मुख्य समाचार:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुलिस बलों से नागरिक-केंद्रित और कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील होने का आग्रह किया।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीबीएसई कक्षा 12 की परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया में विसंगतियों से संबंधित छात्रों की सभी शिकायतों के समाधान का आश्वासन दिया।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस्तीफे की घोषणा की। उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे।
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमरीका और ईरान के हमलों से संघर्षविराम और कमजोर हुआ।
कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-अज़हा पूरे देश में धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
और, बैडमिंटन में, पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन का सिंगापुर ओपन के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में प्रवेश।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिक्किम पुलिस को आज प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस ध्वज से सम्मानित किया। अलंकरण परेड का आयोजन गंगटोक में पालजोर स्टेडियम में किया गया था। इस पुरस्कार को प्राप्त करने वाला सिक्किम देश का 15वां राज्य और पूर्वोत्तर का तीसरा राज्य बन गया है। समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुलिस बल से अधिक नागरिक केंद्रित बनने का आग्रह किया। उन्होंने पुलिस बल से विशेष रूप से महिलाओं, निर्धनों और बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने का आग्रह किया।
पुलिस व्यवस्था को अधिक सिटिजन फ्रेंडली बनाया जाना चाहिए ताकि सामान्य लोग बिना भय के अपनी समस्या दर्ज करा सकें। महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील व्यवहार को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। साइबर क्राइम, ऑनलाइन फ्रॉड, हैकिंग और डीप फेक जैसी नई चुनौतियों सामने आ रहीं। इन नई चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस को लेटेस्ट टैक्नोलॉजी, साइबर सिक्युरिटी और डिजिटल इन्वेस्टिगेशन में दक्ष बनाना होगा।
राष्ट्रपति मुर्मु ने पुलिस को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डीपफेक आदि से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। राष्ट्रपति पुलिस ध्वज राष्ट्र की असाधारण सेवा, अटूट अनुशासन और समर्पण के लिए देश के पुलिस बल को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है।
****
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड – सी बी एस ई द्वारा शुरू की गई नई ऑन-स्क्रीन मार्किंग – ओ एस एम प्रणाली अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक “प्रगतिशील साधन” है। श्री प्रधान ने नई दिल्ली में सीबीएसई अधिकारियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही। सी बी एस ई कक्षा 12वीं की परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन पोर्टल में ओएसएम प्रणाली में विसंगतियों और तकनीकी खराबी को लेकर श्री प्रधान ने स्वीकार किया कि कुछ मुद्दे सामने आए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि चल रही पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान सभी शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
बच्चों को ट्रांसपेरेंटली अपने मार्क्स के बारे में जानकारी मिले। उनको ट्रांसपेरेंटली स्कैन कॉपी के माध्यम से उनकी आंसर शीट उनके हाथ में आए। ये ओएसएम की व्यवस्था है। पहली बार देश में सीबीएसई ने इसको प्रयोग किया। इसमें कुछ विसंगति ध्यान में आ रही है। इसको मैं दायित्व लेता हूं। उसको ठीक करा जाए। हम एक भी विद्यार्थी की अन अन्सार्ड क्वेरी को असमाधित नहीं छोडेंगे।
****
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी – एन टी ए ने संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा – सी यू ई टी – यूजी 2026 की संशोधित तिथियां और प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। एनटीए के अनुसार परीक्षाएं अब 31 मई, 6 तथा 7 जून को आयोजित की जाएंगी। ईद-उल-अज़हा के कारण तिथियां पुनर्निर्धारित की गई हैं। एनटीए ने बताया कि 31 मई को परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। 6 और 7 जून की परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जल्द ही जारी किए जाएंगे।
****
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। कर्नाटक के संसदीय कार्य मंत्री एच.के. पाटिल ने सिद्धारमैया द्वारा बुलाई गई बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डी.के. शिवकुमार मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगे।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आज बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर मंत्रिमंडल सहयोगियों को आमंत्रित किया था। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार भी इस बैठक में उपस्थित थे।
