाए जाने के तुरंत बाद जेल अधिकारियों को सूचित करना अनिवार्य है। विचाराधीन कैदी को उसी दिन या अधिकतम अगले दिन रिहा किया जाना चाहिए। समाचार कक्ष से मैं सरफिरोजी।

 

************************

 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पेपर लीक की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। डीडी न्यूज़ को दिए एक विशेष साक्षात्कार में श्री प्रधान ने आश्वासन दिया कि पुनर्परीक्षा प्रक्रिया उचित और व्यवस्थित तरीके से बिना किसी त्रुटि के संपन्न की जाएगी।

 

 

जो घटना हुई है यह अत्यंत दुर्भाग्यजनक है, नहीं होनी चाहिए था। अभी दोबारा जब हमने यह री-नीट की घोषणा किया है वो री-नीट सुव्यस्थिति हो जाए। इसमें निर्भूलता के साथ हो। यह अभी हमारा दायित्व है इस काम पे सभी का सहयोग हम अपेक्षा रखते हैं।

 

 

छात्रों को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनकी चिंताओं को समझती है। उन्‍होंने स्वीकार किया कि छात्रों के विश्वास को ठेस पहुंची है।

 

श्री प्रधान ने आश्वासन दिया कि परीक्षा प्रक्रिया को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच त्रुटि रहित परीक्षा आयोजित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

 

छात्रों को अश्वस्त करना चाहते हैं कि जो गलती हुई है, हमारे ट्रस्ट को ग्रिश किया गया है। जो रक्षक था वहीं, भक्षक हुआ। जो शिक्षक को हमने जिम्मेदारी दिया था, क्वेशन बनाने के लिए उन्होंने ही कोम्फ्रोमाइज़ हुआ है। उन्हीं के कारण यह अव्यवस्था शुरू हुई है। हमने एक कठोर निर्णय किया कि हमने एक भी सही विद्यार्थी के हक को परीक्षा माफियाओं के हाथ में सौंपना नहीं चाहते थे। उनके षडयंत्र का शिकार नहीं होना चाहते थे। हम बच्चों की मानसिक स्थिति को सम्मान करते हैं उनको संभालना चाहते हैं और हमको एक एरर फ्री एक्ज़ामिनेशन देने का पूरा हमारा प्रयास है।

 

 

परीक्षा प्रक्रिया में भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए उठाए जा रहे ठोस कदमों के बारे में बात करते हुए श्री प्रधान ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो – सीबीआई इस मामले की पूरी जांच करे और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

 

************************

 

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सबस्ट्रेट निर्माण तकनीक को भारत में लाने के लिए समझौता करने पर ओडिशा सरकार, इंटेल और थ्री-डी.जी.एस. को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री वैष्णव ने कहा कि इससे भारत में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को और बढ़ावा मिलेगा।

 

************************

 

वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है और सुधारों तथा नीतिगत समर्थन के माध्यम से वस्त्र क्षेत्र में तेजी से वृद्धि हो रही है। आंध्र प्रदेश की दो दिन की यात्रा के दौरान आज श्री सिंह ने कृष्णा जिले के मल्लावल्ली औद्योगिक पार्क में स्थित मोहन स्पिनटेक्स कंपनी का दौरा किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत के वस्त्र बाजार का कारोबार 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक है और सरकार वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर 25 लाख करोड़ रुपये से अधिक करने पर काम कर रही है।

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सरकार के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर उन्‍होंने कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर अधिक पहचान मिली है।

 

बाहर साल अगर कम्पेयर करूं मैं तो एक ही चीज कहा, इकोनोमी में एक्सपोर्ट में इस्ट्राएक्चर में, जो बेसिक चीजे है एज्यूकेशन में आई.आई.टी., एम्स, मेडिकल कॉलेज ये कई ऐसे सवाल हैं, मोदी ने बेसिक चीजो को बाहर साल में ऊचांइयों पर ले जाने का काम किया है।

 

************************

 

भारत ने स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के अन्‍तर्गत अब तक 40 लाख मकानों की छत पर सौर पैनल लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ नवीकरणीय ऊर्जा की पहल नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को बिजली उपभोक्ता से बिजली उत्पादक बना रही है।

 

 

इस योजना से परिवारों को बिजली के खर्च में कमी लाने, सरकारी सब्सिडी का लाभ उठाने और शून्य बिजली बिल की ओर बढ़ने में मदद मिल रही है।