कर्नाटक की राजनीति में आज लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लग गया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डी के शिवकुमार के बीच आज हुई नाश्ते की बैठक के दौरान दोनों नेताओं का गले मिलना इस बदलाव का साफ संकेत माना गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सिद्धारमैया आज दोपहर ढाई बजे लोक भवन जाएंगे और तीन बजे मीडिया को संबोधित करेंगे। राज्यपाल के दौरे पर होने के कारण, वे अपना इस्तीफा राज्यपाल सचिव को सौंपेंगे। श्री सिद्धारमैया कर्नाटक के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्रियों में शामिल हैं। सुधींद्र की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं प्राची वाजपेयी।
****
भारतीय जनता पार्टी ने आज तीन राज्यों और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की घोषणा की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पूर्वी दिल्ली के सांसद और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली का, डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा का और केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष बनाया गया है।
****
अमरीका और ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक-दूसरे पर हमले किये हैं। इससे मौजूदा संघर्षविराम और कमजोर हो गया है। एक रिपोर्ट-
अमरीका-ईरान संघर्षविराम अब लगभग फिर से सीधे सैन्य टकराव में बदल चुका है। होर्मुज़ जलडमरूमध्य के पास वाणिज्यिक जहाज़ों को निशाना बना रहे ईरान के चार ड्रोन को अमरीका ने मार गिराया। इसके जवाब में ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि उन्होंने एक अमरीकी सैन्य अड्डे पर हमला किया है। इस बीच, इस्राएली सेना ने लेबनान में अप्रैल में लागू हुए संघर्षविराम के बाद अब तक का सबसे बड़ा निकासी आदेश जारी किया है। इसमें ज़हरानी नदी के दक्षिण में रहने वाले सभी नागरिकों को तुरंत उत्तर की ओर जाने को कहा गया है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, मंगलवार को हुए हमलों में 31 लोगों की मौत हो गई तथा 40 लोग घायल हुए हैं। उधर, दोहा में जारी शांति वार्ता का उद्देश्य मौजूदा संघर्ष को समाप्त करना और होर्मुज़ जल डमरू मध्य को दोबारा खोलना है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।
****
भारत और चीन ने सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए शांति तथा स्थिरता बनाए रखने में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। दोनों देशों ने भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय कार्य तंत्र – डब्ल्यू एम सी सी की 35वीं बैठक के दौरान स्थिति की समीक्षा की। यह बैठक कल पेइचिंग में हुई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पूर्वी एशिया के संयुक्त सचिव सुजीत घोष ने किया और चीन के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चीन के विदेश मंत्रालय के सीमा और समुद्री मामलों के विभाग के महानिदेशक होउ यानछी ने किया।
****
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज साइप्रस जिम्निच सम्मेलन के दौरान स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने बताया कि बैठक में भारत और स्पेन के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा और जन-संबंधों को लेकर आगे की योजनाओं पर चर्चा हुई।
****
पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के पिंगला के दो व्यक्तियों को कल अदालत ने पाकिस्तानी आईएसआई के लिए जासूसी के आरोप में 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आरोपी शेख मुरसलीन और गौतम खारा को पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष कार्य बल ने गिरफ्तार किया।
****
बिहार के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में भीषण आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के कारण 8 लोगों की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह राशि तुरंत देने की घोषणा की है।
****
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने ट्विशा शर्मा हत्याकांड में सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी है। भोपाल सत्र न्यायालय ने उन्हें 15 मई को जमानत दी थी।
****
कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-अज़हा पूरे देश में धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसे बकरीद भी कहा जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईद-उल-अजहा पर देशवासियों को बधाई दी है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी ताज़-उल मस्जि़द में नमाजियों ने देश में शांति, समरसता और न्याय की प्रार्थना की।
मध्य प्रदेश के तमाम शहरों में आज ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार खुशी और अमन के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों की भारी भीड़ देखी गई। राजधानी भोपाल की ऐतिहासिक ताज-उल-मस्जिद में हजारों लोगों ने नमाज अदा की। इंदौर से एक खूबसूरत तस्वीर भी सामने आई। यहां 50 साल पुरानी परंपरा के मुताबिक एक हिंदू परिवार ने शहर काजी को फूलों का हार पहनाकर बग्घी में ईदगाह तक पहुंचाया। दूसरी तरफ मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने कहा है कि कुर्बानी केवल तय जगहों पर ही की जाए। अभिनव गोयल, आकाशवाणी, भोपाल।
****
पश्चिम बंगाल से हमारी संवाददाता की एक रिपोर्ट –
ईद उल अजहा बलिदान का पर्व आज देश के हर एक जगह के साथ पश्चिम बंगाल में भी यह खुशी के साथ मनाया जा रहा है। कोलकाता में ईद की नमाज़ पारंपरिक रेड रोड के बजाय ब्रिगेड परेड ग्राउंड में अदा की गई। ऐतिहासिक नखोदा मस्जिद में नमाज़ दो सत्रों में आयोजित की गई ताकि सड़कों पर भीड़ ना हो। राज्य सरकार ने शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए कोलकाता हाई कोर्ट के पुराने निर्देश को सख्ती से लागू किया है। आकाशवाणी समाचार के लिए कोलकाता से काश्वी नाहर।
****
श्रीलंका से हमारे संवाददाता ने बताया है कि ईद-उल-अज़हा का त्योहार वहां हर्षोंल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
आज श्रीलंका में ईद उल अजहा यानि बकरीद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। सुबह मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा की गई जहां लोगों ने अमन, भाईचारे और कुर्बानी के संदेश को याद किया। परिवार और समुदायों ने मिलकर त्यौहार मनाया तथा जरूरतमंदों में भोजन और सहायता वितरित की। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने भी सभी को ईद की शुभकामनाएं देते हुए देश में एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। अहमद मुईन फारूखी, आकाशवाणी समाचार, कोलंबो।
****
कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत के मेहनती किसानों के अथक प्रयासों के कारण देश में पर्याप्त खाद्य भंडार मौजूद है। नई दिल्ली में खरीफ अभियान 2026 के लिए राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने बताया कि इस वर्ष देश में अनुमानित खाद्यान्न उत्पादन 376 करोड़ टन से अधिक है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5 दशमलव 3 प्रतिशत अधिक है।
दो दिन के इस सम्मेलन का उद्देश्य आगामी खरीफ ऋतु के लिए रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना है।
****
तृणमूल कांग्रेस सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर अपने ही पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और उन पर “अपमानजनक और महिला विरोधी व्यवहार” का आरोप लगाया है।
बारासात निर्वाचन क्षेत्र से सांसद काकोली ने आरोप लगाया कि कल्याण बनर्जी ने लोकसभा के अंदर बार-बार उनका मौखिक उत्पीड़न किया। काकोली का मानना है कि कल्याण को इस मामले में दंडित किया जाना चाहिए।
****
मेघालय मंत्रिमंडल ने फिटनेस प्रमाणपत्रों के नवीनीकरण न कराने पर लगने वाले जुर्माने में 90 प्रतिशत की छूट देने वाली एकमुश्त निपटान योजना को मंजूरी दे दी है। मंत्रिमंडल ने इस एकमुश्त निपटान योजना के तहत मोटर वाहन कर और यात्री तथा माल कर से संबंधित जुर्माने में 80 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट को भी मंजूरी दी है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीर सावरकर को उनकी जयंती पर नमन किया। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वीर सावरकर का साहस और देशभक्ति लोगों को सदा प्रेरित करती रहेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुधारों पर वीर सावरकर का अत्यधिक जोर था और इस दिशा में उनका ज्ञान उल्लेखनीय है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकप्रिय फिल्म अभिनेता एनटी रामा राव को आज उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि एनटी रामा राव जनकल्याण और शासन के प्रति अपनी वचनबद्धता के लिए याद किए जाते हैं।
****
सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में आज भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। लक्ष्य सेन, पीवी सिंधु, पुरुष डबल्स की जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, और मिक्स्ड डबल्स की जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो सभी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। महिला सिंगल्स के राउंड ऑफ 16 में सिंधु ने जापान की रिको गुंजी को सीधे गेम में 21-9, 21-12 से हराया। इस जीत के साथ सिंधु क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं, जहां उनका मुकाबला दक्षिण कोरिया की एन से-यंग से होगा।
****
मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में भी आज लू की आशंका है। अगले दो दिन के दौरान आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कारईक्काल में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा ओडिशा में आज रात मौसम गर्म रहने की संभावना है, जबकि राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कल तक धूल भरी आंधी चलने सकती है।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुलिस बलों से नागरिक-केंद्रित और कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील होने का आग्रह किया।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीबीएसई कक्षा 12 की परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया में विसंगतियों से संबंधित छात्रों की सभी शिकायतों के समाधान का आश्वासन दिया।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस्तीफे की घोषणा की। उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे।
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमरीका और ईरान के हमलों से संघर्षविराम और कमजोर हुआ।
कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-अज़हा पूरे देश में धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
और, बैडमिंटन में, पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन का सिंगापुर ओपन के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में प्रवेश।
****