 

************************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर एक अभूतपूर्व सफलता थी, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को चार दिन में ही युद्धविराम के लिए विवश कर दिया। यह भारत के अब तक लड़े गए सभी युद्धों से अलग था। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर पर स्मृति प्रकाशन जारी करते हुए यह बात कहीं। उन्होंने कहा कि यह प्रकाशन केवल ऐतिहासिक विवरण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें वीर सैनिकों के व्यक्तिगत अनुभवों को भी समाहित किया गया है। श्री सिंह ने कहा कि यह आधुनिक युद्ध के मानवीय पहलू की भी झलक देता है, जहां नेतृत्व, साहस, दबाव में निर्णय लेने की क्षमता और प्रतिबद्धता रणनीति को सफलता में बदल देती है।

 

 

रक्षा मंत्री ने इस प्रकाशन से प्रेरणा लेने और देश की सुरक्षा तथा संप्रभुता को सुनिश्चित करने और बलिदान योग्य नागरिक बनने का आग्रह किया।

 

************************

 

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आंतरिक और वैश्विक शांति प्राप्त करने के लिए भक्ति और ध्यान को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया है। आज बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन इंटरनेशनल सेंटर के 45वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भक्ति स्वयं, परिवार, समाज, राष्ट्र और मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

 

************************

 

रिज़र्व बैंक ने आज अपनी वार्षिक रिपोर्ट जारी की है। इसमें कहा गया है कि ऊर्जा की ऊंची कीमतों, आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और वैश्विक बाज़ार में अस्थिरता जैसी चुनौतियों के बाद भी मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियादी कारक चालू वित्त वर्ष में भारत की विकास गति को बनाए रखेंगे। रिपोर्ट में कहा गया है कि कॉरपोरेट और बैंकिंग क्षेत्रों की स्वस्थ बैलेंस शीट, साथ ही पूंजीगत व्यय पर सरकार का निरंतर ध्यान, आर्थिक विकास को मजबूती प्रदान करेगा। इसमें, भू-राजनीतिक संकट और पश्चिम एशिया संघर्ष वैश्विक विकास और मुद्रास्फीति को प्रभावित करने वाली प्रमुख चिंताओं के रूप में उभरे हैं।

 

************************

 

संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने आज संसद भवन परिसर में संसदीय कार्य मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मेघवाल ने कहा कि बैठक में सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रभावी, सरल और व्यापक उपयोग पर सार्थक चर्चा हुई।

 

 

श्री मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिंदी भाषा को सुशासन, जनभागीदारी और लोकतांत्रिक संवाद का एक सशक्त माध्यम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

************************

 

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने आज बेंगलुरु में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही, मंत्रिपरिषद को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। हालांकि, श्री सिद्धारमैया को कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में वैकल्पिक व्यवस्था होने तक पद पर बने रहने के लिए कहा गया है। इस दौरान उन्हें कोई भी कार्यकारी निर्णय लेने से मना किया गया है। श्री सिद्धारमैया ने कल लोक भवन में अपना इस्तीफा सौंपा था।

 

************************

 

भारत के लिए पेट्रोलियम ला रहा एक टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से सफलतापूर्वक निकल चुका है। यह जानकारी समुद्री यातायात पर नजर रखने वाली कई वेबसाइटों से मिली है। टैंकर निसोस केरोस, होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर विशाखापट्टणम की ओर बढ रहा है। इसके 3 जून को वहां पहुंचने की उम्मीद है।

 

ईरान की समाचार एजेंसी ने बताया कि ईरान के प्रस्तावित पारगमन शुल्क को लेकर जारी तनाव के बीच, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने 24 घंटों में 23 वाणिज्यिक जहाजों को जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी।

 

************************

 

भारत और कनाडा ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते-सी.ई.पी.ए. पर बातचीत इस वर्ष के अंत तक पूरी कर लेने की प्रतिबद्धता दोहराई है। व्यापार और निवेश मंच पर भारत-कनाडा संयुक्त वक्तव्य में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने महत्वाकांक्षी और परस्‍पर लाभकारी सी.ई.पी.ए. समझौते के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।

 

************************

 

सशस्त्र सीमा बल ने दो थाई महिला नागरिकों को भारत-नेपाल सीमा के खारीबारी क्षेत्र से नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार कर लिया। ये महिलाएं फर्जी आव्रजन मुहरों का इस्तेमाल कर नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थीं। जांच जारी है।

 

************************

 

दिल्ली सरकार 21 जून को होने वाली नीट यूजी परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को दिल्ली परिवहन निगम की सभी बसों में मुफ्त यात्रा प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उम्मीदवार वैध प्रवेश पत्र दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकते हैं।

 

************************

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत की पहली एकीकृत अगली पीढ़ी की विमानन मौसम और कोहरे की निगरानी प्रणाली – स्काईकास्ट का उद्घाटन किया। यह उद्घाटन मिशन मौसम के अंतर्गत किया गया है। संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि इस नई प्रणाली का उद्देश्य हवाई अड्डे पर मौसम की निगरानी और कोहरे के पूर्वानुमान को मजबूत करना है।

 

 

आज हम विमानन क्षेत्र के ज़रिए देश को एक इंटीग्रेड मौसम निगरानी सिस्‍टम समर्पित कर रहे हैं। यह सिस्टम हवाई यात्रियों, एयर क्रू और पायलटों को मौसम का सटीक अनुमान लगाने में सक्षम बनाएगा। खासकर उस समय जब कोहरे और धुंध वाले मौसम में प्रदूषण और हवा में मौजूद अन्‍य कणों के कारण दृश्‍यता काफी प्रभावित होती है। यह एक इं‍टीग्रेटेड उपकरण स्‍काईकास्‍ट के माध्‍यम से संभव होगा।   

 

************************

 

मौसम विभाग ने जून से सितंबर के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम में देश भर में सामान्य से कम वर्षा का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

मीडिया को संबोधित करते हुए विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि जून माह में देश की औसत वर्षा सामान्य से कम रहने की सबसे अधिक संभावना है।

 

2026 के जून से सितंबर के दौरान पूरे देश में सामान्य से कम बारिश होने का सबसे ज्यादा संभावना है। उत्तर-पूर्व भारत में सामान्य वर्षा होने का संभावना है। अभी, जून महिने के तापमान की बात करें तो हरियाणा, पंजाब, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात और आंध्र-प्रदेश के कई हिस्सों में तथा महाराष्ट्रा, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ क्षेत्र में सामान्य से अधिक हिट वेव कंडिशन डेवलप होने का उम्मीद किया जा रहा है। हालांकि राजस्थान और झारखंड में सामान्य से कम उष्ण लहर होने का संभावना है।

 

************************

 

मौसम विभाग ने आज दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों के लिए तूफान और बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

 

तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिमी राजस्थान और विदर्भ के कुछ हिस्सों में आज भी लू चलने की आशंका है। रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।

 

************************

 

एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया।

 

महिला वर्ग-100 मीटर दौड़ में निपम ने कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में पदक जीतने वाली पिछले  25 वर्षों में वह पहली भारतीय महिला बनीं। वहीं, महिला ट्रिपल जम्‍प में साधना रवि ने रजत पदक जीता।

 

नितिन गुप्ता ने पुरुष वर्ग में पांच हजार मीटर पैदल चाल का खिताब जीता। 

 

************************

 

पुरुषों के अंडर-18 एशिया कप में, भारत ने आज जापान के काकामिगाहारा में कजाकिस्तान पर 13-0 की शानदार जीत दर्ज की।

 

************************

 

आईपीएल क्रिकेट में आज दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मैच न्यू चंडीगढ़ में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

 

************************

 

आज पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि है। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केन्‍द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने दिवंगत नेता की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

************************

अंत में मुख्य समाचार:-

  1. सर्वोच्च न्यायालय ने सभी उच्च न्यायालयों को फैसले सुरक्षित रखने के तीन महीने के भीतर फैसला सुनाने का निर्देश दिया।

  2. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का परीक्षा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई और योग्य छात्रों के हितों की सुरक्षा का आश्वासन।

  3. पीएम सूर्य घर योजना को महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल। इसके अंतर्गत 40 लाख मकानों की छत पर सौर पैनल लगाए गए।

  4. मौसम विभाग का जून में पूरे देश में सामान्य से कम वर्षा का अनुमान। कई राज्यों में लू की संभावना।

  5. हांगकांग में आयोजित अंडर-20 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलीट निपम ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता।

************************

Most Read
View All arrow-right

No posts found.